यज्ञ द्वारा रोग निवारण.


यज्ञ द्वारा रोग निवारण.
(श्री डॉक्टर फुन्दनलाल एम. डी.)

जब हम अपने प्राचीन साहित्य के पृष्ठ उलटते हैं, तो अपने पूर्वजों के लम्बे-चौड़े नीरोग शरीरों और सैंकड़ों वर्ष की आयु का उल्लेख पाते हैं। वे न डाक्टरी पास करने विलायत जाते थे, न करोड़ों रुपये की विलायती औषधियाँ मंगाते थे, न युवा पुरुषों की आँख पर चश्मा था, न 99 प्रतिशत पायरिया और मन्दाग्नि (Dyspepsia) आदि के रोगी थे। ऐसी दशा में हमें यही कहना पड़ता है कि हमारे रोगी होने का सब से बड़ा कारण अपनी प्राचीन वैदिक संस्कृति, आचार-विचार, रहन-सहन और नित्य कर्म की अवहेलना करना और पाश्चात्य संस्कृति को अपनाना है। हमारी प्राचीन संस्कृति में नित्य कर्म पर बड़ा बल दिया गया है, यहाँ तक बताया गया है कि संध्या हवन न करने वाला पापी है। नित्य कर्म से जो आध्यात्मिक लाभ हैं, वह तो वर्णनातीत हैं। पर स्वास्थ्य विषयक लाभ भी इतना होता है कि इनको नियम पूर्वक करने वाला सदाचारी कभी किसी कठिन रोग में नहीं फँस सकता। अन्य यज्ञों को छोड़, केवल हवन यज्ञ की ही वैज्ञानिक परीक्षा, हमें इसी परिणाम पर पहुँचाती है। यही कारण था कि हमारे प्राचीन वैद्य जिनको रोगियों से धन प्राप्त करने की इच्छा नहीं थी, उन गृहस्थों को जो अपनी स्वस्थ अवस्था में भेंट-पूजा के साथ वैद्य की सेवा में उपस्थिति होते थे, वैदिक दिनचर्या का जिसमें हवन यज्ञ भी था, उपदेश किया करते थे, और गृहस्थ लोग नित्य प्रति प्रातः सायं यज्ञ करके, जहाँ संसार के रोगों का नाश करते थे, दूसरे के उपकार के विचार से उत्तम से उत्तम पदार्थ घृत मोहन भोग इत्यादि हवन में डाल अपने भीतर परोपकार की वृत्ति को जाग्रत कर जगत् में शान्ति फैलाते थे, वहीं वैज्ञानिक नियमों के आधार पर स्वयं भी स्वास्थ्य लाभ करते थे। वैज्ञानिक ढंग पर हवन यज्ञ कैसे लाभ पहुँचाता हैं, वह यहाँ संक्षेप में बताते हैं।

1. पदार्थ विद्या का यह सिद्धान्त है कि किसी वस्तु का नाश नहीं होता, किन्तु उसका रूप बदल जाता है। हवन में चार प्रकार के पदार्थ डाले जाते हैं।

(क) पुष्टिकारक (ख) रोग नाशक (ग) सुगन्धित (घ) मिष्ट। हवन करते समय दूर बैठे मनुष्य की नासिका में भी सुगन्धि पहुँचती है, इससे पदार्थ विद्या के उपरोक्त सिद्धान्त की सचाई प्रकट होती है, और ज्ञात होता है, कि उन वस्तुओं के परमाणु वायु में फैल गए। यह परमाणु जब श्वास द्वारा हमारी नासिका में जावेंगे तो रोग नाशक औषधियों के होने से रोग का नाश करेंगे। मिष्ट और पुष्टिकारक औषधियों के परमाणु पुष्टि देवेंगे और सुगन्धित औषधियों के चित्त को प्रसन्न करेंगे और जब नित्य प्रति प्रात सायं ऐसा होता रहेगा, तो हम कभी भी रोगी न हो सकेंगे। यह थोड़ी बात नहीं है।

2. आग जलाने से रोग कीटाणुओं का नाश होता और वायु की शुद्धि होती है, इस सिद्धान्त को हमारे पूर्वज तो प्राचीन काल से जानते थे। प्रसूति गृह में सर्वदा आग बनाए रखना, रसोई घर में बैठकर भोजन करना आदि रिवाज इसका प्रमाण है। परन्तु अब थोड़े काल से इस साइंस को आधुनिक विद्वान् भी समझने लगे हैं, प्रोफेसर मैक्समूलर साहब की पुस्तक ‘फिजिकल रिलीजन’ के पाठ से विदित होता है कि यवन देश के तत्ववेत्ता ल्पूयकी ने आग को वायु शोधक माना है, और इस पर उक्त प्रोफेसर साहब लिखते हैं कि आग जलाने की रीति गत शताब्दी तक स्काटलैण्ड में पाई जाती थी, तथा आयरलैंड और दक्षिणी अमेरिका में महामरी के अग्नि जलाने की प्रथा प्रचलित रह चुकी है। युरोपादि में जितने प्रकार आजकल वायु शुद्धि के प्रचलित हैं, उन में प्रायः “फायरसटौब” (अंगीठियाँ) का उपयोग किया जाता है, अतः दूषित वायु उष्ण होकर फैले और हलकी होकर गृह की खिड़की अथवा भिन्न मार्गों से दूर निकल जावे और उसकी जगह तात्कालिक ठंडी वायु नीचे के द्वारों से आ सकेगी। साधारण अग्नि जलाने के तो इतने लाभ हैं। अब हवन में जो औषधियाँ लगाई गई हैं, वे रोग नाशक भी हैं। अतः उन से सैकड़ों ऐसे रोगों का बीज, उनके उत्पन्न होने से पूर्व ही नष्ट हो जावेगा, जो यदि प्रकट हो जाते तो कष्ट के साथ साथ हजारों रुपये डाक्टरों की भेंट कराते और कभी कभी तो उनका परिणाम मृत्यु होता। इस प्रकार हवन यज्ञ रोग नाशक और आयुवर्धक भी है।

3. रक्त की अशुद्धि अनेक रोगों का कारण है। रक्त शुद्धि के लिए रोगी अनेक उपाय करते हैं। डॉक्टर लोग कड़वी औषधि पिलाते हैं, स्वादिष्ट भोजन छुड़वा देते हैं। इंजेक्शन करते हैं। फिर भी रक्त शुद्ध नहीं होता तो फस्द खुलवाते हैं। इतना करने पर भी रक्त दोष के रोग दिन प्रतिदिन बढ़ ही रहे हैं, हवन में डाली हुई सोमलता चिरायता इत्यादि के सूक्ष्म परमाणु प्रातः सायं श्वास द्वारा फुस्फसों में पहुँच कर रक्त के दोषों को नित्य ही दूर करते रहते हैं; जिससे हवन करने वाले का रक्त सर्वदा शुद्ध रहता है, और वह कभी भी रक्त दोष के रोग में नहीं फंस सकता और यदि कभी किसी बड़े अपथ्य से रक्त दोष हो ही जावे तो बिना औषधि के केवल हवन से शुद्ध हो जाता है।

4. तपेदिक इत्यादि जब कोई कठिन रोग हो जाता है, जिसमें औषधि भी काम नहीं देती, तो डॉक्टर लोग रोगी को पहाड़ व समुद्र पर जाने का परामर्श देते हैं, इस कारण कि वहाँ की वायु में न केवल शुद्ध औषजन है, किन्तु उससे भी उत्तम भाग (Ozone) ओजोन होता है, जो बड़ी उपयोगी गैस है और एक प्रकार की तीव्र ऑक्सीजन है। निर्मल वायु में यह बहुत अधिक पाई जाती है, और अशुद्ध वायु में बहुत कम। ओजोन की पहचान उसकी गन्ध है, जो बहुत तीव्र होती है। यहाँ तक कि यदि वायु के पच्चीस लाख भाग हों और उसमें ओज़ोन केवल एक भाग हो, तब भी उसकी विद्यमानता प्रकट हो सकती है। जंगल, वाटिका अथवा समुद्र की खुली हवा में श्वाँस लेने से जो आनन्द प्रतीत होता है, यह उसी की विद्यमानता का फल है, अंग्रेजी भाषा में जिसे ओजोन कहते हैं, उसी को हम अपनी भाषा में शुद्ध प्राणप्रद अथवा सुगन्धित वायु कह सकते हैं, हवन करने पर वही आनन्द और उससे अधिक सुगन्धि प्रत्यक्ष प्रतीत होती है। अतः हवन करने वाला नित्य प्रति कुछ देर उस वायु में श्वास लेता है, जो ओजोन का भंडार हैं। फिर ऐसे व्यक्ति को तपेदिक इत्यादि भयानक रोग सता ही नहीं सकते और जो इन रोगों में फँस चुके हैं, वह भी कुछ अन्य साधनों के साथ हवन यज्ञ करने से नीरोग हो सकते हैं।

5. यह सब जानते हैं कि पुष्ट शरीर न केवल रोगों से सुरक्षित रहता है, प्रत्युत जीवन के सारे आनन्द पुष्ट शरीर वाला मनुष्य ही भोगता है। हवन में जो पुष्टिकारक पदार्थ डाले जाते हैं, उनके सूक्ष्म परमाणु शरीर में पहुँच, उसे पुष्ट बनाते हैं। पुष्टिकारक पदार्थों का खाना भी बल देता है। अतः इन्हें अवश्य खाना चाहिए पर उससे अधिक उपयोगी इनका हवन में जलाना है। जलाने में दो गुण विशेष हैं; प्रथम यह कि खाने में सम्भव है, आप पुष्टिकारक पदार्थ अपनी शक्ति से अधिक खाकर लाभ के स्थान में हानि उठावे। पर हवन में यह खटका नहीं, क्योंकि इसके परमाणु सीधे रक्त में पहुँचते हैं, और पाचन शक्ति पर कोई बोझ नहीं डालते। तब ही तो पुत्रेष्टि यज्ञ में जब खाने के पदार्थों से वीर्य पुष्ट नहीं होता और अधिक खाने से पाचन शक्ति बिगड़ती है, उस समय हवन यज्ञ में डाले पुष्ट पदार्थों के सूक्ष्म परमाणु सीधे रक्त में पहुँच कर वीर्य पुष्ट करते हैं।

दूसरे औषधि को घोटने से उसकी भीतरी प्राण शक्ति उभर आती है। अतः ऐसी थोड़ी चीज बिना घुटी बहुत चीज़ की अपेक्षा अधिक बल देती है। आप 10 बादाम नित्य प्रति एक मास तक खावें फिर एक मास 4 बादाम पत्थर पर घिस कर पीवें। आप स्वयं अनुभव करेंगे कि आप में पूर्व की अपेक्षा अधिक बल आ रहा है। अब सोचिये हवन में जो पदार्थ डाले जाते हैं, वह अग्नि द्वारा सूक्ष्म से सूक्ष्म हो जाते हैं। अतः थोड़ा पदार्थ भी अधिक बल देता है। इससे हवन यज्ञ की उपयोगिता और महत्ता और भी बढ़ जाती है। सज्जनों? संसार में रोगों के बढ़ते हुए वेग को रोकने तथा स्वार्थ की प्रवृत्ति को हटा, परोपकार की वृति जगाने का एक मार्ग साधन हवन यह है, जिसे प्रत्येक स्त्री-पुरुष को नित्य प्रति करना चाहिए।




पंच तत्वों की साधना.


पंच तत्वों की साधना.

पंच तत्वों के द्वारा इस समस्त सृष्टि का निर्माण हुआ है। मनुष्य का शरीर भी पाँच तत्वों से ही बना हुआ है। इन तत्वों का जब तक शरीर में उचित भाग रहता है, तब तक स्वस्थता रहती है। जब कमी आने लगती है, तो शरीर निर्बल, निस्तेज, आलसी, अशक्त तथा रोगी रहने लगता है। स्वास्थ्य को कायम रखने के लिए यह आवश्यक है कि तत्वों को उचित मात्रा में शरीर में रखने का हम निरंतर प्रयत्न करते रहें और जो कमी आवे उसे पूरा करते रहें। नीचे कुछ ऐसे अभ्यास बताये जाते हैं, जिनको करते रहने से शरीर में तत्वों की जो कमी हो जाती है, उसकी पूर्ति होती रह सकती है, और मनुष्य अपने स्वास्थ्य को अच्छा बनाये रहते हुए दीर्घ जीवन प्राप्त कर सकता है।

पृथ्वी तत्व.


पृथ्वी तत्व में विषों को खींचने की अद्भुत शक्ति है। मिट्टी की टिकिया बाँध कर फोड़े तथा अन्य अनेक रोग दूर किये जा सकते हैं। पृथ्वी में से एक प्रकार की गैस हर समय निकलती रहती है। इसको शरीर में आकर्षित करना बहुत लाभदायक है।

प्रतिदिन प्रातःकाल नंगे पैर टहलने से पैर और पृथ्वी का संयोग होता है। उससे पैरों के द्वारा शरीर के विष खिच कर जमीन में चले जाते हैं और ब्राह्ममुहूर्त में जो अनेक आश्चर्यजनक गुणों से युक्त वायु पृथ्वी में से निकलती है, उसको शरीर सोख लेता है। प्रातःकाल के सिवाय यह लाभ और किसी समय में प्राप्त नहीं हो सकता। अन्य समयों में तो पृथ्वी से हानिकारक वायु भी निकलती है, जिससे बचने के लिए जूता आदि पहनने की जरूरत होती है।

प्रातःकाल नंगे पैर टहलने के लिए कोई स्वच्छ जगह तलाश करनी चाहिए। हरी घास भी वहाँ हो तो और भी अच्छा। घास के ऊपर जमी हुई नमी पैरों को ठंडा करती है। वह ठंडक मस्तिष्क तक पहुँचती है। किसी बगीचे, पार्क, खेल या अन्य ऐसे ही साफ स्थान में प्रति दिन नंगे पाँवों कम से कम आधा घंटा नित्य टहलना चाहिए। साथ ही यह भावना करते चलना चाहिए “पृथ्वी की जीवनी शक्ति को मैं पैरों द्वारा खींच कर अपने शरीर में भर रहा हूँ, और मेरे शरीर के विषों को पृथ्वी खींच कर मुझे निर्मल बना रही है।” यह भावना जितनी ही बलवती होगी, उतना ही लाभ अधिक होगा।

हफ्ते में एक दो बार स्वच्छ भुरभुरी पीली मिट्टी या शुद्ध बालू लेकर उसे पानी से गीली करके शरीर पर साबुन को तरह मलना चाहिए। कुछ देर तक उस मिट्टी को शरीर पर लगा रहने देना चाहिए और बाद में स्वच्छ पानी से स्नान करके मिट्टी को पूरी तरह से छुड़ा देना चाहिए। इस मृतिका स्नान से शरीर के भीतरी और चमड़े के विष खिंच जाते हैं, और त्वचा कोमल एवं चमकदार बन जाती है।


जल तत्व.

