दीर्घ जीवन का रहस्य.


दीर्घ जीवन का रहस्य.

कुछ दीर्घ जीवी महानुभावों ने अपने दीर्घ जीवन का रहस्य अपने अनुभव के आधार पर बताये हैं। पाठकों के लाभार्थ उन अनुभवों को नीचे प्रकाशित किया जा रहा है। इन अनुभवों से लाभ उठाकर अन्य महानुभाव भी उन्हीं की तरह सुन्दर स्वास्थ्य के साथ दीर्घ जीवन प्राप्त कर सकते हैं। 

प्रोफेसर कर्वे, उम्र 81, वर्ष पूना- ‘खूब भ्रमण करो। नियमित रूप से सुबह-शाम को टहलो। चाय की आदत न डालो।’ 

रेट बोर्न अमरीका, उम्र 72 साल-’पैरों से चलने-फिरने के कारण मुझमें जवानी का जोश अब तक कायम हैं। मैं अब भी प्रति सप्ताह पचास मील से अधिक चलता हूँ। पैदल चलने के कारण ही मैं जिन्दगी का आनन्द लूट रहा हूँ। घूमने से हाजमा सुधरता हैं, शरीर के विकार नष्ट होते हैं और फेफड़े अच्छी तरह कार्य करने लगते हैं। घूमना सबसे सरल और प्राकृतिक व्यायाम हैं। चाल में फुर्ती होनी चाहिये। चाय, काफी, शराब और सिगरेट से मुँह मोड़ लीजिये।’ 

बैजमिन, उम्र-114 वर्ष-’कर्म खाओ, ज्यादा चबाओ, सवारी पर कम बैठो, पैरों से खूब चला, गाली कम दो, हँसो ज्यादा और खूब सोओ। चिन्ताओं को हँस-हँस कर टाल दो, पेट के साथ ज्यादती न करो। शाकाहारी बनो।’ 

लुई क्रेमर, 70 वर्ष-गत 50 वर्ष से मैं खूब घूमता रहा हूँ। पिछले 23 वर्ष से तो मैं रोज 30-40 मीलों चला हूँ। शराब पीना मैंने बहुत वर्षों से छोड़ दिया हैं और चाय, काफी तथा तम्बाकू से मुझे नफरत हैं। शाम को दूध, भाजी और फल मेरे लिए पर्याप्त होते हैं। बिना छाने आटे की रोटी मैं लेता हूँ। पेय पदार्थों में पानी, दूध और फलों का रस मुझे प्रिय हैं। जो जीवन से निराश हो चुके हैं। उनको मेरी सलाह हैं, ‘घूमना शुरू करो, पगडंडी पकड़ लो और स्वास्थ्य के उच्चतम शिखर पर चढ़ जाओ।’ 

डॉक्टर मेंचनी कौफ, बलगेरिया-’दही और मट्ठे का प्रयोग बहुत लाभदायक हैं, क्योंकि ये अंतड़ियों में पहुँचकर उनको शुद्ध करते हैं।’ 

बलगेरिया में दीर्घ-जीवियों की संख्या अधिक हैं और उनके जीवन तथा आहार का अध्ययन करके डॉक्टर साहब इस परिणाम पर पहुँचे हैं। 

विक्टर डेन-’उत्तेजक मनोविकारों से दूर रहो। उनसे उम्र घटती है, चेहरे पर झुर्रियाँ पड़ जाती हैं और हमारे शरीर में तरह-तरह के विष पैदा हो जाते हैं। घृणा, कामुकता, क्रोध और द्वेष इत्यादि तीव्र मनोविकारों से अपने को बचाओ।’ 

डॉक्टर बरसन मैकफैडन, अमरीका-’अपने दाँतों से अपनी कब्र मत खोदो। अत्यधिक खाने से आदमी कम जीता है। 

डॉक्टर शाहू, नागपुर-’पिण्डखजूर खाओ। इससे कब्ज दूर होगा। गरम मसाले, मिर्च, चाय, तम्बाकू और शराब से दूर रहो।’ 

श्री वासुदेवराव गणेश जोशी, पूना-’सुबह चार बजे से 6 बजे तक नित्यप्रति टहलो। जब मन में उदासी का अनुभव हो, अन्न छोड़कर-केवल दूध का सेवन करो।’ 

लगमाण्णा कोकर्ण, बेलगाँव, उम्र 80 वर्ष ‘खेतों की शुद्ध हवा में रहो, दूध पियो और ताजी शाक-भाजी का सेवन करो। भोजन करते समय पानी बिल्कुल न पियो। ठंडे जल से स्नान करो, दांतों को शुद्ध रखो, रात को जल्दी सोओ और सुबह जल्दी उठो।’ 

शेख इस्माइल, नागापट्टम, उम्र 226 वर्ष-’खूब घूमो, चाय, सिगरेट, बीड़ी, तमाखू आदि से परहेज करो।’ 

एक ईरानी, उम्र 126 वर्ष-’खूब घूमिए, खूब दूध पीजिये, खूब खाइये और खूब प्रसन्न रहिये। बेफिक्री और अलमस्ती दीर्घ-जीवन की कुँजी हैं।’ 

विश्राम के मानी है, शरीर में जंग लगाना। परिश्रम को भार मत समझो। श्रम ही पूजा है। 

सरदार फीरोज दस्तूर-’नियमित रूप से आहार करो। प्रातःकाल उठो। सदा प्रसन्न रहो। दुःखों को भी हँसते हुए सहन करो। शराब और तमाखू हानिकारक हैं। खूब घूमो।’ 

जाहिद पाल, अवस्था 115 वर्ष-’मैंने अपनी आयु के प्रथम 40 वर्ष केवल खजूर और पानी पर बिताये थे।’ 

सालाक ममोसा, अवस्था 205 वर्ष-’मैंने जीवन भर घास के अतिरिक्त और कुछ नहीं खाया हैं। अपने लिए मैं स्वयं घास उखाड़ता हूँ और स्वयं पकाता हूँ। कभी-कभी परिवर्तन के लिए कच्ची घास भी खाता हूँ। 

सर दिनशावाचा, अवस्था 90 वर्ष-’मैं 5 बजे सबेरे उठता हूँ और रात को नियमित समय पर सो जाता हूँ। ‘अति सर्वत्र वर्जयेत्’ का अनुयायी हूँ। मेरे घूमने ने मेरे स्वास्थ्य को स्थाई बनाने में बड़ी सहायता पहुँचायी हैं। मैं खेलना भी पसन्द करता हूँ।’ 

मिसेज केथराइन प्रकेट अवस्था 112 वर्ष-’मैं अपनी रहन सहन में सदा से सादी रखती चली आ रही हूँ और कामों में काफी दिलचस्पी लेने की मेरी आदत हैं। 

सर तेमुल जी, अवस्था 87 वर्ष-’मैं खान-पान में सदा से संयमी रहा हूँ। मैं जानता हूँ कि मुझे कितना खाना चाहिए, क्या खाना चाहिए, कब खाना चाहिए और कैसे खाना चाहिए। मैं नियमित रूप से व्यायाम करता हूँ। इस उम्र में भी मैं खूब घूमता हूँ डंड-बैठक लगाता हूँ। 75 वर्ष की उम्र तक दवा की एक बूँद की भी मुझे आवश्यकता नहीं मालूम हुई। मैं सबेरे उठ जाता हूँ। हमें यह न भूल जाना चाहिए कि शरीर के साथ अन्याय करने से उसका पाप हमें भुगतना पड़ेगा। देर से या जल्दी ही।’ 

सर नसरवान जी, अवस्था 73 वर्ष-मैं तड़के उठता हूँ और तभी से अथक परिश्रम आरम्भ कर देता हूँ। शारीरिक व्यायाम मनुष्य को युवा बनाये रखने में बड़ी सहायता पहुँचाते हैं। मैंने जवानी में जो व्यायाम किये, उसका मजा इस बुढ़ापे में लूट रहा हूँ। व्यायाम अनेक रोगों की अर्व्यथ औषधि हैं,किन्तु जिस समय मन और शरीर दोनों थक जाते हैं उस समय व्यायाम कदापि न करना चाहिए। नियमित रहने की आदत अच्छी हैं।’ 

मिसेज पीटर ड्रमंड, अवस्था 100 वर्ष-’मेरा जन्म अच्छे वंश में हुआ हैं। मैंने अपने शरीर को सदैव काम में लगाये रक्खा हैं। जीवन में जो अच्छी वस्तुएं हैं, मैंने उन सबका उपयोग किया हैं। मद्यपान से मैं घृणा करती हूँ।’ 

सर होती मेहता-दीर्घजीवी होना, मेरे हाथ की बात हैं। खूब खेलना और मस्त रहना स्वास्थ्य-वर्धक हैं। मैं कहीं भी होऊँ 5.30 बजे सुबह जरूर उठ जाता हूँ। मैं काम करने में सुख अनुभव करता हूँ और पेंशन लेने की कल्पना भी नहीं करता। मैं कभी खतरनाक बीमारी का शिकार नहीं हुआ। मुझे दवाओं पर तनिक विश्वास नहीं हैं। जब कभी मुझे शरीर में कुछ खराबी मालूम होती हैं, मैं भोजन त्याग देता हूँ और उपवास करने लगता हूँ। उपवास में जल खूब पीता हूँ, रात में अधिक जागना हानिकारक हैं। खुली हवा में अधिक रहो। दिल को हँसी-खुशी से उछालते रहो, मनहूसियत से सदा दूर रहो। अधिक भोजन करने से उम्र घटती है।’ 

इस्तम्बोल का जारा आगा, अवस्था, 160 वर्ष-’मेरी दीर्घायु का रहस्य, मेरा संयमी जीवन हैं, मैंने केवल शाक-भाजी और फल खाकर इतनी लम्बी उम्र पाई हैं।’ 

जार्ज बर्नार्डशा, अवस्था 86 वर्ष-धूम्र पान या मद्यपान न करने के कारण ही मुझमें एक युवक जैसा रक्त चाप हैं। मैं कट्टर शाकाहारी हूँ और डाक्टरों से सदा बचता रहता हूँ।’ 

मिसेज एक स्टन्सन, अवस्था 112 वर्ष-’मेरे दीर्घजीवन का रहस्य है, काम करना और संतुष्ट रहना।’ 

जीवन सखा’

(अखंड ज्योति-4/1994)

इच्छा शक्ति और सफलता.



इच्छा शक्ति और सफलता.
(चन्द्र किशोर जी तिवारी)

किसी कार्य की सफलता के लिए दृढ़ संकल्प की अत्यन्त आवश्यकता है। जिसकी प्रेरणा से मनुष्य कठोर परिश्रम में संलग्न होकर अपने ध्येय को प्राप्त करने तक निष्ठापूर्वक जुटा रहता है, वह संकल्प शक्ति ही है। तीव्र इच्छा होने पर ही किसी कार्य में पूरी शक्ति के साथ लगा जा सकता है और पूरी शक्ति के साथ प्रवृत्त होने पर ही सफलता प्राप्त होती है। तात्पर्य यह है कि तीव्र इच्छा-दृढ़ संकल्प ही वह शक्ति है, जिसके द्वारा लक्ष को प्राप्त किया जा सकता है।

जिनमें आशा, उत्साह और लालसा नहीं है, जो उद्देश्य को प्राप्त करने के लिए अपनी समस्त इच्छा शक्ति का प्रयोग नहीं कर रहे हैं, ऐसे लोगों के लिए छोटे, मामूली और साधारण कामों में भी सफलता मिलना कठिन है। थकी हुई नस नाड़ियों में भी तीव्र इच्छा की बिजली जब कौंधती हैं, तो उनमें एक अपूर्व सामर्थ्य जाग पड़ती है। इसके विपरीत आशा और उत्साह के अभाव में स्वस्थ और समर्थ शरीर भी निस्तेज हो जाता है, उसका मन मुर्झाया रहता है। अधूरी शक्ति से काम करने पर अधूरी सफलता की ही आशा की जा सकती है। कभी कभी तो ऐसे अवसर आते हैं कि वह अधूरी सफलता भी हाथ से चली जाती है और भाग्य को दोष देना एवं दुर्भाग्य पर पछताना ही हाथ रह जाता है।

निर्बल इच्छा-जिसके पीछे प्रयत्न का क्रियात्मक कार्यक्रम न हो निरर्थक है। शेखचिल्ली की तरह कल्पना की उड़ानों में उड़ना और पलंग पर पड़े पड़े मन के मोदक खाते रहने से कुछ प्रयोजन सिद्ध नहीं हो सकता। ऐसी निर्बल कल्पनाएं करते रहने से तो मनुष्य अवास्तविक, संदिग्ध, सनकी और एक प्रकार का मानसिक रोगी हो जाता है। हमें अपनी शक्ति, सामर्थ्य, योग्यता, कार्यक्षेत्र और सामयिक परिस्थितियों को देखते हुए, अपनी योजनाएं बनानी चाहिए, उनके हानि लाभ, विघ्न बाधा और परिणामों पर गंभीरतापूर्वक विचार करना चाहिए जब विचार विवेचना के पश्चात किसी निश्चित परिणाम पर पहुँच जाया जाए तो उसे पूरा करने के लिए समस्त इच्छा शक्ति, दृढ़ता, संकल्प, आशा और उत्साह के साथ लग जाना चाहिए, तभी सफलता का प्राप्त होना संभव है।

संसार के महापुरुषों की सफलता पर जब हम दृष्टिपात करते हैं तो मालूम होता है कि धन, सुविधा या साधनों के कारण वे इतने ऊँचे नहीं बने। गरीबी और बेबसी की दुरवस्था को उनने अपने व्यक्तिगत सद्गुणों के द्वारा पार किया और फिर जीवन संग्राम के मोर्चे पर मोर्चा फतह करते हुए आगे बढ़ गये। तीव्र इच्छा की अलौकिक शक्ति उनकी धमनियों में प्राण संचार करती रही और वे बिना एक क्षण के लिए रुके अपने उद्देश्य पथ पर चलते रहे, आखिर एक दिन उनने सफलता को प्राप्त कर ही लिया।

महात्मा वाक्सटन कहा करते थे कि - “ऐ युवकों! तुम अपने भाग्य के स्वयं निर्माता हो, जैसे चाहो वैसे बन सकते हो। जो कुछ प्राप्त करना चाहो कर सकते हो। तीव्र इच्छा करो, अभिष्ट कार्य को पूरा करने की प्रतिज्ञा करो और निश्चित गति से काम में जुटे रहो तो तुम अवश्य ही सफल होकर रहोगे।”

जहाँ चाह है, वहाँ राह मिलेगी। जहाँ आवश्यकता होगी, वहाँ आविष्कार होकर रहेगा। जो खटखटायेगा द्वार, उसके लिए खोला जायेगा। जिसका जिस पर सत्य स्नेह है, सो उसे मिलने में कुछ संदेह नहीं समझना चाहिए। इच्छा शक्ति का ऐसा ही चमत्कार पूर्ण महात्म्य है, जो प्राण प्रण से किसी काम में जुट जाता है, वह उस कार्य में सफल होकर ही रहता है। इस सत्य को यदि हम हृदयंगम कर लें तो समझना चाहिए कि सफलता के सम्मुख ही खड़े हुए हैं।

वास्तविक अहिंसा क्या है?


