जीवन का सार.


जीवन का सार.

दुख एक मानसिक कल्पना है। कोई पदार्थ, व्यक्ति या क्रिया दुख नहीं है। संसार के सब नाम-रूप गधा-हाथी, स्त्री-पुरुष, पशु-पक्षी, वृक्ष-लता आदि खिलौने हैं। हम अपने को खिलौना मानेंगे तो गधा या हाथी होने का सुख-दुख होगा, अपने को स्वर्ण, मूल्यधातु देखेंगे तो यह मनुष्य देह नहीं रहेंगे। हम विराट् हैं, साक्षात्‌ ब्रह्म है।

जो मनुष्य इस जगत प्रपंच को सत्य देखता है, उसे माया ने ठग लिया है। जो पहले भी नहीं थे, आगे भी नहीं रहेंगे, बीच में थोड़ी देर को दिखाई दे रहे हैं, उन्हीं को सब कुछ समझ कर माया मोहित मनुष्य व्यवहार कर रहा है। तत्वज्ञान शिक्षा देता है कि जो कुछ दिखाई दे, उसे दिखाई देने दो, जो बदलता है, उसे बदलने दो, जो आता-जाता है, उसे आने जाने दो। यह सब जादू का खेल है। 

ये हि संस्पर्शजा भोगा दुःखयोनय एव ते। आद्यन्तवन्तः कौन्तेय न तेषु रमते बुधः।

पुराणों में एक कथा आती है- महाराज जनक के जीवन में कोई भूल हो गई थी। मरने पर उन्हें यमलोक जाना पड़ा। वहां उससे कहा गया- नरक चलो। महाराज जनक तो ब्रह्मज्ञानी थे। उन्हें क्या स्वर्ग, क्या नरक। वे प्रसन्नतापूर्वक चले गए। नरक में पहुंचे तो चारों ओर से पुकार आने लगी- 'महाराज जनक जी! तनिक यहीं ठहर जाइए।'

महाराज जनक ने पूछा- 'यह कैसा शब्द है?'

यमदूतों ने कहा-'नरक के प्राणी चिल्ला रहे हैं।'

जनक ने पूछा-'क्या कह रहे हैं ये?'

यमदूत बाले-'ये आपको रोकना चाहते हैं।' 


जनक ने आश्चर्य से पूछा-'ये मुझे यहां क्यों रोकना चाहते हैं?'

यमदूत बोले- 'ये पापी प्राणी अपने-अपने पापों के अनुसार यहां दारुण यातना भोग रहे हैं। इन्हें बहुत पीड़ा थी। अब आपके शरीर को स्पर्श करके पुण्य वायु इन तक पहुंची तो इनकी पीड़ा दूर हो गई। इन्हें इससे बड़ी शांति मिली।' 


जनक जी बोले-'हमारे यहां रहने से इन सबको शांति मिलती है, इनका कष्ट घटता है तो हम यहीं रहेंगे।'

तात्पर्य यह है कि भला मनुष्य नरक में पहुंचेगा तो नरक भी स्वर्ग हो जाएगा और बुरा मनुष्य स्वर्ग में पहुंच जाए तो स्वर्ग को भी नरक बना डालेगा। अतः देखना चाहिए कि हम अपने चित्त में नरक भरकर चलते हैं या स्वर्ग लेकर। जब हमें लगता है कि समस्त विश्व मेरी आत्मा में है, तब रोग-द्वेष, संघर्ष-हिंसा के लिए स्थान कहां रह जाता है?


(स्वामी प्रेमानन्द पुरी पागल बाबा के प्रवचनों से)

गिला-मुंशी प्रेमचंद्र.


गिला
(मुंशी प्रेमचंद्र)

जीवन का बड़ा भाग इसी घर में गुजर गया, पर कभी आराम न नसीब हुआ। मेरे पति संसार की दृष्टि में बड़े सज्जन, बड़े शिष्ट, बड़े उदार, बड़े सौम्य होंगे; लेकिन जिस पर गुजरती है वही जानता है। संसार को उन लोगों की प्रशंसा करने में आनंद आता है, जो अपने घर को भाड़ में झोंक रहे हों, गैरों के पीछे अपना सर्वनाश किये डालते हों। जो प्राणी घरवालों के लिए मरता है, उसकी प्रशंसा संसारवाले नहीं करते। वह तो उनकी दृष्टि में स्वार्थी है, कृपण है, संकीर्ण हृदय है, आचार-भ्रष्ट है। इसी तरह जो लोग बाहरवालों के लिए मरते हैं, उनकी प्रशंसा घरवाले क्यों करने लगे? अब इन्हीं को देखो, सारे दिन मुझे जलाया करते हैं। मैं परदा तो नहीं करती; लेकिन सौदे-सुलफ के लिए बाजार जाना बुरा मालूम होता है। और, इनका यह हाल है, कि चीज मँगवाओ, तो ऐसी दुकान से लायेंगे, जहाँ कोई ग्राहक भूलकर भी न जाता हो। ऐसी दुकान पर न तो चीज अच्छी मिलती है, न तौल ठीक होती है, न दाम ही उचित होते हैं। यह दोष न होते, तो वह दुकान बदनाम ही क्यों होती; पर इन्हें ऐसी ही गयी-बीती दुकानों की चीजें लाने का मरज है। बार-बार कह दिया, साहब कि चलती हुई दुकान से सौदे लाया करो। वहाँ माल अधिक खपता है, इसलिए ताजा माल आता रहता है; पर इनकी तो टुटपुँजिया से बनती है, और वे इन्हें उल्टे छुरे से मूँडते हैं। गेहूँ लायेंगे, तो सारे बाजार से खराब, घुना हुआ चावल, ऐसा मोटा कि बैल भी न पूछे, दाल में कराई और कंकड़ भरे हुए। मनों लकड़ी जला डालो, क्या मजाल कि गले ! घी लायेंगे तो आधा आधा तेल, या सोलहों आने काटोजेम और दरअसल घी से एक छटाँक कम ! तेल लायेंगे तो मिलावट, बालों में डालो, तो चिमट जायें; पर दाम दे आयेंगे शुद्ध आँवले के तेल का ! किसी चलती हुई नामी दुकान पर जाते तो इन्हें जैसे डर लगता है। शायद ऊँची दुकान और फीके पकवान के कायल हैं। मेरा अनुभव तो यह है, कि नीची दुकान पर ही सड़े पकवान मिलते हैं।

एक दिन की बात हो, तो बरदाश्त कर ली जाय। रोज-रोज का टंटा नहीं सहा जाता। मैं पूछती हूँ; आखिर आप टुटपुँजियों की दुकान पर जाते ही क्यों हैं? क्या उनके पालन-पोषण का ठीका तुम्हीं ने लिया है? आप फरमाते हैं, मुझे देखकर सब-के-सब बुलाने लगते हैं। वाह क्या कहना है ! कितनी दूर की बात कही है। जरा इन्हें बुला लिया और खुशामद के दो शब्द सुना दिये, थोड़ी-सी स्तुति कर दी, बस आपका मिजाज आसमान पर जा पहुँचा। फिर इन्हें सुधि नहीं रहती कि यह कूड़ा-करकट बांध रहा है या क्या। पूछती हूँ, तुम उस रास्ते से जाते ही क्यों हो? क्यों किसी दूसरे रास्ते से नहीं जाते। ऐसे उठाईगीरों को मुँह ही क्यों लगाते हो? इसका कोई जवाब नहीं? एक चुप सौ बाधाओं को हराती है?

एक बार एक गहना बनवाने को दिया। मैं तो महाशय को जानती थी। इनसे कुछ पूछना व्यर्थ समझा। अपने पहचान के एक सुनार को बुला रही थी। संयोग से आप भी विराजमान थे। बोले यह संप्रदाय विश्वास के योग्य नहीं, धोखा खाओगी। मैं एक सुनार को जानता हूँ, मेरे साथ का पढ़ा हुआ है, बरसों साथ-साथ खेले हैं, वह मेरे साथ चालबाजी नहीं कर सकता। मैंने भी समझा, जब इनका मित्र है और वह भी बचपन का, तो कहाँ तक दोस्ती का हक न निभायेगा। सोने का एक आभूषण और सौ रुपये इनके हवाले किये। इस भलेमानस ने वह आभूषण और रुपये न जाने किस बेईमान को दे दिये कि बरसों के झंझट के बाद जब चीज बनकर आयी, तो आठ आने ताँबा और इतनी भद्दी कि देखकर घिन लगती थी। बरसों की अभिलाषा धूल में मिल गयी। रो-पीटकर बैठ रही। ऐसे-ऐसे वफादार तो इनके मित्र हैं; जिन्हें मित्र की गरदन पर छुरी फेरने पर भी संकोच नहीं। इनकी दोस्ती भी उन्हीं लोगों से है, जो जमाने भर के जट्टू, गिरहकट, लंगोटी में फाग खेलनेवाले, फाकेमस्त हैं, जिनका उद्यम ही इन जैसे आँख के अंधों से दोस्ती गाँठना है। नित्य ही एक-न-एक महाशय उधार माँगने के लिए सिर पर सवार रहते हैं और बिना लिये गला नहीं छोड़ते। मगर ऐसा कभी न हुआ कि किसी ने रुपये चुकाये हों। आदमी एक बार खोकर सीखता है, दो बार खोकर सीखता है, किंतु यह भलेमानस हजार बार खोकर भी नहीं सीखते ! जब कहती हूँ, रुपये तो दे आये। अब माँग क्यों नहीं लाते ! क्या मर गये तुम्हारे वह दोस्त? तो बस बगलें झाँककर रह जाते हैं। आपसे मित्रों को सूखा जवाब नहीं दिया जाता। खैर, सूखा जवाब न दो। मैं भी नहीं कहती कि दोस्तों से बेमुरौवती करो; मगर चिकनी-चुपड़ी बातें तो बना सकते हो, बहाने तो कर सकते हो। किसी मित्र ने रुपये माँगे और आपके सिर पर बोझ पड़ा।

बेचारे कैसे इनकार करें। आखिर लोग जान जायेंगे कि नहीं कि यह महाशय भी खुक्खल ही हैं ! इनकी हविस यह है कि दुनिया इन्हें संपन्न समझती रहे, चाहे मेरे गहने ही क्यों न गिरों रखने पड़ें। सच कहती हूँ, कभी-कभी तो एक-एक पैसे की तंगी हो जाती है और इन भले आदमी को रुपये जैसे घर में काटते हैं। जब तक रुपये के वारे-न्यारे न कर लें, इन्हें चैन नहीं। इनके करतूत कहाँ तक गाऊँ। मेरी तो नाक में दम आ गया। एक-न-एक मेहमान रोज यमराज की भाँति सिर पर सवार रहते हैं। न जाने कहाँ के बेफिक्रे इनके मित्र हैं। कोई कहीं से आकर मरता है, कोई कहीं से। घर क्या है, अपाहिजों का अड्डा है। जरा-सा तो घर, मुश्किल से दो पलंग, ओढ़ना-बिछौना भी फालतू नहीं, मगर आप हैं कि मित्रों को निमंत्रण देने को तैयार ! आप तो अतिथि के साथ लेटेंगे, इसलिए इन्हें चारपाई भी चाहिए, ओढ़ना-बिछौना भी चाहिए, नहीं तो घर का परदा खुल जाय। जाता है मेरे बच्चों के सिर, गरमियों में तो खैर कोई मुजायका नहीं; लेकिन जाड़ों में तो ईश्वर ही याद आते हैं। गरमियों में भी खुली छत पर तो मेहमानों का अधिकार हो जाता है, अब मैं बच्चों को लिये पिंजड़े में पड़ी फड़फड़ाया करूँ। इन्हें इतनी समझ भी नहीं, कि जब घर की यह दशा है; तो क्यों ऐसों को मेहमान बनायें, जिनके पास कपड़े-लत्ते तक नहीं। ईश्वर की दया से इनके सभी मित्र इसी श्रेणी के हैं। एक भी ऐसा माई का लाल नहीं, जो समय पड़ने पर धेले से भी इनकी मदद कर सके। दो-एक बार महाशय को इसका अनुभव- अत्यंत कटु अनुभव हो चुका है; मगर इस जड़ भरत ने जैसे आँखें न खोलने की कसम खा ली है। ऐसे ही दरिद्र भट्टाचार्यों से इनकी पटती है। शहर में इतने लक्ष्मी के पुत्र हैं, पर आपका किसी से परिचय नहीं। उनके पास जाते इनकी आत्मा दुखती है। दोस्ती गाँठेंगे ऐसों से, जिनके घर में खाने का ठिकाना नहीं।

एक बार हमारा कहार, छोड़कर चला गया और कई दिन कोई दूसरा कहार, न मिला। किसी चतुर और कुशल कहार की तलाश में थी; किंतु आपको जल्द-से-जल्द कोई आदमी रख लेने की धुन सवार हो गयी। घर के सारे काम पूर्ववत् चल रहे थे, पर आपको मालूम हो रहा था कि गाड़ी रुकी हुई है। मेरा जूठे बरतन माँजना और अपना साग-भाजी के लिए बाजार जाना इनके लिए असह्य हो उठा। एक दिन जाने कहाँ से एक बाँगड़ू को पकड़ लाये। उसकी सूरत कहे देती थी कि कोई जाँगलू है; मगर आपने उसका ऐसा बखान किया, कि क्या कहूँ। बड़ा होशियार है, बड़ा आज्ञाकारी, परले सिरे का मेहनती, गजब का सलीकेदार और बहुत ही ईमानदार। खैर, मैंने उसे रख लिया। मैं बार-बार क्यों इनकी बातों में आ जाती हूँ, इसका मुझे स्वयं आश्चर्य है। यह आदमी केवल रूप से आदमी था। आदमियत के और कोई लक्षण उसमें न थे। किसी काम की तमीज नहीं। बेईमान न था; पर गधा अव्वल दरजे का। बेईमान होता, तो कम-से-कम इतनी तस्कीन तो होती कि खुद खा जाता है। अभागा दुकानदारों के हाथों लुट जाता था। दस तक की गिनती उसे न आती थी। एक रुपया देकर बाजार भेजूँ तो संध्या तक हिसाब न समझा सके। क्रोध पी-पीकर रह जाती थी। रक्त खौलने लगता था कि दुष्ट के कान उखाड़ लूँ, मगर इन महाशय को उसे कभी कुछ कहते नहीं देखा, डाँटना तो दूर की बात है। आप नहा-धोकर धोती छाँट रहे हैं और वह दूर बैठा तमाशा देख रहा है। मैं तो बचा का खून पी जाती; लेकिन इन्हें जरा भी गम नहीं। जब मेरे डाँटने पर धोती छाँटने जाता भी, तो आप उसे समीप न आने देते। बस, उसके दोषों को गुण बनाकर दिखाया करते थे; और इस प्रयास में सफल न होते, तो दोषों पर परदा डाल देते थे। मूर्ख को झाड़ू लगाने की तमीज न थी। मरदाना कमरा ही तो सारे घर में ढंग का एक कमरा है। उसमें झाड़ू लगाता, तो इधर की चीज उधर, ऊपर की नीचे; मानो कमरे में भूकंप आ गया हो। और गर्द का यह हाल, कि साँस लेना कठिन; पर आप शांतिपूर्वक कमरे में बैठे हैं, जैसे कोई बात ही नहीं। एक दिन मैंने उसे खूब डाँटा- कल से ठीक-ठीक झाड़ू न लगाई तो कान पकड़ कर निकाल दूँगी। सबेरे सोकर उठी, तो देखती हूँ कमरे में झाड़ू लगी हुई है और हरेक चीज करीने से रखी हुई है। गर्दगुबार का नाम नहीं। मैं चकित होकर देखने लगी, तो आप हँसकर बोले- देखती क्या हो; आज घूरे ने बड़े सबेरे उठकर झाड़ू लगाई है। मैंने समझा दिया। तुम ढंग तो बताती नहीं, उलटे डाँटने लगती हो।