मुरझाई हुई चीजें जल के द्वारा हरी हो जाती हैं। जल में बहुत बड़ी सजीवता है। पौधे में पानी देकर हरा भरा रखा जाता है, इसी प्रकार शरीर को स्नान के द्वारा सजीव रखा जाता है। मैल साफ करना ही स्नान का उद्देश्य नहीं हैं, वरन् जल में मिली हुई विद्युत शक्ति, ऑक्सीजन, नाइट्रोजन आदि अमूल्य तत्वों द्वारा शरीर को सींचना भी है। इसलिए ताजे, स्वच्छ, सह्य ताप के जल से स्नान करना कभी न भूलना चाहिए। वैसे तो सवेरे का स्नान ही सर्वश्रेष्ठ है, पर यदि सुविधा न हो तो दोपहर से पहले स्नान जरूर कर लेना चाहिए। मध्यान्ह के बाद का स्नान लाभदायक नहीं होता। हाँ गर्मी के दिनों में संध्या को भी स्नान किया जा सकता है।

प्रातःकाल सोकर उठते ही वरुण देवता की उपासना करने का एक तरीका, यह है कि कुल्ला करने के बाद स्वच्छ जल का एक गिलास पीया जाए। इसके बाद कुछ देर चारपाई और इधर उधर करवटें बदलनी चाहिए। इसके बाद शौच जाना चाहिए। इस उपासना का वरदान तुरन्त मिलता है। खुल कर शौच होता है और पेट साफ हो जाता है। यह ‘उषापान’ वरुण देवता की प्रत्यक्ष आराधना है।

जब भी आपको पानी पीने की आवश्यकता पड़े, दूध की तरह घूँट घूँट कर पानी पियें। चाहे कैसी ही प्यास लग रही हो, एक दम गटापट न पी जाना चाहिए। हर एक घूँट के साथ यह भावना करते जाना चाहिए- ”इस अमृत तुल्य जल में जो मधुरता और शक्ति भरी हुई है, उसे मैं खींच रहा हूँ।” इस भावना के साथ पिया हुआ पानी, दूध के समान गुणकारक होता है। पानी पीने में कंजूसी न करनी चाहिए। भोजन करते समय अधिक पानी न पियें, इसका ध्यान रखते हुए अन्य किसी भी समय की प्यास को जल द्वारा समुचित रीति से पूरा करना चाहिए। व्रत के दिन तो खास तौर से कई बार काफी मात्रा में पानी पीना चाहिए।


अग्नि तत्व.

जीवन को बढ़ाने ओर विकसित करने का काम अग्नि तत्व का है, जिसे गर्मी कहते हैं। गर्मी न हो तो कोई वनस्पति एवं जीव विकसित नहीं हो सकता। गर्मी के केन्द्र सूर्य उपासना और अग्नि उपासना एक ही बात है।

स्नान करके गीले शरीर से ही प्रातःकालीन सूर्य के दर्शन करने चाहिए और जल का अर्घ्य देना चाहिए। पानी में बिजली का बहुत जोर रहता है। बादलों के जल के कारण आकाश में बिजली चमकती है। इलेक्ट्रिसिटी के तारों में भी वर्षा ऋतु में बड़ी तेजी रहती है। पानी में बिजली की गर्मी को खींचने की विशेष शक्ति है। इसलिए शरीर को तौलिया से पोंछने के बाद नम शरीर से ही नंगे बदन सूर्य नारायण के सामने जाकर अर्घ्य देना चाहिए। यदि नदी, तालाब, नहर पास में हो कमर तक जल में खड़े होकर अर्घ्य देना चाहिए। अर्घ्य लोटे से भी दिया जा सकता है और अंजलि से भी, जैसी सुविधा हो कर लेना चाहिए। सूर्य के दर्शन के पश्चात् नेत्र बन्द करके उनका ध्यान करना चाहिए और मन ही मन यह भावना दुहरानी चाहिए- ”भगवान सूर्य नारायण का तेज मेरे शरीर में प्रवेश करके नस नस को दीप्तिमान सतेज और प्रफुल्लित कर रहे हैं, और मेरे अंग प्रत्यंग में स्फूर्ति उत्पन्न हो रही है।” स्नान के बाद इस क्रिया को नित्य करना चाहिए।

हो सके तो रविवार का व्रत भी करना चाहिये। यदि पूरा व्रत न हो सके तो एक समय, बिना नमक का भोजन करने से भी सूर्य का व्रत माना जा सकता है। इससे भी मनोवैज्ञानिक सिद्धान्तों के अनुसार मनुष्य के तेज में वृद्धि होती है, और नेत्र रोग, रक्त विकार तथा चर्म रोग विशेष रूप से दूर होते हैं।


वायु तत्व.

शरीर को पोषण करने वाले तत्वों का थोड़ा भाग भोजन से प्राप्त होता है, अधिकाँश भाग की पूर्ति वायु द्वारा होती है। जो वस्तुएं स्थूल हैं, वे सूक्ष्म रूप से वायु मंडल में भी भ्रमण करती रहती हैं। योरोप अमेरिका में ऐसी गायें हैं, जिनकी खुराक 24 सेर है, परन्तु दिन भर में दूध 28 सेर देती हैं। यह दूध केवल स्थूल भोजन से ही नहीं बनता, वरन् वायु में घूमने वाले अदृश्य तत्वों के भोजन से भी प्राप्त होता है। बीमार तथा योगी बहुत समय तक बिना खाये पिये भी जीवित रहते हैं। उनका स्थूल भोजन बन्द है, तो भी वायु द्वारा बहुत सी खुराकें मिलती रहती हैं। यही कारण है कि वायु द्वारा प्राप्त होने वाले ऑक्सीजन आदि अनेक प्रकार के भोजन बन्द हो जाने पर मनुष्य की क्षण भर में मृत्यु हो जाती है। बिना वायु के जीवन संभव नहीं। आबोहवा का जितना स्वास्थ्य पर प्रभाव पड़ता है, उतना भोजन का नहीं। डॉक्टर लोग क्षय आदि असाध्य रोगियों को पहाड़ों पर जाने की सलाह देते हैं, क्योंकि वे समझते हैं कि बढ़िया दवाओं की अपेक्षा उत्तम वायु में अधिक पोषक तत्व मौजूद हैं।

अनन्त आकाश में से वायु द्वारा प्राणप्रद तत्वों को खींचने के लिए भारत के तत्व दर्शी ऋषियों ने प्राणायाम की बहुमूल्य प्रणाली का निर्माण किया है। मोटी बुद्धि से देखने में प्राणायाम एक मामूली सी फेफड़ों की कसरत मालूम पड़ती है, और इससे इतना ही लाभ प्रतीत होता है कि फेफड़े मजबूत बनें और रक्त शुद्ध हो किन्तु सूक्ष्म दृष्टि से इस क्रिया द्वारा अनिर्वचनीय लाभ प्रतीत हुए हैं। बात यह है कि प्राणायाम द्वारा अखिल आकाश में से अत्यन्त बहुमूल्य पोषक पदार्थों को खींचकर शरीर को पुष्ट बनाया जा सकता है।

स्नान करने के उपरान्त किसी एकान्त स्थान में जाइए। समतल भूमि पर आसन बिछा कर पद्मासन से बैठ जाइए। मेरुदंड बिलकुल सीधा रहे। नेत्रों को अधखुला रखिए। अब धीरे धीरे नाक द्वारा साँस खींचना आरम्भ कीजिए और दृढ़ इच्छा शक्ति के साथ भावना कीजिए कि “विश्वव्यापी महान प्राण भण्डार में से मैं स्वास्थ्यदायक प्राणतत्व साँस के साथ खींच रहा हूँ, और वह प्राण मेरे रक्त प्रवाह तथा समस्त नाड़ी तन्तुओं में प्रवाहित होता हुआ, सूर्यचक्र में (आमाशय का वह स्थान जहाँ पसलियाँ और पेट मिलते हैं) इकट्ठा हो रहा है। इस भावना को ध्यान द्वारा चित्रवत् मूर्तिमान रूप से देखने का प्रयत्न करना चाहिए। जब फेफड़ों को वायु से अच्छी तरह भर लो तो दस सैकिण्ड तक वायु को भीतर रोके रहो। रोकने के समय ऐसा ध्यान करना चाहिए कि “प्राणतत्व मेरे अंग प्रत्यंगों में पूरित हो रहा है।” अब वायु को नासिका द्वारा ही धीरे धीरे बाहर निकालो और निकालते समय ऐसा अनुभव करो कि “शरीर के सारे दोष, रोग और विष वायु के साथ साथ निकाल बाहर किये जा रहे हैं।”

उपरोक्त प्रकार से आरम्भ में दस प्राणायाम करने चाहिए फिर धीरे धीरे बढ़ाकर सुविधानुसार आधे घंटे तक कई बार इन प्राणायामों को किया जा सकता है। अभ्यास पूरा करने के उपरान्त आपको ऐसा अनुभव होगा कि रक्त की गति तीव्र हो गई है, और सारे शरीर की नाड़ियों में एक प्रकार की स्फूर्ति, ताजगी और विद्युत शक्ति दौड़ रही है। इस प्राणायाम को कुछ दिन लगातार करने से अनेक शारीरिक और मानसिक लाभों का स्वयं अनुभव होगा।


आकाश तत्व.

आकाश का अर्थ शून्य या पोल समझा जाता है। पर यह शून्य या पोल खाली स्थान नहीं है। ईथर तत्व (Ethar) हर जगह व्याप्त है। इस ईथर को ही आकाश कहते हैं। रेडियो द्वारा ब्रॉडकास्ट किये हुए शब्द ईथर तत्व में लहरों के रूप में चारों ओर फैल जाते हैं। रेडियो यंत्र की सहायता से उन लहरों को पकड़ कर उन शब्दों को दूर दूर स्थानों में भी सुना जाता है। केवल शब्द ही नहीं विचार और विश्वास भी आकाश में (ईथर में) लहरों के रूप में बहते रहते हैं। जैसी ही हमारी मनोभूमि होती है, उसी के अनुरूप विचार इकट्ठे होकर हमारे पास आ जाते हैं। एक ही समय में दिल्ली, बम्बई, लाहौर, लन्दन, न्यूयार्क आदि से विभिन्न प्रोग्राम ब्रॉडकास्ट होते हैं, परन्तु आपके रेडियो सैट की सुई जिस स्टेशन के नम्बर पर लगी होगी, उसी का प्रोग्राम सुनाई पड़ेगा और अन्य प्रोग्राम अपने रास्ते चले जायेंगे। इसी प्रकार हमारी मनोभूमि, रुचि, इच्छा जैसी होती हैं, उसी के अनुसार आकाश में से विचार, प्रेरणा और प्रोत्साहन प्राप्त होते हैं। सृष्टि के आदि से लेकर अब तक असंख्य प्राणियों द्वारा जो असंख्य प्रकार के विचार, अब तक किये गये हैं, वे नष्ट नहीं हुए वरन् अब तक मौजूद हैं, आकाश में उड़ते फिरते हैं। यह विचार अपने अनुरूप भूमि जहाँ देखते हैं, वहीं सिमट सिमट कर इकट्ठे होने लगते हैं। कोई व्यक्ति बुरे विचार करता है, तो उसी के अनुरूप असंख्य नई बातें उसे अपने आप सूझ पड़ती हैं, इसी प्रकार भले विचारों के बारे में भी है, हम जैसी अपनी मनोभूमि बनाते हैं, उसी के अनुरूप विचार और विश्वासों का समूह हमारे पास इकट्ठा हो जाता है, और यह तो निश्चित ही है कि विचारो की प्रेरणा से ही कार्य होते हैं। जो जैसा सोचता है, वह वैसे ही काम भी करने लगता है।

आकाश तत्व में से लाभदायक सद्विचारों को आकर्षित करने के लिए प्राणायाम के बाद का समय ठीक है। एकान्त स्थान में किसी नरम बिछाने पर चित्त होकर लेट जाओ, या आराम कुर्सी पर पड़े रहो अथवा मसंद या दीवार का सहारा लेकर शरीर को बिलकुल ढीला कर दो। नेत्रों को बन्द करके अपने चारों ओर नीले आकाश का ध्यान करो। नीले रंग का ध्यान करना मन को बड़ी शान्ति प्रदान करता है। जब नीले रंग का ध्यान ठीक हो जाए तब ऐसी भावना करनी चाहिए कि ‘निखिल नील आकाश में फैले हुए सद्विचार, सद्विश्वास, सत्प्रभाव चारों ओर से एकत्रित होकर मेरे शरीर में विद्युत किरणों की भाँति प्रवेश कर रहे हैं, और उनके प्रभाव से मेरा अन्तःकरण दया, प्रेम, परोपकार, कर्तव्यपरायणता, सेवा, सदाचार, शान्ति, विनय, गंभीरता, प्रसन्नता, उत्साह, साहस, दृढ़ता, विवेक आदि सद्गुणों से भर रहा है।” यह भावना खूब मजबूती और दिलचस्पी के साथ मनोयोग तथा श्रद्धा पूर्वक होनी चाहिए। जितनी ही एकाग्रता और श्रद्धा होगी उतना ही इससे लाभ होगा।

आकाश तत्व की इस साधना के फलस्वरूप अनेक सिद्ध, महात्मा, सत्पुरुष, अवतार तथा देवताओं की शक्तियाँ आकर अपने प्रभाव डालती हैं, और मानसिक दुर्गुणों को दूर करके श्रेष्ठतम सद्भावनाओं का बीज जमाती हैं। सद्भावों के कारण ही यह लोक और परलोक आनन्दमय बनता है, यह तथ्य बिलकुल निश्चित और स्वयं सिद्ध है।


उपरोक्त पाँच तत्वों की साधनाएं देखने में छोटी और सरल हैं, तो भी इनका लाभ अत्यन्त विषद है। नित्य पाँचों तत्वों का, जो साधन कर सकते हैं, वे इन सबको करें। जो पाँचों को एक साथ न कर सकते हों, वे एक एक दो दो करके किया करें। कौन सा साधन पहले कौन सा पीछे, यह भी अपनी अपनी सुविधा के ऊपर निर्भर है। जिन्हें प्रतिदिन करने की सुविधा न हो, वे सप्ताह में एक दो दिन के लिए भी अपना कार्यक्रम निश्चित रूप से चलाने का प्रयत्न करें। रविवार के व्रत के दिन भी इन पाँचों साधनों को पूरा करते रहें तो भी बहुत लाभ होगा। नित्य प्रति नियमित रूप से अभ्यास करने वालों को तो शारीरिक और मानसिक लाभ इससे बहुत अधिक होता है।



(अखंड ज्योति-8/1944)

समय का ज्ञान.


समय का ज्ञान.