वास्तविक अहिंसा क्या है?
(श्री महात्मा चिदानन्दजी सरस्वती)

किसी से अभिद्रोह न करना अहिंसा है। जब अभिद्रोह करना बुरा माना है तो मन, वाणी या शरीर से किसी को सताना या किसी की हत्या करना ही बुरा है। वेद ने विश्व प्रेम तथा विश्व भ्रातृभाव का विस्तार दिया है। चींटी से लेकर मनुष्य तक सब के अंतर्गत आत्मा का जब अपना ही स्वरूप मानने का आदेश है, तो फिर किसी को मारना, सताना नहीं होता, फिर अभिद्रोह करने की तो बात ही नहीं उठती।

अब प्रश्न यह उठता है कि वेद जो “यस्तुसर्वाणि भूतानि आत्मन्येवानुपश्यति” अर्थात् सब प्राणियों में अपनी आत्मा समझने का विचार दिया है-उसी वेद में आततायी शत्रुओं को मारने, काटने के मन्त्र भी आते हैं। यह परस्पर विरोध क्यों? इसका उत्तर इतने में ही समझ लेना चाहिये कि वैदिक ऋषि इस जगत के व्यवहार को खूब जानते थे। उन्हें पता था कि इस प्राणी समूह में सात्विक, राजस तथा तामस सभी प्रकृति के जीव हैं। जो जीव इस जगत में किसी को हानि पहुँचाते हैं, उन्हें दण्ड देने या मारने को शास्त्र इसलिये पुण्य मानता है कि उस दण्ड से जहाँ राष्ट्र में शाँति स्थापित होती है, वहाँ उस प्राणी का भी भला होता है। जैसे डाकू है और वह रास्ते में जाने वाले यात्रियों को लूटता मारता है। यदि ऐसे पुरुष को पकड़ कर दण्ड दिया जावेगा तो एक तो उसे जेल (कारागार) में रखने से संसार में शाँति होगी, दूसरा कारागार में कष्टमयी यातनाओं के भोगने से उसका मन भी आगे से ऐसे कुकर्म करने के लिये उसके मन में भय उत्पन्न होगा। साथ ही इस प्रकार के दूसरे लोगों पर भी इसका प्रभाव पड़ेगा और वे भी अनुभव करेंगे कि यदि हमने भी डाका डाला तो हमें भी जेल या दूसरे दण्ड भोगने पड़ेंगे। इसी प्रकार-शेर, चीता, मगरमच्छ, साँप तथा दूसरे हानिकारक प्राणियों और जगत् की शाँति तथा जाति के नियमों के नाशक पुरुषों को मारना भी अहिंसा में शामिल किया गया हैं-हिंसा में नहीं।

यजुर्वेद के मन्त्र (“द्यौशान्तिरन्तरिक्ष ॐ शान्ति”) में शान्ति प्राप्ति की प्रार्थना की गई है कि हे प्रभो! हमें सूर्य, चान्द, पृथ्वी, जल, भूमि आदि सब शान्ति दें-तो वहीं यह वाक्य भी आता है कि “शान्तिरेव शान्तिः” अर्थात् हे परमेश्वर! वह शान्ति भी हमारे लिये शान्ति का कारण हो। इसका तात्पर्य यह है कि जिस शान्ति के रखने से परिणाम में अशान्ति उत्पन्न होती है, वह शान्ति हमें नहीं चाहिये। इस बात को यदि हम विस्तार से समझना चाहें तो इस तरह समझें कि कोई दुष्ट हमारे घर में आकर हमारा सामान उठाता है, या हमारी बहू बेटियों को कुदृष्टि से देखता है, या हमें मार्ग में सताता है, और हम उसे इसलिये कुछ नहीं कहते कि इसे पकड़ने या मारने से अशान्ति होगी, इसलिये शान्ति रखनी चाहिये, तो वेद ऐसी निष्क्रिय शान्ति के विरुद्ध है। वेद कहता है कि यह शान्ति तो सदा के लिये अशान्ति उत्पन्न करने वाली होगी। यदि पापी को दण्ड दिया गया तब तो सदा के लिये शान्ति रहेगी। दुष्टों को दण्ड देना ही स्थायी शान्ति की स्थापना है। इसीलिये यह प्रार्थना है कि हमारी ‘शान्ति’ ‘शान्तिकारिणी’ हो।

साराँश यह है कि आत्मरक्षा में की गई हिंसा ‘अहिंसा’ है। उस अवस्था में हानिकर पशु, प्राणी या मनुष्य को मारना अथवा दण्ड देना पाप नहीं। इस भाव को सूक्ष्म दृष्टि से विचारने से यह स्पष्ट हो जाता है जहाँ वेद सबसे प्रेम और मित्र दृष्टि से देखने की आज्ञा देता है, वहाँ दुष्टों तथा हानिकर पुरुषों को ताड़ने, मारने और दण्ड देने की भी आज्ञा देता है। वेद के यह वाक्य परस्पर विरोधी नहीं, प्रत्युत यह जगत में स्थायी शान्ति स्थापना का निश्चित नियम है। इसी भाव को न जानने से आर्य जाति, जो कि वीर और लड़ाकू जाति थी, जिसकी शक्ति से शत्रु थर थर काँपते थे, जिसका नाम सुनकर दुष्टों के हृदय धड़कने लग पड़ते थे, आज वह “दब्बू” डरपोक सी बनी हुई है। साधारण से साधारण पुरुष भी इसे दबा लेने का साहस कर सकता है।

आर्यों के धर्मशास्त्रों में आत्म रक्षा (Self Defence) के लिये दुष्टों को मारने के निमित्त बहुत से प्रमाण और दृष्टान्त मिलते हैं। जैसे कि यजुर्वेद 1 अध्याय के 8 वें मन्त्र में लिखा है, कि-

धूरसि धूर्व धूर्वन्तं धूर्व तं योऽस्मान धूर्वति तं धूर्व यं वयं धूर्वामः॥

अर्थात् - हे प्रभो! जे दूसरों की हिंसा करता है उसे आप नाश करें और उसको मारें! दण्ड दें!! जो हमको वध करता है, उसका नाश कर!!! और जिसका हम विनाश करना चाहते हैं, उसको धूलि में मिला! पुनः इसी वेद के 11वें अध्याय के 80वें मन्त्र में लिखा है, कि

योऽस्भ्यमरातीयाद्यश्चनो द्वेषते जनः।
निन्दाद्योऽस्मान् धिप्साच्च सर्वतं भस्मसा कुरु॥


अर्थात्-जो मनुष्य हमें लूटता है, हमारे से द्वेष करता है, जो हमारी निन्दा करता है या जो हमारी हिंसा करना चाहता है, उसे तुम “भस्मसा कुरु” मार कर भस्म करो।

बि न इन्द्र मृधो जहि नीचा यच्छ पृतन्यः त योऽस्माडभिदासत्यधरं गमया तमः।
यजुः 8। 44॥



अर्थात्-हे परमेश्वर्य वाले इन्द्र! हमारे शत्रुओं को मारो। जो हमारे ऊपर चढ़ाई करते हैं, उन्हें नीचा दिखाओ। जो हमें दास (गुलाम) बनाना चाहता है, उसे नीचे अन्धेरे में फेंक दे।

प्रत्युष्टं रक्षः प्रत्युष्टा अरातयो निष्टप्त
रक्षो निष्टप्ता अरातयः। उर्वन्तरिक्षमन्वेमि॥
यजुः 1। 7॥
अर्थात्- विघ्नकारी दुष्ट स्वभाव के पुरुषों, राक्षसों और लुटेरों को जला दो! अदानशील कंजूसों, पर द्रव्योपहारी निर्दयी पुरुषों को ठीक ठीक जाँच कर संतापित करना चाहिए। विघ्नकारी दुष्ट शत्रु पुरुष खूब तप्त हों। और इस प्रकार राष्ट्र को दुष्ट विघ्नकारियों से रहित करके विस्तृत महान् अन्तरिक्ष प्रदेश को भी अपने वश में करें तथा दुष्टों का सदा नाश करें।

ये रूपाणि प्रतिमुज्जमाना असुरा सन्तः स्वधयाचरन्ति
परापुरो निपुरो ये भरन्त्यग्निष्टाँल्लोकात प्रणुदात्यस्मात्।
यजुः 2। 30॥


अर्थात्- जो असुर-दुष्ट अनेक धोखे से रूप बनाकर, हमारे पदार्थों को खाते या उड़ाते हैं। जो हमारे पर बाहर या भीतर से आक्रमण करते हैं, ऐसे स्वदेशी या परदेशी दुष्टों को हे वीर, तुम दूर भगा दो।

अपेतो यन्तु पणयो असुम्ना देवपीयवः॥
यजुः 35। 1


अर्थात- दुःखदायी, देवों की हिंसा करने वाले दुष्टों को भगा दो।

नीचैःपद्यन्तामधरे भवंतु ये नः सूरिं मधवानंपृतन्यान
क्षिणामि ब्रह्मणामित्रानुन्नयामि स्वानहम्॥
अथर्ववेद 3। 19। 3॥


अर्थात्- जो भले पुरुषों पर (खामखा) आक्रमण करते हैं, वे नीचे गिरें और नीचे हों। उन शत्रुओं को मैं ज्ञान शक्ति की सहायता से नाश करता हूँ, और अपने साथियों को ऊपर उठाता हूँ।

यो नः सोम सुशंसिनी दुःशस आदिदेशति।
वजेणास्य मुखे जहि स संपष्टो अपायति॥
अथर्ववेद 6। 6। 2॥

अर्थात्- जो दुष्ट, सज्जनों को सताता है, हम हथियार से उसके मुख को तोड़ दें, जिससे पिटा हुआ, वह दुष्ट भाग जावे।

यो नः सोमाभिदासति सनाभिर्यश्च निष्टयः।
अप तस्यबलं तिर महीवद्यौर्वधात्मना॥
अथर्ववेद 6। 6। 3॥


अर्थात्- जो कोई हमें तंग करता या दास बनाता है, चाहे वह ‘सनाभि-अपना है’ चाहे निष्ट्य-बेगाना-उसके बल को तोड़ दो और उसे मार भगा दो।

वेद के इन मन्त्रों से स्पष्ट है कि जो राष्ट्र को हानि पहुँचाता अथवा निरपराधी पर आक्रमण करता या जो निर्दोष व्यक्तियों के धन को लूट, खसोटता तथा दूसरे प्रकार के अत्याचार करता है, ऐसे आततायी को मारना, ताड़ना या दण्ड देना पुण्य है। इसी प्रकार स्मृतिकारों ने भी लिखा है, कि :–

आत्मनश्च परित्राणो दक्षिणाँनाँ च संगरे,
स्त्री विप्राभ्युपपत्तो चाघ्नन्धर्मेण न दुष्यति॥
मनु. 8। 34॥


अर्थात्- अपनी रक्षा (Self Defence) पर धन के लूटे जाने पर, स्त्रियों और ब्राह्मणों पर संकट आने पर, दुष्टों को मारने वाला दोषी नहीं होता। शास्त्रों ने आततायी को मारने में कोई दोष माना ही नहीं।

नाततायी वधे दोषी हतुर्भवति कश्चन,
प्रकाशं वाऽप्रकाशं वा मन्युस्तं मन्युमृच्छति॥
मनु. 8। 351॥

अर्थात्- सामने या छिप कर मारने वाला जो आततायी है, उसके मार डालने में कोई दोष नहीं, क्योंकि मन्यु (क्रोध) उस मन्यु (क्रोध) को प्राप्त होता है अर्थात् दुष्ट ने निरपराधी को मारने के लिये जो क्रोध किया है, अपनी रक्षा में वही क्रोध उस दुष्ट के क्रोध से लड़ता है। मन्युस्तं मन्युमृच्छति, एक मुहावरा है, जिसे अंग्रेजी में (Tit for Tat) कहते हैं। इसी प्रकार आततायी को बिना सोचे समझे मार देने की आज्ञा भी स्मृति में है। यथा-

“अततायिनमायान्तं हन्यादेवाविचारयन्”
मनु. 8। 359॥


धर्म शास्त्रकारों ने छः आततायी माने हैं। 


अग्निदो गदश्चैव शस्त्रपाणिर्धनापहः।
क्षेत्रदाररश्चैवष्डेते ह्ततायिनः॥
मनु. 8। 350॥ 


अर्थात्- जो आग लगाने आया हो, जो विष देकर मारना चाहता हो, जो हाथ में शस्त्र लेकर मारने आया हो, जो लूटने आया हो, जो भूमि और स्त्री को हरने आया हो, ये छः आततायी होते हैं, इनको बिना विचारे मार देना चाहिये।

उपरोक्त वेद और शास्त्रों के प्रमाण आततायी को मारने का आदेश करते हैं। इन प्रमाणों की विद्यमानता में यदि कोई आततायी को मारने में हिंसा समझता है, तो यह उसकी आत्मिक निर्बलता और नीतिहीनता है।

आशा बाँधती है, निराशा मुक्ति की ओर ले जाती है.


आशा बाँधती है,
निराशा मुक्ति की ओर ले जाती है.
(सद्गुरु जग्गी वासुदेव)

हम शुरु से सुनते आ रहे हैं कि कभी आशा का दामन नहीं छोड़ना चाहिए, लेकिन इसके विपरीत सद्गुरु  कहते हैं कि मुक्ति चाहिए तो आशा छोड़नी होगी। जानते हैं कि कैसे निराशा मुक्ति की ओर ले जा सकती है। 


आशा से मुक्त होने की तकनीक.