मैंने समझा। खैर, दुष्ट ने कम-से-कम एक काम तो सलीके से किया।अब रोज कमरा साफ-सुथरा मिलता। घूरे मेरी दृष्टि में विश्वासी बनने लगा। संयोग की बात एक दिन मैं जरा मामूल से सबेरे उठ बैठी और कमरे में आयी, तो क्या देखती हूँ कि घूरे द्वार पर खड़ा है, और आप तन-मन से कमरे में झाड़ू लगा रहे हैं। मेरी आँखो में खून उतर आया। उनके हाथ से झाड़ू छीन कर घूरे के सिर जमा दी। हरामखोर को उसी दम निकाल बाहर किया। आप फरमाने लगे उसका महीना तो चुका दो। वाह री समझ। एक तो काम न करे, उस पर आँखें दिखाये। उस पर पूरी मजूरी भी चुका दूँ। मैंने एक कौड़ी भी न दी। एक कुरता दिया था, वह भी छीन लिया। इस पर जड़ भरत महाशय मुझसे कई दिन रूठे रहे। घर छोड़कर भागे जाते थे। बड़ी मुश्किलों से रुके। ऐसे-ऐसे भोंदू भी संसार में पड़े हुए हैं। मैं न होती, तो शायद अब तक इन्हें किसी ने बाजार में बेच दिया होता।

एक दिन मेहतर ने उतारे कपड़ों का सवाल किया। इस बेकारी के जमाने में फालतू कपड़े तो शायद पुलिसवालों या रईसों के घर में हों, मेरे घर में तो जरूरी कपड़े भी काफी नहीं। आपका वस्त्रालय एक बकची में आ जायगा, जो डाक के पारसल से कहीं भेजा जा सकता है। फिर इस साल जाड़ों के कपड़े बनवाने की नौबत न आयी। पैसे नजर नहीं आते, कपड़े कहाँ से बनें। मैंने मेहतर को साफ जवाब दे दिया। कड़ाके का जाड़ा पड़ रहा था; इसका अनुभव मुझे कम न था। गरीबों पर क्या बीत रही है, इसका भी मुझे ज्ञान था। लेकिन मेरे या आपके पास खेद के सिवा इसका और क्या इलाज है। जब तक समाज का यह संगठन रहेगा, ऐसी शिकायतें पैदा होती रहेंगी। जब एक-एक अमीर और रईस के पास एक-एक मालगाड़ी कपड़ों से भरी हुई है, तब फिर निर्धनों को क्यों न नग्नता का कष्ट उठाना पड़े? खैर मैंने तो मेहतर को जवाब दे दिया, आपने क्या किया कि आपका कोट उठाकर उसको भेंट कर दिया। मेरी देह में आग लग गयी। इतनी दानशील नहीं हूँ कि दूसरों को खिलाकर आप सो रहूँ, देवता के पास यही एक कोट था। आपको इसकी जरा भी चिंता न हुई कि पहनेंगे क्या? यश के लोभ ने जैसे बुद्धि ही हर ली। मेहतर ने सलाम किया, दुआएँ दीं, और अपनी राह ली। आप कई दिन सर्दी से ठिठुरते रहे। प्रात:काल घूमने जाया करते थे। वह बंद हो गया। ईश्वर ने उन्हें हृदय भी एक विचित्र प्रकार का दिया है। फटे-पुराने कपड़े पहनते आपको जरा भी संकोच नहीं होता; मैं तो मारे लाज के गड़ जाती हूँ, पर आपको जरा फिक्र नहीं। कोई हँसता है, तो हँसे, आपकी बला से। अंत में जब मुझसे न देखा गया, तो एक कोट बनवा दिया। जी तो जलता था कि खूब सर्दी खाने दूँ; पर डरी कि कहीं बीमार पड़ जायें, तो और बुरा हो। आखिर काम तो उन्हीं को करना है।

महाशय अपने दिल में समझते होंगे, मैं कितना विनीत, कितना परोपकारी हूँ। शायद इन्हें इन बातों का गर्व हो। मैं इन्हें परोपकारी नहीं समझती, न विनीत ही समझती हूँ, यह जड़ता है, सीधी-सादी निरीहता। जिस मेहतर को आपने अपना कोट दिया, उसे मैंने कई बार रात को शराब के नशे में मस्त झूमता देखा है और आपको दिखा भी दिया है। फिर दूसरों की विवेकहीनता की पुरौती हम क्यों करें? अगर आप विनीत और परोपकारी होते, तो घरवालों के प्रति भी तो आपके मन में कुछ उदारता होती। या सारी उदारता बाहरवालों ही के लिए सुरक्षित है? घरवालों को उसका अल्पांश भी न मिलना चाहिए? मेरी इतनी अवस्था बीत गयी; पर इस भले आदमी ने कभी अपने हाथों से मुझे एक उपहार भी न दिया। बेशक मैं जो चीज बाजार से मँगवाऊँ; उसे लाने में इन्हें जरा भी आपत्ति नहीं, बिलकुल उज्र नहीं, मगर रुपये मैं दे दूँ, यह शर्त है। इन्हें खुद कभी यह उमंग नहीं होती। यह मैं मानती हूँ कि बेचारे अपने लिए भी कुछ नहीं लाते। मैं जो कुछ मँगवा दूँ उसी पर संतुष्ट हो जाते हैं; मगर आखिर आदमी कभी-कभी शौक की चीजें चाहता ही है। अन्य पुरुषों को देखती हूँ, स्त्री के लिए तरह-तरह के गहने, भाँति-भाँति के कपड़े, शौक-सिंगार की वस्तुएँ लाते रहते हैं। यहाँ इस व्यवहार का निषेध है। बच्चों के लिए भी मिठाइयाँ, खिलौने, बाजे शायद जीवन में एक बार भी न लाये हों। शपथ भी खा ली है; इसलिए मैं तो इन्हें कृपण कहूँगी, अरसिक कहूँगी, हृदय-शून्य कहूँगी, उदार नहीं कह सकती। दूसरों के साथ इनका जो सेवा-भाव है, उसका कारण है, इनका यश-लोभ और व्यावहारिक अज्ञानता। आपके विनय का यह हाल है कि जिस दफ्तर में आप नौकर हैं, उसके किसी अधिकारी से आपका मेल-जोल नहीं। अफसरों को सलाम करना तो आपकी नीति के विरुद्ध है, नजर या डाली तो दूर की बात है। और तो और, कभी किसी अफसर के घर नहीं जाते। इसका खामियाजा आप न उठायें, तो कौन उठाये। औरों को रिआयती छुट्टियाँ मिलती हैं, आपका वेतन कटता है; औरों की तरक्कियाँ होती हैं, आपको कोई पूछता भी नहीं; हाजिरी में पाँच मिनट की भी देर हो जाय, तो जवाब पूछा जाता है। बेचारे जी तोड़कर काम करते हैं, कोई बड़ा कठिन काम आ जाता है, तो इन्हीं के सिर मढ़ा जाता है, इन्हें जरा भी आपत्ति नहीं। दफ्तर में इन्हें 'घिस्सू', 'पिस्सू' आदि उपाधियाँ मिली हुई हैं, मगर पड़ाव कितना ही बड़ा मारें इनके भाग्य में वही सूखी घास लिखी है। यह विनय नहीं है, स्वाधीन मनोवृत्ति भी नहीं है, मैं तो इसे समय-चातुरी का अभाव कहती हूँ, व्यावहारिक ज्ञान की क्षति कहती हूँ। आखिर कोई अफसर आपसे क्यों प्रसन्न हो। इसलिए कि आप बड़े मेहनती हैं? दुनिया का काम मुरौवत और रवादारी से चलता है ! अगर हम किसी से खिंचे रहें, तो कोई कारण नहीं कि वह भी हमसे न खिंचा रहे। फिर जब मन में क्षोभ होता है, तो वह दफ्तरी व्यवहारों में भी प्रकट हो ही जाता है। जो मातहत अफसर को प्रसन्न रखने की चेष्टा करता है, जिसकी जात से अफसर का कोई व्यक्तिगत उपकार होता है, जिस पर वह विश्वास कर सकता है, उसका लिहाज वह स्वभावत: करता है। ऐसे सिरागियों से क्यों किसी को सहानुभूति होने लगी। अफसर भी तो मनुष्य है। उसके हृदय में जो सम्मान और विशिष्टता की कामना है, वह कहाँ पूरी हो। जब अधीनस्थ कर्मचारी ही उससे फिरन्ट रहें, तो क्या उसके अफसर उसे सलाम करने आयेंगे? आपने जहाँ नौकरी की, वहाँ से निकाले गये। कभी किसी दफ्तर में दो-तीन साल से ज्यादा न टिके। या तो अफसर से लड़ गये, या कार्याधिक्य के कारण छोड़ बैठे।

आपको कुटुंब-सेवा का दावा है। आपके कई भाई-भतीजे होते हैं, वह कभी इनकी बात भी नहीं पूछते; आप बराबर उनका मुँह ताकते रहते हैं।

इनके एक भाई साहब आजकल तहसीलदार हैं। घर की मिल्कियत उन्हीं की निगरानी में है। वह ठाट से रहते हैं। मोटर रख ली है; कई नौकर-चाकर हैं मगर यहाँ भूले से भी पत्र नहीं लिखते। एक बार हमें रुपये की बड़ी तंगी हुई। मैंने कहा, अपने भ्राताजी से क्यों नहीं माँग लेते? कहने लगे उन्हें क्यों चिंता में डालूँ। उन्हें भी तो अपना खर्च है। कौन-सी ऐसी बचत हो जाती होगी। जब मैंने बहुत मजबूर किया; तो आपने पत्र लिखा। मालूम नहीं पत्र में क्या लिखा, पत्र लिखा या मुझे चकमा दे दिया; रुपये न आने थे, न आये। कई दिनों के बाद मैंने पूछा कुछ जवाब आया श्रीमान् के भाई साहब के दरबार से? आपने रुष्ट होकर कहा, अभी केवल एक सप्ताह तो खत पहुँचे हुए, अभी क्या जवाब आ सकता है। एक सप्ताह और गुजरा, मगर जवाब नदारद। अब आपका यह हाल है कि मुझे कुछ बातचीत करने का अवसर ही नहीं देते। इतने प्रसन्न-चित्त नजर आते हैं कि क्या कहूँ। बाहर से आते हैं तो खुश-खुश ! कोई-न-कोई शिगूफा लिये हुए। मेरी खुशामद भी खूब हो रही है, मेरे मैके वालों की प्रशंसा भी हो रही है, मेरे गृह-प्रबंध का बखान भी असाधारण रीति से किया जा रहा है। मैं इस महाशय की चाल समझ रही थी। यह सारी दिलजोई केवल इसलिए थी कि श्रीमान् के भाईसाहब के विषय में कुछ पूछ न बैठूँ। सारे राजनैतिक, आर्थिक, सामाजिक, आचारिक प्रश्नों की मुझसे व्याख्या की जाती थी, इतने विस्तार और गवेषणा के साथ, कि विशेषज्ञ भी लोहा मान जायें। केवल इसलिए कि मुझे वह प्रसंग उठाने का अवसर न मिले; लेकिन मैं भला कब चूकनेवाली थी। जब पूरे दो सप्ताह गुजर गये और बीमे के रुपये भेजने की मिती, मौत की तरह सिर पर सवार हो गयी तो मैंने पूछा क्या हुआ, तुम्हारे भाई साहब ने श्रीमुख से कुछ फरमाया या अभी तक पत्र नहीं पहुँचा? आखिर घर की जायदाद में हमारा भी कुछ हिस्सा है या नहीं? या हम किसी लौंडी-दासी की संतान हैं? पाँच सौ रुपये साल का नफा तो दस साल पहले था। अब तो एक हजार से कम न होगा, पर हमें कभी एक कानी कौड़ी भी नहीं मिली। मोटे हिसाब से हमें दो हजार मिलना चाहिए। दो हजार न हों, एक हजार हों, पाँच सौ हों, ढाई सौ हों, कुछ न हों, तो बीमा के प्रीमियम भर के तो हों। तहसीलदार साहब की आमदनी हमारी आमदनी की चौगुनी है, रिश्वतें भी लेते हैं; तो फिर हमारे रुपये क्यों नहीं देते? आप हें-हें, हाँ-हाँ, करने लगे। कहने लगे, वह बेचारे घर की मरम्मत करवाते हैं। बंधु-बांधवों का स्वागत-सत्कार करते हैं, नातेदारियों में भेंट-भाँट भेजते हैं। और कहाँ से लावें जो हमारे पास भेजें? वाह री बुद्धि ! मानो जायदाद इसीलिए होती है कि उसकी कमाई उसी में खर्च हो जाय। इस भले आदमी को बहाने गढ़ने भी नहीं आते। मुझसे पूछते मैं एक नहीं, हजार बता देती, एक-से-एक बढ़कर कह देते घर में आग लग गयी, सब कुछ स्वाहा हो गया था, या चोरी हो गयी, तिनका तक न बचा या दस हजार का अनाज भरा था, उसमें घाटा रहा, या किसी से फौजदारी हो गयी, उसमें दिवाला पिट गया। आपको सूझी भी तो लचर-सी बात। तकदीर ठोंककर बैठ रही। पड़ोस की एक महिला से रुपये कर्ज लिए, तब जाकर काम चला। फिर भी आप भाई-भतीजों की तारीफ के पुल बांधते हैं, तो मेरे शरीर में आग लग जाती है। ऐसे कौरवों से ईश्वर बचाये।

ईश्वर की दया से आपके दो बच्चे हैं, दो बच्चियां भी हैं। ईश्वर की दया कहूँ; या कोप कहूँ। सब-के-सब उधमी हो गये हैं कि खुदा की पनाह ! मगर क्या मजाल है कि यह भोंदू किसी को कड़ी आँखो से देखें ! रात के आठ बजे गये हैं, युवराज अभी घूमकर नहीं आये। मैं घबरा रही हूँ, आप निश्चिंत बैठे अखबार पढ़ रहे हैं। झल्लाई हुई जाती हूँ और अखबार छीनकर कहती हूँ, जाकर जरा देखते क्यों नहीं, लौंडा कहाँ रह गया? न जाने तुम्हारा हृदय कितना कठोर है। ईश्वर ने तुम्हें संतान ही न जाने क्यों दे दी। पिता का पुत्र के साथ कुछ तो धर्म है। तब आप भी गर्म हो जाते हैं। अभी तक नहीं आया? बड़ा शैतान है। आज बचा आते हैं, तो कान उखाड़ लेता हूँ। मारे हंटरों के खाल उधेड़कर रख दूँगा। यों बिगड़कर तैश के साथ आप उसे खोजने निकलते हैं। संयोग की बात, आप उधर जाते हैं, इधर लड़का आ जाता है। मैं पूछती हूँ, तू किधर से आ गया? तुझे वह ढूँढ़ने गये हुए हैं। देखना, आज कैसी मरम्मत होती है। यह आदत ही छूट जायगी। दाँत पीस रहे थे। आते ही होंगे ! छड़ी भी उनके हाथ में है। तुम इतने मन के हो गये हो कि बात नहीं सुनते ! आज आटे-दाल का भाव मालूम होगा। लड़का सहम जाता है और लैंप जलाकर पढ़ने बैठ जाता है। महाशयजी दो-ढाई घंटे के बाद लौटते हैं; हैरान, परेशान और बदहवास। घर में पाँव रखते ही पूछते हैं आया कि नहीं?