एक बार दरबार खत्म होने पर युधिष्ठिर अपनी भाइयों और पत्नी द्रौपदी के साथ वार्तालाप कर रहे थे। उसी वक्त द्वारपाल ने आकर सूचना दी कि दो अतिथि आपसे मुलाकात करना चाहते हैं। युधिष्ठिर ने उनको कल आने का कहा। यह देखकर भीम वार्तालाप से उठकर चले गए और राजमहल के द्वार पर लगा घंटा बजाने लगे। किसी को कोई आश्चर्यजनक बात दिखाई दे, तभी वह घंटा बजाया जाता था।

भीम स्वयं विशाल काया के थे और घंटा भी काफी विशाल था। भीम उसको जोर-जोर से बजा रहे थे। घंटे की कर्कश आवाज से सभी के कान दहल गए। भीम के इस तरह से घंटा बजाते देख युधिष्ठिर ने भीम से घंटा बजाने का कारण पूछा। इस पर भीम वहां पर आए प्रजाजनों से बोले, 'हे प्रजाजनों हमारे राजा तो यमराज से भी श्रेष्ठ हो गए हैं।'

क्या कह रहे हो भीम? साफ- साफ क्यों नहीं कहते हो?

भीम ने उत्तर दिया, 'महाराज अभी-अभी आपने दो अतिथियों को कल आने का कहा है। इसका अर्थ यह है कि आपको पूरा भरोसा है कि आप कल जीवित रहोगे। जबकि वास्तविकता यह है कि मनुष्य को इस बात की बिलकुल जानकारी नहीं होती कि दूसरे दिन क्या घटित होने वाला है। कल का भरोसा किस आधार पर किया जा सकता है। आपका अतिथियों को कल बुलाना इस बात की सूचना देता है कि कल आप इस धरती पर रहोगे।'

धर्मराज युधिष्ठिर को तुरंत अपनी गलती महसूस हुई और उन्होंने तुरंत द्वारपाल को आदेश दिया कि दोनों अतिथियों को आज ही बुलाया जाए। अतिथि दरबार में हाजिर हुए और धर्मराज युधिष्ठिर ने उनकी समस्या का समाधान किया।

कौरवों का सौतेला भाई युयुत्सु.


कौरवों का सौतेला भाई युयुत्सु.

गांधारी जब गर्भवती थी तब धृतराष्ट्र की सेवा आदि कार्य करने के लिए एक वणिक वर्ग की दासी रखी गई थी। धृतराष्ट्र ने उस दासी से ही सहवास कर लिया। सहवास के कारण दासी भी गर्भवती हो गई। उस दासी से एक पुत्र उत्पन्न हुआ जिसका नाम युयुत्सु रखा गया।

युयुत्सु, धर्मात्मा था, इसलिए दुर्योधन की अनुचित चेष्टाओं को बिल्कुल पसन्द नहीं करता था और उनका विरोध भी करता था। इस कारण दुर्योधन और उसके अन्य भाई उसको महत्त्व नहीं देते थे और उसका हास्य भी उड़ाते थे। युयुत्सु ने महाभारत युद्ध रोकने का अपने स्तर पर बहुत प्रयास किया था लेकिन उसकी नहीं चलती थी। जब युद्ध प्रारंभ हुआ तो पहले तो वह कौरवों की ओर ही था।

युद्ध के प्रारंभ होने वाले दिन एन वक्त पर युधिष्ठिर ने उसे समझाया कि तुम अधर्म का साथ दे रहे हो। ऐसे में युयुत्सु ने विचार किया और वह डंका बजाते हुए कौरवों की सेना से पांडवों की सेना की ओर आ गया। हालांकि किस्सा यह था कि युद्ध प्रारम्भ होने से ठीक पहले युधिष्ठिर ने कौरव सेना को सुनाते हुए घोषणा की- "मेरा पक्ष धर्म का है। जो धर्म के लिए लड़ना चाहते हैं, वे अभी भी मेरे पक्ष में आ सकते हैं। मैं उसका स्वागत करूंगा।" इस घोषणा को सुनकर केवल युयुत्सु कौरव पक्ष से निकलकर आया और पांडव के पक्ष में शामिल हो गया। युधिष्ठिर ने गले लगाकर उसका स्वागत किया।

अपने खेमे में आने के बाद युधिष्ठिर ने एक विशेष रणनीति के तहत युयुत्सु को सीधे युद्ध के मैदान में नहीं उतारा बल्कि एक महत्वपूर्ण कार्य सौंपा। युधिष्ठिर जानते थे कि वह इस कार्य में सबसे योग्य है। युधिष्ठिर ने उसकी योग्यता को देखते हुए उसे योद्धाओं के लिए हथियारों और रसद की आपूर्ति व्यवस्था का प्रबंध देखने के लिए नियुक्त किया। पांडवों की 7 अक्षौहिणी (9 लाख के आसपास) सेना थी। युयुत्सु ने अपने इस दायित्व को बहुत जिम्मेदारी के साथ निभाया और अभावों के बावजूद पांडव पक्ष को हथियारों और रसद की कमी नहीं होने दी। उल्लेखनीय है कि उडुपी के राजा को भोजन व्यवस्था सौंपी गई थी।

महाभारत युद्ध से पूर्व पांडवों ने अपनी सेना का पड़ाव कुरुक्षेत्र के पश्चिमी क्षेत्र में सरस्वती नदी के दक्षिणी तट पर बसे समंत्र पंचक तीर्थ के पास हिरण्यवती नदी (सरस्वती नदी की सहायक नदी) के तट पर डाला। कौरवों ने कुरुक्षेत्र के पूर्वी भाग में वहां से कुछ योजन की दूरी पर एक समतल मैदान में अपना पड़ाव डाला। दोनों ओर के शिविरों में सैनिकों के भोजन और घायलों के इलाज की उत्तम व्यवस्था थी। हाथी, घोड़े और रथों की अलग व्यवस्था थी। हजारों शिविरों में से प्रत्येक शिविर में प्रचुर मात्रा में खाद्य सामग्री, अस्त्र-शस्त्र, यंत्र और कई वैद्य और शिल्पी वेतन देकर रखे गए। दोनों सेनाओं के बीच में युद्ध के लिए 5 योजन (1 योजन= 8 किमी की परिधि, विष्णु पुराण के अनुसार 4 कोस या कोश= 1 योजन= 13 किमी से 16 किमी)= 40 किमी का घेरा छोड़ दिया गया था।

युद्ध में बच गए 18 योद्धाओं में युयुत्सु भी एक थे। युद्ध के बाद महाराजा युधिष्ठिर ने उन्हें अपना मंत्री बनाया था। जब युधिष्ठिर सशरीर स्वर्ग जाने लगे तब उन्होंने परीक्षित को राजा और युयुत्सु को उनका संरक्षक बना दिया था। धृतराष्ट्र की मृत्यु के उपरान्त युयुत्सु ने ही उन्हें मुखाग्नि दे कर पुत्र धर्म निभाया। यह माना जाता है कि उत्तर प्रदेश के पश्चिमी और राजस्थान के पूर्वी भागों में रहने वाले जाट जाति के लोग उन्हीं महात्मा युयुत्सु के वंशज हैं।




बेलपत्र और भगवान् शिव.


बेलपत्र और भगवान् शिव.

बेलपत्र अथवा बिल्व पत्र, बेल नामक वृक्ष के पत्तों को कहा जाता है, जिसे भगवान शिव की पूजन सामग्री के तौर पर जाना जाता हैं। श्रावण मास में शिव को विशेष रूप से बेलपत्र चढ़ाया जाता है। परंपरा के अनुसार बेल वृक्ष के नीचे शिव की पूजा को पुण्यदायक माना जाता है। शिव की अर्चना करते समय शिवलिंग पर बेलपत्र और दूध अथवा पानी चढ़ाया जाता है। सामान्यत: बेलपत्र तीन पत्तों वाला होता है। पांच पत्तों वाला बेलपत्र अधिक शुभ माना जाता है।

बेल वृक्ष की महिमा.

महादेव एक बेलपत्र अर्पण करने से भी प्रसन्न हो जाते है, इसलिए तो उन्हें आशुतोष भी कहा जाता है। सामान्य तौर पर बेलपत्र में एक साथ तीन पत्तियां जुडी रहती हैं, जिसे ब्रह्मा, विष्णु और महेश का प्रतीक माना जाता है।

वैसे तो बेलपत्र की महिमा का वर्णन कई पुराणों में मिलता है, लेकिन शिवपुराण में इसकी महिमा विस्तृत रूप में बतायी गयी है। शिव पुराण में कहा गया है कि बेलपत्र भगवान शिव का प्रतीक है। भगवान स्वयं इसकी महिमा स्वीकारते हैं।


बेल वृक्ष की उत्पत्ति के संबंध में स्कंद पुराण में कहा गया है कि एक बार देवी पार्वती ने अपनी ललाट से पसीना पोछकर फेंका, जिसकी कुछ बूंदें मंदार पर्वत पर गिरीं, जिससे बेल वृक्ष उत्पन्न हुआ। इस वृक्ष की जड़ो में गिरिजा, तना में महेश्वरी, शाखाओं में दक्षयायनी, पत्तियों में पार्वती, फूलों में गौरी और फलों में कात्यायनी वास करती हैं।

कहा जाता है कि बेल वृक्ष के कांटों में भी कई शक्तियां समाहित हैं। यह माना जाता है कि देवी महालक्ष्मी का भी बेलवृक्ष में वास है। जो व्यक्ति शिव-पार्वती की पूजा बेलपत्र अर्पित कर करते हैं, उन्हें महादेव और देवी पार्वती दोनों का आशीर्वाद मिलता है।


भगवान शिव को औढ़र दानी कहते हैं। शिव का यह नाम इसलिए है, क्योंकि वे जब देने पर आते हैं तो भक्त जो भी मांग ले बिना हिचक दे देते हैं। शिवजी थोड़ी सी भक्ति और बेलपत्र एवं जल से भी खुश हो जाते हैं। यही कारण है कि भक्त जल और बेलपत्र से शिवलिंग की पूजा करते हैं।

शिवजी को ये दोनों चीजें क्यों पसंद हैं, इसका उत्तर पुराणों में दिया गया है। समुद्र मंथन के समय जब हालाहल नाम का विष निकलने लगा तब विष के प्रभाव से सभी देवता एवं जीव-जंतु व्याकुल होने लगे। ऐसे समय में भगवान शिव ने विष को अपनी अंजुली में लेकर पी लिया।

विष के प्रभाव से स्वयं को बचाने के लिए शिवजी ने इसे अपनी कंठ में रख लिया, इससे शिवजी का कंठ नीला पड़ गया और शिवजी नीलकंठ कहलाने लगे। लेकिन विष के प्रभाव से शिवजी का मस्तिष्क गर्म हो गया।

ऐसे समय में देवताओं ने शिवजी के मस्तिष्क पर जल उंडेलेना शुरू किया, जिससे मस्तिष्क की गर्मी कम हुई। बेल के पत्तों की तासीर भी ठंडी होती है, इसलिए शिवजी को बेलपत्र भी चढ़ाया गया। इसी समय से शिवजी की पूजा जल और बेलपत्र से शुरू हो गयी। बेलपत्र और जल से शिवजी का मस्तिष्क शीतल रहता और उन्हें शांति मिलती है। बेलपत्र और जल से पूजा करने वाले पर शिव जी प्रसन्न होते हैं।

शिवपूजा के लिए बेलपत्र चयन करते समय रखें इन बातों का ध्यान.

1. बेलपत्र में छेद न हों।

2. तीन पत्ते वाले, कोमल और अखण्ड बिल्वपत्रों से भगवान शिव की पूजा करें।

3. बिल्वपत्र में चक्र व वज्र नहीं होने चाहिए। बिल्वपत्रों में जो सफेद लगा रहता है, उसे चक्र कहते हैं, और डण्ठल में जो गांठ होती है, उसे वज्र कहते है।

4. बिल्वपत्र सदैव उल्टा चढ़ाना चाहिए। इसका चिकना भाग नीचे की तरफ रहना चाहिए।

बिल्वपत्र तोड़ने के नियम.


चतुर्थी, अष्टमी, नवमी, चतुर्दशी और अमावस्या तिथि को, संक्रान्ति व सोमवार को बेलपत्र नहीं तोड़ना चाहिए, किन्तु बेलपत्र शंकरजी को बहुत प्रिय हैं, अत: इन तिथियों में पहले दिन का रखा हुआ बेलपत्र चढ़ाया जा सकता है। यदि नए बेलपत्र न मिलें तो चढ़ाएं हुए बेलपत्र को भी धोकर बार- बार चढ़ाया जा सकता है।

दुर्लभ व चमत्कारी बेलपत्र.

जिस तरह रुद्राक्ष कई मुख वाले होते हैं, उसी तरह बिल्वपत्र भी कई पत्तियों वाले होते हैं। बिल्वपत्र में जितनी अधिक पत्तियां होती हैं, वह उतना ही अधिक उत्तम माना जाता है। तीन पत्तियों से अधिक पत्ते वाले बेलपत्र अत्यन्त पवित्र माने गए हैं।

चार पत्ती वाला बिल्वपत्र- ब्रह्मा का रूप माना जाता है। पांच पत्ती वाला बेलपत्र शिवस्वरूप होता है, व शिवकृपा से ही कभी-कभी प्राप्त होता है। छह से लेकर इक्कीस पत्तियों वाले बिल्वपत्र मुख्यत: नेपाल में पाए जाते हैं। इनका प्राप्त होना तो अत्यन्त ही दुर्लभ है।





भय का कारण और निवारण.


भय का कारण और निवारण.