सद्‌गुरु: ज्यादातर प्रार्थनाएं आपके लिए एक उम्मीद लेकर आती हैं। वे अनासक्ति या विराग नहीं पैदा करतीं। प्रार्थनाओं को इसी तरह तैयार किया गया है।

योग की परंपरा में हमने हमेशा लोगों को निराशा की ओर उन्मुख किया, क्योंकि जब आशा नहीं होगी, तो आप चिपकना बंद कर देंगे। जब आप नहीं चिपकेंगे, तो आप आजाद हो जाएंगे, यह बहुत सरल सी तकनीक है।
उनमें बस आशा, आशा और आशा की बात है। लोग आशाहीनता का मूल्य समझने की क्षमता खो चुके हैं। आशाहीनता एक बिना पेंदी का गड्ढा है, और बिना पेंदी के गड्ढे में कूदना सबसे सुरक्षित है। गड्ढे के साथ समस्या यही होती है कि उसकी एक पेंदी होती है। अगर उसमें पेंदी न हो, तो क्या समस्या होगी? फिर तो वह एक बढ़िया छलांग होगी। जब आप स्काई-डाइविंग करते हैं, तो आपको पता नहीं होता कि आप ऊपर जा रहे हैं या नीचे या कहीं भी नहीं। बस जब आप नीचे देखते हैं, तो कमबख्त धरती तेजी से आपकी ओर आ रही होती है, फिर आपको पता चलता है। अगर धरती न होती, तो कूदना और बस तैरते रहना बहुत अद्भुत लगता। योग की परंपरा में हमने हमेशा लोगों को निराशा की ओर उन्मुख किया, क्योंकि जब आशा नहीं होगी, तो आप चिपकना बंद कर देंगे। जब आप नहीं चिपकेंगे, तो आप आजाद हो जाएंगे, यह बहुत सरल सी तकनीक है। कोई भी चीज अपने आप आपसे नहीं चिपकती। आप कई सारी चीजों से चिपके रहते हैं।
आशा का पाठ कुछ अधिक ही पढ़ा दिया गया है.

अगर आप किसी चीज से नहीं चिपकते, तो स्वाभाविक रूप से कोई चीज आपसे नहीं चिपकेगी। अगर आप खुशी-खुशी निराशा की ओर जाने के लिए तैयार हैं, तो मुक्ति एक सहज प्रक्रिया होगी। मगर हमें आशा का पाठ कुछ अधिक ही पढ़ा दिया गया है। मैंने पहले ही प्रेम और करुणा के खिलाफ बोलते हुए दुनिया में काफी दुश्मन बना लिए हैं। अगर प्रेम और करुणा आपके लिए एक अनुभव है, तो वह अलग है, लेकिन जीवन के सिद्धांत के रूप में वह मूर्खतापूर्ण है। ‘मैं किसी से प्रेम करना चाहता हूं,’ यह एक मूर्खतापूर्ण चीज है। यह एक तरह की कमी से उभरती है। अगर आपकी भावनाएं अपने आस-पास हर किसी के प्रति मधुर हैं, तो यह अस्तित्व का एक बहुत बढ़िया तरीका है। आप इसे प्रेम कहें तो वह ठीक है, लेकिन अगर आप तुरंत इसे किए जाने वाली किसी वस्तु में बदल देते हैं, तो वह बदसूरत हो जाता है। 


भगवान शिव ने भी निराशा जगाई थी.


योगिक संस्कृति में हमेशा लोगों को निराशा, शून्यता की ओर ले जाने की कोशिश की जाती है।

अगर वह समझा देते कि ‘जब मैं सोता हूं, तो मैं हर चीज के साथ होता हूं, इसलिए मैं तुम्हारे पास पहुंच ही जाऊंगा,’ तो वे आशा पालने लगते। इसलिए वह समझाते नहीं। वह कहते हैं, ‘मैं सो जाऊंगा।’

यही वजह है कि जब शिव के करीबी शिष्यों ने उनसे पूछा, ‘अगर हम परेशानी में हों, तो क्या आप हमें बचाएंगे?’, उन्होंने अविश्वास से उन्हें देखकर कहा, ‘अगर तुम परेशानी में होगे, तो मैं सो जाऊंगा।’ वह उनके अंदर निराशा को बढ़ा रहे हैं। उन्होंने ऐसा नहीं कहा, ‘मैं तुम्हारे साथ रहूंगा, चाहे तुम कहीं भी रहो, मैं वहां पहुंच कर तुम्हें बचाऊंगा।’ उन्होंने कहा, ‘अगर तुम परेशानी में हो तो मैं सो जाऊंगा।’ अगर वह समझा देते कि ‘जब मैं सोता हूं, तो मैं हर चीज के साथ होता हूं, इसलिए मैं तुम्हारे पास पहुंच ही जाऊंगा,’ तो वे आशा पालने लगते। इसलिए वह समझाते नहीं। वह कहते हैं, ‘मैं सो जाऊंगा।’ और वे निराश हो जाते हैं। इस व्यक्ति से किसी मदद की आशा करने का क्या लाभ? जब वे निराश हो जाते हैं, तो इसे ‘छोड़ देना’ कहते हैं। वे उम्मीद छोड़ देते हैं कि इस व्यक्ति से आशा करने और मदद मांगने का कोई मतलब नहीं है। अब वे पूरी तरह खुले हुए हैं। अब चीजें घटित होंगी।

मर्त्यलोक भवसागर नहीं है.


मर्त्यलोक भवसागर नहीं है.

संसार तीन गुणों के संमिश्रण से बना है, इसलिए इसमें निवास करने वाले प्राणी भी तीन प्रकार की प्रकृति के देखे जाते हैं। बेशक, संसार में अन्धकार की अपेक्षा प्रकाश अधिक है, बुराई से भलाई अधिक है, पाप से पुण्य अधिक है, फिर भी तम तत्व की इतनी न्यूनता नहीं है कि उसकी सहसा उपेक्षा की जा सके। पाश्चात्य देशों से भौतिकवाद की जो प्रचण्ड हवाएं चली हैं, उसने इस शताब्दी में तमोगुण को और भी अधिक बढ़ा दिया है।

सात्विक विचार और कार्य मृदुल, सुन्दर एवं हलके होते हैं, उनका बाहुल्य सुख, शान्ति की स्वाभाविक स्थिति उत्पन्न करता है, इसलिए यदि संसार में सतोगुण बढ़े, अधिक रहे तो इसमें कोई अस्वाभाविकता, कटुता और कठिनाई नहीं होती। आनन्द कितना ही बढ़ जाए, उससे मनुष्य ऊबता नहीं, किन्तु दुख, कष्ट और विघ्नों से मनुष्य थोड़े में ही घबरा जाता है। तामसिक कार्य बड़े कटु कठोर भी चित्त में विक्षोभ पैदा करता है। अस्वाभाविक स्थिति थोड़ी होने पर भी असह्य प्रतीत होती है।

यों तो सदा से ही तमोगुण, पाप, अकर्म, दुर्व्यवहार, संसार में मौजूद है, परन्तु वर्तमान समय में उसकी वृद्धि और भी अधिक हो गई है। यह अधिकता अपनी कठोरता, भयंकरता और अस्वाभाविकता के कारण बहुत ही असह्य एवं क्षोभ उत्पन्न करने वाली प्रतीत होती हैं। ऐसी स्थिति में ऐसा लगता हैं, मानों धर्म का नाश हो गया है, और चारों ओर अधर्म ही अधर्म का शासन स्थापित हो गया हैं। परिस्थिति को बढ़ा चढ़ाकर नमक-मिर्च लगा कर कहने की आदत मनुष्य जाति में बहुत पुरानी हैं। सेर को सवासेर कहने और अनुभव करने की वृत्ति मनुष्य स्वभाव में रहती हैं, उससे प्रेरित होकर लोगों में पाप अधिक है। कोई कोई भावुक गणितज्ञ तो यहाँ तक घोषित करते हैं कि संसार में पाप 90 प्रतिशत, पुण्य 7। 1/2 प्रतिशत और सत्य 2। 1/2 प्रतिशत वर्तमान हैं।

हम सदा से ऐसा मानते रहे हैं कि पुण्य से पाप अधिक नहीं हो सकता, प्रकाश से अन्धकार की मात्रा बढ़ नहीं सकती, सफेदी से कालिमा ज्यादा नहीं होती। बेशक पाप की भावनाएं आज दुनिया में अधिक हैं, तो भी वे इतनी नहीं है कि पुण्य से बढ़ी चढ़ी हों, आज क्या ऐसी स्थिति कभी भी नहीं आ सकती जिस दिन इस पृथ्वी पर धर्म से अधर्म बढ़ जायगा, उस दिन वह मनुष्यों के रहने योग्य न रहेगी। कोई मानव प्राणी इस भूतल पर अवतीर्ण होना और रहना पसंद न करेगा। पुण्य में ही रस हैं। रस ही परमात्मा है। जब यह संसार नीरस हो जाय, जीवन के प्रति कोई दिलचस्पी न रहे, संसार में प्रिय वस्तुओं को अभाव हो जाय, तब यह कहा जा सकता है कि संसार पाप-मय हो गया, परन्तु ऐसा आज तो क्या, शायद कभी भी न हो सकेगा। परमात्मा ने सृष्टि की रचना इस प्रकार की है कि इसमें पुण्य ही सदा अधिक रहेगा।

आनन्द का जहाँ कहीं भी दिग्दर्शन होता हैं, वहाँ भलाई की अधिकता हैं। स्वास्थ्य, सौंदर्य, प्रयत्न, खोज, क्रियाशीलता, उत्साह, उपार्जन, निर्माण, उल्लास, भावतरंग, सहयोग, सेवा आदि के गुणों और कार्यों का उद्भव, पुण्य, धर्म और सतोगुणी वृत्तियों की प्रधानता से होता है, जब तक इस प्रकार के विचार और कार्यों की अधिकता है, तब तक पुण्य का सतोगुण का अभाव नहीं समझना चाहिए। आजकल मुलम्मा साजी की बुद्धि बढ़ गई है, हानिकारक कार्यों को आनन्द दायक बनाया जा रहा है, तामसिकता के ऊपर सतोगुण की कलई की जा रही हैं, फिर भी इतना तो मानना ही पड़ेगा कि उसमें जितना आनन्द का अंश है, जितना आकर्षण है, वह सतोगुण के ही कारण हैं। तमोगुण के पाप के चिन्ह हैं-आलस्य, प्रमाद, अकर्मण्यता, गंदगी, कुरूपता, निराशा, दुर्बलता, जड़ता, अज्ञान, हिंसा, कठोरता, निष्ठुरता, पेटूपन आदि। हम देखते हैं कि संसार में आलस्य से कर्म अधिक है। निष्ठुरता से दया, पेटूपन से सहयोग, जड़ता से सतर्कता, गंदगी से सफाई, कुरूपता से सौंदर्य, निराशा से आशा, दुर्बलता से सशक्ता, अज्ञान से विवेक, अविश्वास से विश्वास, द्वेष से प्रेम, कठोरता से मधुरता, अधिक है। ऐसी दशा में नहीं कहा जा सकता कि संसार में पाप की प्रभुता है, अधर्म का शासन है।

अनात्मवान लोग जिन्हें आत्मबोध नहीं होता, जो आत्म सम्मान और आत्म गौरव को भूले हुए हैं, वे अपने को सदा हीन, नीच, पतित तथा दुर्भाग्यग्रस्त ही अनुभव करते हैं। अपनी सभी बातें उन्हें निकृष्ट, तुच्छ प्रतीत होती हैं। इस प्रकार के अनात्मवान व्यक्ति अपने आत्मा को कुटिल खल कामी, अपने शरीर को नरककुण्ड, अपने संसार को भवसागर, अपने समय को कलिकाल, अपने समाज को सबसे गिरा हुआ मानते हैं और निराशा के अन्धकार को ही सर्वत्र देखते हैं। अपना सब कुछ बुरा प्रतीत होना दीनता और दासता की हीन मनोवृत्ति हैं। अपने देश में उत्पन्न हुई महान आत्माओं का हम तिरस्कार करते हैं, परन्तु दूसरे देश का मामूली हमारी दृष्टि में बहुत ऊंचा जँचता हैं। यह हीनता की भावना हमारी नस नस में समा गई हैं, अपनी हर चीज़ को हीनता के रंगीन चश्मे में होकर ही देखते हैं। जब कोई व्यक्ति इस लोक- मृत्युलोक को, अपनी दुनिया को, तिरस्कार की दृष्टि से देखता हुआ, उसे भवसागर, कहता हैं और उससे उदासीन होकर, उपेक्षा भाव रखकर एक कल्पित स्वर्ग के स्वप्न में झोंके लेता है, तब उस हीनता की भावना का एक शर्मनाक चित्र सामने उपस्थित होता है।

ऊपर आकाश में लाखों योजन ऊँचा कोई काश्मीर सा सुरम्य सोने चाँदी का नगर बसा हुआ हैं, उसमें भगवान जी राज करते हैं, देवी देवता राजकर्मचारी हैं, खूब नाच गान होता रहता है, बढ़िया खाने मिलते हैं, ऐश आराम के सब साधन हैं, ऐसी कल्पनाओं के साथ एक स्वर्ग का स्वप्न देखना और उसके लिए अपनी कर्तव्य भूमि के उत्तरदायित्वों की ओर से उदासीनता, उपेक्षा एवं तिरस्कार की भावनाएं धारण करना, वैसा ही है जैसा कि शेखचिल्ली ने कल्पित बीबी और बाल बच्चों के स्वप्न में शिर पर रखा हुआ घड़ा फोड़ डाला था और मजूरी पाने के स्थान पर मार खाने का परिणाम भुगता था।