मैं उनका क्रोध उत्तेजित करने के विचार से कहती हूँ- आकर बैठा तो है, जाकर पूछते क्यों नहीं? पूछकर हार गयी, कहाँ गया था, कुछ बोलता ही नहीं।

आप गरजकर कहते हैं- मन्नू, यहाँ आओ।

लड़का थरथर काँपता हुआ आकर आँगन में खड़ा हो जाता है। दोनों बच्चियाँ घर में छिप जाती हैं कि कोई बड़ा भयंकर कांड होनेवाला है। छोटा बच्चा खिड़की से चूहे की तरह झाँक रहा है। आप क्रोध से बौखलाये हुए हैं। हाथ में छड़ी है ही, मैं भी वह क्रोधोन्मत्त आकृति देखकर पछताने लगती हूँ, कि कहाँ से इनसे शिकायत की? आप लड़के के पास जाते हैं, मगर छड़ी जमाने के बदले आहिस्ते से उसके कंधों पर हाथ रखकर बनावटी क्रोध से कहते हैं- तुम कहाँ गये थे जी? मना किया जाता है, मानते नहीं हो। खबरदार, जो अब कभी इतनी देर होगी। आदमी शाम को घर चला आता है, या मटरगश्ती करता है?

मैं समझ रही हूँ कि यह भूमिका है। विषय अब आयेगा। भूमिका तो बुरी नहीं; लेकिन यहाँ तो भूमिका पर इति हो जाती है। बस, आपका क्रोध शांत हो गया। बिलकुल जैसे क्वार की घटा घेर-घार हुआ, काले बादल आये, गड़गड़ाहट हुई और गिरी क्या चार बूँदें ! लड़का अपने कमरे में चला जाता है और शायद खुशी से नाचने लगता है।

मैं पराभूत होकर कहती हूँ- तुम तो जैसे डर गये। भला दो-चार तमाचे तो लगाये होते ! इसी तरह तो लड़के शेर हो जाते हैं।

आप फरमाते हैं- तुमने सुना नहीं, मैंने कितने जोर से डाँटा ! बचा की जान ही निकल गयी होगी। देख लेना, जो फिर कभी देर में आए।

'तुमने डाँटा तो नहीं, हाँ, आँसू पोंछ दिये।'

'तुमने मेरी डाँट सुनी नहीं?'

'क्या कहना है, आपकी डाँट का ! लोगों के कान बहरे हो गये। लाओ, तुम्हारा गला सहला दूँ।'

आपने एक नया सिद्धांत निकाला है कि दंड देने से लड़के खराब हो जाते हैं। आपके विचार से लड़कों को आजाद रहना चाहिए। उन पर किसी तरह का बंधन, शासन या दबाव न होना चाहिए। आपके मत से शासन बालकों के मानसिक विकास में बाधक होता है। इसी का यह फल है कि लड़के बे-नकेल के ऊँट बने हुए हैं। कोई एक मिनट भी किताब खोलकर नहीं बैठता। कभी गुल्ली-डंडा है, कभी गोलियाँ, कभी कनकौवे। श्रीमान भी लड़कों के साथ खेलते हैं, चालीस साल की उम्र और लड़कपन इतना। मेरे पिताजी के सामने मजाल थी कि कोई लड़का कनकौवा उड़ा ले, या गुल्ली-डंडा खेल सके। खून पी जाते। प्रात:काल से लड़कों को लेकर बैठ जाते थे। स्कूल से ज्यों ही लड़के आते, फिर ले बैठते थे। बस, संध्या समय आधा घंटे की छुट्टी देते थे। रात को फिर जोत देते। यह नहीं कि आप तो अखबार पढ़ा करें और लड़के गली-गली भटकते फिरें। कभी-कभी आप सींग कटाकर बछड़े बन जाते हैं। लड़कों के साथ ताश खेलने बैठा करते हैं। ऐसे बाप का भला लड़कों पर क्या रोब हो सकता है? पिताजी के सामने मेरे भाई सीधे ताक नहीं सकते थे। उनकी आवाज सुनते ही तहलका मच जाता था। उन्होंने घर में कदम रखा और शांति का साम्राज्य हुआ। उसके सम्मुख जाते लड़कों के प्राण सूखते थे। उसी शासन की यह बरकत है कि सभी लड़के अच्छे-अच्छे पदों पर पहुँच गये। हाँ, स्वास्थ्य किसी का अच्छा नहीं है। तो पिताजी ही का स्वास्थ्य कौन बड़ा अच्छा था ! बेचारे हमेशा किसी-न-किसी औषधि का सेवन करते रहते थे। और क्या कहूँ; एक दिन तो हद ही हो गयी। श्रीमानजी लड़कों को कनकौवा उड़ाने की शिक्षा दे रहे थे यों घुमाओ, यों गोता दो, यों खींचो, यों ढील दो। ऐसा तन-मन से सिखा रहे थे मानो गुरु-मंत्र दे रहे हों। उस दिन मैंने इनकी ऐसी खबर ली कि याद करते होंगे- तुम कौन होते हो, मेरे बच्चों को बिगाड़ने वाले ! तुम्हें घर से कोई मतलब नहीं है, न हो; लेकिन आप मेरे बच्चों को खराब न कीजिए। बुरी-बुरी आदतें न सिखाइए। आप उन्हें सुधार नहीं सकते, तो कम-से-कम बिगाड़िए मत। लगे बगलें झाँकने। मैं चाहती हूँ, एक बार यह भी गरम पड़ें, तो अपना चंडी रूप दिखाऊँ, पर यह इतना जल्द दब जाते हैं कि मैं हार जाती हूँ। पिताजी किसी लड़के को मेले-तमाशे न ले जाते थे। लड़का सिर पटककर मर जाय, मगर जरा भी न पसीजते थे और इन महात्माजी का यह हाल है कि एक-एक से पूछकर मेले ले जाते हैं चलो, चलो, वहाँ बड़ी बहार है, खूब आतिशबाजियाँ छूटेंगी, गुब्बारे उड़ेंगे, विलायती चर्खियाँ भी हैं। उन पर मजे से बैठना। और तो और, आप लड़कों को हाकी खेलने से भी नहीं रोकते। यह अंग्रेजी खेल भी कितने जानलेवा होते हैं, क्रिकेट, फुटबाल, हाकी एक-से-एक घातक। गेंद लग जाय तो जान लेकर ही छोड़े; पर आपको इन सभी खेलों से प्रेम है। कोई लड़का मैच में जीतकर आ जाता है, तो ऐसे फूल उठते हैं, मानो किला जीतकर आया हो। आपको इसकी जरा भी परवाह नहीं कि चोट-चपेट आ गयी, तो क्या होगा। हाथ-पाँव टूट गये, तो बेचारों की जिंदगी कैसे पार लगेगी !

पिछले साल कन्या का विवाह था। आपको जिद थी कि दहेज के नाम कानी कौड़ी भी न देंगे, चाहे कन्या आजीवन क्वाँरी बैठी रहे। यहाँ भी आपका आदर्शवाद आ कूदा। समाज के नेताओं का छल-प्रपंच आये दिन देखते रहते हैं, फिर भी आपकी आँखें नहीं खुलतीं। जब तक समाज की यह व्यवस्था कायम है और युवती कन्या का अविवाहित रहना निंदास्पद है, तब तक यह प्रथा मिटने की नहीं। दो-चार ऐसे व्यक्ति भले ही निकल आवें जो दहेज के लिए हाथ न फैलावें; लेकिन इसका परिस्थिति पर कोई असर नहीं पड़ता और कुप्रथा ज्यों-की-त्यों बनी हुई है। पैसों की तो कमी नहीं है, दहेज की बुराइयों पर लेक्चर दे सकते हैं; लेकिन मिलते हुए दहेज को छोड़ देनेवाला मैंने आज तक न देखा। जब लड़कों की तरह लड़कियों की शिक्षा और जीविका की सुविधाएँ निकल आयेंगी, तो यह प्रथा भी विदा हो जायगी। उसके पहले संभव नहीं। मैंने जहाँ-जहाँ संदेश भेजा दहेज का प्रश्न उठ खड़ा हुआ और आपने प्रत्येक अवसर पर टाँग अड़ाई। अब इस तरह पूरा साल गुजर गया और कन्या को सत्रहवाँ लग गया, तो मैंने एक जगह बात पक्की कर ली। आपने भी स्वीकार कर लिया, क्योंकि वरपक्ष ने लेन-देन का प्रश्न उठाया ही नहीं, हालाँकि अंत:करण में उन लोगों को पूरा विश्वास था कि अच्छी रकम मिलेगी और मैंने भी तय कर लिया था कि यथाशक्ति कोई बात उठा न रखूँगी। विवाह के सकुशल होने में कोई संदेह न था; लेकिन इन महाशय के आगे मेरी एक न चली यह प्रथा निंद्य है, यह रस्म निरर्थक है, यहाँ रुपये की क्या जरूरत? यहाँ गीतों का क्या काम? नाक में दम था। यह क्यों, वह क्यों, यह तो साफ दहेज है, तुमने मेरे मुँह में कालिख लगा दी, मेरी आबरू मिटा दी। जरा सोचिए इस परिस्थिति को कि बारात द्वार पर पड़ी हुई है और यहाँ बात-बात पर शास्त्रार्थ हो रहा है। विवाह का मुहूर्त आधी रात के बाद था। प्रथानुसार मैंने व्रत रखा; किंतु आपकी टेक थी कि व्रत की कोई जरूरत नहीं। जब लड़के के माता-पिता व्रत नहीं रखते, जब लड़का तक व्रत नहीं रखता, तो कन्या पक्षवाले ही व्रत क्यों रखें ! मैं और सारा खानदान मना करता रहा; लेकिन आपने नाश्ता किया, भोजन किया। खैर ! कन्या-दान का मुहूर्त आया। आप सदैव से इस प्रथा के विरोधी हैं। आप इसे निषिद्ध समझते हैं। कन्या क्या दान की वस्तु है? दान रुपये-पैसे, जगह-जमीन का हो सकता है। पशु-दान भी होता है लेकिन लड़की का दान ! एक लचर सी बात है। कितना समझाती हूँ; पुरानी प्रथा है, वेद-काल से होती चली आई है, शास्त्रों में इसकी व्यवस्था है; संबंधी समझा रहे हैं, पंडित समझा रहे हैं, पर आप हैं, कि कान पर जूं नहीं रेंगती। हाथ जोड़ती हूँ, पैरों पड़ती हूँ, गिड़गिड़ाती हूँ, लेकिन मंडप के नीचे न गये। और मजा यह है कि आपने ही तो यह अनर्थ किया और आप ही मुझसे रूठ गये। विवाह के पश्चात् महीनों बोलचाल न रही। झक मारकर मुझी को मानना पड़ा।

किंतु सबसे बड़ी विडंबना यह है कि इन सारे दुर्गुणों के होते हुए भी मैं इनसे एक दिन भी पृथक नहीं रह सकती- एक क्षण का वियोग नहीं सह सकती। इन सारे दोषों पर भी मुझे इनसे प्रगाढ़ प्रेम है। इनमें यह कौन-सा गुण है, जिस पर मैं मुग्ध हूँ, मैं खुद नहीं जानती; पर इनमें कोई बात ऐसी है, जो मुझे इनकी चेरी बनाये हुए है। वह जरा मामूली सी देर में घर आते हैं, तो प्राण नहों में समा जाते हैं। आज यदि विधाता इनके बदले मुझे कोई विद्या और बुद्धि का पुतला, रूप और धन का देवता भी दे, तो मैं उसकी ओर आँखें उठाकर न देखूँ। यह धर्म की बेड़ी नहीं है, कदापि नहीं। प्रथागत पतिव्रत भी नहीं; बल्कि हम दोनों की प्रकृति में कुछ ऐसी क्षमताएँ, कुछ व्यवस्थाएँ उत्पन्न हो गयी हैं, मानो किसी मशीन के कल-पुरजे घिस-घिसाकर फिट हो गये हों, और एक पुरजे की जगह दूसरा पुरजा काम न दे सके, चाहे वह पहले से कितना ही सुडौल, नया और सुदृढ़ क्यों न हो। जाने हुए रास्ते से हम नि:शंक आँखें बंद किये जाते हैं, उसके ऊँच-नीच, मोड़ और घुमाव सब हमारी आँखो में समाये हुए हैं। अनजान रास्ते पर चलना कितना कष्टप्रद होगा। शायद आज मैं इनके दोषों को गुणों से बदलने पर भी तैयार न हूँगी।

मंत्र-शक्ति का रहस्य.


मंत्र-शक्ति का रहस्य.
(श्री मन्त्रयोगी)

मंत्र शक्ति से कभी कभी ऐसे काम होते देखे और सुने जाते हैं, जिनसे असाधारण आश्चर्य होता है। अत्यन्त विषैले सर्प, जिनकी फुंसकार से ही मनुष्य मर सकता है, मंत्र शक्ति से कीलित होकर रस्सी की तरह पड़े रहते हैं, और कुछ हानि नहीं पहुँचाते। जिस सर्प ने मनुष्य को काटा है, उसे ही मंत्र शक्ति से बुलाकर काटे हुए स्थान से विष चुसवा कर रोगी को अच्छा कर देना, कई सर्प विद्या विशारदों का बाँए हाथ का खेल होता है। जहरीले बिच्छू जिनका डंक लगते ही मनुष्य बेचैन हो जाता है, मंत्र शक्ति से निर्विष हो जाते हैं, डंक की पीड़ा मिनटों में अच्छी हो जाती है। पागल सियार या कुत्ते के काटे हुए जहरीली मक्खियों या कीड़ों के काटे हुए लोग भी इसी प्रकार ठीक होते देखे गये हैं। मधुमक्खियों को मंत्र शक्ति से निर्विष करके लोग उनका शहद बड़ी सुगमतापूर्वक निकाल लेते हैं।

कमलवाय, पीलिया, तिल्ली, पारी के ज्वर कंठमाला, मृगी, उन्माद आदि रोग मंत्र द्वारा ठीक होते देखे जाते हैं। बच्चों के पसली चलना, अधिक रोना, दूध पटकना, चौंक पड़ना, सूखते जाना आदि बहुत से रोग भी इसी विधि से ठीक होते देखे गये हैं। भूत बाधा, प्रेत पिशाच आदि के उपद्रव आदि का भी मंत्रों द्वारा शमन होता है। मंत्रों द्वारा हानि भी पहुँचाई जाती है। किसी को बीमार कर देना, मतिभ्रम पैदा कर देना, द्वेष करा देना, वश में कर लेना आदि हानिकारक उपचार भी किये जाते हैं, और जरूरत पड़ने पर बुद्धि को सुधारने में मानसिक शक्तियों को श्रेष्ठ एवं उन्नतिशील बनाने में भी इसका प्रयोग किया जाता है, हम ऐसे व्यक्तियों को जानते हैं, जिन्होंने मंत्र शक्ति से अनेक पगले, अधपगले, भुलक्कड़, जड़, मूढ़, शठ और दुष्टों के जीवन में आश्चर्यजनक परिवर्तन उपस्थित कर दिया है। इसके अतिरिक्त और भी असंख्य प्रकार के भले बुरे कार्य मंत्र शक्ति से होते हैं, और होंगे।

इन सब बातों को देखते हुए यह प्रश्न उपस्थित होता है कि ऐसे आश्चर्यजनक कार्यों का मूलस्रोत क्या है? यह शक्ति कहाँ से आती है और किस प्रकार काम करती है? मंत्रों की शब्द रचना पर मामूली तौर से दृष्टिपात करने पर यह पता नहीं चलता कि इनके उच्चारण में ऐसी क्या विशेषता है, जिनके द्वारा वह अद्भुत शक्ति उत्पन्न हो जाती है। मन्त्रों की वाक्यावली में से कोई ऐसा महत्वपूर्ण अर्थ भी नहीं निकलता, जिसके आधार पर उसमें किसी विशेषता के निहित होने का अनुमान लगाया जा सके।