डर का सबसे बड़ा कारण है, अज्ञान। जिसे हम ठीक तरह नहीं जानते उससे प्रायः डरा करते हैं। सृष्टि के आरम्भ में आदिम मनुष्य सूर्य, चन्द्र, समुद्र, बादल, बिजली, नदी, पर्वत, आँधी, आग, सर्प का स्वरूप ठीक तरह समझ न पाया था, इसलिए चेतना विकास के प्रथम चरण में उनकी स्थिति शक्ति और मर्यादा की समुचित जानकारी न थी, फलस्वरूप उनसे डर लगा। देवता के रूप में उन्हें कल्पित किया गया और अनेक पूजा विधाओं से उन्हें संतुष्ट करने का प्रयत्न किया गया ताकि वे अपना कोई अहित न करें। मृत्यु के उपराँत का जीवन अभी भी रहस्यमय है, पर पूर्वकाल में वह और भी रहस्य बना हुआ था। इस अज्ञान ने प्रत्येक मृतक को भूत प्रेत की मान्यता प्रदान कर दी और आकस्मिक दुर्घटनाओं विपत्तियों एवं बीमारियों का मूल कारण विदित न होने से उन्हें भूत की करतूत समझ लिया गया। प्रागैतिहासिक काल में मनुष्य की मनोभूमि का अधिकाँश भाग इन देवताओं और भूतों का सन्तोष समाधान करने में ही व्यतीत होता था।

ज्ञान का जैसे-जैसे विकास हुआ, वे भय छूट गए। बीमार होते ही भूत को बलि चढ़ाने की तैयारी ही जिनके मस्तिष्क में एकमात्र उपाय सूझता हो, ऐसे लोग अब बहुत थोड़े हैं, जो हैं, वे सभ्य समाज में उपहासास्पद माने जाते हैं। इसी प्रकार अलग-अलग सत्ता वाले, एक दूसरे से लड़ने झगड़ने और ईर्ष्या, द्वेष करने वाले देवताओं के स्थान पर अब इन्हें एक ही ईश्वरीय शक्ति के विभिन्न काम माना जाने लगा है। ग्रह-नक्षत्रों की विद्या की सही जानकारी जैसे-जैसे बढ़ रही है, वैसे-वैसे शनि और राहु की अनिष्टकर ग्रह दशा का आतंक समाप्त होता चला जा रहा है।

अधिकाँश भय अवास्तविक होते हैं। साँप से आमतौर से लोग डरा करते हैं, पर सही बात यह है कि केवल सत्तरह प्रतिशत साँप ही ऐसे होते हैं, जिनमें मारक विष रहता है। यह वास्तविकता जिन्हें विदित होती है, जो साँपों के स्वभाव की गहरी जानकारी रखते हैं, वे उनसे जरा भी नहीं डरते, वरन् कई बार तो उनसे अपना मनोरंजन लाभ भी करते हैं। सरकस के कर्मचारी खूँखार जानवरों के बारे में अधिक जानकारी होने के कारण उनसे डरना तो दूर उलटा अचरज भरे काम कराते रहते हैं। घने जंगलों में सिंह व्याघ्रों के बीच निवास करने वाले आदिवासी, उनसे जरा भी नहीं डरते, बल्कि आँख-मिचौनी खेलते रहते हैं, जब कि सामान्य लोगों को सिंह, व्याघ्र की बात सुनने से ही डर लगने लगता है।

अजनबी आदमी को देखकर तरह-तरह की आशंकायें मन में उठती हैं, पर जब उसका पूरा परिचय हो जाता है, तो पूर्व आशंका मित्रता में बदल जाती है। अन्धेरे में जाते हुए डर केवल इसलिए लगता है कि वहाँ क्या हुआ होगा, इसकी जानकारी न होने से चित्त में अनेक तरह की डरावनी बातें उठती हैं। नदी में थोड़ा पानी होने पर भी अनजान आदमी उसमें प्रवेश करते हुए दुर्घटना से सशंकित रहता है। सही जानकारी होने पर डर सहज ही दूर होता है। प्रकाश में तो सुनसान में जाते हुए और नदी के उथले पानी का सही पता लगाते हुए, उसमें प्रवेश करते हुए किसी को कोई झिझक नहीं होती।

इस संसार में लगभग सारे डर अज्ञानमूलक हैं। हानि, घाटा, दुर्घटना, असफलता, आक्रमण, दुर्भाग्य, ग्रहदशा, भूत आदि की आशंका से जितना डरा जाता है, वस्तुतः उसका सौवाँ भाग भी वास्तविक नहीं होता। अज्ञान ही कायरता या भीरुता का रूप धारण कर मनुष्य को भयभीत करता रहता है। जिसे जितना वास्तविक ज्ञान है, वह उतना ही निर्भय रहेगा। तत्वज्ञानी की पहचान यह है, कि वह पूर्णतया निर्भय हो। ज्ञान की उपासना को आध्यात्म मार्ग का प्रथम सोपान इसीलिए माना गया है कि उसके आधार पर मनुष्य सब प्रकार के भय और संशयों से छुटकारा पाकर अभीष्ट लक्ष्य की ओर अपनी मानसिक शक्तियों को लगा सकने में समर्थ होता है। वह अज्ञानी जिसे अनेक प्रकार के भय सताते रहते हैं, अपनी मानसिक क्षमता का अधिकाँश भाग उसी गोरख-धन्धे में खो बैठता है, फिर आत्म-कल्याण जैसे श्रेष्ठ कार्य के लिए उसके पास मनोबल बचेगा ही कैसे?

ज्ञान का प्रकाश उत्पन्न होने से मनुष्य संसार की हर वस्तु का स्वरूप समझ जाता है, तब उसे उनमें डरने लायक कुछ भी कारण दिखाई नहीं पड़ता। निर्भीक लोग उन परिस्थितियों में भी हँसते, प्रसन्नचित्त रहते ओर मानसिक सन्तुलन बनाये रहते देखे जाते हैं, जिनमें कि साधारण मनुष्य आशंकाओं और कुकल्पनाओं से भयभीत होकर किंकर्तव्यविमूढ़ बन जाते हैं। संसार के महापुरुष एवं राजनेता अगणित महत्वपूर्ण उत्तरदायित्वों और अशुभ संभावनाओं से घिरे रहते हैं। समस्याओं का हल वे सोचते हैं, और जो सम्भव है, वह करते हैं, पर यह होता तभी है, जब मानसिक संतुलन को सही रखने की, उत्तेजित न होने की क्षमता विद्यमान हो। श्रेष्ठ और निकृष्ट व्यक्तियों में धैर्य और अधीरता का ही अन्तर रहता है। जिसने इस संसार को एक नाटक मात्र समझ लिया है, वह अपना सर्वोत्कृष्ट अभिनय करने मात्र का ध्यान रखता है। जैसी परिस्थितियाँ आती हैं, उनके अनुरूप परिवर्तन करने और ढलने की क्षमता, जिसने संपादित कर ली, वे संसार को समस्त परिजनों को, एक क्रीड़ा कौतुक मात्र समझते हैं। डरना उन्हें मानवीय दुर्बलता और अज्ञान का एक उपहासास्पद कारण प्रतीत होता है। जो डरते हैं, वे कर कुछ नहीं पाते। डर के मारे अधमरे बने रहने वाले, आशंकाओं और संशयों से उद्विग्न रहने वाले व्यक्ति तो अर्ध मूर्छित, अर्ध मृतक स्थितियों में पड़े हुए निकृष्ट और असफल जीवन ही किसी प्रकार पूरा करते हैं।

जिसे अपनी शक्ति का सही ज्ञान होता है, वह उतने बड़े कदम उठाता है, जो अपनी सामर्थ्य और मर्यादा के अंतर्गत हो। शेखचिल्ली इसलिए असफल हुआ कि वह अपनी अर्थ-व्यवस्था के क्रमिक विकास और योजनाओं की पूर्ति में लगने वाले समय और श्रम के बारे में भ्रम-ग्रस्त बना रहा। किस सफलता के लिए कितनी तैयारी, मेहनत और प्रतीक्षा करनी पड़ेगी, यह जानकर कोई व्यक्ति अपनी गतिविधियों को निर्धारित करे ,तो उसे कदाचित ही कभी असफलता का मुंह देखना पड़े।

बड़े से बड़ा भय मृत्यु का होता है, पर यदि उसे वस्त्र परिवर्तन जैसी जीव के लिए भूत काल में करोड़ों बार घटित हुई, एक सामान्य प्रक्रिया मान लिया जाय, तो मरने का अवसर आने पर भी मनुष्य अपना साहस बनाये रह सकता है। मृत्यु के संघर्ष में भी देर तक लड़ सकता है। कम से कम शान्तचित्त से ईश्वर का नाम लेते हुए तो मर ही सकता है। मृत्यु के संघर्ष में भी देर तक लड़ सकता है। कम से कम शान्तचित्त से ईश्वर का नाम लेते हुए तो मर ही सकता है। मृत्यु का स्वरूप ठीक तरह समझ में न आने से ही त्रास मिलता है, अन्यथा मृत्युदण्ड की आज्ञा सुनकर फाँसी लगने के दिन तक खुशी से सत्तरह पौण्ड वजन बढ़ा लेने वाले क्रान्तिकारियों के उदाहरण सुनने को क्यों मिलते?

उचित अनुचित का विवेक जागृत होने पर भी मनुष्य निश्चिंत हो सकता है। उसके सामने लक्ष्य और मार्ग स्पष्ट रहने से न तो उलझन रहती है और न परेशानी। हवा में उड़ते हुए पत्ते की तरह जो चारों ओर मन डुलाता है ,उसे सफलता असफलता का भय बना ही रहता है। सच्ची निर्भयता उसे मिलती है जिसके सामने अपनी कर्तृत्व ही प्रधान है। परिणाम को अधिक महत्व देने वाला व्यक्ति असफलता को न तो अधिक महत्व देता है और न उससे डरता है।

ईश्वर विश्वास निर्भयता का सर्वोपरि उपाय है। पुलिस गारद के पहरे से रहने वाले को जब आक्रमणकारी शत्रुओं से निश्चिन्तता मिल जाती है, सुरक्षा अनुभव होती है, तो सर्वशक्तिमान परमात्मा को अपना साथी सहचर बना लेने वाले के लिए डरने की गुंजाइश कहाँ रह जाती है? जिसने धर्म को अपना आधार बना लिया उसका भविष्य अन्धकारमय हो ही नहीं सकता फिर किसी से भी डरने की ऐसे व्यक्ति के लिए बात ही क्या रह जाती है।

(अखंड ज्योति-8/1964)


व्यभिचार की ओर आकर्षित मत होना.


व्यभिचार की ओर
आकर्षित मत होना.

व्यभिचार सबसे बड़ा विश्वासघात है। किसी स्त्री के पास तुम तभी तो पहुँच पाते हो, जब उसके घरवाले तुम्हारा विश्वास करते हैं, और उस तक पहुँच जाने देते हैं। कौन है? जो किसी अपरिचित व्यक्ति के घर में निधड़क चला जावे और उससे मनचाही बातचीत करे। इसलिए सज्जनों! अपने मित्र के घर पर हमला मत करो। जरा पाप से डरो और हया-शर्म का ख्याल रखो। क्या पाप, घृणा, बदनामी और कलंक का तुम्हें जरा भी डर नहीं है? सद्गृहस्थ वह है, जो पड़ौसी की स्त्री के रूप में अपनी माता की छाया देखता है। वीर वह है, जो पराई स्त्री पर पाप की दृष्टि से नहीं देखता। स्वर्ग के वैभव का अधिकारी वह है, जो स्त्रियों को माता, बहिन, और पुत्री समझता हुआ, उनके चरणों में प्रणाम करता है।

मनुष्यों! व्यभिचार की ओर मत बढ़ो। यह जितना ही लुभावना है, उतना ही दुखदायी है। अग्नि की तरह यह सुनहरा चमकता है। पर देखो, जरा मूल से भस्म कर डालने की उसमें बड़ी घातक शक्ति है। इस सर्वनाश के मार्ग पर मत चलना, क्योंकि जिसने भी इधर कदम बढ़ाया है, उसे भारी क्षति और विपत्ति का सामना करते हुए हाथ मल मलकर पछताना पड़ा है।

मंगल सोचिए, मंगल करिए.


मंगल सोचिए, मंगल करिए.


इस विश्व में जो भी श्रेष्ठता सौंदर्य और महानता दिखाई पड़ती है, वह मनुष्य के सद्विचारों और सत्कर्मों का ही परिणाम है। अपनी अच्छी बुरी भावनाओं के अनुसार ही जीवन में क्रियाशीलता उत्पन्न होती है। जो सोचते हैं वही करते हैं, इसी के अनुरूप अच्छे बुरे कर्मों का दण्ड या पुरस्कार मिलता है। कर्म का महत्व जो जी में आये करने से नहीं होता, वरन् उसके भले या बुरे प्रतिफल से होता है। आम का पेड़ लगाना या बबूल बोना दोनों क्रियायें एक जैसी हैं। शक्ति, उद्यम व साधन दोनों को एक समान ही जुटाने पड़ते हैं, किन्तु आम रोपने का प्रतिफल सुन्दर स्वादयुक्त फल, सुखद घनी छाया है, और बबूल से न तो छाँव मिलती है न मीठे फल। काँटे बिखेर कर दूसरों को दुःख पीड़ा पहुँचाने का अपकार ही बबूल से बन सकता था, इसके लिए उसकी सर्वत्र निन्दा व भर्त्सना ही की जाती है।

मनुष्य स्वतः अच्छा या बुरा नहीं है। यह ढलाव तो विचारों के साँचे में होता है। गीली मिट्टी को विभिन्न प्रकार के साँचे में दबाकर भाँति-भाँति के खिलौने बनाते हैं। विचारों के साँचे में व्यक्ति का निर्माण होता है। दूषित स्वार्थपूर्ण विचारों से मनुष्य हीन बनता है। दुष्टता-पूर्ण, दुष्कर्मों के कारण वह दुःख और त्रास पाता है। मंगल-चिन्तन व शुभकर्मों से आन्तरिक सौंदर्य के दर्शन होते हैं, श्री-समृद्धि और सफलता का सुख मिलता है।

बुरे विचारों की कीचड़ में फँसा हुआ व्यक्ति अपना प्रभाव खो देता है। यद्यपि उसकी नैसर्गिक पवित्रता नष्ट नहीं हुई, उसकी शक्ति ज्यों की त्यों बनी हुई है, किन्तु मान गिर गया, कीमत गिर गई। कुविचार और कुकर्म सदैव मनुष्य को अधोगामी ही बनाते हैं।

देखने में आता है कि लोग प्रायः दूसरों के ऐब निकालते रहते हैं। यह क्रोधी है, वह निकम्मा है। दृढ़तापूर्वक न्यायिक दृष्टि से निरीक्षण करने पर हमें अपने आप में ही अनेकों दोष दिखाई दे जाते हैं, नहीं तो यह छिद्रान्वेषण की प्रवृत्ति ही किस अपराध से कम है। निरन्तर बुरे विचार करते रहने से अशुभ कर्म ही बन सकते हैं। कटुता, कलह, द्वेष, दुर्भाव, विभाजन तथा असहयोग ही इसके परिणाम हो सकते हैं।

पाप-पुण्य की व्याख्या करते हुए महाभारतकार ने लिखा है—

अष्टादशपुराणानाँ सारं सारं समुद्धृतम।
परोपकारः पुण्याय पापाय पर पीड़नम्॥
न तत्परस्य संदध्यात् प्रतिकूलं यदात्मनः।
एव संक्षेपतो धर्मः कामादन्यः प्रवर्तते॥


“ दूसरों के प्रति उपकार करना ही पुण्य और दूसरों को पीड़ा देना ही पाप है। यही समस्त पुराणों का सार है। दूसरों के साथ वह व्यवहार न करें जो स्वयं अपने को ही प्रतिकूल जान पड़े। यही समस्त धर्म का सार है। इसके अतिरिक्त दूसरे कर्मों का आधार तो केवल स्वार्थ हैं।”

स्वभावतः मनुष्य की इच्छाओं में बहुत कुछ समानता होती है। दूसरों से प्रेम स्नेह आत्मीयता सहयोग और सहानुभूति की अपेक्षा सभी रखते हैं। पर जब व्यवहारिक रूप में हम दूसरों के साथ ऐसा बर्ताव नहीं करते तो इसे कुविचार माना जाता है। अपने अहंकार को श्रेष्ठ मानना और अपनी इच्छाओं की उचित अनुचित किसी भी तरह से पूर्ति करने को ही पाप माना गया है। अपकार, को पाप कहते हैं, क्योंकि यह दुर्भावनाओं के कारण होता है। परोपकार पुण्य है क्योंकि यह सद्भावना का प्रतीक है। संक्षेप में मंगलमय कामनाएं पुण्य और स्वार्थपूर्ण भावनाओं को ही कहा जा सकता है।