जो इस लोक का सुख नहीं पा सकता, वह स्वर्ग का भी सुख नहीं पा सकेगा। जिसे यह लोक भवसागर प्रतीत होता है उसे परलोक भी नरक सा लगेगा। जिसे यहाँ के लोग कपटी, कुचाली, धूर्त स्वार्थी, पापी दिखाई पड़ते हैं उसे स्वर्ग में देवता भी ऐसे ही लगेंगे। इन्द्र को व्यभिचारी, बृहस्पति को नास्तिक, चन्द्रमा को गुरुपत्नी गामी, बुध को पिता द्रोही, यम को हत्यारा, शंकर को नशेबाज वाराह का अभक्ष भोज, दुर्गा को माँसाहारी, आदि समझेंगे। भगवान पर भी अनेक दोषों के आरोप की गुंजाइश हैं। जिन्हें इस लोक में सर्वत्र पाप ही पाप दिखाई पड़ता है, उन्हें वैसी ही सामग्री स्वर्ग में भी मिल जायगी। इस प्रकार के पापी वहाँ भी दीख पड़ेंगे और अन्ततः भवसागर और स्वर्ग में कुछ विशेष अन्तर न रहेगा।

अपने पाठकों को उपरोक्त पंक्तियों में हमने यह बताने का प्रयत्न किया है कि ईश्वर ने हमें जिस पुण्य भूमि में कर्तव्य करने के लिए, जीवन का सद्व्यय करने के लिए भेजा है, वह तीर्थभूमि भवसागर नहीं हैं। उसमें पापों और कष्टों की अधिकता दिखाई पड़ती हैं तो भी यथार्थ में यहाँ पुण्य, और सत्य ही अधिक है। तत्वदर्शी ऋषियों ने इस वास्तविकता को अपनी सूक्ष्म दृष्टि से भली भाँति समझा था और निस्संदेह होकर मुक्त कंठ से घोषणा की थी “जननी जन्म भूमिश्च स्वर्गादपि गरीयसी” निश्चय ही कल्पित स्वर्ग की अपेक्षा यह वसुधा वसुन्धरा जिस पर हमने जन्म धारण किया है, अनेक गुनी श्रेष्ठ हैं। दुख और पाप यहाँ हैं ,परन्तु पुण्य और सत्य उनसे भी अधिक यहाँ हैं। इस लोक से हमें उदासीन या निराश होने की नहीं वरन् इस बात की आवश्यकता है कि इस लोक की समस्याओं में पूरी दिलचस्पी लें इसे अधिक सुन्दर और सुसम्पन्न बनावें।

हम मर्त्यों के लिए परमात्मा ने यह मृत्युलोक ही क्रीड़ा भूमि बनाई है, हमें उसमें पुण्य, पवित्रता और महानता की दृष्टि रखनी चाहिए, इसे ही अपना स्वर्ग समझना चाहिए, यहाँ जो बाधा तथा व्यथाएं हैं, उन्हें अपने लिए एक चुनौती समझना चाहिए और उन्हें दूर करने के लिए प्रयत्न पूर्वक जुट जाना चाहिए। स्मरण रखिए मनुष्य शरीर देवताओं को भी दुर्लभ है, स्मरण रखिए जन्म भूमि स्वर्ग से भी गरीयसी है, काल्पनिक स्वर्ग स्वप्न में विचरण करने की अपेक्षा यह अच्छा हैं कि आप इस पुण्य भूमि में आध्यात्मिकता का सात्विक आनन्द उपलब्ध करें और सत्कर्मों द्वारा आजीवन को धन्य बताते हुए परमपद प्राप्त करें।



(अखंड ज्योति-4/1994)

ईश्वर कहाँ हैं?


ईश्वर कहाँ हैं?
(नन्दकिशोर उपाध्याय)

जिन खोजा तिन पाइयाँ गहरे पानी पैठ। 
मैं बौरि खोजन गई रही किनारे बैठ॥ 

ईश्वर को ढूँढ़ने के लिए, उसे प्राप्त करने के लिए हम नाना प्रकार के प्रयत्न करते हैं, पर उसे नहीं पाते, कहते हैं कि वह सर्वत्र है, वह सब जगह हैं, पर फिर भी हमें क्यों नहीं दीखता?

उसे प्राप्त करने को धन, वैभव, जीवन तक नष्ट करते हैं, पर पाते नहीं, अन्त में निराश हो कहते हैं कि-ईश्वर नहीं हैं।

भाई ईश्वर हैं! पर उसे खोजने में गलती कर रहे हो, हम उसे धन वैभव से नहीं पा सकते, अगर उसे पाना हैं, तो प्रेम करना सीखो, प्राणी मात्र से प्रेम करो, जड़ चेतन से प्रेम करो, आत्मा से प्रेम करो।

उसे पाने को जंगल में जाने की, धूनी रमाने की, धन वैभव कष्ट करने की, कोई आवश्यकता नहीं हैं। जब वह सर्वत्र है, तो आपके पास भी होगा, होगा नहीं-हैं। कहाँ? आपके शरीर में।

जिसे आप आत्मा कहते हैं, क्या आपने कभी अपनी आत्मा की आवाज पर ध्यान दिया हैं? नहीं! यही कारण है कि आप उसे ढूँढ़ने पर भी नहीं पाते।

विचार करो! जब तुम बोलते हों, चलते हों, काम करते हों, सोचते हो या शुभ काम करने की प्रेरणा होती है, तो वह कहाँ से और कौन करता या कहता हैं? जब तुम किसी को कष्ट पहुँचाने का विचार कर चलते हो और तुम्हें अन्दर से कोई रोकता हैं कि ऐसा न करो, वह कौन हैं? वह अपने अन्दर मौजूद हैं, उसे अपने अन्दर ही प्राप्त किया जा सकता हैं।

इच्छा शक्ति, एक प्रबल शस्त्र.


इच्छा शक्ति, एक प्रबल शस्त्र.
(डा. श्याममनोहर अग्निहोली)

हमारे आस पास जैसी भी भली बुरी वस्तुएं तथा परिस्थितियाँ मौजूद हैं, वे हमारी इच्छाशक्ति का कारण है। ईश्वर ने इच्छा की कि मैं एक से अनेक हो जाऊँ, फलस्वरूप यह दृश्य संसार उत्पन्न हो गया, इसी प्रकार ईश्वर के पुत्र जीव की जब इच्छा होती है कि मैं अमुक प्रकार की परिस्थितियाँ प्राप्त करूं, तो वही उसी प्रकार की परिस्थिति प्राप्त कर लेता है।

यहाँ प्रश्न यह उठता है कि कोई मनुष्य दुख, रोग, शोक आदि नहीं चाहता फिर यह क्यों प्राप्त होते हैं? उत्तर बिल्कुल स्पष्ट है। दुख, रोग, शोक की कोई स्वतंत्र सत्ता नहीं है, यह कुविचारों का परिणाम मात्र हैं। जब मनुष्य कुविचारों को अपने मन में स्थान देता है, तो अविलम्ब उसका शरीर कुकर्म करने के लिए उत्तेजित होता है, और कुकर्मों की पूँछ से बँधे हुए दुख, रोग, शोक भी सामने आ जाते हैं। यह इसकी इच्छा का परिणाम है। यदि वह सुविचारों और सुकर्मों में प्रवृत्त रहे तो दुख शोक उसके पास भी नहीं फटक सकते।

कहते हैं कि माया एवं अविद्या ने मनुष्य को भुलावे में डाल रखा है। वह भुलावा यही है कि हम कुविचार और दुख को पृथक-पृथक समझे हुए हैं। वास्तव में यह दोनों एक ही वस्तु के दो पहलू हैं। अग्नि और उष्णता एक ही वस्तु है, इसी प्रकार पाप और दुख भी एक ही हैं, जो पाप की इच्छा करता है, समझना चाहिए कि वह दुख की ही इच्छा करता है। इच्छा शक्ति का आकर्षण बड़ा प्रबल है, जो जिस वस्तु को चाहता है, वह उसे वह वस्तु मिल कर रहती है। हमें यह बात भली भाँति ध्यान रखनी चाहिए कि सद्विचार और सुख एक ही पदार्थ के दो नाम हैं। ईश्वर ने हमें इच्छा शक्ति का ऐसा प्रबल शस्त्र दिया है कि उसके द्वारा सुख, दुख आदि हर एक इच्छित वस्तु प्राप्त कर सकते हैं।

(अखंड ज्योति-4/1994)

लक्ष्मी कहाँ नहीं रहती?


लक्ष्मी कहाँ नहीं रहती?
(पं. तुलसीराम शर्मा)

किसी एक प्रसंग पर लक्ष्मी जी ने कहा है; 

स्थिता पुण्यवताँ गेहे सुनीतिपथवेदिनाम्।
गृहस्थानाँनृपाणाँ वा पुत्रवत्पालयामितान्॥ 19॥

आशय- नीति मार्ग पर चलने वाले, पुण्य कर्म करने वाले गृहस्थ व राजाओं के यहाँ मैं टिकती हूँ, और ऐसों का मैं पुत्र के समान पालन करती हूँ।

गृहान् यास्यामि देवानाँ युष्माकं चाज्ञया द्विजाः।
येषाँगेहं नगच्छामि श्रृणुध्वं भारतेषु च॥ 20॥
(ब्रह्मवैवर्त पु. 3। 23) 

आशय- तुम ब्राह्मणों की आज्ञा से देवों के गृह में, मैं जाऊँगी। जिनके घर न जाऊँगी, उनको सुनो।

मिथ्यावादीचयः शश्वनध्यायीचयः सदा।
सत्वहीश्च दुश्शीलोनगेहं तस्ययाम्यहम्॥ 21॥ 

आशय- मिथ्यावादी, धर्म ग्रन्थों में न दिखने वाला, पराक्रम से हीन, खोटे स्वभाव का, ऐसे पुरुषों के गृह में, मैं नहीं जाती।

सत्यहीनः स्थाप्यहारी मिथ्या साक्ष्य प्रदायकः।
विश्वसघ्नः कृतघ्नो वायामि तस्यनमन्दिरम्॥ 22॥ 

आशय- सत्य से हीन सी धरोहर मारने वाला, झूठी गवाही देने वाला, विश्वास देकर मुकरने वाला, ऐसों के घर मैं नहीं जाती।

चिन्ताग्रस्तो भयग्रस्तः शत्रुग्रस्तोऽतिपातकी।
ऋणग्रस्तोऽति कृपणो न गेहं यामिपापिनाम्॥ 23॥ 

आशय- चिन्ताग्रस्त, भयग्रस्त, शत्रुग्रस्त, पातकी, कर्जदार, अधिक कंजूस ऐसे पापियों के घर मैं नहीं जाती।

दीक्षाहीनश्चशोकार्त्तोमन्दघीः स्त्रीजितः सदा।
नयास्यामि कदागेहं पुँश्चल्याः पतिपुत्रयोः॥ 24॥ 

आशय- गुरु से हीन, शोक ग्रस्त, मंदबुद्धि, स्त्री का गुलाम, व्यभिचारिणी का पति और पुत्र ऐसे पुरुष के यहाँ मैं कदापि नहीं जाती।

योदुवीक् कलर्हावष्टः कलिः शश्वद्यदालाये।
स्त्रीप्रधाना गृहेयस्य यामितस्यनमंदिरम्॥ 25॥ 

आशय- कटुभाषी, कलहप्रिय, जिसके घर निरन्तर कलह होता रहे, जिसके यहाँ स्त्री की चलती रहे, ऐसे पुरुष के यहां मैं नहीं जाती।
यत्रनास्ति हरेः पूजातदीय गुणकीर्तनम्।
नोत्सुकस्तत्प्रशंसायाँयामि तस्यतमन्दिरम्॥ 26॥ 

आशय- जहाँ भगवान की पूजा और कीर्तन नहीं, भगवान की प्रशंसा में उत्सुकता नहीं, ऐसे घर में, मैं नहीं जाती।

प्रवचन में जाने से कोई स्वर्ग का अधिकारी नहीं बन जाता.


प्रवचन में जाने से कोई
स्वर्ग का
अधिकारी नहीं बन जाता.
(सद्गुरु जग्गी वासुदेव)

गलत काम की कीमत आप इसलिए नहीं चुकाते, क्योंकि आप वेश्या के यहां जाते हैं; आप कीमत इसलिए चुकाते हैं क्योंकि आप चालाकी करतेहैं। आप जाना वहां चाहते हैं, लेकिन सोचते हैं कि प्रवचन में जाने से आप स्वर्ग के अधिकारी बन जाएंगे। यही चालाकी आपको नरक में ले जाती है।
कर्म ठीक उसी तरह से बनता है, जिस तरह से आप उसे महसूस करते हैं। आप जो कर रहे हैं उससे इसका संबंध नहीं है। जिस तरीके से आप उसको अपने दिमाग में ढोते हैं, उसका संबंध केवल उसी से है।
दो मित्र अक्सर एक वेश्या के पास जाया करते थे। एक शाम जब वे वहां जा रहे थे, रास्ते में किसी संत का आध्यात्मिक प्रवचन चल रहा था। एक मित्र ने कहा कि वह प्रवचन सुनना पसंद करेगा। उसने उस रोज वेश्या के यहां नहीं जाने का फैसला किया। दूसरा व्यक्ति अपने मित्र को वहीं छोड़ कर उस वेश्या के यहां चला गया।

अब जो व्यक्ति प्रवचन में बैठा था, वह अपने दूसरे मित्र के विचारों में डूबा हुआ था। सोच रहा था कि वह भी क्या आनंद ले रहा होगा, और कहां मैं इस खुश्क जगह में आ बैठा। मेरा मित्र ज्यादा बुद्घिमान है, क्योंकि उसने प्रवचन सुनने की बजाए वेश्या के यहां जाने का फैसला किया।

जो आदमी वेश्या के पास बैठा था, वह सोच रहा था कि उसके मित्र ने इसकी जगह प्रवचन में बैठने का फैसला करके मुक्ति का मार्ग चुना है, जबकि मैं अपनी लालसा में खुद ही आ फंसा। प्रवचन में बैठे व्यक्ति ने वेश्या के बारे में सोच कर बुरे कर्म बटोरे। अब वही इसका दुख भोगेगा। गलत काम की कीमत आप इसलिए नहीं चुकाते, क्योंकि आप वेश्या के यहां जाते हैं; आप कीमत इसलिए चुकाते हैं क्योंकि आप चालाकी करते हैं। आप जाना वहां चाहते हैं, लेकिन सोचते हैं कि प्रवचन में जाने से आप स्वर्ग के अधिकारी बन जाएंगे। यही चालाकी आपको नरक में ले जाती है।