मोटी बुद्धि से सरसरी तौर पर देखने से मंत्रों का मर्म समझ में नहीं आता, परन्तु गंभीरतापूर्वक विवेचन करने से वस्तु स्थिति का पता चल जाता है। ‘शब्द’ एक सजीव पदार्थ है, जो भी शब्द हमारे स्वर यंत्र में से निकलता है, वह ईथर तत्व में एक कम्पन उत्पन्न करता है, यह कम्पन उस उच्चारण करने वाले मनुष्य की इच्छा शक्ति और धारणा के अनुसार बलवान और निर्बल होते हैं, पृथक पृथक रूप से अक्षरों का स्वरूप अदृश्य जगत में बनता है। एक विशेष प्रकार की शब्दावली को एकत्रित कर देने से, उनका विशिष्ट स्वरूप बन जाता है। अक्षर विज्ञान के आचार्य इस बात को जानते ओर मानते हैं कि अमुक प्रकार के अक्षरों का एक समूह, अमुक प्रकार के कंपन उत्पन्न करता है, और वह इस प्रकार का हानिकर व लाभदायक प्रभाव उत्पन्न करता है, जैसे शहद और घी दोनों ही मामूली खाद्य पदार्थ हैं परन्तु यदि वे बराबर मात्रा में मिलाकर खाये जायें तो बड़ा घातक प्रभाव उत्पन्न करते हैं। उसी प्रकार अमुक अक्षर का उच्चारण अमुक अक्षर के बाद करने से क्या फल होता है, उस विज्ञान का सूक्ष्म परीक्षण करने के बाद मन्त्रों की अक्षर रचना, इस प्रकार की गई हैं, जिससे अमुक प्रकार का ही प्रभाव उत्पन्न हो।

ऊँ, ह्रीं, हूँ, श्रीं, क्लीं, फट् आदि एकाक्षरी मंत्र अपना विशेष महत्व रखते हैं। कंठ के स्वर यन्त्र के जिस स्थान से यह अक्षर निकलते हैं, उसमें कुछ अलौकिक विशेषता है। इस विशेषता को ध्यान में रखते हुए वर्णमाला में या बोल चाल की भाषा में कहीं भी इन्हें स्थान नहीं दिया गया है, यदि दिया जाता तो उच्चारण करने वालों के सामने ऐसे भले बुरे परिणाम उपस्थित होते, जिनकी उन्हें आवश्यकता न थी। मंत्रों की रचना ऊट-पटाँग अक्षरों का जोड़ मालूम पड़ती है, परन्तु वास्तव में बात दूसरी ही है। एक अक्षर का स्वतंत्र महत्व और अमुक अमुक अक्षर के सम्मिलन का सामूहिक महत्व उन दोनों तथ्यों पर योग विद्या के तत्वज्ञों ने सूक्ष्म दृष्टि से विवेचना करके मंत्रों की रचना की हैं। सच्चे मंत्रों को उचित रूप से अभिमन्त्रित करने पर अक्षर विज्ञान के सिद्धान्तों के अनुसार उनका निश्चित फल प्राप्त होता है। इसकी चाहे जो परीक्षा कर सकता है।

शब्द रचना के अतिरिक्त प्रयोक्ता की धारणा और विश्वास शक्ति का बल होता है। यह बल जितना ही न्यूनाधिक होगा, उतना ही मंत्र भी फलदायक होगा। उसी मंत्र के द्वारा एक साधक अद्भुत करतब कर दिखाता है, परन्तु दूसरे को उसके द्वारा कुछ विशेष सफलता नहीं मिलती, इसका कारण प्रयोक्ताओं का विश्वास और मनोबल है। जिसके मन में अपने मंत्र के ऊपर अविचल श्रद्धा है, उसका प्रयोग असफल नहीं हो सकता, किन्तु जिसका मन शंका शंकित रहता है, संकल्प विकल्प किया करता है, उसको सफलता प्राप्त होना दुर्लभ है। मंत्र को सिद्ध करने के लिए एक विशेष प्रकार का अद्भुत कर्मकाण्ड करना पड़ता है, कोई मंत्र मरघट में सिद्ध किये जाते हैं, किन्हीं के लिए अर्ध रात्रि के समय निर्जन स्थानों में जाना पड़ता है, किन्हीं मंत्रों को अमुक व्रत उपवास और विधि विधानों के साथ सिद्ध करते हैं, यह मंत्र सिद्धि के कर्मकाण्ड इसलिए हैं कि मंत्र योगी को स्वयं अपने ऊपर, अपने मंत्र के ऊपर सुदृढ़ विश्वास हो जावे। जिसने उन साहस पूर्ण और कष्टदायक मंत्र सिद्धि की साधना को पूरा किया है, निश्चय ही उसे अपनी साधना पर विश्वास होना चाहिए। यही विश्वास, वह बल है, जिससे मंत्र सजीव होता है और अपना चमत्कार दिखाता है। अक्षर रचना के पश्चात यह धारणा एवं विश्वस्तता ही सफलता की आधार भूमि है।

मंत्र में तीसरा तथ्य इच्छा शक्ति है। कार्यसिद्धि के लिए प्रयोक्ता की तीव्र इच्छा का होना आवश्यक है। प्रयोग के साथ साथ अपनी सम्पूर्ण मानसिक शक्तियों को एक स्थान पर एकत्रित करके सफलता की उत्कट आकाँक्षा में अपना मनोयोग लगाना होता है। विभिन्न दिशाओं में काम करने वाली शक्तियाँ, जब एक ही दिशा में पिल पड़ती हैं, तो उसी प्रकार अचरज भरा कार्य हो जाता है, जैसे आतिशी शीशे के थोड़े से क्षेत्र पर बिखरी हुई,सूर्य किरणें एक स्थान पर एकत्रित कर देने से आग जलने लगती है।

मंत्र की सफलता यह तीन आभ्यन्तरिक तथ्य है। चौथा तथ्य बाहरी है। वह भी इन तीन की तरह ही आवश्यक और महत्वपूर्ण है। यह चौथा तथ्य यह है कि जिस आदमी के ऊपर प्रयोग किया जाए, उसको मंत्र की शक्ति पर विश्वास हो, कम से कम इस बात की सूचना तो अवश्य ही हो कि मेरे ऊपर कुछ माँत्रिक प्रयोग किया जा रहा है। मैस्मरेजम विद्या का जिन्हें ज्ञान है, वे पाठक जानते हैं कि जब तक सामने वाला व्यक्ति कुछ झेंप न जाय तब तक उसे निद्रित नहीं किया जा सकता। कोई कठोर मनोभूमि का आदमी दृढ़तापूर्वक कह दे कि मेरे ऊपर कोई मैस्मरेजम नहीं कर सकता तो उसको प्रभाव में लाना कठिन है। मंत्र योग और मैस्मरेजम एक ही पेड़ की दो शाखाएं हैं, इसमें भी वही सिद्धान्त काम करता है। यदि सामने वाले व्यक्ति को विश्वास होगा कि मेरे ऊपर कोई कारगर प्रयोग हो रहा है, तो निश्चय ही उसके ऊपर प्रभाव पड़ेगा। यदि उसे पता न हो या विश्वास न हो तो मंत्र का पूरा फल नहीं मिल सकता। कारण यह है कि मंत्र योग भी एक योग है, योग का अर्थ जोड़। जोड़ के लिए कम से कम दो संख्या जरूर चाहिए। दोनों के मिलने से ही तो योग होगा। यदि एक पक्ष मिलने से इनकार करे तो जोड़ का, योग का, मंत्रयोग का समुचित लाभ होना कठिन है, जिसके ऊपर प्रयोग किया गया है उसका विश्वास भी साथ में होना चाहिए, यदि वह नहीं तो प्रयोग उतना ही सफल होगा जितना कि एक हाथ से ताली बजाने में सफलता मिलती है।

जो प्रयोक्ता सदाचारी, संयमी, सद्भावनायुक्त हैं, जिन्हें अपनी साधना पर विश्वास है, जो दूसरों को अपने प्रभाव में लेने की कला से परिचित हैं, उनके मंत्र कभी झूठे नहीं होते। ऐसे मंत्र योगी आमतौर से अपने उद्देश्य को पूरा कर ही लेते हैं, उनके प्रयोग प्रायः व्यर्थ नहीं ही जाते हैं।

सत्य पर पर्दा नहीं पड़ सकता.


सत्य पर पर्दा नहीं पड़ सकता.
(महात्मा जेम्स ऐलन)

वर्तमान युग बौद्धिक संघर्ष का युग है। इसमें दार्शनिक, साम्प्रदायिक, नैतिक, सामाजिक तथा आध्यात्मिक विषयों के ऊपर घनघोर मुठभेड़ें हो रही हैं। अपने पक्ष का समर्थन करने और दूसरे को परास्त करने में हर तरफ से प्रयत्न हो रहे हैं। इस समय बौद्धिक जगत में ऐसा महायुद्ध हो रहा है जैसा सृष्टि के आदि से लेकर अब तक कभी भी न हुआ था।

इस तूफान को देखकर एक साधारण जिज्ञासु क्षुब्ध हो उठता है। तर्क, कल्पना और विचारों की उड़ान ऐसे ऐसे मानसिक इन्द्रजाल रचकर खड़े कर देती है, जिससे साधारण बुद्धि मोह में पड़ जाती है और वास्तविकता को समझना कठिन मालूम देता है। दो विरोधी पक्ष ऐसे ऐसे तर्क उपस्थित करते हैं कि झूठ और सच का पता लगाना बड़ा जटिल हो जाता है।

यह विषम स्थिति बड़े व्यामोह में डालने वाली है,तो भी निराश होने की कोई बात नहीं है, क्योंकि सत्य का सूर्य स्वयं इतना तेजस्वी है कि तर्क और कल्पनाओं के बादल उसके प्रकाश को पूर्ण रूप से ढ़क देने में समर्थ नहीं हो सकते। मनुष्य के अन्तःकरण में एक ऐसी चेतना है, जो सत्य और असत्य का निर्णय करने में पूर्णतया समर्थ है। यह हो सकता है कि कोई प्रचंड तार्किक व्यक्ति अपने से कम ज्ञान वाले को अपनी तर्क शक्ति से निरुत्तर कर दे, तो भी वह निरुत्तर हुआ व्यक्ति यह अनुभव कर सकता है कि क्या उचित है, क्या अनुचित? क्या सत्य है, क्या झूठ? आत्मा सत्य से परिपूर्ण है, वह सत्य को भली प्रकार पहचान सकती है। आज बौद्धिक संघर्ष का धुँआ चारों ओर घटा की तरह छाया हुआ है, तो भी मेरा विश्वास है कि इससे सनातन सत्य पर कुछ भी आघात नहीं पहुँच सकता।

शंख बजाया कीजिए.


शंख बजाया कीजिए.
(श्री स्वामी देवानन्दजी)

देश के शिखासूत्र धारी जाति जनता में अधिकाँश जनों के उपास्य देवता श्री विष्णु भगवान् को शंख, चक्र, गदा, पद्मधारी बताया गया है। और देश के काल्पनिक चित्रकारों ने भी अपनी कल्पना द्वारा श्री विष्णु भगवान् के चित्र में भी दिखलाया है। संसार सुप्रसिद्ध श्रीमद्भगवद्गीता अध्याय प्रथम के श्लोक 11 से 16 तक में श्री मन्महात्मा भीष्मपितामह और युधिष्ठिरादि पाण्डवों ने भी श्रीकृष्ण भगवान के साथ साथ अपने अपने शंखों को युद्धारम्भ में बजाया। उन लोगों के शंखों के नाम भी भिन्न भिन्न दिये हुए हैं। श्रद्धास्पद श्री मत्स्वामिशंकराचार्यजी ने मानवी जीवन को नास्तिकवाद के गहरे गर्त से निकालने में और आस्तिकवाद के उच्च शिखर के ऊपर ले जाने में इसी अमोध अस्त्र का आलम्ब लिया था। इस्लाम धर्म के मूलाधार (प्रवर्तक) हजरत मुहम्मद साहब के दामाद सुप्रसिद्ध इमाम हुसैन और हुसरेन के पिता हजरत अली जो बीबी फातिमा के पति थे, अपने जीवन काल में नमाज पढ़ने के लिये लोगों को इकट्ठा करने और सम्मिलित नमाज के लिए शंख बजाया करते थे। देखिये! मिश्कात हदीस रवायत हजरत अली साहब की आजकल उसकी जगह को अजान ने ले रखा है। अस्तु! अब विचारने योग्य बात यह है कि जब संसार में अनेक प्रकार के बाजे बजाये जाते रहते हैं, तो यहाँ शंख ही के बजाने में क्या अनुपम लाभ पाया था? क्या शंख के सदृश कोई और बाजा न था?

यद्यपि शंख के अतिरिक्त मानवकृत अनेक प्रकार के उस समय भी बाजे थे, परन्तु ईश्वरी प्रकृति प्रदत्त इस अलौकिक अनुपम गुण सम्पन्न शंख के सम्मुख तुच्छ रहे है। देश में श्वाँस रोग के रोगी, पेट के रोगी, आँख के रोगी, मुख रोग के रोगियों की दिन प्रति दिन अधिकता ही देखने में आ रही है। आयुर्वेदिक, यूनानी, एलोपैथी, होमियोपैथी चिकित्सकों की भी संख्या में उत्तरोत्तर वृद्धि ही है। परन्तु यहाँ “मर्ज बढ़ता गया, जों जों दवा की” इसलिये यदि सचमुच अपने जीवन और जन्म को सुखमय सार्थक सिद्ध कर दिखाना हो तो अपने पूर्वजों के प्रयोग प्रथा के यथानुगामी बन अनुपम लाभ उठाते हुए यशस्वी बनिये! शंख प्रति दिन बजाने में एक लोकोक्ति हैं कि “पंच मुख परमेश्वर मुख है” गीता में कहा गया है कि “ईश्वरः सर्व भूतानाँ” अर्थात् ईश्वर प्रत्येक प्राणियों में व्यापक रूप से विद्यमान होते हुए पुकार पुकार कह रहा है कि “शंख बाजे बलाय भाजै!” अर्थात् शंख बजाने वाले शक्तिशाली के सम्मुख कोई आपत्ति विपत्ति कभी ठहर ही नहीं सकती। क्यों शंख बजाने वाला अपनी शक्ति और वीर्य की वृद्धि और रक्षा कर सकता है। अतः शंख बजाने वाले निम्न अपने अंगों से लाभ उठाते हुए रोग मुक्त हो अपनी आयु की भी वृद्धि कर सकेंगे? यथा-

फुफुस्स रोगी (टी.बी.वाले) श्वाँस रोगी (दमा, श्वाँस, खाँसी, वाले), हृदयरोगी (धड़कन वाले), नेत्ररोगी (रोहे वाले), मस्तिष्क (विवेक शीलहीन वाले), आशा है देश के विवेकशील शंख बाजा को अपने अपने व्यवहार विधि में लाने का प्रयत्न अवश्य करेंगे।

सफलता का पिता- आत्मविश्वास.


सफलता का पिता-
आत्मविश्वास.