अपने में जो थोड़ी बहुत गुणों की पूँजी है, इसी पर प्रसन्नता अनुभव करें और उसे विकसित करें, तो मनुष्य एक दिन महानता की मंजिल तक पहुँच जाता है। विचारों के अनुसार ही चेष्टायें जागृत होती हैं। सत्कर्मों के विस्तार से आत्मा-विकसित होती है। आत्म-विकास से स्वर्गीय सुख की रसानुभूति होती है। पुण्य को प्रोत्साहन और पाप की उपेक्षा आत्मानुभूति के सदुद्देश्य से प्रेरित होकर की गई है। आध्यात्म की पहली शिक्षा यह है कि मनुष्य निरन्तर मंगलमय कामनाएँ करे और सदाचारी बने।

यह तभी सम्भव है, जब सत्प्रवृत्तियों को प्रोत्साहन मिले।

किसी भी अवस्था में मनुष्य की आन्तरिक पवित्रता का पूर्णतया नाश नहीं होता। वह अज्ञान के अंधेरे में ढंकी-सी रहती है। जैसे अग्नि को राख ढक लेती है, वैसे ही दुष्कर्मों की मलिनता में यह आन्तरिक निर्मलता दबी रहती है। इस पवित्रता को पुनः जागृत करने के लिए प्रशंसा और प्रोत्साहन की आवश्यकता होती है। आत्मनिरीक्षण द्वारा अपनी शक्ति श्रद्धा और विश्वास को जगाये रखें और प्रेरणा व प्रोत्साहन देकर दूसरों की पवित्रता पुनरुज्जीवित करने में सहयोग दें, तो इसे महान् शुभ-कर्म मानना पड़ेगा। सामाजिक सुव्यवस्था की नीति यही है कि सब मिल जुलकर एक दूसरे को महानता की ओर अग्रसर करने में सहयोग देते रहें। यह कार्य सद्-विचारों और सत्कर्मों द्वारा सहज ही में पूरा हो जाता है।

मानव-जीवन की सार्थकता के लिए विचार-पवित्रता अनिवार्य है। केवल मात्र-ज्ञान भक्ति और पूजा से मनुष्य का विकास एवं उत्थान नहीं हो सकता। पूजा भक्ति और ज्ञान की उच्चता व श्रेष्ठता का व्यावहारिक रूप से प्रमाण देना पड़ता है। जिसके विचार गन्दे होते हैं, उससे सभी घृणा करते हैं। जो वातावरण गन्दा है, वहाँ जाने से सभी को झिझक होती है। शरीर गंदा रहे ,तो स्वस्थ रहना जिस प्रकार कठिन हो जाता है, उसी प्रकार मानसिक पवित्रता के अभाव में सज्जनता, प्रेम और सद्-व्यवहार के भाव नहीं उठ सकते। आचार-विचार की पवित्रता से ही व्यक्ति का सम्मान व प्रतिष्ठा होती है।

सतोगुणी विचारों से प्रेरित मनुष्य का खान-पान, रहन-सहन, वेषभूषा भी पवित्र होती है। मन, वचन, कर्म में सर्वत्र शुचिता के दर्शन होते हैं। ऐसा व्यक्ति सभी के हित व कल्याण की बात सोचता है। सभी की भलाई में अपनी भलाई मानता है। इससे दैवी सम्पत्तियों का विस्तार होता है, और सुख की परिस्थितियाँ बढ़ने लगती हैं। पूर्व काल में लोग अधिक सुखी होते थे, इसका कारण लोगों के आचार-विचार में पर्याप्त पवित्रता थी। अनैतिक कर्मों के बाहुल्य के कारण इस समय दुःखों का बाहुल्य हो रहा है। समय सदा एक सा रहता है, किन्तु आचरण और विचारों की भिन्नता के फलस्वरूप एक समय की परिस्थितियाँ सुखद बन जाती हैं, और इससे प्रतिकूल परिस्थितियाँ कष्ट व क्लेशदायक रहती हैं।

इन परिस्थितियों को सुधार लेना भी सम्भव है। अपने जीवन को सेवामय बनने दें। इसके लिए अपने हृदय में चाह तथा उत्साह बनाये रखें। सहानुभूति, प्रेम उदारता सहनशीलता और नम्रता से मन की पवित्रता स्थिर बनी रहती है। उसी प्रकार परमात्मा को अन्तर्यामी घट-घटवासी मानने से किसी के प्रति पाप का भाव पैदा न होगा। सामने कोतवाल खड़ा हो तो चोर को तिजोरी में हाथ लगाने की हिम्मत भी न पड़ेगी। “परमात्मा हर घड़ी हमारे साथ रहता है” यह मान्यता जितनी अधिक दृढ़ होती जाती है उतना ही दुष्कर्मों से छुटकारा मिलता जाता है। इससे अपना दृष्टिकोण निर्दोष बनता है।

सच्चे हृदय से जो आत्म कल्याण की बात सोचते हैं, उन्हें इसके लिये आवश्यक प्रयत्न भी करने पड़ते हैं। नम्र उदार दयालु उपकारी और दूसरों का सहायक बनना पड़ता है। इन सद्गुणों का विकास एक आदेश में यथावकाश कर लेना ही पर्याप्त नहीं होता वरन् अपने सम्पूर्ण जीवन में इन सद्गुणों का अभ्यास करते रहना पड़ता है। सात्विकता की वृद्धि के साथ-साथ आत्मा में असाधारण शाँति, सन्तोष, प्रसन्नता, उल्लास और आनन्द छाया रहता है। उसका प्रत्येक विचार और कार्य पुण्यमय होता है।

आत्मा की दृष्टि से संसार के सम्पूर्ण प्राणी एक समान हैं। शरीर, धन, मान, पद और प्रतिष्ठा की बहुरूपता आत्मागत् नहीं होती है। इस दृष्टि से ऊँच नीच, वर्णभेद छोटे-बड़े, अशक्त, बलवान धनी या निर्धन का कोई भेदभाव नहीं उठता। परमात्मा के दरबार में सब एक समान हैं, कोई ऊँच-नीच, छोटा-बड़ा, राजा या फकीर नहीं है। जो यह समझकर सबके साथ सदैव पूर्ण भावनायें रखता है वही सच्चा आध्यात्मवादी है।

(अखंड ज्योति-8/1964)


अपने वास्तविक-स्वरूप को पहचानिए.


अपने वास्तविक-स्वरूप
को पहचानिए.

ऐ, अविनाशी आत्माओं! तुम तुच्छ नहीं महान हो। तुम्हें किसी आशक्ता का अनुभव करना या कुछ माँगना नहीं हैं। तुम अनन्त शक्तिशाली हो, तुम्हारे बल का पारावार नहीं, जिन साधनों को लेकर तुम अवतीर्ण हुए हो, वे अचूक ब्रह्मास्त्र हैं। उनकी शक्ति अनेक इन्द्र-वज्रों से अधिक हैं। सफलता और आनन्द तुम्हारे जन्मजात अधिकार हैं। उठो, अपने को, अपने हथियारों को, भली प्रकार पहचानो और बुद्धि पूर्वक कर्तव्य मार्ग में जुट जाओ। फिर देखें, कैसे वह चीज नहीं मिलती, जिन्हें तुम चाहते हो। तुम कल्पवृक्ष हो, पारस हो, अमृत हो और सफलता की साक्षात मूर्ति हो।

तुम शरीर नहीं हो, जीव नहीं हो, वरन् आत्मा, महान-आत्मा, परम-आत्मा हो। तुम इन्द्रियों के गुलाम नहीं हो, आदतें तुम्हें मजबूर नहीं कर सकती। पाप और अज्ञान में इतनी शक्ति नहीं है कि वे तुम्हारे ऊपर शासन कर सके। अपने को हीन, नीच, पतित, पराधीन! और दीन हीन मानना, एक प्रकार की आत्महत्या हैं। अध्यात्म शास्त्र का सन्देश है कि ऐ महान पिता के महान पुत्रों! अपनी महानता को पहचानो। उसे समझने में, खोजने में और प्राप्त करने में तत्परता पूर्वक जुट जाओ। तुम संत हो हो, आनंद पूर्वक अपनी वास्तविकता को अनुभव करो, और स्वाधीनता के-मोक्ष का-आनन्द प्राप्त करो।

“सावधान”-समर्थ गुरु रामदास.


 “सावधान”-समर्थ गुरु रामदास.


बालक नारायण के विवाह की तैयारी पूरी हो चुकी। पुरोहित ने धर्म-कृत्य के नियमानुसार पुकारा—’सावधान’। किशोर नारायण की प्रसुप्त चेतना सचमुच सावधान हो गई। उसका जीवन लक्ष्य पराधीनता के बन्धनों में बँधी हुई मातृभूमि को मुक्त करना था, यदि स्वयं विवाह बन्धन में बँध जायगा तो सारी शक्ति उसी जंजाल में खर्च हो जायगी, फिर अपने लक्ष्य की पूर्ति के लिए उसके पास क्षमता बच ही कहाँ से रहेगी? प्रश्न महत्वपूर्ण था। निर्णय का अन्तिम क्षण सामने खड़ा था। असावधानी और सावधानी में से एक स्थिति को चुनना था। नारायण ने ‘सावधानी’ को चुना। पुरोहित क्या जानता था कि कर्मकाण्ड के साधारण विधान के प्रयोजन की पूर्ति के लिए उच्चारण किया गया ‘सावधान’ शब्द वर की अन्तरात्मा तक जा पहुँचेगा और उसे सचमुच ही सावधान कर देगा।

नारायण क्षण भर चुप रहा, उसने साहस पूर्वक अपना अन्तिम निर्णय कर डाला। सिर पर रक्खा हुआ सेहरा-मण्डप में ही पटक कर वह भाग खड़ा हुआ। यह गया—वह गया—लोग ढूँढ़ते ही रह गये पर वह आँखों से ओझल हुआ सो हुआ।

आत्म-चिन्तन करता हुआ नारायण एक देवालय में निवास करने लगा। यवन शासन में फैले अनाचार को मिटाकर धर्म संस्थापना की भावना आँखों में से आँसू बन कर उमड़ रही थी। वह यही सोचने में लगा रहता कि आखिर करे तो क्या करे? जो सन्त-महात्मा उधर रहते थे, वे संसार को माया और मिथ्या बताकर दुनिया को अपने भाग्य पर मरने के लिए छोड़ने और आनन्द से भजन करने का उपदेश देते। पर ऐसी स्वार्थपरता उन्हें कहाँ पसन्द आती। बहुत दिनों विचारशील मनीषियों के साथ वे परामर्श करते रहे, अन्त में इस निष्कर्ष पर पहुँचे कि आत्मबल बढ़ाने के लिए साधना और तपस्या का जीवन बिताते हुए उन्हें जन-कल्याण के लिए प्रबल प्रयत्नों में संलग्न होना चाहिये। लक्ष्य स्थिर होते ही उन्होंने संन्यास ले लिया क्योंकि लोक-सेवा में निरत परमार्थी लोगों के लिए वही जीवनक्रम उपयुक्त पड़ता है। जब उनका नाम नारायण से बदल कर रामदास हो गया।

उन दिनों अत्याचारी शासन की नृशंसता से जनता में त्राहि-त्राहि मची हुई थी। न्याय का नाम निशान न था। शासक जो चाहते वही प्रजा को मानना पड़ता। बहू-बेटियों का शील तक आँखों के आगे लुटते हुए देखना पड़ता। हिन्दू धर्म और संस्कृति को बुरी तरह कुचला जा रहा था। जनता हताश होकर प्रतिरोध की शक्ति खोती चली जा रही थी, देश के सामने जीवन-मरण की समस्या उत्पन्न हो रही थी। ऐसे समय में रामदास को साधना उपासना किस प्रकार की होनी चाहिये, यह निर्णय करते देर न लगी। जब कि दूसरे संत, महात्माजन जीवन की दुर्दशा की ओर से आँख बन्द करके भजन, ध्यान में अपनी मुक्ति का प्रयोजन पूर्ण करने के लालच में लगे थे, रामदास ने दूसरा मार्ग चुना। अपनी आत्मा को अधिकाधिक बल सम्पन्न बनाने वाली तपश्चर्या करते हुए अनीति के विरुद्ध संघर्ष करने के लिए जनता में साहस भरते हुए गाँव-गाँव घूमने लगे।

अभी पूरे बीस वर्ष के भी वे न हो पाये थे कि उन्होंने सारा महाराष्ट्र छान डाला और ऐसे युवकों का संगठन आरम्भ कर दिया, जिनमें उनकी ही तरह देश धर्म के लिए दर्द था। यों हतोत्साह वातावरण में शौर्य और त्याग का साहस भी मन्द पड़ जाता है, और लोग कायरता, भीरुता एवं दीनता से ग्रस्त होकर किसी प्रकार जीवित रहने में ही अपनी भलाई मानने लगते हैं। फिर भी मानवता के मूल गुण पूर्णतया कभी भी नष्ट नहीं होते। उस गये गुजरे जमाने में भी ऐसे भावनाशील नवयुवक मौजूद थे, जो देश−धर्म के उद्धार के लिए कष्ट उठाने और त्याग करने का साहस कर सके। स्वामी रामदास ऐसे ही रत्नों को परखने और उन्हें संगठित करने के लिए महाराष्ट्र का कोना-कोना छानते रहे और अन्त में उनकी झोली तेजस्वी नर-रत्नों से भर ही गई।

नव-जीवन का प्राण फूँकने वाले इस तेजस्वी महापुरुष को लोग समर्थ गुरु की सम्भावनास्पद उपाधि के साथ विभूषित करने लगे। उन्हें समर्थ गुरु रामदास कहा जाने लगा। अनेक प्रतिभाशील युवक उनके साथ रहते और धर्म की रक्षा करने की योजनाएं बनाते। इन्हीं में एक मराठा युवक शिवाजी भी थे। समर्थ गुरु ने उनकी नस-नस में उत्साह भर दिया और वे योजनाबद्ध रूप से अत्याचारी शासकों के विरुद्ध अपने साथियों के साथ संघर्ष करने लगे। छत्रपति शिवाजी ने हिन्दू-धर्म की रक्षा के लिये उन भयावह परिस्थितियों में जो कुछ किया उसका मार्मिक शब्दों में उल्लेख करते हुए महाकवि भूषण ने कहा है—”शिवाजी न होते तो सुन्नत होती सब की।” ऐसे सहस्रों प्रख्यात और अप्रख्यात युवाओं का निर्माण समर्थ रामदास के सत्संगों द्वारा ही संभव हुआ।