आप जैसा महसूस करते हैं, वैसे ही आप बन जाते हैं। मान लीजिए कि आप जुआ खेलने के आदी हैं। हो सकता है कि अपने घर में मां, पत्नी या बच्चों के सामने आप जुआ के खेल को खराब बताते हों। इसका नाम तक मुंह पर नहीं लाते हों। लेकिन जैसे ही अपने गैंग से मिलते हैं, पत्ते फेंटने लगते हैं। जुआरियों के बीच जो व्यक्ति जुआ नहीं खेलता, वह जीने के काबिल नहीं है।

हर जगह ऐसा ही है। चोरों को क्या ऐसा लगता है कि किसी को लूटना बुरा है? जब आप चोरी में असफल होते हैं, तो वे सोचते हैं कि आप अच्छे चोर नहीं हैं। उनके लिए वह एक बुरा कर्म हो जाता है। कर्म ठीक उसी तरह से बनता है, जिस तरह से आप उसे महसूस करते हैं। आप जो कर रहे हैं, उससे इसका संबंध नहीं है। जिस तरीके से आप उसको अपने दिमाग में ढोते हैं, उसका संबंध केवल उसी से है। हम हमेशा स्वीकृति की बात क्यों करते हैं, क्योंकि जब आप पूर्ण स्वीकृति में होते हैं, तब जीवन जो भी मांगता है, आप उसे सहज करते हैं।

समाज का भी अपना अहंकार होता है। उसे अपना ढांचा बनाए रखने के लिए कुछ नियमों की जरूरत होती है। आप देखेंगे कि किसी बेहद छोटी सी बात को ले कर पूरा समाज क्षुब्ध हो जाता है। हालांकि यह कतई जरूरी नहीं कि वह काम सचमुच गलत हो। जब अमेरिका में गर्मी का मौसम होता है, तब लोग बड़ी मुश्किल से कुछ पहनते हैं, वे मिनी स्कर्ट में होते हैं। तो कोई नकाब डाल ले तो लोग क्षुब्ध हो जाएंगे, यह क्या कर रही है? यह पूरी ढकी हुई क्यों है? यहां भारत में, अगर आपने पूरे कपड़े नहीं पहने तो लोग परेशान हो जाएंगे।

तो यह सब एक तरह के सामाजिक अहंकार का नमूना है। यही सामाजिक अहम् है, जो आपको व्यक्ति के रूप में क्षुब्ध बनाता है और आपका कर्म सामूहिक कर्म का एक हिस्सा बन जाता है। मैं चाहता हूं कि आप इसे वाकई एक खास गहराई से समझें। अच्छे और बुरे की सोच आपको सिखाई गई है। आप जिस सामाजिक परिवेश में रहे हैं, वहां से आपने इसे ग्रहण किया है। कर्म आपके जीवन के संदर्भ में होता है, न कि किए गए कार्य में।

विचार शक्ति से जीवन निर्माण.


विचार शक्ति से जीवन निर्माण.
(भीकमचन्द कपुरचन्द्रजी)

आप उसी बात को सोचिए, उसी बात को अपनी जबान से निकालिए, जिसे चाहते हैं कि वह सत्य हो। बहुत से मनुष्य कहा करते हैं कि भाई! अब हम थक गये, बेकाम हो गये, अब परमात्मा हमें सँभाल ले, तो अच्छा हो। वे इस रोने को रोते रहते हैं कि हम बड़े ही अभागे, कम नसीब हैं, हमारा भाग्य फूट गया हैं, दैव हमारे विरुद्ध हैं, हम दीन हैं, गरीब हैं। हमने सिर तोड़ परिश्रम किया, उन्नत होना चाहा, पर भाग्य ने हमें सहायता न दी। पर वे बेचारे इस बात को नहीं जानते कि इस तरह का रोना रोने से, अन्धकारमय, निराशा जनक विचार रखने से, हम अपने हाथ अपने भाग्य को फोड़ते हैं, उन्नति रूपी कौमुदी को काले बादलों से ढ़क देते हैं।

वे यह नहीं जानते हैं कि इस तरह के कुविचार हमारी शान्ति, सुख और विजय के घोर शत्रु हैं। वे यह बात भूले हुए हैं कि इस तरह के विचारों को मन से देश निकाला देने ही में मंगल हैं। ऐसे विचारों को मन में स्थान देना, अपने हाथ अपने पैरों पर कुठाराघात करना हैं। कभी एक क्षण के लिए भी अपने मन में इस विचार को स्थान मत दो कि हम बीमार हैं-कमजोर हैं। इस तरह के विचार शरीर पर इनके आक्रमण होने में सहायता देते हैं। हम सब अपने विचारों ही के फल हैं। उच्चता, महानता पवित्रता के विचारों से हमें आत्म-विश्वास प्राप्त होता हैं। ऊँचा उठाने वाली शक्ति मिलती हैं और ऊँचे दरजे का साहस प्राप्त होता हैं।

यदि आप किसी खास विषय में अपनी अपूर्वता प्रकट करना चाहते हैं तो आप अपने अभिलषित विषय में उच्च आदर्श को लिए हुए प्रवेश हो जाइये और तब तक आप अपने अन्तःकरण को वहाँ से तिलमात्र भी मत हटाइये, जब तक आपको यह न मालूम हो जाये कि सफल होने में अब कुछ भी सन्देह नहीं है।

हमारे आदर्श ही हमारे चरित्र के संगठनकर्ता हैं, और उन्हीं में यह प्रभाव हैं जो जीवन को वास्तविक जीवन में परिणत करता हैं। जैसे हमारे आदर्श होते, जैसी हमारी मानसिक अभिलाषायें होती हैं, जैसे हमारे हार्दिक भाव होते हैं, ठीक उन्हीं की झलक हमारे मुखमण्डल पर दिखाई देने लगती हैं। हो नहीं सकता कि इनका भाव हमारे चेहरे पर न झलके, इनका प्रतिबिम्ब आँखों में न दीखे। अतएव हमें अपने आदर्श को अपने मनो-भाव को अपने विचार प्रवाह को श्रेष्ठता और दिव्यता की ओर झुका हुआ रखना चाहिये। हमें निश्चय पूर्ण विश्वास कर लेना चाहिये कि निकृष्टता, दीनता, निर्बलता, आधि-व्याधि, दरिद्रता और अज्ञान से हमारा कोई सरोकार नहीं। हमें इस बात का दृढ़ विश्वास होना चाहिए कि हमारे हाथ से हमेशा उत्तम ही कार्य होगा, बुरा कभी न होगा।

हमें अपने जीवनोद्देश्य को सफल करने में श्रद्धा की-आस्था की भी बड़ी आवश्यकता होती है। यदि यों कहा जाय कि मनो-वाँछित पदार्थ का मूल श्रद्धा ही होती है, तो कुछ भी अतिशयोक्ति न होगी। यदि यों कहा जाय कि श्रद्धा-आस्था ही हमारे आदर्श की बाह्य रेखा हैं, तो कुछ भी अनुचित न होगा। पर हमें श्रद्धा ही तक न ठहर जाना चाहिये वरन् देखना चाहिए कि श्रद्धा के परे भी कोई पदार्थ हैं या नहीं? विचार करने से गहरी दृष्टि डालने से मालूम होता हैं कि श्रद्धा, आशा, हार्दिक लालसा आदि मनोवृत्तियों के पीछे एक अलौकिक दिव्य पदार्थ-सत्य- हैं। यह वह सत्य हैं, जो हमारी प्रकृत अभिलाषाओं को सु-स्वरूप प्रदान करता है।

उत्पादक शक्ति का यह एक नियम हैं कि जिसका हम दृढ़ता पूर्वक विश्वास करते हैं, वह हमें अवश्य प्राप्त होता हैं, यदि आप इस बात का पक्का विश्वास करें कि हम समृद्धिशाली होंगे, हम प्रभावशाली होंगे, समाज में हम वजनदार गिने जावेंगे, आप में एक प्रकार की विलक्षण उत्पादक शक्ति का उदय होगा और वह आपके मनोरथों पर सफलता का प्रकाश डालेगी।

यदि आप अपने जीवनोद्देश्य को सफल करना चाहते हैं, यदि आप अपने आदर्श को कार्य रूप में परिणत करना चाहते हैं, तो आप अपने सम्पूर्ण विचार प्रवाह को अपने उद्देश्य की ओर लगा लीजिये। एक ही उद्देश्य की ओर अपने मन, वचन, काया को लगा देने से संसार में बड़ी-बड़ी सफलतायें प्राप्त होती दीख पड़ती हैं। आप उन पदार्थों की आशा कीजिये जो दिव्य हों, आप यह विश्वास कर लीजिये कि हमारे प्रयत्न उत्साह पूर्वक होने से कोई उच्च दिव्य और महान पदार्थ प्राप्त होने वाला है, और हम अपने जीवनोद्देश्य पर पहुँच रहे हैं। आप इस विचार में तल्लीन हो जाइये कि हमारी शाश्वत उन्नति हो रही है और हमारी आत्मा का एक एक परमाणु दिव्यता की ओर बढ़ रहा हैं।



(अखंड ज्योति-4/1994)

देशभक्ति में धर्म.


देशभक्ति में धर्म.

सच्चा तप वह है, जो कि अपने भाइयों के ताप से तपा जाए, सच्चा यज्ञ वह हैं, जिसमें अपने स्वार्थ की आहुति दी जाए, सच्चा दान वह है, जिसमें कि परमार्थ किया जाए और सच्ची ईश्वर सेवा वह है कि उससे दुखी जीवों की सहायता की जाए। परमात्मा सब के हृदय में व्यापक हैं, इसलिये जितने प्राणियों को हम प्रसन्न करें,उतने ही गुना ईश्वर को प्रसन्न करेंगे।

यह सच्चा धर्म, देश-भक्ति द्वारा प्राप्य है। देश-भक्ति का संचार हमारे हृदय से स्वार्थ को निकाल कर फेंक देगा। हम अदूरदर्शी, स्वार्थी और खुशामदियों की तरह ऐसे कार्य कदापि न करेंगे, जिनसे कि देशवासियों को हानि पहुँचे, बल्कि दूरदर्शी, परमार्थी, सत्यशील और दृढ़ताप्रिय आत्माओं की भाँति असंख्य कष्ट उठाते हुये भी करेंगे-वही, जिसमें देश का भला हो। निर्धन, धनवान, बलवान और मूर्ख भी बुद्धिमान हो जाए, प्रत्येक प्रकार के सामाजिक दुख मिटें और दुर्भिक्ष आदि आपत्तियाँ दूर होकर लाखों बिलबिलाती हुई आत्माओं को सुख पहुँचे। देश भक्ति द्वारा इतने धर्मों का सम्पादन होता हुआ देख कर भी यदि कोई धर्म के आगे, देश-भक्ति कुछ नहीं समझता, उस पुरुष को जान लीजिये कि वह धर्म तत्व ही को नहीं पहचानता। ‘धर्म धर्म’ शब्द गा रहा है, परन्तु यह नहीं जानता कि धर्म क्या वस्तु है। यदि आप विद्वान् हैं, बलवान हैं और धनवान हैं तो आपका धर्म यह है कि अपनी विद्या, धन और बल को देश की सेवा में लगाओ, उनकी सहायता करो जो कि तुम्हारी सहायता के भूखे हैं। उनको योग्य बनाओ जो कि अन्यथा अयोग्य ही बने रहेंगे। जो ऐसा नहीं करते वे अपनी योग्यता का उचित प्रयोग नहीं करते और ईश्वर की सौंपी हुई अमानत में विश्वासघात करते हैं, जो कि एक अधर्म है और जिसका बुरा फल मिले बिना रह नहीं सकता।


(अखंड ज्योति-8/1944)

कामवासना का रूपांतर.


कामवासना का रूपांतर.
(प्रोफेसर रामचरणजी महेन्द्र एम.ए.डी.लिट्)

इस तत्व को भली भाँति स्मरण रखिए कि जब तक ‘काम’ वासना पर विजय प्राप्त नहीं की जाती, तब तक कोई भी महान कार्य सम्पादन नहीं किया जा सकता, साँसारिक, धार्मिक, या दैविक कोई भी क्यों न हो। अर्जुन भगवान् कृष्ण से प्रश्न करते हैं कि महाराज पाप करने में अनेक घोर कष्ट हैं-यह जान कर भी मनुष्य किस प्रेरणा से पाप कर्म में प्रवृत्त होता है। उन्होंने उत्तर दिया-

काम एष क्रोध एष रजोगुणसमुद्भवः।
महाशनो महापाप्मा विद्धयेनमिह वैरिणम्॥


अर्थात् हे अर्जुन! काम क्रोध जो कि रजोगुण से उत्पन्न हुए हैं, भय देने वाले हैं, और इन्हीं से प्रत्येक पाप में प्रवृत्ति होती है। ये ही सब से बड़े शत्रु हैं। जहाँ तक हो सके इनके विनाश का उपाय करो।

जिस प्रकार अग्नि के धुएँ से दर्पण मलीन हो जाता है और गर्भ के गन्दे पदार्थों से नवजात शिशु ढ़का हुआ होता है, इसी प्रकार काम की कालिमा से यथार्थ आत्मज्ञान ढ़का हुआ रहता है।

इस शत्रु को विजय करने के अनेक उपाय बताये जाते हैं, किन्तु लोग यह भूल जाते हैं कि इस प्रवृत्ति को जड़मूल से उखाड़ डालना संभव नहीं। अनेक महात्माओं ने प्रयत्न किये और वे असफल रहे। यह वासना नष्ट तो नहीं की जा सकती हाँ, इससे छुटकारा पाने का एक और उपाय है। वह है, इस का रूपांतर (Transmutation) कर देना। काम वासना का रूपांतर का अर्थ स्पष्ट ही है। इसका अभिप्राय यह है कि काम की शक्ति का प्रवाह शारीरिक संपर्क के निंद्य मार्ग से रोक कर उसे निकलने का कोई अन्य मार्ग प्रदान कर देना। नदियों, झरनों, नालों के पानी का मार्ग अवरुद्ध कर लिया जाता है फिर उसे किसी नवीन क्षेत्र में प्रवाहित करके आश्चर्यजनक विद्युत की उत्पत्ति की जाती है। इसी प्रकार काम वासना के तीव्र प्रवाह को क्षुद्र साँसारिक भोगविलास के संकीर्ण मार्ग से हटा कर, एक ऐसे क्षेत्र में खोल देते हैं, जिससे उसकी आश्चर्यजनक शक्ति से अनेक दुष्कर कार्य सम्पन्न हो सकते हैं।