क्या आपने अपनी महत्ता पर कभी विचार किया है? यदि किया होगा, तो आप जानते होंगे कि मानव प्राणी तुच्छ नहीं महान है। परब्रह्म परमात्मा का अमर राजकुमार जिसका निर्माण सत् चित् आनन्द तत्वों से हुआ है, कदापि तुच्छ नहीं हो सकता। संसार के महान पुरुषों का इतिहास पढ़ो, तुम देखोगे कि उनका आरंभिक जीवन सर्वथा असहाय, असुविधापूर्ण और अन्धकार-मय था, तो भी उन्होंने महानतम कार्यों का सम्पादन का डाला। यह सब किसी भूत-प्रेत या देव-दानव की कृपा से नहीं हुआ, वरन् उन महापुरुषों ने अपनी निजी शक्तियों को विकसित किया और उन्हीं की सहायता से उन्नति के उच्च शिखर पर जा पहुँचें। जीव तत्वतः ईश्वर का ही पुत्र है, उसमें अपने पिता की सम्पूर्ण योग्यताएं बीज रूप से समाई हुई हैं। यदि वह अपनी शक्तियों को जाने उन पर विश्वास करे और दृढ़ता के साथ प्रयोग करे तो निस्संदेह ऐसे ऐसे काम कर सकता है, जिन्हें देखकर अचंभा करना पड़ता है। पागल और अपाहिजों को छोड़कर शेष सभी मनुष्यों में करीब करीब एक सी योग्यताएं होती हैं। ‘करीब करीब’ शब्द का प्रयोग हम इसलिए कर रहे हैं कि जो असाधारण अन्तर दिखाई पड़ता है, वह वास्तविक नहीं है। एक ऐसा व्यक्ति जिसकी योग्यताएं आरम्भ में बहुत थोड़ी दिखाई पड़ती हैं। अभ्यास और लगन के द्वारा अपनी शक्तियों और योग्यताओं को कुछ ही समय में अनेक गुनी उन्नत कर सकता है। पूर्व समय में जो लोग असाधारण शक्तियों और योग्यताओं से सम्पन्न हुए हैं, एवं जो वर्तमान समय के प्रतिभाशाली महापुरुष हैं, उन्हें यह शक्तियाँ कहीं बाहर से दानस्वरूप प्राप्त नहीं हुई हैं। उन्होंने अपने प्रयत्न से अपने ही भीतर से उनका उत्पादन किया है। दस किसानों को एक से खेत, एक से साधन, एक से बीज दिये जायें और फिर फसल के समय खेत की पैदावार का निरीक्षण किया जाए तो प्रतीत होगा कि जिसने शारीरिक और मानसिक परिश्रम ठीक तौर से किया, उसकी पैदावार अधिक हुई, जिसने आलस्य और मूर्खता को अपनाया, वह घाटे में रहा। इसमें बीज या खेत को दोष नहीं दिया जा सकता। परमात्मा ने अत्यन्त परिश्रम के साथ मानव शरीर की रचना की है, यह उसकी सर्वोत्कृष्ट कृति है। अपनी अकर्मण्यता का दोष परमात्मा पर लगाना बहुत ही अनुचित बात है, जो यह कहते हैं कि-”क्या करें, परमात्मा ने हमें ऐसा ही बनाया है” वे अपने दोषों को परमात्मा पर थोपने का धृष्टता पूर्वक दुस्साहस करते हैं। कोई मनुष्य चार हाथ, चार पाँव, दो सिर लेकर नहीं जन्मा है। जैसा शरीर और मस्तिष्क तुम्हारा है, वैसा ही और लोगों का भी था, या है। फिर कोई कारण नहीं कि जैसे महत्वपूर्ण कार्य पूर्व पुरुष कर चुके हैं, या वर्तमान समय में कोई व्यक्ति कर रहा हैं, वह तुम नहीं कर सको। मनुष्य शक्तियों का पुँज है। उसके रोम रोम में अद्भुत शक्तियाँ हिलोरें ले रही हैं, कुबेर का खजाना उसके पास जमा है, किन्तु अज्ञान के कारण वह उसे न जानता है, न अनुभव करता है, न काम में लाता है।

कहते हैं कि एक सिंह का बच्चा भेड़ों के झुण्ड में पाला गया। जब बड़ा हुआ तो वह भी घास खाने लगा और भेड़ों की तरह मिमियाने लगा। बहुत दिन बाद जब उसे किसी सिंह से भेंट हुई तो उसने उसे समझाया कि तू वन का राजा सिंह है। तब वह बच्चा अपने असली स्वरूप को समझ कर वनराज की तरह रहने लगा। हम लोग ऐसे ही सिंह शावक हैं, जो घास खाते और मिमियाकर बोलते हैं। “क्या करें, हमारा शरीर ठीक नहीं, हमारी बुद्धि अल्प है, हमारा कोई सहायक नहीं, हमें साधन प्राप्त नहीं, हम उन्नति कैसे कर सकते हैं?” जो लोग ऐसा कहते हैं, वे अपनी असली वाणी को भूल कर भेड़ों की बोली बोलते हैं। “मेरी कलम खराब है, इसलिए इस लेख का लिखना अधूरा ही छोड़ रहा हूँ” यदि लेखक यह कहे तो पाठक समझें कि यह सिर्फ बहानेबाजी है, या तो इसमें इतनी योग्यता नहीं कि कलम को सुधार सके या फिर यह लिखने की क्षमता नहीं रखता। कलम खराब होना, यह कोई ऐसा कारण नहीं है कि सदा के लिए लिखना बन्द कर दिया जाए। यदि लेखक में लिखने की शक्ति हैं, तो कलम की खराबी रूपी छोटी सी बाधा को वह आसानी से हल कर लेगा, उसे सुधारने का कोई न कोई उपाय कर लेगा। साधनों का अभाव होने की शिकायत कुछ अधिक महत्व नहीं रखती क्योंकि जिसके अन्दर कार्य-कारिणी शक्ति है, वह साधनों को भी सुधार लेगा या पैदा कर लेगा। जो अपने को असहाय या अशक्त समझता है, असल में वह साधनों और सुविधाओं की तो झूठ मूठ शिकायत करता है, वास्तविक कमी उसमें आत्मविश्वास है। जो अपना महत्व समझता है, अपनी छिपी हुई अनेकानेक शक्तियों का ज्ञान रखता है, जिसे अपने आत्मिक बल पर भरोसा है, वह क्यों शिकायत करेगा? वह तो अकेला और साधन रहित होने पर भी उठ खड़ा होगा और “फरियाद” जैसे दुर्गम पर्वतों को चीर कर “शीरी” के लिए नहर खोद लाया था, उसी प्रकार वह अपने मनोवाँछित उद्देश्य को पूर्ण करने के लिए घोर प्रयत्न करने में प्रवृत्त होगा। जो अपनी सहायता आप करता है ईश्वर भी उसी की सहायता करता है। जिसको अपने ऊपर विश्वास है, उसे हम प्रतिज्ञापूर्वक विश्वास दिलाते हैं कि दुनिया में चारों ओर से उसे विश्वसनीय सहायता प्राप्त होगी।

(अखंड ज्योति-8/1944)

आस्तिकता की निशानी.


आस्तिकता की निशानी.
(जोजफ मेजिनी)

ईश्वर के अस्तित्व का सबसे बड़ा प्रमाण यह है कि हमारा अस्तित्व है। हर आदमी अपने अन्तःकरण में एक ऐसी सत्ता अनुभव कर सकता है,जो उसे धर्म का आदेश दिया करती है। बेशक, मैं इस बात को मानता हूँ कि लोगों ने आज के जमाने में ईश्वर को बड़ा ही घृणित और भयानक बना दिया है, तो भी ईश्वर है, इस तथ्य से इन्कार नहीं किया जा सकता। विश्व का कण कण उसके अस्तित्व की गवाही दे रहा है।

जब ईश्वर है तो नास्तिकता कैसे आरम्भ हुई। इस प्रश्न पर गंभीरतापूर्वक विचार करने के उपरान्त मैं इस निष्कर्ष पर पहुँचता हूँ कि जिस आदमी ने अपना पाप अपने सजातियों से छिपाया, सबसे पहला नास्तिक वह था, या फिर जिसने अपने किसी भाई के हक को मार कर अत्याचार किया, वह पहला नास्तिक था। जो भी हो, यह दो ही श्रेणियाँ नास्तिकों की हैं और वे आज तक विद्यमान हैं।

कहने को तो उस आदमी को नास्तिक कहते हैं, जो ईश्वर सम्बन्धी अमुक सिद्धान्त को या अमुक पुस्तक को नहीं मानता। परन्तु ऐसे आदमी को मैं नास्तिक नहीं कहता। किसी मजहबी सिद्धाँत को या पुस्तक को मानना न मानना नास्तिकता का चिन्ह नहीं, वरन् यह है कि कोई व्यक्ति किसी दूसरे के हक को मारे, उसकी स्वतंत्रता को आप हरण करें और पापी होते हुए भी धर्मात्मा बनने का ढोंग करे। जिसका ईश्वर पर सच्चा विश्वास है, जो उसे सर्व व्यापक और अन्तर्यामी समझता है, वह न तो बेईमान हो सकता है, न ढोंगी। मेरा विश्वास है कि सच्चे ईश्वर भक्त, वे ही हैं, जिनका जीवन पवित्र और सेवामय है। जो ईश्वर को अपने चारों ओर भीतर और बाहर देखता है, पाप करने की हिम्मत भला वह किस प्रकार कर सकेगा?


प्रतिघात और प्रतिकूलता.


प्रतिघात  और  प्रतिकूलता.
(डॉक्टर रामचरण जी महेन्द्र एम. ए. डी. लिट्)

पराक्रमी व्यक्ति का जीवन-पुष्प, प्रतिघात एवं प्रतिकूलता की झंझावात में प्रस्फुटित होता है, संसार के विकट प्रहारों में परिपुष्ट होता है, और भयंकर परिस्थितियों में ही फलित भी हो जाता है। मानव मन की रचना कुछ ऐसी है कि उसकी असाधारण शक्तियों के विकास एवं अभ्युदय के निमित्त विकट प्रसंगों की परम आवश्यकता है। यदि वातावरण सरल रहे, तो मनुष्य की उत्कृष्ट शक्तियों के प्रकाश का अवसर कम है। विकट परिस्थितियों, कठोर प्रतिकूलता, सैंकड़ों विघ्न इन आन्तरिक शक्तियों को अन्तःकरण के भीतरी पट से प्रकाश में लाते हैं। स्थूल दृष्टि से जनसाधारण को जो विघ्न, अनिष्ट एवं कठोर प्रसंग प्रतीत होते हैं, वे ही मनुष्य की गुप्त शक्तियों को उपयुक्त उत्तेजना प्रदान करते हैं।

क्या, तुमने कभी इस तत्त्व पर विचार किया है? तुम्हारे जीवन में अनेक प्रतिघात एवं प्रतिकूलताएँ उपस्थित हुई, उनके प्रति तुम्हारी कैसी भावना रही। तुम तनिक सी प्रतिकूलता से व्यग्र हो उठे, घबराकर कायर बन बैठे, अन्तःकरण में तुच्छ विघ्नों से भयभीत बनकर बुज़दिल बन गये। इस प्रकार तुमने अपने हृदय में स्थित ईश्वरत्व को नष्ट कर दिया। तुमने प्रतिघात से प्रोत्साहन प्राप्त नहीं किया। वस्तुतः तुम्हें उन्नति की उत्तेजना प्राप्त नहीं हुई। तुम आज वहीं हो, जहाँ से चले थे।

तनिक-तनिक सी प्रतिकूलताओं से व्यग्र होकर असंख्य मनुष्य पशु स्थिति में दिनों को धक्के दे रहे हैं। उनमें अद्भुत शक्तियाँ अन्तर्निहित हैं, किन्तु वे यों ही व्यर्थ पड़ी पड़ी नष्ट हो रही हैं। उनका परिमार्जन नहीं किया गया, अतः वे कुँठित हो गई और उन्होंने शनैः शनैः अपना व्यापार बन्द कर दिया। जो कुछ ये व्यक्ति प्राप्त कर सकते थे, उसका एक क्षुद्र अंश ही प्राप्त कर सके। उनका उत्साह क्षीण हो गया और गुप्त सामर्थ्य का आदि स्त्रोत भी शुष्क हो गया। सामान्य प्रसंग और साधारण जीवन से मनुष्य की दिव्य शक्तियों का विकास नहीं होता। अन्तःकरण और इच्छा की अद्भुत शक्तियां ऊपरी परत (Lair) में नहीं रहतीं, वे भीतरी पट में छिपी रहती हैं। हमारी उत्कृष्ट शक्तियों का केन्द्र स्थान भी यही मर्मस्थल है। अतएव आन्तरिक शक्तियों को प्रोत्साहित (Stimulate) करने के निमित्त किसी ऐसी चोट की परम आवश्यकता है, जो शक्ति का स्त्रोत पुनः खोल दे।

एक बार महा पद्मानन्द ने चाणक्य के भरी सभा में लात मारी। इस अपमान से चाणक्य की सुप्त इच्छा और संकल्प की शक्तियाँ झंकृत हो उठीं। मर्मस्थल पर प्रहार से आन्तरिक शक्तियों को प्रोत्साहन प्राप्त हुआ, उसका असामान्य पराक्रम प्रकट हुआ। प्रतिशोध को उत्तेजना मिली। उसने उसी समय राज दरबार में प्रतिज्ञा की और कहा-”ओ, राजकुलंक महानंद! तूने भरी सभा में एक निरपराध ब्राह्मण की अवहेलना की है। इसका प्रतिशोध तुझसे चाहे कुछ हो, अवश्य लूँगा।” फिर भरी सभा की ओर मुख करके बोला-हे सभासदों! मैं चाणक्य हूँ। महानन्द ने आज मेरा तिरस्कार किया है। मैं प्रतिज्ञा करता हूँ कि जब तक नन्दवंश की ईंट से ईंट न बजा लूँगा, तब तक मेरी चोटी इसी प्रकार खुली रहेगी और नागिन बनकर नन्दवंश को डस जाएगी।” ब्राह्मण के इस भयंकर संकल्प को सुनकर समस्त सभा सशंकित हो उठी। चाणक्य के मार्ग में अनेक प्रतिघात एवं प्रतिकूलताएँ आई किन्तु उसने संकल्प न छोड़ा। उद्देश्य पूर्ति में तत्पर रहा, अन्त में उसने जैसा कहा था, वैसा ही कर भी दिखाया। गौतम की साधना में प्रतिकूलता पर विजय प्राप्ति के अनेक ज्वलंत उदाहरण दृष्टिगोचर होते हैं। प्रताप के निरन्तर प्रयत्न महमूद गजनवी के 18 आक्रमण, अनेक प्रतिघातों के अनन्तर सिद्धि को प्राप्त हुए थे।

यदि तुम कार्य सिद्धि के लिए निकले हो तो प्रतिघात एवं प्रतिकूलता की डरपोक विचारधारा को मनोमन्दिर में लाकर, उसे कलुषित न करो। प्रतिकूलता के अवसर पर पुरुषार्थ द्वारा आत्म शक्ति को प्रकट करो। आन्तरिक शक्ति को जागृत करो। ये कठिन प्रसंग तो तुम्हारे परीक्षक हैं। क्या तुम इतनी सरलता से परीक्षा में फेल होना पसन्द करोगे? कदापि नहीं। सच्चे आत्मबन्धु ही ऐसे अवसरों पर चमक उठते हैं। गुप्त सामर्थ्य प्रकट होने का यही समय है। सामान्य व्यक्ति ऐसे अवसरों पर कुचल जा कर अवनति को प्राप्त होते हैं।

न प्रतिघात, न कोई प्रतिकूलता, न निरन्तर आने वाले विघ्न, हमें अपने मनःस्थित गुप्त सामर्थ्य से वंचित कोई नहीं कर सकता। शक्तियों के उस अटूट भण्डार पर हमारा पूर्ण अधिकार है। उस शक्ति पुंज से हमारा अखण्ड सम्बन्ध है। कोई ऐसी ताकत नहीं, जो हमें शक्ति के उस अगाध पुंज से दूर रखे। हाँ, प्रतिघात से वे सब हिल अवश्य उठती हैं, उत्तेजना प्राप्त कर लेती हैं और उस गहन स्थल से प्रकाशित होने को तैयार रहती हैं। जब मनुष्य को अपमान, पराभव, विफलता, तथा हास्य या और किसी प्रकार का प्रसंग उत्तेजना प्रदान करता है, तो यकायक वे प्रकट हो जाती हैं। नरसिंग मेहता की अपूर्व भक्ति के प्रकट होने का कारण उनकी भौजाई के मार्मिक वचन थे। ध्रुव को उनकी सौतेली माँ ने इसी प्रकार की उत्तेजना प्रदान की थी। कालीदास और तुलसीदास को उनकी पत्नियों ने। सब ही शक्तियाँ मौजूद तो पहले ही से थीं। उत्तेजना के अवसर की आवश्यकता थी। प्रतिघात से उत्तेजना और उत्तेजना से आत्मशक्ति का प्रकटीकरण हुआ।