उन्होंने सारे महाराष्ट्र में लगभग 800 मठ स्थापित किये, जिनमें उन धर्म-सैनिकों के निवास, एवं निर्वाह की व्यवस्था रहती। वहाँ भजन कीर्तन, पूजा, प्रवचन की व्यवस्था रहती, साथ ही मठों में रहने वाले टोलियाँ बना कर गाँवों में निकल जाते और भजन गाकर देश, धर्म, संस्कृति एवं समाज के प्रति जनता की कर्तव्य भावना जागृत करते। महाराष्ट्र की एक झोंपड़ी भी ऐसी न बची, जिनमें इन 800 मठों में रहने वाले धर्म सैनिक नव युग का सन्देश सुनाने के लिए पहुँचे न हों। इस प्रकार उन्होंने उस बड़े प्रान्त को बड़े उत्तम ढंग से संगठित कर लिया। धीरे-धीरे महाराष्ट्र से बाहर भी यह प्रवाह फैला और अन्य प्रान्तों में भी लगभग चार-सौ ऐसे ही मठ स्थापित हो गये। आचार्य केशव नायक राव आदि कर्मठ विद्वान उनके साथ थे। इस मण्डली का निश्चित मत था कि जब तक जनता संगठित और अनुशासित न हो जायगी, अत्याचारों भरी पराधीनता से मुक्ति न मिलेगी। वे संगठन को जातीय जीवन का प्राण समझते और उसे एक धर्मानुष्ठान की तरह पूरा करने में संलग्न रहते।

समर्थ गुरु रामदास ने ‘दासबोध’ नामक एक मार्मिक काव्य-ग्रन्थ लिखा है, जिसमें 2741 छन्द चरण हैं। मानव-जीवन के प्रत्येक पहलू पर जितना सार गर्भित विवेचन इस ग्रंथ में हुआ है, उतना भारतीय भाषाओं के और किसी काव्य ग्रंथ में नहीं हुआ। महाराष्ट्र में घर-घर में ‘दासबोध’ मिलेगा और उसके छन्द शिक्षित-अशिक्षित सभी की जिह्वा पर नाच रहे होंगे। कहते हैं कि इसके अतिरिक्त समर्थ ने लगभग 30 हजार अन्य कवितायें भी लिखी हैं, जिनमें से कम ही इस समय उपलब्ध होती हैं।

भारतीय स्वाधीनता संग्राम में सन् 1847 से पूर्व और उसके पश्चात् जो लड़ाई लड़ी गई है, वह स्वर्णाक्षरों में लिखे जाने योग्य है। इतना ओज और शौर्य, साहस और प्राण जन-मानस में भर देने का बहुत कुछ श्रेय समर्थ गुरु रामदास को है। ये युग-पुरुष थे, सच्चे महात्मा, सच्चे योगी थे। उनकी सचाई ने उन्हें सच्ची तपस्या करने की प्रेरणा दी। उपासना के द्वारा आत्मबल बढ़ाते हुए उसका लाभ जनता-जनार्दन के चरणों में, विश्व-मानव शोभायमान बनने में, अर्पण कर देना, यही तो त्याग का सच्चा मर्म है। आध्यात्म की बकवास करने वाले यों गली कूचों के मक्खी मच्छरों की तरह हर जगह भरे पड़े हैं, धर्म और ज्ञान की दुकानें भी हर बाजार में खुली पड़ी हैं, पर जो अपने उज्ज्वल चरित्र और विवेकयुक्त विचारणा से जन-जीवन को उत्कृष्ट बनाने के लिये मर मिटें, ऐसे आध्यात्मिक पुरुषों का प्रायः अभाव ही रहता है। समर्थ गुरु रामदास उसी अभाव की पूर्ति करने आये थे। भारत-माता के बन्धन काटने में इस महान् योगी का योगदान अनन्त काल तक भुलाया न जा सकेगा। पुरोहित ने विवाह के अवसर पर उन्हें सावधान किया था, वे जीवन भर भारतीय जनता को सावधान करते रहे। और यह सावधानी ही परिष्कृत होकर आज राजनैतिक स्वाधीनता के रूप में हमें मिली है। आगे के कर्तव्यों के लिए सावधान रहने पर ही उसका सदुपयोग हो सकना सम्भव है।

(अखंड ज्योति-7/1964)


भारतीय-संस्कृति महान है.


भारतीय-संस्कृति महान है.


यद्यपि संस्कृति सम्पूर्ण मानव समुदाय के विकास क्रम की सम्यक् चेष्टाओं का भण्डार है और इसीलिए इसे किसी सीमाओं में नहीं बाँधा जा सकता तथापि स्थान विशेष पर यदि इस तरह के विकास की कोई लम्बी परम्परा रहती है तथा उसमें अपनी कोई विशेषता होती है तो उसका नाम स्थान विशेष से जुड़ जाता है। अरबी घोड़ा, नागौरी बैल, लखनवी खरबूजा, मगही पान आदि नामकरण इन वस्तुओं के उत्पत्ति स्थान से इसलिए जुड़े हुए हैं कि वहाँ इनमें अपनी एक विशेषता है। इसी तरह की विशेषताओं के कारण संस्कृति का भी नाम करना होता है। “भारतीय संस्कृति” यद्यपि विश्वमानव की संस्कृति है, सम्पूर्ण मानव समुदाय के विकास में आदि काल से इसका महत्वपूर्ण योगदान रहा है तथापि भारत भूमि में, जो एक ओर हिमालय की पर्वत मालाओं से तथा तीन ओर समुद्र से घिरी हुई है, विकास करने वाले समाज ने जीवन जीने की, अपने आचार- विचारों की, सामाजिक व्यवस्थाओं की, ज्ञान-विज्ञान की जो विशिष्ट प्रणाली विकसित की है, वही भारतीय संस्कृति है। इसकी अपनी विशेषतायें हैं। अपना इतिहास है, अपनी गाथा है। भारत के कोटि- कोटि जनों में चाहे उनकी उपासना पद्धति, खान-पान, जीवनचर्या भिन्न भिन्न हो सकती है किन्तु भारतीय संस्कृति का प्रवाह सरलता से देखा जा सकता है, अनुभव किया जा सकता है। क्योंकि वैदिक काल से लेकर अब तक यह प्रवाहमान धारा की तरह हमारे जीवन को स्पर्श करती आ रही है, हमें प्रेरणा देती रही है।

भारतीय संस्कृति की महत्ता और विशेषता को व्यक्त करते हुए बापू ने लिखा है -- “मेरा तो यह निश्चित मत है कि दुनिया में किसी भी संस्कृति का भण्डार इतना भरा पूरा नहीं है जितना हमारी संस्कृति का।”

मैक्समूलर ने कहा है -“मनुष्य के मस्तिष्क में जीवन के सबसे बड़े सिद्धाँत और सबसे बड़ी युक्तियाँ भारतवर्ष ने ही खोज निकाली हैं।” उन्होंने तो भारतीय संस्कृति का गुण-गान करते हुए यहाँ तक लिख दिया है -- “यदि मुझ से पूछा जाय कि आकाश के नीचे मानव मस्तिष्क ने कहाँ मुख्यतम गुणों का विकास किया, जीवन की महत्वपूर्ण समस्याओं पर सबसे अधिक गहराई से सोच-विचार किया और ऐसे महत्वपूर्ण तथ्य खोज निकाले, जिनकी ओर उन्हें भी ध्यान देना चाहिए जो प्लेटो और कान्ट के अनुयायी हैं, तो मैं भारतीयों की ओर ही संकेत करूंगा।”

“ यदि मैं अपने आप से पूछूँ कि हम यूरोपीय किस संस्कृति का आश्रय लेकर वह सुधारक वस्तु प्राप्त कर सकते हैं जिसकी कि हमें अपने जीवन को अधिक सार्थक महत्वपूर्ण विस्तृत और व्यापक बनाने में आवश्यकता है, न केवल इस जीवन के लिए अपितु बदले हुए अनन्त जीवन के लिए, तो मैं फिर आपको भारत की ओर ही संकेत करूंगा।”

काउन्ट जोन्स जेनी के शब्दों में -“भारतवर्ष केवल हिन्दुओं का ही घर नहीं, वरन् वह संसार की सभ्यता और संस्कृति का आदि भण्डार है।”

भारतीय संस्कृति ऐसे गुरु गम्भीर सत्यों पर आधारित है, जिनकी विश्व मानव को सदा- सदा आवश्यकता रहेगी। और इसीलिए भारतीय संस्कृति सदा-सदा अजर - अमर रहेगी। राष्ट्र मिटते रहेंगे, सभ्यतायें बदलती रहेंगी, जातियों का स्वरूप भी नष्ट होता रहेगा, सामाजिक व्यवस्थाएं बदलती रहेंगी लेकिन भारतीय संस्कृति अपनी महान विशेषताओं का सन्देश सदा सुनाती रहेगी।

संसार का कोई भी तो विषय नहीं है जो हमारी संस्कृति से अछूता रहा हो| आज जो कुछ भी विश्व में वर्तमान है, उसका सूत्रपात, श्रीगणेश भारतीय संस्कृति से ही हुआ ऐसा इतिहास के विद्वान बताते हैं।

प्रसिद्ध इतिहासज्ञ प्रो. बेवर ने कहा है कि अरब में ज्योतिष विद्या का विकास भारतवर्ष से हुआ। डॉ. पीबो ने लिखा है- संसार रेखा गणित के लिए भारत का ऋणी है, यूनान का नहीं। कोलबुक ने कहा है- भारतवर्ष ने ही चीन और अरब को ज्योतिष शास्त्र और अंकगणित दिया।

‘यूरोप के प्राचीन इतिहास’ में लिखा है - “दर्शन विज्ञान और सभ्यता सम्बन्धी सारी बातें यूनान ने भारत से सीखीं और यहाँ से वे सारे संसार में फैली। अरब और यूरोप में जो ज्ञान का प्रकाश फैला, वह भी भारत से ही। वर्तमान भूगोल, इतिहास और पुराने चिन्हों की खोज स्पष्टतया प्रकट करती है कि भारतीयों ने कला-कौशल ज्ञान- विज्ञान का प्रचार पश्चिम के देशों में जाकर किया।”

प्रो. लुई रिनाड ने लिखा है- “संसार में भारतवर्ष के प्रति लोगों का प्रेम और आदर, उसकी बौद्धिक नैतिक और आध्यात्मिक सम्पत्ति के कारण ही है।”

प्रसिद्ध विद्वान रोम्या रोलाँ ने कहा है -”अगर संसार में कोई एक देश है, जहाँ जीवित मनुष्य के सभी सपनों को उस प्राचीन काल से जगह मिली है , जब से कि मनुष्य के अस्तित्व का सपना प्रारम्भ हुआ, तो वह भारत है।”

ज्ञान-विज्ञान, कला - कौशल, युद्ध - विद्या विभिन्न वस्तु पदार्थ, प्रणालियों का सर्व-प्रथम भारत से ही सूत्रपात हुआ। डफ ने लिखा है -- “भारतीय विज्ञान इतना विस्तृत है कि यूरोपीय विज्ञान के सब अंग वहाँ मिलते हैं।”

कर्नल रश ब्रुक विलियम ने कहा है- “सीसे की गोलियों और बन्दूकों के प्रयोग का वर्णन विस्तार से यजुर्वेद में मिलता है। भारत में वैदिककाल में ही बन्दूक तोपों का प्रचलन हो गया था।”

भारतीय संस्कृति के बारे में अपना मत प्रकट करते हुए मि. डेलमार (न्यूयार्क) ने लिखा है - “पश्चिमी संसार जिन बातों पर अभिमान करता है, वे असल में भारतवर्ष से ही वहाँ गई हैं। और तो और तरह- तरह के फल-फूल, पेड़-पौधे, जो इस समय यूरोप में पैदा होते हैं, हिन्दुस्तान में लाकर वहाँ उगाये गये थे। मलमल रेशम, घोड़े, टीन इनके साथ -साथ लोहा ओर सीसे का प्रचार भी यूरोप में भारत से ही हुआ। केवल इतना ही नहीं ज्योतिष, वैद्यक, अंकगणित, चित्रकारी ओर कानून भी भारत वासियों ने ही यूरोप को सिखलाया। “

भारतीय संस्कृति ने संसार को वस्तु पदार्थ आदि बाहरी ज्ञान विज्ञान ही विश्व को नहीं दिया अपितु मानव - जीवन एक चिरन्तन सत्य, मूल रहस्य उससे सम्बन्धित आत्म-ज्ञान की महान देन भी दी। पदार्थों के स्थूल विज्ञान से अधिक अन्वेषण हमारे यहाँ आध्यात्म विज्ञान में हुआ और तत्सम्बन्धी जो कुछ भारत ने विश्व को दिया उसका वह सदा-सदा ऋणी रहेगा।

भारतीय संस्कृति के प्रवाह का उद्गम वे चिरन्तन शाश्वत और सनातन सत्य रहे है, जिनकी अनुभूति महान आर्य जाति के ऋषियों ने अपने तप के द्वारा की थी।

विक्टर कोसिन लिखते हैं -- “जब हम पूर्व शिरोमणि भारत की साहित्यिक एवं दार्शनिक कृतियों का अवलोकन करते हैं, तब हमें ऐसे गंभीर सत्यों का पता चलता है, जिनकी उन निष्कर्षों से तुलना करने पर, जहाँ पहुँचकर यूरोपीय प्रतिभा कभी - कभी रुक गई है, हमें पूर्व के तत्वज्ञान के आगे घुटने टेक देना पड़ता है।”

फ्रेडरिक शेलिंग ने कहा है -- “भारतीय आध्यात्मवाद के प्रचुर प्रकाश पुँज की तुलना में यूरोपवासियों का उच्चतम तत्वज्ञान ऐसा ही लगता है, जैसे मध्याह्न सूर्य के व्योम व्यापी प्रताप की पूर्ण प्रखरता में टिमटिमाती हुई अनलशिखा की कोई आदि किरण, जिसकी अस्थिर और निस्तेज ज्योति ऐसी हो रही हो मानो अब बुझी कि अब बुझी।”

खेद का विषय है कि हम भारतवासी अपनी इतनी महान, व्यापक, समर्थ संस्कृति को आज भूल गये। इसका परिणाम यह हुआ कि संसार की गति से हम पिछड़ गये। हमारे यहीं से गए हुए ज्ञान - विज्ञान को आधार बनाकर विश्व की बहुत सी जातियाँ हमसे आगे बढ़ गईं। भारतीय संस्कृति के मूल भूत सत्यों को भुलाकर हमने पतन का मार्ग अपनाया। भारतीय जीवन समाज का पिछड़ापन, अविकसितता तब तक नहीं मिट सकेगी, जब तक हम अपनी संस्कृति के गौरव को नहीं समझेंगे। उसके सत्यों को जीवन में न उतारेंगे। उनके सम्बन्ध में अन्वेषण अनुसन्धान जो सदियों से बन्द हो गये हैं, शुरू नहीं करेंगे। आज भारतीय समाज का सबसे बड़ा कर्तव्य है, अपनी संस्कृति का उद्धार करना, उसको विकास की दिशा प्रदान करना। हम सभी को इसी चुनौती को स्वीकार करने के लिए तत्पर होना चाहिए।

(अखंड ज्योति-9/1964)


स्वार्थपरता एक अनैतिक मूर्खता.