काम शमन के उपायों में उसे एक नवीन उत्पादक क्षेत्र प्रदान कर देना सर्वोत्कृष्ट है। साँसारिक इच्छा पूर्ति के मार्ग को अवरुद्ध कर, उसे किसी अन्य मार्ग से प्रकट होने का अवसर दीजिए। नवीन क्षेत्र पाने से इस वासना का कूड़ा करकट साफ हो जाता है, और इसका परिष्कृत रूप अनेक आश्चर्यचकित करने वाले महान् कार्य कर दिखाता है। यह सामान्य व्यक्ति को अद्भुत प्रतिभा सम्पन्न व्यक्ति में परिणत कर देता है।

वह व्यक्ति धन्य है, जिसने अपनी काम वासना (Sex energy) को निकलने के लिए एक नवीन उत्पादक मार्ग प्रदान कर दिया है। इस शक्ति के प्रवाह को जिस क्षेत्र में लगायेगा, उसी में चमत्कार उत्पन्न कर देगा। सेक्स शक्ति के रूपांतर का अर्थ ही है कि ऐसा व्यक्ति एक ऐसी दशा की ओर उन्मुख होने लगा है, जिस ओर उसकी विशेष रुझान है और जिसमें यह अपनी अद्भुत शक्तियों का परिचय भली भाँति दे सकता है। मनोवैज्ञानिक खोज के उपरान्त हम इस निर्णय पर पहुँचते हैं कि -

संसार को हिला डालने वाले व्यक्तियों में काम प्रवृत्ति विशेष रूप से उग्र (Developed) थी, किन्तु उन्होंने इस प्रचंड शक्ति के प्रवाह को शारीरिक संपर्क के नाशक क्षेत्र से हटाकर एक नवीन क्षेत्र में उसका प्रवाह खोल दिया था। शक्ति के इस सागर ने उनकी आत्मा को नव शक्ति, नव धैर्य प्रदान किया था।

साहित्य, कला, वाणिज्य, शिल्पकारी, प्रसिद्धि (Recognition) के प्रायः प्रत्येक क्षेत्र में उन्हीं व्यक्तियों को प्रतिभा, समृद्धि या प्रसिद्धि प्राप्त हुई, जिनकी शक्ति का उद्गम स्थान कोई स्त्री थी। उन्हें उस स्त्री ने विशेष उत्तेजना, उत्साह, साहस प्रदान किया तदुपरान्त उस प्रचंड शक्ति का प्रवाह शारीरिक संपर्क की संकीर्णता से हट कर एक कल्याणकारी क्षेत्र में प्रवाहित हो गया। इस शक्ति के रूपांतर द्वारा ही वे बहुत ऊँचे चढ़ गये।

कवि शिरोमणि सूरदास को किसी सुन्दरी ने उत्तेजना प्रदान की, शक्ति के महासागर में प्रचंड तूफान उठा, उन्होंने अपनी आँखें निकाल डाली और शक्ति को कृष्ण प्रेम के कल्याणकारी मार्ग में प्रवाहित कर दिया। इसी प्रकार कविश्रेष्ठ तुलसीदास जी अपनी प्रियतमा पर अत्यन्त अनुरक्त रहे, फिर एक दिन उन्हें “काम वासना का रूपांतर” की शिक्षा प्राप्त हुई और वे महानता को प्राप्त हुए। महात्मा बुद्ध का प्रारम्भिक जीवन शृंगारिक था। अनेक महर्षियों तत्ववेत्ताओं, साहित्य के देवताओं को स्त्रियों ने महानता के लिए उत्तेजना प्रदान की है।

संसार का इतिहास उठा देखिए। बड़े नायकों बड़े राजनैतिकों, बड़े राजाओं सभी की काम वासना उद्दीप्त हुई और फिर उसका क्षेत्र परिवर्तित हो गया। जार्ज वाशिंगटन, शेक्सपीयर, अब्राहम लिंकन, इमरसन, राबर्टबर्न्स, टामस जैफरसन, ऑस्कर वाइल्ड, रोजेटी, एन्ड्रजैकसन, इन सभी की जीवनियों में यही सत्य उपलब्ध होता है। नैपोलियन ने जब (Josephine) से विवाह किया था तो वह अजेय बन गया था। उसी की उत्तेजना से वह एक के बाद अनेक विजय प्राप्त करता चला गया। जब उसकी शक्ति का वह उद्गम स्थान बन्द हुआ तो पतन भी प्रारम्भ हुआ और सैन्टहेलना में बड़ी पराजय हुई।

काम की शक्ति इतनी प्रबल है कि इसके आवेश में मनुष्य में अद्भुत परिवर्तन हो जाता है। मनुष्य की कल्पना तीव्र हो उठती है। उत्साह और आशा का संचार हो जाता है। संकल्प शक्ति में बल आता है, आत्म निर्भरता की अभिवृद्धि हो उठती है। ऐसी शक्तियों का केन्द्र खुल जाता है, जिनका मनुष्य को भान तक नहीं होता। सेक्स द्वारा उद्दीप्त कल्पना, आशा, आत्मनिर्भरता, संकल्प की सामूहिक शक्तियों का रूपांतर किसी भी दिशा में आश्चर्यजनक कार्य कर सकता है। इसके प्रवाह के बिल्कुल अवरुद्ध होने से मनुष्य कई मानसिक रोगों का शिकार बनता है, और इस प्रवाह को उत्तम मार्ग प्रदान करने से संसार में साहित्य, कला, विज्ञान और समाज का निर्माण और उन्नति होती है। इस शक्ति के प्रवाह को, बिना किसी और मार्ग से निकाल, रोक देने में उतना ही भय है, जितना कि वेग से बहते हुए पर्वतीय सोते को बाँध देने में। यदि उसके निमित्त कोई नवीन मार्ग न निकाला जाए, तो वह सारे बाँध को तोड़ फोड़ सकता है।



(अखंड ज्योति-9/1944)

कल्याण का मार्ग.


कल्याण का मार्ग.

आम तौर से समझा जाता है, कि हमें जो भी काम करना चाहिए, अपने फायदे के लिये करना चाहिए। दूसरों के फायदे के लिए हम क्यों सर खपावें।’ बात ठीक हैं, अपने घर की आग बुझाकर तब पड़ोसी के घर की हिफाजत की जाती है। मेरी दाढ़ी जल रही हो और दूसरे की भी जलने लगे, तो स्वभावतः मैं पहले अपनी बुझाऊँगा तब दूसरे की ओर ध्यान दूँगा। नेकी, भलाई, परोपकारिता आदि अच्छी वस्तु हैं, परन्तु एक व्यवहारवादी व्यक्ति तो अच्छी चीजें अपने लिए लेना चाहता है। यह नेकी अच्छी वस्तु है, तो निःसंदेह उसे पहले अपने लिए लेना होगा। स्वाभाविक स्वार्थ -बुद्धि का यही तकाजा है, कि हम अपने साथ नेकी करें, अपनी भलाई सोचें, अपने उपकार में प्रवृत्त हों और अपने कल्याण का मार्ग अवलंबन करें।

एक ही वस्तु प्रयोग भेद से भिन्न प्रकार के परिणाम उपस्थित कर सकती है, सुई कपड़ा सीने का एक अच्छा साधन है, किन्तु यदि उसका दुरुपयोग करके शरीर के किसी हिस्से में चुभो दी जाए तो वह कष्टदायक बन जाएगी। भोजन और जल जैसे जीवनोपयोगी पदार्थ यदि अनियमितता के साथ सेवन किये जाएँ, तो नाना प्रकार के रोगों के कारण बन सकते हैं। आत्म कल्याण एक अत्यन्त उपयोगी जीवन तत्व है, किन्तु जब इसका सदुपयोग होता है, तब परमार्थ कहा जाता है और दुरुपयोग की अवस्था में वही स्वार्थ के घृणित नाम से संबोधन किया जाता है। वास्तव में स्वार्थ और परमार्थ एक ही वस्तु है, पर एक को आदरणीय दूसरे को तिरष्कृत इसलिए कहा जाता है, कि एक के उपयोग में काम लिया गया है, और दूसरा मूर्खतापूर्ण है।

मूर्ख पक्षी दाने के लोभ में फँस जाते हैं और चतुर पक्षी चारों ओर देखकर चोंच खोलते हैं, जैसे उन्हें कुछ खटका प्रतीत हुआ, वैसे ही वे उड़ जाते हैं। इस प्रकार चतुर पक्षी तो बच जाते हैं और मूर्ख पक्षी बहेलिये के जाल में फँसकर कष्ट उठाते हैं। स्वार्थ और परमार्थ में उपरोक्त दो पक्षियों की विचारधारा के समान ही अन्तर है। स्वार्थी मनुष्य आज के लाभ को प्रधानता देता है, उसकी दृष्टि बहुत ही संकुचित और विचारधारा बहुत ही सीमित होती है। आज के, आँखों से दिखाई देने वाले, लाभ ही उसकी दृष्टि में लाभ है किन्तु बुद्धिमान,चतुर और परमार्थी भविष्य के परिणामों का ध्यान रखकर आज का काम करता है। किसान परमार्थी है, वह अच्छी फसल पाने के लिए आज अपने बीज को खुशी खुशी खेत में बखेर देता है। निश्चय ही आप उस मूर्ख पक्षी के कार्य की सराहना नहीं करेंगे, जिसकी दृष्टि सिर्फ सामने वाले दाने तक ही थी और जो आगे रखे हुए जाल की ओर लोभ के मारे ध्यान नहीं देता था, वह अल्पज्ञ पक्षी कुछ थोड़े से क्षणों तक अहंकार में फूला रह सकता है और उन दानों के लाभ से अपने को सौभाग्यशाली गिन सकता है, परन्तु अन्त में उसे अपनी भूल पर पछताना पड़ेगा। बुद्धिमान पक्षी जाल के खतरे और दानों के लाभ की तुलना करता है और भविष्य के परिणामों पर विचार करता है, इस प्रकार वह सामने रखे हुए दानों को बिना किसी हिचकिचाहट के जहाँ का तहाँ पड़ा छोड़कर उड़ जाता है।

नेकी का- आत्म कल्याण का मार्ग अवलम्बन करने वाले व्यक्ति के सामने इसी तरह की समस्या आती है, एक ओर तो स्वार्थ, भोग, विलास, इन्द्रिय लिप्सा, तृष्णा लालसा, संग्रह, परिग्रह का प्रलोभन होता है, जिनमें लिप्त हो जाने पर भविष्य अन्धकारमय बन जाता है, दूसरी ओर परमार्थ, त्याग, दया, प्रेम, करुणा, सहानुभूति का मार्ग है, प्रत्यक्ष में यह रास्ता सूखा, कष्ट -साध्य और घाटे का प्रतीत होता है, किन्तु अन्त में उसका परिणाम बहुत ही आशातीत तथा आनन्ददायक होता है। जाल के ऊपर पड़े हुए दानों को छोड़कर जो पक्षी उड़ गया था, भले ही वह किसी की दृष्टि से घाटे में रहा हो, पर जब हरे भरे पेड़ की ऊँची डाली पर बैठकर वह प्रसन्नता के मधुर गीत गाता है, तब वह अनुभव करता है कि जाल के दानों को छोड़कर भी मैं घाटे में नहीं रहा। किसान जब फसल के समय अपना भरा हुआ कोष देखता है तो उसे प्रतीत होता है कि खेत में जो बीज मैंने बखेरा था, वह व्यर्थ नहीं गया। उस समय घाटा प्रतीत होता था, पर आज तो जितना दिया गया था, उससे हजार गुना वापिस लौट आया।

आप अपनी नेकी के मार्ग पर दृढ़ता से चलते रहिए। अपने वास्तविक कल्याण को दूर- दृष्टि के साथ, विशाल दृष्टिकोण के साथ देखिए। दूसरे लोग, इस दुनिया में, बहुत पैसा इकट्ठा करते हुए, विषय भोगों में लगे हुए इन्द्रिय तृप्ति में परायण एवं लालसाओं को पूरा करने में लगे हुए आपको दिखाई पड़ेंगे। यह लोग बाहर से ठाठ -बाठ का और तड़क भड़क का जीवन व्यतीत करते हुए प्रतीत होंगे। आप इनके वैभव को देखकर भूलकर भी ललचाइये मत, क्योंकि यह विनाश के पथ पर दौड़ रहे हैं। तृष्णा, लालसा और अनीति की पाप वासनायें उनके भीतर लुहार की भट्टी की तरह जल रही हैं, एक दिन यह भीतरी ज्वाला बाहर आवेगी और उन्हें जड़- मूल से नष्ट कर देगी। आप भविष्य के आनन्दमय परिणामों के लिए आज के कठोर, रूखे काम करना आरम्भ कर दीजिये। चतुर किसान की तरह अपनी मानसिक, शारीरिक और भौतिक शक्तियों को ईश्वर के संसार रूपी खेत की उपजाऊ मिट्टी में बखेर दीजिए। लोक हित के, परमार्थ के, धर्म के कार्यों में सब कुछ छोड़कर लग जाइए। अपनी योग्यताओं का बीज परमार्थ के खेत में बोइए और फसल आने तक निष्ठा और विश्वास के साथ अपने स्वेद बिन्दुओं से उसे सींचते रहिए। सचमुच एक दिन आप ही बुद्धिमान ठहराये जायेंगे और स्वीकार किया जायगा, कि आप ही बेजोखों का व्यापार करने वाले सच्चे व्यापारी हैं।

आप अपनी आत्मा के गौरव को स्मरण कीजिए, अपनी महानता को अनुभव कीजिए और केवल उन्हीं कार्यों में हाथ डालिए जो आपके पद के अनुकूल हों। सम्राटों के सम्राट परमात्मा का उत्तराधिकारी राजकुमार मनुष्य वस्तुतः महान् है। महानता का गौरव इसी में है, कि अपनी मर्यादा पर स्थिर रहा जाए। चकवा प्यासा मर जाता है पर स्वाति बूँद के अभाव में गन्दे नाले का पानी नहीं पीता, हंस अपनी मर्यादा की रक्षा करता है, मछली अपनी मर्यादा की रक्षा करती है, हंस मोती न मिलने पर भूखों मर जाता है और मछली जल के अभाव में जीवित नहीं रहती। आप भी अपनी गौरव मर्यादा से नीचे मत गिरिये। धर्ममय उत्तमोत्तम कार्यों को करने के लिए आपका अवतार इस पृथ्वी पर हुआ है, परमात्मा का राजकुमार - आत्मा - अपने पिता की राज-सत्ता को सुव्यवस्थित करने आया है। सरकारी हाकिम देहातों में दौरा करने के लिए भेजे जाते हैं, ताकि वे सम्राट का शासन सुव्यवस्थित रखने में सहायता करें, आपको इसलिए यहाँ भेजा गया है, कि ईश्वर की इच्छा और आज्ञाओं का सन्देश विश्व के कौने-कौने में गुँजित करें और अधर्म को हटाकर धर्म की स्थापना करें। आप अपने पद और जिम्मेदारी का स्मरण कीजिए और इसी की मर्यादा की रक्षा के निमित्त कार्य करना आरम्भ कीजिए। आपके लिए नेकी और भलाई का यह बहुत ही उत्तम मार्ग हो सकता है।

अच्छी तरह इस बात को हृदयंगम कर लीजिए। जीवन का सच्चा लाभ इसी में है कि आप आत्म कल्याण के, नेकी और भलाई के, मार्ग पर चलें। अपने आचरणों को सचाई और धर्म-निष्ठा से परिपूर्ण रखें एवं अन्तःकरण के किवाड़ों को सद्भाव एवं सद्विचारों के लिए खोल दें। कल्याणकारी पिता के, हे कल्याणकारी पुत्र! उठो, परमात्मा का अवलम्बन ग्रहण करो और नेकी के मार्ग पर अग्रसर हो जाओ। आपकी सच्ची भलाई इसी में है।



(अखंड ज्योति-9/1944)

हमारा शरीर परम आनंद की सीढ़ी और मन है, एक चमत्कार.