अपने को असमर्थ एवं अशक्त मानने वाला व्यक्ति कहता है-”हे प्रतिघात, तू मुझ बेचारे को क्यों तंग करता है। मैं जीवन में कुछ महत् कार्य करना नहीं चाहता। यों ही मन्दगति से घिसटते घिसटते रोते रोते जीवन समाप्त करूंगा। मैं श्रेष्ठ व्यक्ति नहीं बनना चाहता। मैं तो नगण्य हूँ। तुच्छ हूँ। रुकावटों और असंख्य बाधाओं का मारा हुआ, थर थर काँपने वाला गरीब आदमी हूँ।” सामान्य व्यक्ति बस ऐसी क्षुद्र भावना के वशीभूत होकर स्वयं आप ही अपना शत्रु बन जाता है। वह ऐसे अपवित्र अनुपयोगी विचारों के कारण अपने ऊपर आने वाले घात प्रतिघातों को और आमन्त्रित करता है।

जिस व्यक्ति में दृढ़ निश्चय और गुप्त सामर्थ्य प्रकट हो जाते हैं, वह चाहे अस्सी वर्ष का वयोवृद्ध ही क्यों न हो जाए, मरण पर्यन्त जीवन में आश्चर्यकारक शक्तियों का उद्घाटन करता रहता है। वह अपने मन ही मन सोचा करता है कि “मुझे जीवन में एक ऐसा अद्भुत कार्य करना है कि संसार विस्मृत न करना चाहेगा। मुझ में गुप्त मनःशक्ति का पर्याप्त प्रादुर्भाव हो गया है। मेरी आत्मा में वह सामर्थ्य वृद्धि हो रही है कि कोई मुझे दबा नहीं सकता। मेरा मन पर्याप्त पुष्ट है, महान् है, दुःख, क्लेश, प्रतिकूलता पर विजय प्राप्त करने वाला है। मेरे लिये सब कुछ सम्भव है। मैं जो चाहूँ कर सकता हूँ। मेरी आत्मिक शक्तियाँ दैदीप्यमान होकर परम तेजोमय हो रही हैं।” इस प्रकार की संजीवनी शक्ति के शुभ विचारों में रमण करता करता ऐसा व्यक्ति उन्नति के मार्ग पर अग्रसर होता जाता है। उसकी आत्मा में महान् भद्र, शुभ संकल्प ही उदित होते हैं, वस्तुतः वह बड़ा सामर्थ्यशील बन जाता है।

जिस व्यक्ति ने यह दृढ़ निश्चय कर लिया है कि मैं अत्युच्च बनूँगा। सौभाग्य, समृद्धि, आत्मिक पूर्णता प्राप्त करूंगा, वह अवश्य एक न एक दिन अपने मानसिक प्रवाह को अनन्त शक्ति के महासागर की ओर प्रवाहित कर देगा और अपने आदर्श अपनी अभिलाषा के अनुकूल उपयुक्त वातावरण उत्पन्न कर लेगा।

अत्यन्त अल्प संख्यक व्यक्ति इस तत्त्व को जानते, मानते या विश्वास करते हैं कि मन के साहसिक संकल्प में कितनी गजब की ताकत भरी पड़ी है। वस्तु जगत में आने वाली प्रत्येक साधारण या असाधारण वस्तु की प्रतिमा सर्वप्रथम मानस क्षेत्र में निर्मित होती है। यदि मनुष्य किसी अत्युच्च पदार्थ को अपनी मानसिक सृष्टि में भली भाँति निर्माण करे तो दृश्य सृष्टि में, वह उसे और आकर्षक रूप प्रदान कर सकेगा।

जिस प्रकार सुन्दर बीज बोने से उत्तम फसल बनती है, इसी प्रकार बलवान् विचारधारा से मनुष्य में प्रतिघात और प्रतिकूलता से युद्ध करने का पुरुषार्थ प्रकट होता है। ऋद्धि सिद्धि को प्राप्त करने का आदि स्थल मनुष्य के मन में स्थित है, वहीं से उसे प्रकट करने का प्रयत्न करना चाहिए।

प्रतिकूलता तथा प्रतिघात से हम सदैव बाजी जीतेंगे-ऐसी भावना पर मानसिक केन्द्र दृढ़ करो। मन में दृढ़तापूर्वक कहो-हम विपत्ति से विचलित कदापि नहीं होते, प्रतिकूलता से कभी नहीं डरते। इन्हें पराजित करने के लिए हममें शक्ति है। हम में वही अद्भुत शक्ति है, जो महापुरुषों में थी। अतः अब मैं अस्त व्यस्त कदापि न होऊँगा, प्रत्युत अपनी अन्तःस्थित आध्यात्मिक शक्ति के बल पर अत्यन्त वेग से अग्रसर होऊंगा। अल्पज्ञान के कारण मैं अन्तःस्थित अगाध सामर्थ्य को अवश्य प्रकट करूंगा। अभी तो मेरी शक्तियों का कुछ ही अंश प्रकट हुआ है। असली कार्य तो मैं अब प्रारम्भ करूंगा।”

“मैं जान गया हूँ कि विपत्ति, प्रतिघात और प्रतिकूलता तो मनुष्य की जड़ता को दूर करते हैं,फिर उत्तेजना प्रदान कर, उसके चैतन्य अंश को प्रोत्साहित करते हैं। जो कार्य श्रीमान् व्यक्ति अनुकूल दशा में सम्पादन नहीं कर सकते वहीं कार्य साधारण व्यक्ति प्रतिकूल परिस्थिति में पूर्ण कर डालते हैं। बस, आज से मैं जागृत हो गया हूँ।”

प्रतिकूलता और प्रतिघात हमारे शत्रु नहीं, मित्र हैं। ये हमारी गुप्त शक्तियों का साक्षात्कार कराते हैं।

‘मैं-अकेला’ या ‘हम-सब’.


‘मैं-अकेला’ या ‘हम-सब’.

आध्यात्म शास्त्र की सम्पूर्ण रचना केवल एक आधार पर हुई है। वह आधार है, आत्मोन्नति,’ आत्मोन्नति का तात्पर्य है, आत्मभाव का विस्तार। जब कोई अपने धन को बढ़ा लेता है, तब कहते हैं कि उसने आर्थिक उन्नति की है, कोई अपने ज्ञान को बढ़ा लेता है, तो कहते है, उसने बौद्धिक उन्नति की है, इसी प्रकार देह को हृष्ट पुष्ट कर लेना शारीरिक उन्नति कही जा सकती है। उन्नति का तात्पर्य बढ़ोतरी से है, जिसकी जिस दिशा में बढ़ोतरी होती है, उसे उसी दिशा में उन्नत हुआ कहा जा है। आत्मोन्नति का तात्पर्य आत्मभाव में बढ़ोतरी होना है। जब तक मनुष्य अपने को अकेला समझता है, अपने अकेले के हित अनहित की बात सोचता है, तब तक वह आत्मिक दृष्टि से पतित समझा जाता है। उसे स्वार्थी, खुदगर्ज, मतलबी आदि नामों से पुकारते है, किन्तु जब वह आत्मोन्नति करता है, तो “मैं-एक” के स्थान पर हम- “सब” का विचार करता है।

शास्त्रों में अनेक स्थानों पर ऐसा अभिमत प्राप्त होता है कि ‘जो अकेला खाता है, वह पाप खाता है। जो अपने लिए सोचता है, वह नरक सोचता है। ब्रह्म विद्या का मूलभूत तथ्य यह है कि मनुष्य स्वार्थ के बन्धनों से ‘मुक्ति’ प्राप्त करे। आत्मा को परमात्मा से मिला दे। जीव से बढ़ कर शिव बने, तुच्छता से उठकर महान बने, यही सभी आदेश एक ही दिशा में संकेत करते हैं कि अपने पन के- आत्मिकता के-दायरे को बढ़ाना चाहिए। ‘मैं’ की संकुचितता को बढ़ा कर ‘हम’ की महानता की ओर अग्रसर होना चाहिए। यह मर्यादा जैसे-जैसे बढ़ती जाती है, वैसे ही वैसे मनुष्य की आत्मोन्नति समझी जाती है। जो मनुष्य खुदगर्जी के जितने तुच्छ दायरे में विचरण करता है, वह उतना ही अनात्मवान् है, जो परमार्थ में स्वार्थ के सिद्धाँत को मानता हुआ, दूसरों के हानि लाभ में अपना हानि लाभ देखता है, वह उतना ही बड़ा आत्म ज्ञानी है।

ब्रह्म विद्या समस्त विद्याओं की जननी है, आत्मोन्नति सब उन्नतियों की जड़ है, यह सिद्धाँत इतने ध्रुव सत्य हैं कि इनकी सच्चाई पर संदेह करने की जरा भी गुँजाइश नहीं रह जाती। जब किसी व्यक्ति, जाति या देश ने जिस हद तक इन सिद्धाँतों को अपनाया है, तब उसने उसी सीमा में भौतिक उन्नति की है, जब जिस देश ने इन सिद्धाँतों को जितना ढीला छोड़ा है, तभी वह उतना ही नीचे गिर गया है। यूरोपीय देशों की उन्नति और भारत की अवन्नति का भी यही कारण है।

भारतवर्ष के पतन के कारणों पर आप गंभीरता से विचार करेंगे तो आपको वैसा कोई दुर्गुण, यहाँ के निवासियों में न मिलेगा, जिनके कारण राष्ट्रों की दुर्गति होती है। हमारा देश बौद्धिक उन्नति में अपना सानी नहीं रखता, यहाँ ऐसे-ऐसे आला दर्जे के दिमाग थे, और हैं, जिनका मुकाबला करने में संसार के अन्य देश अभी तक पीछे हैं। यहाँ के निवासी बहादुरी में भी अद्वितीय हैं, प्राचीन काल की बहादुरी की गौरव-गाथाओं से इतिहास रंगा हुआ है, आज भी भारतीय सेना युद्ध में जो जौहर दिखा कर रही है, उसकी भूरि भूरि प्रशंसा करते-करते, हमारे शासक थकते नहीं। मरहटे आर सिख पिछली शताब्दियों में अद्वितीय कूट क्षितिज रहे हैं, आज भी राजनीति के ऐसे ऐसे पंडित मौजूद हैं, जिनकी सूक्ष्म दृष्टि असाधारण है। यदि ये लोग किसी स्वतंत्र देश में हुए होते, तो उनने अपनी प्रतिमा से संसार को चकित कर दिया होता। साधारण जनता पर दृष्टि डालिए, तो वह विलासी या अकर्मण्य भी नहीं हैं। पूर्वकाल में तो धार्मिक अधिक होने के कारण और वर्तमान समय में दरिद्रता के कारण यहाँ की जनता भोग विलासों में मस्त नहीं हो पाई। कड़ा परिश्रम करने में भी भारतीय अद्वितीय हैं, सस्ते से सस्ता अपौष्टिक भोजन खाकर, यहाँ के किसान मजूर जितना काम करते हैं, उतना काम अन्य देशों के श्रमजीवी नहीं कर पाते। कई लोग जैन और बौद्धों द्वारा प्रचलित अत्यन्त अहिंसा को देश के पतन का कारण मानते हैं, परन्तु यह बात भी ठीक नहीं, क्योंकि जिन दिनों जैन और बौद्ध धर्म भारत में अपनी पूर्ण उन्नति पर थे, राज धर्म थे, उन दिनों भी यवन, शक और हूणों के आक्रमण भारत पर हुए थे, परन्तु उस समय कोई भी आक्रमणकारी सफल न हुआ, फिर आज जब कि कहने मात्र की अहिंसा ही लोग मानते हैं, उसके कारण इस प्रकार पतित अवस्था को प्राप्त नहीं हो सकते।

यों तो छोटे मोटे अनेक कारण बताये जा सकते हैं, पर ऐसे कारण तो स्वतंत्र और समृद्ध देशों में भी हैं। दूध का धुला कोई समाज या राष्ट्र नहीं है। थोड़े बहुत दोष सर्वत्र पाये जाते हैं, वैसे दोष यहाँ भी रहे हैं- और रहेंगे, पर वे इतने प्रचंड नहीं हैं, जिनके कारण सारा देश इतने गहरे गर्त में गिर पड़े। अत्यन्त गंभीरतापूर्वक आप विचार करेंगे तो इसका कारण एक ही मिलेगा, वह है-आत्मिक पतन-खुदगर्जी-अपना दायरा संकीर्ण रखना। यह दुर्गुण जिस दिन से भारत वासियों ने अपनाया, उसी दिन से पतन आरम्भ हो गया। यह दुर्गुण इतना जबरदस्त है कि इसके आगे और सारी अच्छाइयाँ फीकी पड़ जाती हैं।

अंग्रेजी राज्य की भारत में स्थापना किस प्रकार हुई, इसका सूक्ष्म अध्ययन जिनने किया है, वे जानते हैं कि ईस्ट इंडिया कम्पनी के जितने भी गवर्नर यहाँ आये, उनमें से कोई भी ऐसा न था, जिसने अपने देश के लाभ को भुलाकर अपने निजी लाभ की बात सोची हो। यदि क्लाइव, हेस्टिंग्स आदि ऐसा सोचते तो वे कम्पनी को धता बता कर, अपना खुद का राज्य स्थापित कर सकते थे, परन्तु उन्होंने ऐसी बात स्वप्न में भी नहीं सोची। वे खुद मामूली नौकर बने रहे, पर अपने देश के लाभ के लिए उन्होंने यहाँ साम्राज्य स्थापित किया, व्यापार बढ़ाया और भी जो कुछ कर सकते थे, किया। यदि वे खुद राजा हो जाते तो वे खुद जरूर बड़े आदमी होते, परन्तु सारे इंग्लैण्ड को उससे कुछ लाभ न होता। आज भी अंग्रेज लोग व्यक्तिगत लाभ की संकीर्ण परिधि में शारीरिक और मानसिक परिश्रम नहीं करते,वरन् अपने समाज और राष्ट्र के लाभ को ध्यान में रखते हुए विचार और कार्य करते हैं। वहाँ के वैज्ञानिक नेता, उद्योगपति, विद्वान, सैनिक और साधारण जनता अपने देश के हित अनहित में, अपना हित अनहित समझते हैं, व्यक्तिगत स्वार्थ की अपेक्षा सामूहिक स्वार्थ को वे अधिक महत्व देते हैं। यही कारण है कि वह देश समृद्ध और सम्पन्न बना हुआ है, जब तक उनमें यह सद्गुण बना रहेगा तब तक वे निश्चयपूर्वक सुखी रहेंगे। अन्य सब दुर्गुण, इस एक गुण की छाया में ढ़क जाते हैं।