स्वार्थपरता एक अनैतिक मूर्खता.


प्रगति का अर्थ है आगे बढ़ना। आगे बढ़ने का अर्थ है पीछे को छोड़ना, भूत को छोड़ कर हम वर्तमान में आते हैं तदुपरान्त भविष्य बनता है। पिछला पैर उठाने के बाद ही तो अगला कदम बढ़ा सकना संभव होता है। इस विश्व के जड़ चेतन क्षेत्रों में जो कुछ प्रगति हो रही है उसके मूल में यही तथ्य काम कर रहा है कि कुछ छोड़ो और कुछ ग्रहण करो। जो छोड़ने का साहस कर सकता है उसे ही ग्रहण की सामर्थ्य मिलती है, जिसे यह साहस नहीं बन पड़ता उसके लिए प्रगति का स्वप्न एक मनोरथ मात्र ही बन कर रह जाता है।

बादल समुद्र से जल प्राप्त करते हैं, उस जल को प्राप्त कर वे अपने को धनी, सौभाग्यवान, कमाऊ अनुभव कर सकते हैं पर यह संतोष थोड़ी देर कर लेने के उपरान्त उन्हें ध्यान आता है कि सृष्टि का क्रम ‘प्राप्त को त्यागने’ से ही चल सकता है, इसलिए वे आगे बढ़ते हैं और उस प्राप्त जल को धरती पर बरसा देते हैं। स्वयं खाली हो जाते हैं। वर्षा का जल नदी नालों में घूमता हुआ समुद्र में जा पहुँचता है और फिर नये बादल बनने का, नई वर्षा होने का क्रम चल पड़ता है।

यदि यह चक्र टूटने लगे इनमें से कोई स्वार्थी बन बैठे, जो कमाया है उसे अपने या बेटे-पोतों के लिए जमा कर रखने की नीति अपना ले तो सृष्टि का यह वर्षा-संतुलन बिगड़ जाय और सर्वत्र हाहाकार का दृश्य दिखाई देने लगे। समुद्र कहे कि मैं अपना जल बादलों को क्यों दूँ? बादल कहें कि जो हमने कमाया है उसे धरती पर क्यों बरसावें? धरती पर जो जल वर्षा है उसे वह दाब कर बैठ जाय, सोख ले, तो आगे का प्रवाह कैसे बढ़े? तालाब, नदी, नाले कैसे भरें? यदि नदी नाले उस जल को अपने भण्डार में जमा करने की बात सोचें तो समुद्र रीता हो जाय, और समुद्र के रीता हो जाने पर बादल बनने, वर्षा होने, नदी-नाले बहने का सुन्दर-सा सृष्टि-क्रम समाप्त ही हो जाय। स्वार्थपरता का दृष्टिकोण यदि इस वर्षा-चक्र के किसी घटक के मन में प्रवेश कर जाय तो संसार की कितनी दुर्दशा हो इसकी कल्पना करना भी कठिन है।

धरती अन्न उपजाती है, वनस्पति उगाती है। यह उपजी हुई वस्तुएं किसी का खाद्य बन कर या सड़ गल कर धरती के लिए खाद बनकर पुनः जा पहुँचती है। यदि खाद न मिले तो उसकी उर्वर शक्ति समाप्त हो जाय और फिर कुछ भी उगना सम्भव न हो। जो धरती से मिलता है उसे वापिस लौटाने में अड़चन उत्पन्न की जाय, खाद बनने के साधन रुक जायें तो फिर जो कोई इस उर्वर चक्र को रोकेगा वह भी जीवित न रहेगा, अन्य सब पर भी आपत्ति आवेगी।

प्राणी साँस में ऑक्सीजन ग्रहण करते हैं और कार्बन डाइऑक्साइड छोड़ते हैं। वृक्ष वनस्पति इस कार्बन डाइऑक्साइड को ग्रहण करते और ऑक्सीजन छोड़ते हैं। इस प्रकार वृक्षों और प्राणियों के बीच एक सुन्दर आदान-प्रदान चलता रहता है। दोनों में से कोई स्वार्थी बन बैठे और जो मिला है उसे न छोड़ने की ठाने तो दोनों की ही विनाश वरण करना होगा। ऑक्सीजन के अभाव में प्राणी और कार्बन के अभाव में वनस्पतियों का अस्तित्व समाप्त होने लगेगा।

सौर मण्डल के सभी ग्रह एक दूसरे को अपनी आकर्षण शक्ति से सींचे रहते हैं और अपनी नियत कक्षा पर निरन्तर घूमते रहते हैं। यदि इनमें से किसी में स्वार्थ समाये कि मैं क्यों दूसरे ग्रहों को खींचे रहने के झंझट में पड़ूं और क्यों आराम की जिन्दगी छोड़कर परिक्रमा करने का शिर दर्द मोल लूँ? तो उसकी वह नीति सारे सौर मण्डल के लिए घातक सिद्ध होगी वह स्वार्थी ग्रह तो सबसे पहले निर्जीव एवं नष्ट भ्रष्ट होगा।

संसार में विभिन्न क्षमता, प्रतिभा और परिस्थितियों के मनुष्य पुरुषार्थ करके जो उपार्जित करते हैं उसे दूसरों को दे देते हैं। वस्तुएं एक से दूसरे के पास घूमती हैं, इस प्रकार हर व्यक्ति को अपनी आवश्यकता की सामग्री उपलब्ध हो जाती है। यदि मानव समाज में से यह प्रवृत्ति नष्ट हो जाय, जिसने जो कमाया है वह उसे अपने पास ही रोक रखे तो मानव समाज का वर्तमान स्वरूप ही नष्ट हो जायगा और उसे जंगली जानवरों जैसा अभावग्रस्त एवं एकाकी जीवन बिताना पड़ेगा। किसान अपना अन्न तो जमा किये रहेगा पर उसे कपड़ा कहाँ से मिलेगा? कपड़े वाले जो वस्त्र बनावें वे अपने लिए वस्त्र सुरक्षित रखें तो उन्हें अन्न कहाँ से मिलेगा? फिर तेली को जूता और मोची को तेल मिलने की बात कैसे बनेगी? कोई भी निर्माण अनेक वस्तुओं और व्यक्तियों द्वारा उपार्जित श्रम, ज्ञान एवं पदार्थों द्वारा विनिर्मित होता है। यह चक्र दूसरों के लिए त्यागने की प्रवृत्ति के कारण ही चलता है। मनुष्य ने प्रकृति के इस विधान को समझा और जीवन में उतारा है अतएव वह प्रगति का सौभाग्य प्राप्त कर सका। दूसरे जीव इस मर्म से अपरिचित रहे। फलस्वरूप वे अधिक सामर्थ्यवान होते हुए भी पिछड़ी स्थिति का अभावग्रस्त जीवन बिता रहे हैं।

हम अपने शरीर को ही देखें। प्रत्येक अंग और अवयव अपना-अपना काम करते हैं। पर अपने श्रम का लाभ स्वयं ही न उठा कर संबंधित अन्य अवयवों को प्रदान कर देते हैं। मुँह जो चबाता है वह पेट के लिए भेज देता है। पेट उसे पचा कर रक्त बनाता और हृदय को भेजता है। हृदय उसे नाड़ियों में बाँटता है। रक्त से माँस, माँस से अस्थि, अस्थि से मज्जा आदि क्रम चलता रहता है और जीवन धारण की गति निर्बाध रहती है। यदि इनमें से कोई अंग स्वार्थी बन बैठे। ‘अपनी कमाई आप खाई’ की संकीर्णता अपनाए तो जीवन धारण किये रहना कठिन हो जायगा। तब मुँह जो खायेगा गालों में ही भरा रखेगा। पेट के हाथ कुछ लग गया होगा तो वह वहीं जमा रखेगा तब फिर भूख ही न लगेगी। आँतें मल विसर्जित न करेंगी तो मल सड़ेगा और प्राण घातक विष उत्पन्न करेगा। फेफड़े यदि भीर वायु का त्याग न करें, हृदय रक्त भण्डार को जमा रखे, हाथ जो कमावें उसे मुँह को न दें तो उस दशा में वह स्वार्थी अंग तो मरेंगे ही शरीर के अन्य अंग भी अपनी जीवन लीला समाप्त करने के लिए विवश हो जावेंगे।

माँ-बाप बच्चों को पालते हैं, बच्चे बड़े होकर अपने बच्चों को पालते और उनके लिए कष्ट उठाते हैं। यदि यह क्रम टूट जाय, हर किसी को अपनी सुविधा का ही ध्यान रहे, शिशु पालन का खर्चीला और कष्टसाध्य उत्तरदायित्व ग्रहण न करें तो वंश परम्परा का चलना कठिन हो जाय।

वैज्ञानिक सृष्टि की मूल शक्ति ‘परमाणु’ में देखते हैं। एटम के इलेक्ट्रॉन, न्यूट्रोन आदि भाग एक नियम गति से अविश्रान्त श्रम करते हुए क्रिया संलग्न रहते हैं। यदि वे अपनी गतिशीलता छोड़ दें तो विश्व की गतिशीलता का अन्त होने में देर न लगे।

नियति की प्रत्येक क्रिया परस्पर आदान-प्रदान के आधार पर चलती है। हर पदार्थ कुछ छोड़ता है तब उसे कुछ मिलता है। ‘त्याग से प्राप्ति’ का नियम इतना सुनिश्चित है कि इसे तोड़ने की बात सोचने का जो कोई भी दुस्साहस करेगा वह अपनी प्रगति और स्थिति के लिए संकट ही उत्पन्न करेगा। नियति की इस सुनिश्चित व्यवस्था को हमें ध्यानपूर्वक देखना और समझना चाहिए। साथ ही प्रयत्न यह भी करना चाहिए कि हम अपनी नीति, विचारणा, आस्था एवं क्रिया का निर्माण इसी आधार पर करते रहें। संकीर्णता और स्वार्थ के लिए मानवीय जीवन पद्धति में कोई स्थान नहीं हो सकता। स्वार्थ, लालच, संग्रह और परिग्रह यह अनित्य तत्व हैं। जिस किसी के जीवन में इन्हें जितना स्थान मिलेगा, उसके लिए उतनी ही अवनति एवं आपत्ति की सम्भावना बनी रहेगी।

दूसरों के सहयोग से ही हम स्वास्थ्य, शिक्षा, धन, पद, मनोरंजन आदि की सुखद स्थिति प्राप्त करते हैं। किसी के लिए भी यह सम्भव नहीं हो सकता कि वह एकाँगी रहकर इन विभूतियों को प्राप्त कर सके। ऐसी दशा में प्रत्येक व्यक्ति का यह कर्तव्य हो जाता है कि दूसरों ने उसके विकास में जो सहयोग दिया है उसका बदला चुकाने के लिए अपने पास जो कुछ है उसे दूसरों को समुचित बनाने में प्रयुक्त करता रहे। इसके विपरीत जिसकी तृष्णा यह रहती है कि जहाँ से, जितना कुछ भी प्राप्त किया जा सके उतना संग्रह कर ले और उसका उपयोग स्वयं ही करे अथवा संकीर्ण दायरे के थोड़े से लोगों, कुटुम्बियों भर को करने दे तो यह नीति स्वार्थपरता ही कही जायगी, और उससे जो लाभ सोचा गया था, उसका मिलना तो दूर उल्टे अपना तथा अपने परिवार का अहित ही होगा।

कुटुम्बियों के लिए बहुत साधन-सामग्री जमा करके उससे उन्हें बैठे बिठाये आराम से दिन काटने की व्यवस्था बनाना बहुत ही गलत है। इस नीति से अपनी तथा अपने परिजनों की हानि ही होती है। निरन्तर श्रम द्वारा उपार्जन करने से बहती हुई नदी की तरह अर्थ शुद्धि रहती है। रुकी हुई पोखर का पानी सड़ जाता है। इसी प्रकार बिना श्रम के जिस किसी को भी धन मिलता है। वह उसका ठीक उपयोग न तो समझ सकता है और न कर सकता है। अमीरों के लड़के आम तौर से दुर्गुणी होते और तबाही में फँसते देखे गये हैं, कारण एक ही है कि उन्हें उत्तराधिकार में जो साधन सामग्री मिली—उसका वे न तो मूल्य समझ सके और न उसके सदुपयोग की बात वे जान पाये। बिना श्रम के प्राप्त धन का सदुपयोग आम तौर से किसी के लिए भी सम्भव नहीं होता।

आराम तलबी से और निष्क्रियता से बढ़कर अनैतिक बात और दूसरी कोई नहीं हो सकती। भले ही कानून में उसे दण्डनीय अपराध न माना गया हो, नियति की परंपराएं उसके पूर्णतया विरुद्ध हैं। ऐसे अपराधियों को प्रकृति का दण्ड भी बराबर मिलता रहता है। जो श्रम से जी चुराते हैं उनकी देह निकम्मी बन जाती है और नाना प्रकार के रोग आ घेरते हैं। मनुष्य का कर्तव्य है कि अपनी पीढ़ियों के लिए धन सम्पत्ति जमा करके न रखे। वरन् उनकी प्रतिभा और क्षमता को बढ़ाने में खर्च करे ताकि वे अपने भुज बल से आवश्यक आजीविका उपार्जित करते हुए उसके सदुपयोग का आनन्द ले सकें। जो कुछ हम कमायें उसका एक अंश समाज को समुन्नत बनाने के लिए सुनिश्चित रूप से निकालते रहें। खर्च का स्तर उतना रखें—जितना अपने देशवासियों का औसत स्तर है। जिस समाज में हम रहते हैं उसके औसत स्तर से बहुत अधिक ऊँचा, बहुत अधिक खर्चीला जीवन यापन करना निश्चित रूप से अनैतिक है। इसमें समाज के प्रति उपेक्षा निष्ठुरतापूर्ण मनोभाव छिपा हुआ है। इसकी प्रतिक्रियाएं बहुत ही बुरी होती हैं। चोर, डाकू, लुटेरे, हत्यारे, गुण्डे, दुराचारी व्यक्तियों की उत्पत्ति अमीरों के प्रति लोभ या द्वेष के कारण ही होती है। उतने आकर्षक ठाठ-बाठ देखकर कमजोर तबियत के आदमी मचल पड़ते हैं और जल्दी ही वैसी ऐयाशी के साधन प्राप्त करने के लिए अपराधी कार्य-पद्धति अपना लेते हैं। जिनसे ईर्ष्या, द्वेष, या रोष होता है वे उन्हें हानि पहुँचाने की बात सोचते हैं। इस प्रकार अमीरी का ठाटबाट बनाने वाला, समाज के सामान्य स्तर से बढ़ी-चढ़ी स्थिति बनाने वाला समाज में अनेक विक्षोभों और दुष्प्रवृत्तियों को जन्म देता रहता है।

स्वार्थ और लालच की संकीर्णताओं में पड़े हुए अमीरों और अध्यापकों का जीवन व्यतीत करते हुए वस्तुतः हम नियति की परम्पराओं को ही तोड़ते हैं। इससे सारे समाज की हानि होती है और अपना बहुमूल्य जीवन ओछेपन की बात सोचते और स्वार्थियों की रीति-नीति अपनाते हुए बर्बाद हो जाता है। आवश्यकता इस बात की है कि नियति का विधान समझा जाय और स्वार्थ, संग्रह, लालच और विलासिता को अमानवीय, अनैतिक दुर्गुण मानते हुए उनका परित्याग किया जाय। अपनी क्षमता और प्रतिभा का समाज को अधिकाधिक लाभ देना—सौ हाथों से कमाने और हजार हाथों से देने की नीति अपनाना—यह बुद्धिमत्तापूर्ण दृष्टिकोण है। धन, समय, श्रम, शिक्षा, प्रतिभा आदि जो कुछ हमें प्राप्त है उसका उपयोग संकीर्ण दायरे में नहीं, वरन् मानव समाज को सुविकसित करने के लिए त्याग भावना की प्रवृत्ति को अक्षुण्य बनाये रखने के लिए ही किया जाना चाहिए। जो इस रीति-नीति को अपनाते हैं वे ही महापुरुष कहलाते हैं और उन्हीं का जीवन सफल कहे जाने लायक बनता है।

(अखंड ज्योति-3/1964)


महर्षि याज्ञवल्क्य और राजा जनक.