हमारा शरीर परम आनंद की
सीढ़ी और मन है, एक चमत्कार.
(सद्गुरु जग्गी वासुदेव) 

यह मानव शरीर एक ऐसा तोहफा है आपके लिए जिसे आप चाहें तो स्वर्ग की सीढ़ी बना लें या अपने लिए परेशानियों का द्वार। और हमारा मन एक कमाल का यंत्र है, बस यह समझिए कि सुप्रीम कंप्यूटर।

जी हां, यह मानव शरीर एक ऐसा तोहफा है आपके लिए जिसे आप चाहें तो स्वर्ग की सीढ़ी बना लें या अपने लिए परेशानियों का द्वार। और हमारा मन एक कमाल का यंत्र है, बस यह समझिए कि सुप्रीम कंप्यूटर। लेकिन अफसोस कि हम इसको समझने और इसका इस्तेमाल सीखने के लिए उतना समय भी नहीं देते जितना एक मामूली कंप्यूटर को सीखने में देते हैं। यही वजह है कि हम इस बेमिसाल यंत्र के पूरे और सही इस्तेमाल से चूक जाते हैं।

इस मानव-प्रणाली को साधारण न समझें, आप इससे ऐसी चीजें कर सकते हैं, जिनके संभव होने की आपने कभी कल्पना नहीं की होगी। एक खास तरह की जीवन-शैली अपना कर आप इस शरीर को एक ऐसा साधन बना सकते हैं, जो ब्रह्मांड की धुरी बन जाता है।

दुर्भाग्य से हमारे समाज में ज्यादातर लोगों ने दिमाग को इस्तेमाल करने का तरीका ठीक ढंग से सीखने में भरपूर समय नहीं दिया, इसीलिए वे झंझटों में उलझे रहते हैं।
योग में, हम मानव रीढ़ को ‘मेरुदंड’ कहते हैं, जिसका अर्थ होता है- ब्रह्मांड की धुरी।
शारीरिक विकास की प्रक्रिया में, पशुओं के बिना रीढ़ का होने से रीढ़वाले होने तक का विकास एक बड़ी उछाल थी। उसके बाद उसके पशुओं जैसी रीढ़ से लंबवत या सीधी रीढ़ तक का जो विकास हुआ वो मनुष्य के दिमाग के विकास से भी बड़ा कदम था।

वैज्ञानिक रूप से यह सिद्ध हो चुका है कि रीढ़ के सीधे होने के बाद ही मस्तिष्क का विकास शुरू हुआ। इसीलिए योग में मेरुदंड को इतना महत्व दिया जाता है। योगी एक ऐसा व्यक्ति होता है जो अपने शरीर को रूपांतरित करके उसे स्वर्ग की सीढ़ी बना लेता है। इसके लिए रीढ़ पर थोड़ा अधिकार होना जरूरी हो जाता है। पारंपरिक रूप से कहा जाता है कि स्वर्ग की तैंतीस सीढिय़ां होती हैं। ऐसा शायद इसीलिए कहा जाता है क्योंकि आपकी रीढ़ में तैंतीस हड्डियां हैं। यह रीढ़ कष्टदायक भी हो सकती है या इसे उस सीढ़ी का रूप दिया जा सकता है, जिस पर चढक़र आप अपने भीतर चेतना, आनंद और परमानंद के उच्चतम स्तर पर पहुंच सकें।

मानव स्वभाव कोई संघर्ष नहीं है, लोग इसे संघर्ष बना रहे हैं। आपको एक शानदार तंत्र से नवाजा गया है जिसे दिमाग कहते हैं। इस दिमाग को विकसित होने में करोड़ों साल का समय लग गया। करोड़ों साल तक ‘आर एंड डी’ (शोध और विकास) के चरणों से गुजरने के बाद कहीं जाकर इस शानदार यंत्र का निर्माण हुआ। लेकिन ज्यादातर लोग इस शानदार यंत्र का धड़ल्ले के साथ इस्तेमाल कर रहे हैं, बिना यह जाने कि इसका प्रयोग सही तरीके से कैसे किया जाता है।

अगर मैं आपको एक सस्ता सा सेलफोन लाकर दूं तो आपको उस पर बस दस-बारह बटन मिलेंगे।


इसके लिए रीढ़ पर थोड़ा अधिकार होना जरूरी हो जाता है। पारंपरिक रूप से कहा जाता है कि स्वर्ग की तैंतीस सीढिय़ां होती हैं। ऐसा शायद इसीलिए कहा जाता है, क्योंकि आपकी रीढ़ में तैंतीस हड्डियां हैं।
आपको बस ये सीखना है कि किस बटन को दबा कर कॉल करना है, किससे ऑफ करना है, बस हो गया आपका काम। अब जरा सोचिए मैंने आपको एक स्मार्टफोन दे दिया, जिसमें प्रयोग करने के लिए सैकड़ों फंक्शन हैं। जो लोग भी स्मार्टफोन का प्रयोग कर रहे हैं, उनमें से ज्यादातर लोग फोन के पांच फीसदी से भी कम फंक्शन का ही इस्तेमाल जानते हैं।

आपका फोन, आपकी कार, आपका अंतरिक्षयान, आपका सुपर-कंप्यूटर या ऐसी ही दूसरी चीजें जिन्हें इंसान ने बनाया है, इसी दिमाग की उपज हैं। यह दिमाग एक बेहद जटिल यंत्र है। अगर आपके पास साधारण फोन है तो उसका इस्तेमाल सीखने के लिए आपको पांच से दस मिनट का वक्त चाहिए। अगर आपके पास स्मार्ट-फोन है तो हो सकता है कि उसके साथ मिली निर्देशिका को पढऩे में ही आपका आधा दिन निकल जाए और उसके बारे में सीखने में आपको दो-चार दिन ध्यान देना पड़े। अगर कंप्यूटर की बात करें तो आपको और भी ज्यादा समय लगाने की जरूरत हो सकती है। हो सकता है कि एक दो महीने लग जाएं। अगर आपको सुपर-कंप्यूटर दे दिया जाए तो उस पर काम करना सीखने के लिए हो सकता है कि आपको पांच साल लग जाएं। अगर आपको सुप्रीम-कंप्यूटर मिलता है, जो कि आपके पास ही है, तो आपको उसे सीखने में कुछ समय लगाना चाहिए। दुर्भाग्य से हमारे समाज में ज्यादातर लोगों ने दिमाग को इस्तेमाल करने का तरीका ठीक ढंग से सीखने में भरपूर समय नहीं दिया, इसीलिए वे झंझटों में उलझे रहते हैं। यह इत्तेफाक की बात है कि कुछ लोगों ने दिमाग का अच्छी तरह से प्रयोग करना सीख लिया है, बाकियों ने इसे लेकर सब गड़बड़ कर रखा है।

मृत्यु का भय दूर कर लीजिए.


मृत्यु का भय दूर कर लीजिए.

मृत्यु से मनुष्य बहुत डरता है। इस डर के कारण की खोज करने पर प्रतीत होता है कि मनुष्य मृत्यु से नहीं वरन् अपने पापों के दुष्परिणामों से डरता है। देखा जाता है कि यदि मनुष्य को कहीं कष्ट या विपात्त स्थान में जाना पड़े तो वह जाते समय बहुत डरता और व्याकुल होता है। मृत्यु से मनुष्य इसलिए घबराता है कि उसकी अन्तःचेतना ऐसा अनुभव करती है कि इस जीवन का मैंने जो दुरुपयोग किया है, उसके फलस्वरूप मरने के पश्चात मुझे दुर्गति में जाना पड़ेगा। जब कोई व्यक्ति वर्तमान की अपेक्षा अधिक अच्छी उन्नत सुखकर परिस्थिति के लिए जाता है, तो उसे जाते समय कुछ भी कष्ट नहीं होता वरन् प्रसन्नता होती है।

जो लोग अपने जीवन को निरर्थक, अनुचित और अनुपयोगी कार्यों में खर्च कर रहे हैं, वे लोग मृत्यु से उसी की प्रकार डरते हैं, जैसे बकरा कसाई खाने के दरवाजे में घुसता हुआ भावी पीड़ा की आशंका से डरता है। यदि आप मृत्यु के भय से बचना चाहते हैं, तो अपने जीवन का सदुपयोग करना, अपने कार्यक्रम को योग्य बनाना आरम्भ कर दीजिए, ऐसा करने से आपकी अन्तःचेतना को यह विश्वास होने लगेगा कि मनुष्य अंधकारमय नहीं वरन् प्रकाश पूर्ण है। जिस क्षण यह विश्वास हृदय को हुआ, उसी क्षण मृत्यु का भय भाग जाता है। तब वह शरीर परिवर्तन को वस्त्र परिवर्तन की तरह एक मामूली बात समझता है और मृत्यु से जरा भी डरता या घबराता नहीं।



(अखंड ज्योति-9/1944)

राजा भोज का स्वप्न.


राजा भोज का स्वप्न.
(मंगलचन्दजी भंडारी)

एक दिन राजा भोज गहरी निद्रा में सोया हुआ था। उसे स्वप्न में एक बड़े तेजस्वी वृद्ध पुरुष के दर्शन हुए। भोज ने उससे पूछा -भगवन् आप कौन हैं? वृद्ध ने कहा-हे राजन्! मैं सत्य हूँ। तुझे तेरे कार्यों का वास्तविक स्वरूप दिखाने आया हूँ। मेरे पीछे पीछे चला आ, और अपने कार्यों की वास्तविकता को देख। राजा प्रसन्नता पूर्वक उस वृद्ध पुरुष के पीछे पीछे चल दिया।

राजा भोज अपने को बहुत बड़ा धर्मात्मा समझता था। उसने दान, पुण्य, यज्ञ, व्रत, उपवास, तीर्थ यात्रा, कथा, कीर्तन, भजन, पूजन आदि में कुछ भी कसर न रहने दी थी। वह ब्राह्मणों का बड़ा सत्कार करता था, उन्हें प्रचुर दक्षिणा देकर संतुष्ट करता था। मन्दिर बाग, बगीचे, कुंआ, बावड़ी, तालाब आदि उसने एक से एक अच्छे बनवाये थे। अपनी इन वृत्तियों को देख देखकर राजा मन नहीं मन बहुत अभिमान किया करता था।

वृद्ध पुरुष के रूप में आया हुआ, सत्य राजा भोज को अपने साथ लेकर उसकी कृतियों के पास ले गया। पहले एक बड़े भारी बगीचे में उसे ले गया। भोज का लगाया हुआ यह बगीचा फल फूलों से लदा हुआ था। सत्य ने कहा-हे भोज! तुझे अपनी इस कृति के बाह्य रूप को देखकर बड़ा अभिमान होगा। पर इसमें असलियत कितनी है, यह मैं तुझे अभी दिखाये देता हूँ। सत्य ने एक पेड़ को छुआ, छूते ही उसके सारे फल फूल ओर पत्ते जमीन पर गिर पड़े और वे सभी ठूँठ हो गये। यह सब देखकर भोज के आश्चर्य का ठिकाना न रहा। आकुलता पूर्वक चिन्तित नेत्रों से सत्य की ओर देखा। वृद्ध पुरुष ने कहा-मैं जानता हूँ कि तुम इसका कारण जानना चाहते हो पर आओ मुझे अभी तुम्हारी अन्य कृतियों का भी खोखलापन दिखाना है। उन्हें दिखा लेने के बाद ही इसका कारण तुम्हें बताऊँगा।

सत्य, राजा भोज को साथ लेकर आगे बढ़ा, वह उसे उस स्वर्ण जटित मन्दिर के पास ले गया जिस पर भोज को बड़ा अभिमान था। सत्य ने उसे जरा सा छुआ, छूते ही उसकी सारी चमक उड़ गई। सोना लोहे के समान काला हो गया, आलीशान पत्थर जमीन पर गिर गिर कर चूर होने लगे, थोड़ी ही देर में वह गगनचुम्बी मन्दिर टूटे फूटे खँडहर के रूप में परिणित हो गया। इस दृश्य को देखकर राजा के होश उड़ने लगे। वह जड़ पत्थर की तरह गति हीन होकर खड़ा हो गया, सत्य ने कहा- राजन्! विषाद मत करो, अभी और मेरे साथ आओ, मैं तुम्हारे सभी धर्म कार्यों की वास्तविकता खोल खोल कर सामने रखे देता हूँ।