हमारे देश में हर व्यक्ति अपने अकेले के स्वार्थ को महत्व देता है। अपने या अपने बाल बच्चों के हानि लाभ से आगे, उनकी दृष्टि जाती ही नहीं। अनेक अमीर लोग जब निस्संतान होते हैं तो उन्हें यह चिन्ता पड़ती है कि हमारे धन को कौन खरचे विलसेगा, मानो इस देश में किसी सार्वजनिक कार्य के लिए पैसे की जरूरत है- ही नहीं। उनका ध्यान अपने देश और जाति की दुर्दशा को दूर करने के लिए अपना धन लगा जाने की ओर नहीं जाता, वरन् कहीं से गोद रखने के लिए लड़के की तलाश होती है, जिससे उस धन का खरचने विलसने वाला कोई पैदा हो जाए। यह भावना हर एक क्षेत्र में जोर पकड़ती जा रही है। आध्यात्मिक या धार्मिक क्षेत्र में देखिए-हर धार्मिक व्यक्ति अपनी निजी मुक्ति, निजी स्वर्ग की तृष्णा से एक कदम भी आगे नहीं बढ़ता। साधु, महात्मा, गुरु, पुरोहित अपने समय को बुरी तरह बरबाद करना पसंद करते हैं, पर अपने समाज और देश की ओर आँख उठाकर भी नहीं देखते। फल यह होता है कि चन्द आदमी धनी, विद्वान, प्रतिभाशाली, गुणी, सिद्ध आदि बन जाते हैं, वे अपने निजी उन्नति खूब कर लेते हैं। पर उनकी इस उन्नति से देश को कुछ भी लाभ नहीं पहुँचता। जितने धनी, विद्वान और महात्मा इस देश में हैं, इतने यदि किसी अन्य देश में हुए होते तो आज वह संसार का मुकुट मणि हुआ होता, संसार की सुख शाँति का पथ प्रदर्शक हुआ होता।

हमारा देश गरीब है, दुखी है, पीड़ित है, इसका सर्वोपरि कारण हम लोगों की संकुचित स्वार्थवृत्ति है। “अपने मतलब से मतलब” की मनोवृत्ति ने हमें मिट्टी में मिला दिया। जब तक यह घृणास्पद, नारकीय और पाशविक मनोवृत्ति हमारी बनी रहेगी, तब तक चन्द आदमी व्यक्तिगत रूप से कुछ ‘बड़े’ भले बन जावें पर सामूहिक रूप से हम लोग पीड़ित और पतित ही रहेंगे। सामूहिक उन्नति तभी होगी, जब मनुष्य ‘मैं-अकेला’ की मर्यादा में सोचना छोड़कर “हम-सब” की मर्यादा में सोचना और काम करना आरम्भ करेंगे। ‘सब की उन्नति में अपनी उन्नति’ की मनोवृत्ति में वह जादू है, जिसके द्वारा समाज की भी उन्नति होती है और व्यक्ति की भी। इंग्लैण्ड आदि देश इसके प्रत्यक्ष उदाहरण हैं।

विचार करो! विवेक को जागृत करके सोचो! अध्यात्म शास्त्र के इस एक मात्र-सूर्य से प्रकाशवान-ध्रुव से अटल-सिद्धान्त को समझो। सबकी उन्नति में आपकी उन्नति है, इसलिए केवल व्यक्तिगत लाभ की दृष्टि से ही काम न करो वरन् यह भी सोचो कि कार्य का परिणाम हम सब के लिए क्या होगा। “मैं अकेला” से बढ़कर “हम-सब” की ओर आपकी जितनी प्रगति होगी, उतनी ही आपकी आत्मोन्नति गिनी जाएगी। याद रखो, जिस देश की जितनी आत्मोन्नति होगी, वह उतना ही सुखी और समृद्ध होगा। देश के सुख में ही व्यक्ति का सुख भी निहित है। दुखी पड़ोसियों के बीच रहकर कोई बड़ा आदमी भी शान्तिपूर्वक सुख नहीं भोग सकता। इसलिए हे सुख शान्ति के इच्छुकों! हे अध्यात्म विद्या के जिज्ञासुओं! उठो घर घर में मनुष्य में यह भाव भर दो कि वह खुदगर्जी के बन्धनों को तोड़ कर परमार्थ रूपी मुक्ति की ओर बढ़े, आत्मा का दायरा बढ़ा कर, उसे परमात्मा बनावे। मैं-अकेला’ की निकृष्ट नारकीय वृत्ति को छोड़ कर “हम-सब” की दिव्य भावनाओं को अपनावे। इसी मन्त्र में हमारा और हमारे समाज का उत्थान निहित है।



(अखंड ज्योति. 8/1944)

स्वर्ग प्राप्त करना बहुत ही सरल है.


स्वर्ग प्राप्त करना
        बहुत ही सरल है.
स्वर्ग का द्वार हर मनुष्य के लिए खुला हुआ है। जो चाहे सो उसमें बड़ी आसानी के साथ प्रवेश कर सकता है। परमात्मा ने श्रेष्ठ, शुभ और पुण्य कार्यों को बड़ा ही सरल बनाया है, इस राजमार्ग पर चलने का हर कोई अधिकारी हैं। झूठ बोलने में बहुत सोचने समझने, विचारने और संभल संभल कर बात करने की जरूरत होती है, परन्तु सत्य बोलने में जरा भी खटपट नहीं। चोरी करने के लिए बड़ी तिकड़म लड़ानी पड़ती है, परन्तु ईमानदारी से रहना बेहद आसान है, एक कम बुद्धि का आदमी भी ईमानदारी का व्यवहार बड़ी सुगमता से कर सकता है, इसमें उसे कुछ भी परेशानी न उठानी पड़ेगी। इसी प्रकार जुआ व्यभिचार, ढोंग, छल आदि में पग पग पर कठिनाई पड़ती हैं, परन्तु पावन कर्तव्यों का पालन करते रहना बेहद आसान है, उसमें कोई आपकी बदनामी या कठिनाई नहीं है।

लोग समझते हैं कि असत्य का, पाप का रास्ता सरल और सत्य का, धर्म का रास्ता कठिन है, परन्तु असल बात ऐसी नहीं है। नरक के द्वार तक पहुँचने में बहुत कठिनाई है, और स्वर्ग का द्वार सड़क के किनारे है, जहाँ हर कोई बड़ी आसानी के साथ पहुँच सकता है। यह द्वार हर किसी के लिए हर घड़ी खुला रहता है। आप चाहें तो आज ही-अभी ही, उसमें बे रोक टोक प्रवेश कर सकते हैं। अपने अन्तःकरण को टटोलिए, आत्म निरीक्षण कीजिए, आपके अन्दर जो ईश्वरीय दिव्य तेज जगमगा रहा है, उसके दर्शन कीजिए, विवेक के प्रकाश में अपनी सद्भावनाओं और सद्वृत्तियों की सम्पत्ति को तलाश कीजिए, यही आपकी अमर सहचरी है। यह अप्सराएं आपको क्षण भर में स्वर्ग के दरवाजे तक पहुँचा सकती हैं।



(अखंड ज्योति. 8/1944)

सन्देश.


प्रिय साथियों, 

कल से लगभग एक सप्ताह के लिए भ्रमण में रहूँगा, 
अतएव नियमित पोस्टिंग नहीं कर पाउँगा. 
वापसी पर पुन: सत्संग बनेगा. 
आप श्रृधा बनाये रखिये. 
ईश्वर सबको सानंद रखे. 

जय श्रीरामजी.

परमात्मा की श्रेष्ठ साधना.


परमात्मा की श्रेष्ठ साधना.

(पं. नन्दकिशोरजी उपाध्याय)

जब हम साँस लेते हैं, तो वायु को ग्रहण करने और छोड़ने के साथ साथ “सोऽहम्” शब्द होता है। यह शब्द सोते जागते हर घड़ी होता रहता है। ध्यान देने पर हमारी सूक्ष्म कर्णेन्द्रिय इसे आसानी से सुन सकती है। यह ईश्वरीय वाणी है। अन्तः करण में बैठा हुआ परमात्मा हर घड़ी हमें यह उपदेश दिया करता है कि इस शरीर के अन्तराल में बैठा हुआ, जो आत्मा है-”वह मैं हूँ” सोऽहम्।

जब हम कोई बुरा कार्य करने को तैयार होते हैं, तो उसके विरोध में अन्दर से एक आवाज आती है कि यह कार्य उचित है या अनुचित, इसे करना चाहिये या न करना चाहिये। यदि वह कार्य अच्छा होता है, तो ईश्वर हमें प्रसन्नता, प्रोत्साहन और साहस प्रदान करते हुए अपनी स्वीकृति प्रदान करता है। यदि वह कार्य बुरा होता है तो भय, आशंका, धड़कन, झिझक, लज्जा आदि के साथ परमात्मा उस काम को करने से रोकता है।

ईश्वर को ढूँढ़ने के लिये दूर जाने की जरूरत नहीं है। सबसे निकट स्थान जहाँ ईश्वर का अत्यन्त स्पष्ट दर्शन हो सकता है-अपना हृदय है। हृदय को टटोलते ही परमेश्वर की झाँकी मिलती है। ईश्वर को प्रसन्न करने का एक ही मार्ग है, वह यह कि उसके आदेशों का पालन करते हुए अपने आचार और विचारों को पवित्र बनाया जाए। उलझन भरे साम्प्रदायिक कर्मकाण्डों के चक्कर में फँसने की अपेक्षा आत्म निरीक्षण करना और सच्चरित्र बनना, परमात्मा को प्राप्त करने की श्रेष्ठ साधना है।

धर्म कलह की जड़ नहीं है.


धर्म कलह की जड़ नहीं है.

(श्री स्वामी सत्य भक्त जी महाराज)

निस्संदेह धर्म के नाम पर खून बहाया गया है। पर यह अन्तर न भूलना चाहिए कि धर्म के नाम पर खून बहाया गया है- धर्म के लिए खून नहीं बहाया गया। शैतान भी अपनी शैतानी के लिए खुदा के नाम की ओट ले लेता है, तो मनुष्य ने अपने दुस्वार्थों के लिए अगर धर्म की ओट ले ली तो इसमें धर्म क्या करे? जो नियम समाज के विनाश और सुख शान्ति के लिए जरूरी हैं, उनका मन से, वचन से और शरीर से पालन करने का नाम धर्म है। इस धर्म का उस खून खराबी से कोई सम्बन्ध नहीं है, जो धर्म के नाम पर स्वार्थ या अहंकार वश की जाती है।

कहा जा सकता है कि जब धर्म का ऐसा दुरुपयोग होता है, तब धर्म को नष्ट ही क्यों न किया जाए? मैं कहता हूँ कि भोजन के दुरुपयोग से जब बीमारियाँ पैदा होती हैं, तब भोजन ही बन्द क्यों न कर दिया जाए? आजीवन अनशन करने से मौत भले ही आ जाए पर बीमारी से छुट्टी जरूर मिल जाएगी? क्या आप बीमारी से डरकर इस प्रकार मरना पसंद करेंगे? यदि नहीं तो दुरुपयोग से डर कर धर्म को छोड़ना भी पसंद नहीं किया जा सकता।

धर्म संस्थाओं का मुख्य काम आदमी के दिल पर नीति और सदाचार के संस्कार डालना है। सभी धर्मों ने यही काम किया है। इसलिए मैं धर्मों में समानता देखता हूँ और धर्म संस्थाओं की संख्या से घबराता नहीं हूँ। बहुत से स्कूल होने से या अनेक विश्वविद्यालय होने से जैसे शिक्षा में बाधा नहीं पड़ती किन्तु कुछ लाभ ही होता है। इसी प्रकार बहुत सी धर्म संस्थाएं होने से सच्चे धर्म में बाधा नहीं पड़ती।

व्याध को शाप.


व्याध को शाप.


विपत्ति मनुष्य पर आया ही करती है। परमात्मा ने इसे मनुष्य के वीरता की परीक्षा लेने के लिये उत्पन्न किया है। लड़ाई झगड़े में आवेश के वशीभूत होकर बहुत से योद्धा कट मरते हैं, पर पीछे नहीं हटते किन्तु वीरता की सच्ची परीक्षा आपत्ति के समय होती है, जब कि उसे अकेले ही युद्ध करना पड़ता है और कोई संगी-साथी नज़र नहीं आता। राजा नल जुए में हार कर वनवास कर रहे थे, तो आपत्तियों के पहाड़ उनके सामने आने लगे, आज एक कष्ट था, तो कल दूसरा। योद्धा नल इस परीक्षा में सफल न हो सके, कष्ट और कठिनाइयों से भयभीत हुई बुद्धि किंकर्त्तव्यविमूढ़ हो गई। रानी दमयन्ती को अकेली सोती हुई छोड़कर नल रात्रि के निविड़ अन्धकार में कहीं अन्यत्र दूर देश को चले गये।

प्रातःकाल दमयन्ती सोकर उठी तो उन्होंने उस भयानक जंगल में अपने को बिलकुल अकेला पाया। आगे का मार्ग वे जानती न थीं, भोजन व्यवस्था का, आत्म रक्षा का भी कुछ प्रबंध उनके पास न था। पुष्पों के पालने में पली हुई और राज महलों में हाथों पर रहने वाली राजकुमारी के लिए यह दशा बड़ी ही दुखदायक थी। ऐसी विचित्र स्थिति में अपने को पाकर रानी की आँखों में आँसू बरसने लगे। वे ईश्वर से प्रार्थना करने लगीं कि हे नाथ! मेरी रक्षा करो। सच्ची प्रार्थना कहीं ठुकराई थोड़ी ही जाती है। उसके हृदय में दैवी किरण प्रस्फुटित हुई, साहस की एक ज्योति चमकी, उसी के प्रकाश में इस कठिन वन में से बाहर निकलने का रानी ने प्रयत्न आरम्भ कर दिया।

घासपात खाती हुई, नदी नालों में तृषा शान्त करती हुई, वृक्षों के नीचे रात्रियाँ व्यतीत करती हुई, रानी दमयन्ती उस वन को पार करने के लिये यात्रा करती जाती थी। एक दिन एक बड़ा भारी अजगर रास्ते में दिखाई पड़ा। यह सर्प इतना विशाल, विकराल और विषधर था कि रानी को सहज में निगल सकता था। यह भूखा अजगर रानी को देखते ही शिकार प्राप्ति की प्रसन्नता में जीभ से होंठ चाटता हुआ दमयंती की ओर लपका। रानी का धैर्य टूटने लगा, वह एक करुणा भरी चीख से भगवान को पुकारती हुई चिल्लाई।

एक व्याध शिकार खेलने के लिये उसी वन में आया हुआ था। चीख सुनकर वह लाभ की आशा से उसी ओर दौड़ा। देखते ही उसके बाछें खिल गई। एक तीर में दो शिकार थे। अजगर का बढ़िया चमड़ा, उसकी मस्तक मणि तथा सुन्दर स्त्री। वधिक को अधिक सोच विचार करने की जरूरत न थी। उसका हाथ सीधा तरकस पर गया। दूसरे क्षण एक सनसनाता हुआ तीर अजगर की गरदन में जा घुसा। मृत्यु निश्चित थी, सर्प को कुछ ही क्षण में प्राण त्याग देने के लिये बाध्य होना पड़ा।

रानी ने एक ठण्डी साँस ली, उसने अनुभव किया कि ईश्वर ने उसे बचा दिया। व्याध वृक्षावलियों को चीरता हुआ शिकार के पास आया, सर्प मरा हुआ पड़ा था। चमड़ा और मणि के लिये उसे निश्चिन्तता थी, उसे कुछ क्षण बाद निकाल लिया जाएगा, अभी तो उसे उस सुरसुन्दरी को अपनाना था। वह धीरे धीरे रानी के पास पहुँचा और कपटमयी मधुर वाणी में रानी को तरह तरह से ललचाने फुसलाने लगा। उसके वार्तालाप का साराँश क्या है यह समझने में रानी को देर न लगी। उन्हें प्रतीत हो गया कि व्याध सतीत्व का अपहरण करना चाहता है।