       महर्षि याज्ञवल्क्य 
और राजा जनक.
(ज्ञान चर्चा)
महर्षि याज्ञवल्क्य के पास राजा जनक बैठे हुए थे। दोनों में धर्मचर्चा चल रही थी। राजा जनक ने महर्षि से पूछा कि ' ऋषिराज मेरे मन मैं एक शंका है, कृपया, उसका निवारण करे। हम जो देखते हैं, वह किसकी ज्योति से देखते हैं? '

महर्षि ने जवाब दिया कि ' यह क्या बच्चों जैसी बात करते हैं, आप? सभी जानते हैं कि हम जो कुछ भी देखते हैं, वह सूर्य की ज्योति की वजह से देखते हैं।'

राजा जनक ने पुन: प्रश्न किया कि ' जब सूर्य अस्त हो जाता है, तब हम किसके प्रकाश से देखते हैं? '

महर्षि ने उत्तर दिया कि ' उस समय हम चंद्रमा के प्रकाश से देखते हैं।'

जनक ने अगला प्रश्न किया कि ' जब सूर्य न हो, चंद्र न हो, तारों से भरी रात न हो, अमावस्या का अंधकार हो, तब हम किसके प्रकाश से देखते हैं? '

महर्षि ने जवाब दिया, ' तब हम शब्दों की ज्योति से देखते हैं। कल्पना करें - विस्तृत वन है, घना अंधेरा है, एक पथिक रास्ता भूल गया है, वह आवाज देता है, मुझे रास्ता दिखाओ। तभी दूर खड़ा एक व्यक्ति कहता है कि इधर आओ, मैं तुमको रास्ता दिखाता हूं। इस तरह से पहला शब्द प्रकाश व्यक्ति तक पहुंच जाता है?

जनक ने फिर से प्रश्न किया कि महर्षि ! ' जब शब्द भी नहीं हो, तब हम किस ज्योति से देखते हैं? '

महर्षि ने जवाब दिया, 'उस समय हम, आत्मा की ज्योति से देखते हैं और उसी ज्योति से सारे काम करते हैं।'

राजा जनक ने प्रश्न किया 'महर्षि यह आत्मा क्या है?'

महर्षि ने उत्तर दिया, योsयं विज्ञानमये : प्राणेशु ह्नद्यज्योर्ति: पुरूष: । अर्थात जो विशेष ज्ञान से भरपूर है, जीवन और ज्योति से भरपूर है, जो ह्रदय में विद्यमान है, अंत:करण की ज्योति में और सारे शरीर में विद्यमान है, वही आत्मा है। जब कहीं कुछ दिखाई नहीं देता है, तब आत्मा की ज्योति ही जीवन-जगत को प्रकाशित करती है।

घर में शिवलिंग रखना.


घर में शिवलिंग रखना.

भगवन शिव बहुत ही दयालु हैं और क्रोधी स्वाभाव के भी हैं। जो सच्चे मन से याद करता है, उसकी पुकार तुरंत सुन लेते हैं। अपने घर में शिवलिंग स्थापित किया हुआ है या करने के बारे में सोच रहे हैं, तो कुछ बातों का ध्यान रखना चाहिए।

कोने में न रखें.

शिवलिंग अगर घर में स्थापित कर रहे हैं तो उसे कोने में या किसी ऐसी जगह ना रखें जहाँ उसकी पूजा ना कर पायें। ऐसा करने से भगवन शिव क्रोधित हो जाते हैं।

हल्दी न चढ़ाएँ.

सिंदूर न चढ़ाएँ.

स्थान ना बदलें.

शिवलिंग का स्थान न बदलें, अगर विशेष कारणों से ऐसा करना पड़ रहा है, तो शिवलिंग को हटाने से पहले उसे गंगाजल और ठंढे दूध से स्नान करायें फिर जगह को बदलें।

बिना किसी पात्र के दूध ना चढ़ाएँ.

कुछ लोग ऐसा करते हैं कि सीधे दुकान से पैकेट वाला दूध ख़रीदा और चढ़ा दिया, ऐसा करने से बचना चाहिए। बिना किसी बर्तन के दूध कभी भी नहीं चढ़ाना चाहिए। दूध चढ़ाते वक़्त एक बात का और ध्यान रखें कि दूध ठंढा होना चाहिए, भले ही कोई भी मौसम हो।

बिना साँप वाला शिवलिंग घर नहीं रखना चाहिए।

पानी का रखें ख़ास ध्यान:-

आप जब भी किसी शिव मंदिर में जाते होंगे तो आपने देखा होगा कि शिवलिंग के ऊपर एक पानी से भरा पात्र लटका रहता है, जिससे हर समय पानी टपकता रहता है। इसलिए जब आप भी अपने घर पर शिवलिंग स्थापित करें तो पानी की व्यवस्था ठीक तरह से करें। दिन हो या रात हो हर समय शिवलिंग के ऊपर पानी गिरते रहना चाहिए।

शिवलिंग को अकेले न रखें.

जब आप अपने घर पर शिवलिंग स्थापित कर रहे हों, तो ध्यान रखें कि शिवलिंग को कभी भी अकेले न रखें। इसके साथ माँ पार्वती और गणेश की मूर्तियाँ भी रखें।

चन्दन का टीका लगायें.

हर रोज स्नान करने के बाद शिवलिंग पर चन्दन का टीका लगायें, ऐसा माना जाता है कि इससे शिवलिंग पवित्र और ठंढा रहता है।

कभी न चढ़ाएँ नारियल पानी.

शिवलिंग पर कभी भी नारियल पानी नहीं चढ़ाना है। इसकी जगह पर कच्चा नारियल चढ़ा सकते हैं।

कभी न चढ़ाएँ तुलसी की पत्ती.

शिवलिंग पर भूलकर भी तुलसी की पत्तियाँ नहीं चढ़ानी चाहिए, शिवलिंग पर हमेशा बेलपत्र ही चढ़ाना चाहिए। बेलपत्र बहुत ही शुभ माना जाता है।

बेल चढ़ाएँ.

भगवन शिव को ”बेल” (फल) पसंद है, ऐसा माना जाता है कि यह फल चढ़ाने से इंसान की उम्र लम्बी होती है। इसलिए आप भी सुबह स्नान करने के बाद बेल का फल, भगवन शिव को चढ़ा सकते है।

पंचामृत चढ़ाएँ.

कोई भी पूजा शुरू करने से पहले शिवलिंग पर पंचामृत चढ़ाएँ। पंचामृत दूध, गंगाजल और चीनी, शहद और मेवा जैसे पाँच चीजों से मिलाकर बनाया जाता है।

सफ़ेद फूल चढ़ाएँ.

शिवलिंग पर सफ़ेद फूल ही चढ़ाने चाहिए, यह कहा जाता है कि सफ़ेद फूल भगवान शिव को बहुत पसंद हैं। यह भी कहा जाता है कि भगवन शिव को भूलकर भी केवड़ा और चंपा के फूल नहीं चढ़ाने चाहिए। ऐसा माना जाता है कि इन फूलों को भगवन शिव ने अभिशाप दिया था।

अभिषेक.

जब भी शिवलिंग का अभिषेक करें इस बात का ध्यान रखें कि हमेशा शिवलिंग का अभिषेक चाँदी, सोने या पीतल से बने नाग योनी जैसे किसी पात्र में करना चाहिए। अभिषेक करते समय इस बात का भी ध्यान रखें की अभिषेक कभी भी स्टील के स्टैंड में नहीं करना चाहिए।

शिवलिंग पर चढ़ाया कभी ना खाएं.


जो भी शिवलिंग पर चढ़ाएँ, उसे खुद कभी भी न खाएं, हमेशा शिवलिंग पर चढ़ाया हुआ दूसरों को बाँट देना चाहिए। जो शिवलिंग पर चढ़ाये हुए को खुद ही खा लेते हैं, ऐसा माना जाता है कि उनका भाग्य हीन हो जाता है।

सौन्दर्य की कोई भी वस्तु ना चढ़ाएँ.

सिंदूर की तरह ही भूलकर कोई भी सौन्दर्य प्रसाधन की वस्तु को शिवलिंग पर नहीं चढ़ाना चाहिए। ऐसी चीजें केवल आप माँ पार्वती की मूर्ति पर चढ़ा सकते हैं।

साधक की दो विपत्तियाँ.


साधक की दो विपत्तियाँ.
(श्री अरविन्द)

तमोगुण की प्रधानता रखने वाला व्यक्ति दो प्रकार की विपत्तियों में फँस सकता है। पहली विपत्ति है, अपने को हीन समझना- मैं दुर्बल हूँ, घृणित हूँ, अकर्मण्य हूँ, आदि भावनायें उठने से वह समझने लगता है कि मैं सबसे नीच हूँ, भगवान मुझ जैसे नीच का कैसे उद्धार कर सकते हैं। ऐसा मालूम होता है कि सोचने वाला भगवान की शक्ति को  सीमित मानता है और भगवान गूँगे को बोलने की शक्ति तथा लंगड़े को चलने की शक्ति दे देते हैं, यह बात असत्य समझता है। दूसरी विपत्ति है,जरा सी सिद्धि पा जाने पर साधना से मुँह मोड़ लेना और प्राप्त सिद्धि को सब कुछ समझ कर उसी के भोग में लग जाना। साधना की ये दोनों ही विपत्तियाँ विघ्न हैं। इसलिए साधक को सदा इस बात का ध्यान रखने की आवश्यकता है कि वह भी भगवान का अंश है और भगवती महा माया आदि शक्ति उसके अन्तराल में बैठी हुई, उसका संचालन कर रहीं हैं। सर्व शक्तिमान भगवान की लीला के अधीन होकर चुपचाप बैठे रहना, साधक के लिए उचित नहीं है। यह तो उसके अहंकार की विद्यमानता का फल है, जब तक अहंकार रहता है, तब तक वास्तविक धारणा का उत्पन्न होना ही सम्भव नहीं है इस लिए अहंकार को निर्मूल कर देने पर ही साधक उन विपत्तियों से बच सकता है।

जीवन के तीन तत्व.


जीवन के तीन तत्व.
(आचार्य-बिनोवा)

जीवन के मुख्य तीन तत्व हैं, जिनमें पहला है उद्योग, दूसरी है भक्ति और तीसरी है सीखना सिखाना। उद्योग की कमी के कारण ही देश में आलस्य भर गया है, आलस्य से बेकारी आई है। पढ़े लिखे लोगों ने उद्योग से मुँह मोड़ लिया है। इसलिए वे सुखी नहीं हैं। जहाँ उद्योग न होने के कारण घुन लग जाता है। उससे भारी हानि होती है। इससे जिस घर में उद्योग की शिक्षा नहीं दी जाती है उस घर का जल्दी नाश हो जाता है। इस संसार में मुझे जो भी कोई मिला है उसने अपनी दुःख की ही कहानी सुनाई है, मालूम होता है सारा संसार दुःख से ही भरा हुआ है लेकिन जो लोग उद्योगी है वे इस दुःख की दुनिया में सुख का रस लेते हैं। शेटे नामक एक कवि ने अपने काव्य में एक दुःखिनी स्त्री का चित्र खींचा है, उस स्त्री ने तकली से उद्योग की शरण ली। उससे उसे बहुत कुछ सान्त्वना मिली। खाली बैठना ही बहुत से दुःखों को जन्म देता है इस लिए कुछ न कुछ करते रहने से मनुष्य व्यर्थ के अनेकों दुःखों से छुटकारा पा लेता है। इसलिए हमें उद्योग की ओर बढ़ना चाहिए।

दूसरा है भक्ति, मैंने इसकी शिक्षा अपनी माता से ली, आगे चलकर तो दोनों समय प्रार्थना करने की आदत पड़ जाने से इस भक्ति का संचार मेरे अन्दर खूब हुआ लेकिन भक्ति का मतलब ढोंग नहीं है जो उद्योग नहीं करता वह भक्ति कर ही नहीं सकता। भक्ति तो उद्योग में ही मिलती है। अपने उद्योग में ही भगवान को देखना, भगवान के उद्देश्य से ही काम करना नित्य भगवान के संपर्क का उद्योग द्वारा अनुभव करना इसी से भक्ति का साक्षात्कार होता है। दिन भर झूठ बोल कर लबारी-लफारी करके न प्रार्थना की जा सकती है न भक्ति। जो कुछ किया जा सकता है वह तो ढोंग है। सत्कर्म करके दिन सेवा में बिताकर सायंकाल वह सारी सेवा भगवान के अर्पण करनी चाहिए भगवान हमारे हाथ से हुए अनजान पापों को क्षमा करते हैं। जानते में यदि पाप वन आवे तो उस का प्रायश्चित करना चाहिए। पश्चात्ताप ही सच्चा प्रायश्चित है। ऐसों के पाप भगवान क्षमा कर देते हैं। सबको लड़कों, बच्चों, स्त्रियों, पुरुषों को मिलकर नित्य प्रार्थना करनी चाहिए। जहाँ भगवान की सच्चे दिल से प्रार्थना होती है वहाँ भगवान अवश्य रहते हैं। लेकिन उद्योग छोड़कर भक्ति के पीछे पड़ने से भक्ति का फल नहीं मिलता बल्कि वह ढोंग ही हो जाता है।

तीसरा है-खूब सीखना, खूब सिखाना जिसे जिसकी जानकारी है उसकी जानकारी वह दूसरों को दे और जो वह नहीं जानता है उसे दूसरों से सीखे और सीखने की जिज्ञासा रखे। भजन सिखावें, गीता सिखावें तात्पर्य यह है कि कुछ न कुछ जरूर सिखावे। अनेक प्रकार के उद्योग चलें। इसमें एक आध घण्टा जरूर सिखाना चाहिए और सीखना चाहिए। सीखने सिखाने की इस वृति से आदमी का जीवन सार्थक होता है।