वृद्ध पुरुष आगे बढ़ा उसने राजा के यज्ञ, तीर्थ, कथा, कीर्तन, पूजन, भजन, दीन, व्रत आदि के निमित्त बने हुए स्थानों, व्यक्तियों और उपादानों को छुआ। सत्य जिस वस्तु से उंगली लगाता था, उसी की चमक दमक गायब हो जाती थी और टूटे फूटे नष्ट रूप में वह भूमि पर गिर पड़ती थी। कुंआ, बावड़ी, मन्दिर मठों की भी यही दुर्गति हुई। दान में दी हुई धन की बड़ी भारी स्वर्ण राशि के निकट भी उसे ले जाया गया, सत्य ने जैसे ही उसे छुआ, वह भी मिट्टी कंकड़ की शकल में बदल गई। राजा को अपनी जिन जिन वस्तुओं पर अभिमान था, उन सभी को सत्य ने स्पर्श करके दिखाया। वे सभी निकम्मी-झूठी और निष्फल साबित हुई। राजा की आँखों के आगे अँधेरा छा गया। जिन वस्तुओं को देख देखकर वह फूला नहीं समाता था, उनकी यह दुर्गति होते देख कर भोज के पैरों तले से जमीन खिसकने लगी। वह हत बुद्धि होकर वहीं जमीन पर बैठ गया।

सत्य ने कहा- राजन्! वास्तविकता को समझो। भ्रम में मत पड़ो। भौतिक वस्तुओं के न्यूनाधिकता के आधार पर धर्म की न्यूनाधिकता नहीं होती। कर्म के राज्य में भावना का सिक्का चलता है। भावना के अनुरूप ही पुण्य फल प्राप्त होता है। यश की इच्छा से, लोक दिखावे के लिए जो कार्य किये गये हैं उनका फल इतना ही है कि दुनिया की वाहवाही मिल जाए। सच्ची सद्भावना से, निस्वार्थ होकर, कर्तव्य भाव से जो कार्य किये गये हैं, वे ही पुण्य फल हैं। एक गरीब आदमी जिसके पास पैसा नहीं हैं, यदि निस्वार्थ भाव से किसी को एक लोटा जल पिलाता है, तो उसका पुण्य किसी यश लोलुप धनी के लाख करोड़ रुपया खर्च करने से अधिक है। मजहबी कर्मकाण्डों की कवायद पूरी कर देने मात्र से यदि पुण्य प्राप्त हो जाता,तो धनिकों के लिए या अमुक मजहब वालों के लिए ही धर्म खरीद लिया गया होता,परन्तु सचाई यह नहीं है। वास्तविकता यह है कि जो मनुष्य अपने तुच्छ स्वार्थों से आगे बढ़कर कर्तव्य भावना से लोग कल्याण के लिए ठीक कार्य करता है, वही पुण्य होता है, और उसी का पुण्य फल प्राप्त होता है। बाकी अन्य आडम्बर तो दिखावा मात्र हैं, उनकी पहुँच तो इस लोक तक ही है। धर्म के राज्य तक इनकी पहुँच नहीं हो सकती।

इतना कह कर वह वृद्ध पुरुष के रूप में आया हुआ, सत्य अन्तर्धान हो गया। भोज की निद्रा टूटी। उसने गंभीरतापूर्वक अपने स्वप्न पर विचार किया और अन्त में इस निष्कर्ष पर पहुँचा कि भौतिक साधनों की सहायता से पुण्य कमाने की आशा छोड़ कर मनुष्य को अपने अन्तःकरण की पवित्रता और विशुद्धता की ओर प्रवृत्त होना चाहिए, क्योंकि धर्म अधर्म की जड़ मन में हैं, बाहर नहीं।

रक्षा-सूत्र या मौली.


रक्षा-सूत्र या मौली.

मौली बांधना वैदिक परंपरा का हिस्सा है। यज्ञ के दौरान इसे बांधे जाने की परंपरा तो पहले से ही रही है, लेकिन इसको संकल्प सूत्र के साथ ही रक्षा-सूत्र के रूप में तब से बांधा जाने लगा, जबसे असुरों के दानवीर राजा बलि की अमरता के लिए भगवान वामन ने उनकी कलाई पर रक्षा-सूत्र बांधा था। इसे रक्षाबंधन का भी प्रतीक माना जाता है, ‍जबकि देवी लक्ष्मी ने राजा बलि के हाथों में अपने पति की रक्षा के लिए यह बंधन बांधा था। मौली हर हिन्दू बांधता है। इसे मूलत: रक्षा सूत्र कहते हैं।

मौली का अर्थ.

'मौली' का शाब्दिक अर्थ है 'सबसे ऊपर'। मौली का तात्पर्य सिर से भी है। मौली को कलाई में बांधने के कारण इसे कलावा भी कहते हैं। इसका वैदिक नाम उप मणिबंध भी है। मौली के भी प्रकार हैं। शंकर भगवान के सिर पर चन्द्रमा विराजमान है, इसीलिए उन्हें चंद्रमौली भी कहा जाता है।

मौली बांधने का मंत्र.

येन बद्धो बली राजा दानवेन्द्रो महाबल:।
तेन त्वामनुबध्नामि रक्षे माचल माचल।।


मौली के प्रकार.

मौली कच्चे धागे (सूत) से बनाई जाती है, जिसमें मूलत: 3 रंग के धागे होते हैं- लाल, पीला और हरा, लेकिन कभी-कभी, यह 5 धागों की भी बनती है, जिसमें नीला और सफेद भी होता है। 3 और 5 का आशय त्रिदेव और पंचदेव से हैं।

मौली बांधने का नियम.

शास्त्रों के अनुसार पुरुषों एवं अविवाहित कन्याओं को दाएं हाथ में कलावा बांधना चाहिए। विवाहित स्त्रियों के लिए बाएं हाथ में कलावा बांधने का नियम है।
कलावा बंधवाते समय जिस हाथ में कलावा बंधवा रहे हों, उसकी मुट्ठी बंधी होनी चाहिए और दूसरा हाथ सिर पर होना चाहिए।
मौली कहीं पर भी बांधें, एक बात का हमेशा ध्यान रहे कि इस सूत्र को केवल 3 बार ही लपेटना चाहिए व इसके बांधने में वैदिक विधि का उपयोग करना चाहिए।

कब बांधी जाती है, मौली?

पर्व-त्योहार के अलावा किसी अन्य दिन कलावा बांधने के लिए मंगलवार और शनिवार का दिन शुभ माना जाता है।

हर मंगलवार और शनिवार को पुरानी मौली को उतारकर नई मौली बांधना उचित माना गया है। उतारी हुई पुरानी मौली को पीपल के वृक्ष के पास रख दें या किसी बहते हुए जल में बहा दें।

प्रतिवर्ष की संक्रांति के दिन, यज्ञ की शुरुआत में, कोई इच्छित कार्य के प्रारंभ में, मांगलिक कार्य, विवाह आदि हिन्दू संस्कारों के दौरान मौली बांधी जाती है।

क्यों बांधते हैं मौली?

मौली को धार्मिक आस्था का प्रतीक माना जाता है।

किसी अच्छे कार्य की शुरुआत में संकल्प के लिए भी बांधते हैं।

किसी देवी या देवता के मंदिर में मन्नत के लिए भी बांधते हैं।

मौली बांधने के 3 कारण हैं- पहला आध्यात्मिक, दूसरा चिकित्सीय और तीसरा मनोवैज्ञानिक।

किसी भी शुभ कार्य की शुरुआत करते समय या नई वस्तु खरीदने पर हम उसे मौली बांधते हैं ताकि वह हमारे जीवन में शुभता प्रदान करे।

हिन्दू धर्म में प्रत्येक धार्मिक कर्म यानी पूजा-पाठ, उद्घाटन, यज्ञ, हवन, संस्कार आदि के पूर्व पुरोहितों द्वारा यजमान के दाएं हाथ में मौली बांधी जाती है।


इसके अलावा पालतू पशुओं में हमारे गाय, बैल और भैंस को भी पड़वा, गोवर्धन और होली के दिन मौली बांधी जाती है।


स्व रक्षा के लिए मौली का उपयोग.

मौली को कलाई में बांधने पर कलावा या उप मणिबंध करते हैं। हाथ के मूल में 3 रेखाएं होती हैं, जिनको मणिबंध कहते हैं। भाग्य व जीवनरेखा का उद्गम स्थल भी मणिबंध ही है। इन तीनों रेखाओं में दैहिक, दैविक व भौतिक जैसे त्रिविध तापों को देने व मुक्त करने की शक्ति रहती है।

इन मणिबंधों के नाम शिव, विष्णु व ब्रह्मा हैं। इसी तरह शक्ति, लक्ष्मी व सरस्वती का भी यहां साक्षात वास रहता है। जब हम कलावा का मंत्र रक्षा हेतु पढ़कर कलाई में बांधते हैं, तो यह तीन धागों का सूत्र त्रिदेवों व त्रिशक्तियों को समर्पित हो जाता है, जिससे रक्षा-सूत्र धारण करने वाले प्राणी की सब प्रकार से रक्षा होती है। इस रक्षा-सूत्र को संकल्पपूर्वक बांधने से व्यक्ति पर मारण, मोहन, विद्वेषण, उच्चाटन, भूत-प्रेत और जादू-टोने का असर नहीं होता।

आध्यात्मिक पक्ष.

शास्त्रों का ऐसा मत है कि मौली बांधने से त्रिदेव- ब्रह्मा, विष्णु व महेश तथा तीनों देवियों- लक्ष्मी, पार्वती व सरस्वती की कृपा प्राप्त होती है। ब्रह्मा की कृपा से कीर्ति, विष्णु की कृपा से रक्षा तथा शिव की कृपा से दुर्गुणों का नाश होता है। इसी प्रकार लक्ष्मी से धन, दुर्गा से शक्ति एवं सरस्वती की कृपा से बुद्धि प्राप्त होती है।

यह मौली किसी देवी या देवता के नाम पर भी बांधी जाती है, जिससे संकटों और विपत्तियों से व्यक्ति की रक्षा होती है। यह मंदिरों में मन्नत के लिए भी बांधी जाती है।

इसमें संकल्प निहित होता है। मौली बांधकर किए गए संकल्प का उल्लंघन करना अनुचित और संकट में डालने वाला सिद्ध हो सकता है। यदि आपने किसी देवी या देवता के नाम की यह मौली बांधी है, तो उसकी पवित्रता का ध्यान रखना भी जरूरी हो जाता है।

चिकित्सीय पक्ष.

प्राचीनकाल से ही कलाई, पैर, कमर और गले में भी मौली बांधे जाने की परंपरा के ‍चिकित्सीय लाभ भी हैं। शरीर विज्ञान के अनुसार इससे त्रिदोष अर्थात वात, पित्त और कफ का संतुलन बना रहता है। पुराने वैद्य और घर-परिवार के बुजुर्ग लोग हाथ, कमर, गले व पैर के अंगूठे में मौली का उपयोग करते थे, जो शरीर के लिए लाभकारी था। ब्लड प्रेशर, हार्टअटैक, डायबिटीज और लकवा जैसे रोगों से बचाव के लिए मौली बांधना हितकर बताया गया है।

हाथ में बांधे जाने का लाभ.

शरीर की संरचना का प्रमुख नियंत्रण हाथ की कलाई में होता है अतः यहां मौली बांधने से व्यक्ति स्वस्थ रहता है। उसकी ऊर्जा का ज्यादा क्षय नहीं होता है। शरीर विज्ञान के अनुसार शरीर के कई प्रमुख अंगों तक पहुंचने वाली नसें कलाई से होकर गुजरती हैं। कलाई पर कलावा बांधने से इन नसों की क्रिया नियंत्रित रहती है।

कमर पर बांधी गई मौली.

कमर पर बांधी गई मौली के संबंध में विद्वान लोग कहते हैं कि इससे सूक्ष्म शरीर स्थिर रहता है और कोई दूसरी बुरी आत्मा आपके शरीर में प्रवेश नहीं कर सकती है। बच्चों को अक्सर कमर में मौली बांधी जाती है। यह काला धागा भी होता है। इससे पेट में किसी भी प्रकार के रोग नहीं होते।

मनोवैज्ञानिक लाभ.

मौली बांधने से उसके पवित्र और शक्तिशाली बंधन होने का अहसास होता रहता है और इससे मन में शांति और पवित्रता बनी रहती है। व्यक्ति के मन और मस्तिष्क में बुरे विचार नहीं आते और वह गलत रास्तों पर नहीं भटकता है। कई मौकों पर इससे व्यक्ति गलत कार्य करने से बच जाता है।

स्वयं अंदर से प्रकट होता है-ज्ञान.


स्वयं अंदर से प्रकट होता है-ज्ञान.

अध्यात्म विद्या के विषय में अधिकांश भौतिक विद्वान शिक्षा को ही विद्या मान बैठते हैं। वे विद्या और शिक्षा के अंतर को भी समझने में असमर्थ हैं. जबकि विद्या और शिक्षा में धरती और आसमान का अंतर है।

इस विषय को स्पष्ट करते हुए महात्मा परमचेतनानंद ने अपने प्रवचन में कहा कि शिक्षा शब्द शिक्ष धातु से बना है, जिसका अर्थ है 'सीखना'
। भौतिक शिक्षा अनुकरण के द्वारा सीखी जाती है, जिसका संबंध ज्ञानेन्द्रियों, कर्मेद्रिंयों व मन बुद्धि तक सीमित है। इसके अतिरिक्त विद्या शब्द विद् धातु से बना है, जिसका अर्थ है 'जानना' अर्थात्‌ 'वास्तविक ज्ञान।'

यह ज्ञान स्वयं अंदर से प्रकट होता है, इसे ही अध्यात्म ज्ञान कहा जाता है। इसे आत्मा की गहराई में पहुंचने पर ही जाना जाता है।

शिक्षा के विद्वान अहंकार से ग्रसित होते हैं, उनमें विनम्रता का अभाव होता है, जबकि विद्या का प्रथम गुण विनम्रता है। विद्या वास्तव में मानव की मुक्ति का मार्ग प्रशस्त करती है।

इस अध्यात्म विद्या से मानव 'निष्काम कर्म योगी' बनता है, जो सभी को समान भाव से देखता है।