धर्म की सगी पुत्रियाँ, इस भूतल पर अग्नि की पवित्रता का साक्षात प्रतिनिधित्व करने वाली प्रतिमाएं महिलाएं ही हैं। यह नारकीय विश्व सती साध्वी देवियों के ही पुण्य प्रताप से ठहरा हुआ है अन्यथा माता वसुन्धरा इतने भार से व्याकुल होकर कब की रसातल चली गई होती। दमयंती जैसी सती पर वधिक की बातों का क्या प्रभाव हो सकता था? उसने कहा-”पुत्र! तू कैसे अनर्थकारक वचन बोलता है, ऐसा कहना तेरे योग्य नहीं। धर्म को समझ, अधर्म में बुद्धि मत डाल।”

व्याध रानी के निर्भीक वचनों से सहम तो गया किन्तु उसकी पुरानी क्रूर भावना दबी न। जिसने निरंतर अपनी बुद्धि को दुष्कर्मों में लिप्त रखा है,वह अपनी विवेक बुद्धि को खोकर निर्लज्जतापूर्वक कर्म कुकर्म करने पर उतारू हो जाता है। व्याध बलपूर्वक रानी का सतीत्व हरण करने के लिये तत्पर हो गया।

स्थिति बड़ी पेचीदा थी। परन्तु धर्म तो अमूल्य वस्तु है, वह तो प्राण देकर भी रक्षा करने योग्य है, रानी इस मर्म को समझती थी। वह अकेली थी, तो भी सत्य उसके साथ था, सत्य का बल दस सहस्र हाथियों के बराबर होता है, उसका मुकाबला करने की शक्ति बड़े से बड़े अत्याचारी में नहीं होती। रानी का धर्म तेज उबल पड़ा। वधिक जब आक्रमण करने पर तुल ही गया तो रानी ने अपनी सम्पूर्ण शारीरिक और मानसिक शक्ति के साथ उससे युद्ध किया और सत्य की दैवी सत्ता के कारण उसे मार गिराया। व्याध अपने कुकर्म का फल पाने के लिये सर्प की तरह भूमि पर लोटने लगा।

महाभारत साक्षी है कि दमयंती के श्राप से व्याध मुँह कुचले हुए सर्प की गति को प्राप्त हुआ। आज भी धर्म की साक्षात् प्रतिमाएं-बहिनें और पुत्रियाँ-अपने आत्म तेज के साथ गुण्डों और कुकर्मियों का साहस पूर्वक मुकाबला करें तो उन दुष्टों को भी सर्प गति ही प्राप्त करनी पड़ेगी चाहे वे देखने में आसुरी बल से कितने ही बलवान् प्रतीत क्यों न होते हों।

(अखंड ज्योति. 7/1944)


आत्मा और परमात्मा का सम्बन्ध.


आत्मा और परमात्मा का सम्बन्ध.


आत्मा - परमात्मा का ही अंश है। जिस प्रकार जल की धारा किसी पत्थर से टकराकर छोटे छींटों के रूप में बदल जाती है, उसी प्रकार परमात्मा की महान सत्ता अपने क्रीड़ा विनोद के लिए अनेक भागों में विभक्त होकर अगणित जीवों के रूप में दृष्टिगोचर होती हैं। सृष्टि सञ्चालन का क्रीड़ा कौतुक करने के लिए परमात्मा ने इस संसार की रचना की। वह अकेला था। अकेला रहना उसे अच्छा न लगा, सोचा एक से बहुत हो जाऊँ। उसकी यह इच्छा ही फलवती होकर प्रकृति के रूप में परिणित हो गई। इच्छा की शक्ति - महान है। आकाँक्षा अपने अनुरूप परिस्थितियाँ तथा वस्तुयें एकत्रित कर ही लेती है। विचार ही कार्य रूप में परिणित होते हैं, और उन कार्यों की साक्षी देने के लिए पदार्थ सामने आ खड़े होते हैं। परमात्मा की एक से बहुत होने की इच्छा ने ही अपना विस्तार किया तो यह सारी वसुधा बन कर तैयार हो गई।

परमात्मा ने अपने आपको बिखेरने का झंझट भरा कार्य इसलिए किया कि बिखरे हुए कणों को फिर एकत्रित होते समय असाधारण आनन्द प्राप्त होता रहे। बिछुड़ने में जो कष्ट है, उसकी पूर्ति मिलन के आनन्द से हो जाती है। परमात्मा ने अपने टुकड़ों को - अंश, जीवों में बिखेरने का विछोह कार्य इसलिए किया कि वे जीव परस्पर एकता, प्रेम, सद्भाव, संगठन, सहयोग का जितना - जितना प्रयत्न करें, उतने आनन्दमग्न होते रहें। प्रेम और आत्मीयता से बढ़कर उल्लास शक्ति का स्रोत और कहीं नहीं है। अनेक प्रकार के बल इस संसार में मौजूद हैं, पर प्राणियों की एकता के द्वारा जो शक्ति उत्पन्न होती है, उसकी तुलना और किसी से भी नहीं की जा सकती। पति-पत्नी, भाई - भाई, मित्र - मित्र, गुरु- शिष्य, आदि की आत्मीयता जब उच्च स्तर तक पहुंचती है, तो उस मिलन का आनन्द और उत्साहवर्धक प्रतिफल इतना सुन्दर होता है कि प्राणी अपने को कृत्य - कृत्य मानता है।

कबीर का एक दोहा प्रसिद्ध है --

राम बुलावा भेजिया कबिरा दीना रोय।
जो सुख प्रेमी संग में, सो बैकुण्ठ न होय॥ 


इस दोहे में बैकुण्ठ से अधिक प्रेमी के सान्निध्य को बताया गया है। कबीर प्रेमी को छोड़कर स्वर्ग जाने में दुख मानते और रोने लगते हैं। वस्तु स्थिति यही है। सच्चे प्रेम में ऐसा ही आनन्द होता है। जहाँ मनुष्य - मनुष्य के बीच में निष्कपट, निःस्वार्थ, आन्तरिक और सच्ची मित्रता होती है, वहाँ गरीबी आदि की कठिनाइयाँ गौण रह जाती हैं और अनेक अभावों एवं परेशानियों के रहते हुए भी व्यक्ति उल्लास भरे आनन्द का अनुभव करता है।

उपासना में प्रेम का अभ्यास एक प्रमुख आधार है। ईश्वर की भक्ति करने का अर्थ है - आदर्शवाद। प्रेम के विकास का आधार भी यही है। सच्चे और ईमानदार मनुष्यों के बीच ही दोस्ती बढ़ती और निभती है। धूर्त और स्वार्थी लोगों के बीच तो मतलब की दोस्ती होती है वह जरा- सा आघात लगते ही काँच के गिलास की तरह टूट -फूट कर नष्ट हो जाती है। लाभ में कमी आते ही तोते की तरह आंखें फेर ली जाती हैं। यह दिखावटी धूर्ततापूर्ण मित्रता तो एक प्रवंचना मात्र है, पर जहाँ जितने अंगों में सच्चा मैत्री भाव होगा वहाँ आनन्द, सन्तोष और प्रफुल्लता की निर्झरिणी निरन्तर झरती रहेगी। यदि कुछ लोगों का परिवार या संगठन प्रेम के उच्च आदर्शों पर आधारित होकर विकसित हो सके तो वहाँ उस परिवार के सभी सदस्यों को विकास एवं हर्षोल्लास का परिपूर्ण अवसर मिलता रहेगा। जिस समाज में सच्ची मित्रता, उदारता, सेवा और आत्मीयता का आदर्श भली प्रकार फलने - फूलने लगता है वहाँ निश्चित रूप में स्वर्गीय वातावरण विनिर्मित होकर रहता है। देवता जहाँ कहीं रहते होंगे वहाँ उनके अच्छे स्वभाव ने प्रेम का वातावरण बना रखा होगा और उस भाव - प्रवाह ने वहाँ स्वर्ग की रचना कर दी होगी। स्वर्ग यदि कहीं हो सकता है तो उसकी सम्भावना वहीं होगी जहाँ सज्जन पुरुष प्रेमपूर्वक मिल-जुल कर आत्मीयता, उदारता, सेवा और सज्जनतापूर्वक रह रहे होंगे।

ईश्वर उपासना से स्वर्ग की प्राप्ति का जो महात्म्य बताया गया है, उनका आधार यही है कि उपासना करने वाले को भक्ति का मार्ग अपनाना पड़ता है। परमात्मा को, आत्मा को, आदर्शवाद को जो भी प्यार करना सीख लेगा, उसे अनिवार्यतः प्राणिमात्र से प्रेम का अभ्यास होगा, और इस कारण के रहते हुए उसका निवास स्थान एवं समीपवर्ती वातावरण स्वर्गीय अनुभूतियों से ही भरापूरा रहेगा। उपनिषद् का वचन है -- “रसो वैस” अर्थात् प्रेम ही परमात्मा है। बाइबिल में भी इसी तथ्य की पुष्टि की है और मनुष्य को प्रेमी स्वभाव का बनने पर जोर देते हुए कहा है कि जो प्रेमी है वही ईश्वर का सच्चा भक्त कहलायेगा। भक्ति की महिमा से आध्यात्म - शास्त्र का पन्ना - पन्ना भरा पड़ा है। भक्ति से मुक्ति मिलने की प्रतिष्ठापना की गई है। भक्त के वश में भगवान को बताया गया है। इन मान्यताओं का कारण एक ही है कि प्रेम की हिलोरें जिस अन्तरात्मा में उठ रही होंगी, उसका स्तर साधारण न रहेगा। जिसमें दिव्य गुण, दिव्य स्वभाव का आविर्भाव होगा, वह दिव्य कर्म ही कर सकेगा। ऐसे ही व्यक्तियों को देवता कहकर पुकारा जाता है। जहाँ देवता रहेंगे, वहाँ स्वर्ग तो अपने आप ही होगा।

प्रेम का अभ्यास ईश्वर को प्रथम उपकरण मानकर किया जाता है। कारण यही है कि उसमें स्वार्थ भी दोष नहीं है। सूक्ष्म ब्रह्म की उपासना जिन्हें कठिन पड़ती है वे साकार प्रतिमा बनाकर अपनी भावनाओं को किसी पूजा प्रतीक पर केन्द्रित करते हैं, फलस्वरूप निर्जीव होते हुए भी वह माध्यम सजीव हो उठता है। मूर्ति - पूजा का तत्वज्ञान यही है। यह बात हर कोई जानता है कि देव प्रतिमायें पत्थर या धातु की बनी निर्जीव होती हैं। उनके सजीव होने की बात कोई सोचता तक नहीं। पर यह आध्यात्मिक तथ्य मूर्ति पूजा के माध्यम से प्रकाश में लाया जाता है कि जिस किसी से सच्चा प्रेम किया जायेगा जिसके लिए भी आस्था और श्रद्धा का प्रयोग किया जायेगा, वह वस्तु चाहे निर्जीव हो या सजीव, भक्त की भावना के अनुरूप फल देने लगेगी। मूर्ति पूजा करते हुए साकार उपासना करने वाले अगणित भक्तजन जीवन लक्ष्य को प्राप्त कर सकने में सफल हुये है। मीरा, सूर, तुलसी, रामकृष्ण परमहंस आदि की साकार उपासना निरर्थक नहीं गई। उन्हें परमहंस तक पहुँचा सकने में ही समर्थ हुई।

रबड़ की गेंद दीवार पर मारने से लौटकर फैंकने वाले के पास ही पीछे को लौटती है। पक्के कुँए में मुँह करके आवाज लगाने से प्रतिध्वनि गूँजती है। उसी प्रकार इष्ट देव को दिया हुआ प्रेम लौटकर प्रेमी के पास ही आता है, और उस प्रेम प्रवाह से रससिक्त हुआ अन्तरात्मा ईश्वर मिलन, ब्रह्म साक्षात्कार एवं भगवत् कृपा का प्रत्यक्ष अनुभव करता है। एकलव्य भील की बनाई हुई मिट्टी की द्रोणाचार्य की प्रतिमा, उसे उतनी शस्त्र - विद्या सिखाने में समर्थ हो गई, जितनी कि गुरु द्रोणाचार्य स्वयं भी नहीं जानते थे। मिट्टी के द्रोणाचार्य में एकलव्य की जो अत्यन्त निष्ठा थी, उसके कारण ही वह प्रतिक्रिया सम्भव हो सकी कि वह भील बालक उस युग का अनुपम शस्त्र चालक बन सका। ईश्वर के साकार व निराकार स्वरूप का ध्यान पूजन, जप, अनुष्ठान करते हुए साधक अपनी प्रेम भावना, श्रद्धा और निष्ठा को ही परिष्कृत करता है। इस मार्ग में वह जितनी प्रगति कर सके उतनी ही ईश्वरानुभूति का परमानन्द उसे उपलब्ध होने लगता है।

साधना यदि सच्ची हो, सच्चे उद्देश्य से की गई हो तो उसका परिणाम यह होना ही चाहिए कि उपासक के मन में प्रेम की धारा प्रवाहित होने लगे, वह प्राणी मात्र को अपनी आत्मा में और अपनी आत्मा को प्राणिमात्र में देखे। दूसरों का दुःख उसे अपने निज के दुःख जैसा कष्टकारक प्रतीत हो और दूसरों को सुखी, समुन्नत देखकर अपनी श्री समृद्धि की भाँति ही सन्तोष का अनुभव करे। प्रेम का अर्थ है -- आत्मीयता और उदारता। जिसके साथ प्रेम भाव होता है उसके साथ त्याग और सेवापूर्ण व्यवहार करने की इच्छा होती है। प्रेमी अपने को कष्ट और संयम में रखता है, और अपने प्रेमपात्र को सुविकसित, सुन्दर एवं सुरम्य बनाने का प्रयत्न करता है। सच्चे प्रेम का यही एकमात्र चिन्ह है कि जिसके प्रति प्रेम भावना उपजे उसे अधिक सुन्दर, अधिक उज्ज्वल एवं प्रसन्न करने का प्रयत्न किया जाय।

(अखंड ज्योति-9/1964)


धर्म और चमत्कार.


धर्म और चमत्कार.
(महात्मा बुद्ध की डायरी)

उस दिन राजगृह के नगर सेठ को, यही पागलपन सूझा। उसने एक चन्दन का पात्र बनवाकर एक लम्बे बाँस पर लटका दिया और जो कोई भिक्षु आता, उससे कहता-अगर आप अर्हत्* हैं, तो बाँस पर चढ़कर पात्र उतार लीजिए। मानो अर्हत्पन की कसौटी बाँस पर चढ़ने योग्य नट कला हो। ये मूर्ख इतना भी नहीं समझते कि कोई भी नट बाँस पर चढ़कर पात्र उतार सकता है, तो क्या वह अर्हत् हो जायगा? और अर्हत् भी बाँस पर चढ़ने की कला या शक्ति से वंचित हो सकते हैं। तो क्या वे अनर्हत हो जायेंगे। वह सेठ भी मूर्ख, दुनिया भी मूर्ख और मेरे बहुत से शिष्य भी मूर्ख। मेरे शिष्यों में से वह पिंडोल भारद्वाज उस सेठ के यहाँ जा पहुँचा। उसने नट की तरह बाँस पर चढ़कर पात्र उतार लिया। उसने समझा कि बड़ी धर्म प्रभावना हो गई। भीड़ उसके पीछे लग गई, पिंडोल ने समझा मैं सचमुच अर्हत् हो गया।

यदि पिंडोल सरीखे मूर्ख शिष्य धर्म की ऐसी ही प्रभावना करने लगेंगे तो धर्म में सच्चे त्यागियों और समाज सेवकों को स्थान ही न रह जाएगा। धर्म संस्था नटों का अखाड़ा हो जाएगी, इसलिए भिक्षु संघ को बुलाकर मैंने सबके सामने पिंडोल को डाँटा और उसके चन्दन के पात्र के टुकड़े-टुकड़े करवा दिये।


(*अर्हत=उच्च अध्यात्मिकता से परिपूर्ण)