शनिदेव का स्त्री रूप.


शनिदेव का स्त्री रूप.

एक कथा के अनुसार, शनिदेव के कोप के कारण जनता बहुत त्रस्त थी। सभी दुखी होकर बजरंगबली के मंदिर में पहुंचे और उनसे विनती करने लगे कि वे उन्हें शनिदेव की कुदृष्टि से मुक्ति दिलाएं। अपने भक्तों को रोता हुआ और त्रस्त देखकर हनुमानजी को बहुत क्रोध आया और वह शनिदेव को दंड देने के लिए उनकी तरफ बढ़ने लगे।

शनिवदेव जानते थे कि बजरंगबली बाल ब्रह्मचारी हैं और महिलाओं पर हाथ नहीं उठाते हैं, इसलिए उनके क्रोध से बचने के लिए शनिदेव ने स्त्री रूप धारण कर लिया और हनुमानजी के चरणों में जा बैठे।

शनिदेव ने अपने क्रोध और बजरंगबली के भक्तों को प्रताणित करने की भूल पर उनसे क्षमा मांगी। स्त्री रूप धरे और बजरंगबली के चरणों में बैठे शनिदेव की प्रतिमा गुजरात राज्य स्थित सारंगपुर के कष्टभंजन मंदिर में प्रतिष्ठित है। इस मंदिर को बहुत चमत्कारी माना जाता है। जिन लोगों की कुंडली में शनि या मंगल दोष होता है, वे विशेष रूप से यहां भगवान के दर्शन के लिए आते हैं।

जीवन में अन्याय है, हमें ही समझना होगा.


जीवन में अन्याय है,
हमें ही समझना होगा.
(सुखबोधानंद जी महाराज)

एक गांव में एक युवा नदी के किनारे पर बैठा अटखेलियां कर रहा था। अचानक उसे किसी की पुकार सुनाई दी, 'बचाओ, बचाओ!" एक मगरमच्छ जाल में फंस गया था और मदद के लिए चिल्ला रहा था। पहले-पहल तो लड़के को झिझक हुई कि इसकी मदद कैसे करूं क्योंकि मदद करने पर यह छूटेगा तो मुझे खा जाएगा। लेकिन मगरमच्छ ने उससे याचना करते हुए कहा कि ' मैं तुमसे वादा करता हूं कि मैं तुम्हारा शिकार नहीं करूंगा। मुझे बचा लो।"

उसकी स्थिति पर द्रवित होकर उस युवक ने जाल काटना शुरू किया और उसे आजाद करना शुरू किया। जैसे ही मगरमच्छ का सिर जाल से आजाद हुआ उसने अपने मजबूत जबड़े से युवक का पैर पकड लिया। अब लड़का चिल्लाने लगा, 'तुम कितने निर्दयी हो!"

मगरमच्छ ने कहा, 'मैं क्या कर सकता हूं? दुनिया का यही नियम है। यह न्याय-अन्याय कुछ नहीं है। जीवन इसी तरह चलता है।" युवक मरने से ज्यादा इस बात से दुखी था कि मगर ने उसके साथ धोखा किया। जब वह युवक इस स्थिति में तब उसने पास के वृक्ष पर बैठी चिड़िया से पूछा, 'क्या यह मगर सच कह रहा है?

क्या जीवन में चीजें न्यायपूर्ण नहीं है? क्या लोग अपने वादों को नहीं निभाते हैं?" चिड़िया ने जवाब दिया, 'हम वृक्ष के ऊपरी हिस्से पर अपना घोंसला बनाते हुए सावधानी बरतते हैं कि हमारे अंडे कोई चुरा न ले। फिर भी सांप आता है और हमारे अंडे खा जाता है। मगरमच्छ सच कह रहा है कि जिंदगी में हर चीज नियमों के अनुरूप हो यह जरूरी नहीं है।"

फिर युवक ने नदी के किनारे एक गधे को रेंगते हुए सुना और उससे भी वही प्रश्न पूछा। गधे ने कहा, 'जब मैं युवा था, तो मेरा मालिक मेरी पीठ पर बहुत सारी मिट्टी ढोता था और मुझसे बहुत ज्यादा काम लेता था। अब मैं बूढ़ा और कमजोर हो गया हूं तो उसने मुझे मेरे हाल पर छोड़ दिया है।

दुनिया असल में इसी तरह निष्ठुर है। दुनिया में अन्याय है और इसी तरह दुनिया चलती है।!" लेकिन युवक अभी भी संतुष्ट नहीं हुआ था तो उसने समीप से गुजरते हुए खरगोश से वही प्रश्न पूछा।

खरगोश ने कहा, 'नहीं, हरगिज नहीं! मगरमच्छ जो कह रहा है उससे मैं कतई सहमत नहीं हूं। यह बिलकुल बकवास है!" यह सुनकर मगरमच्छ गुस्सा हो गया और भले ही उसके मुंह में युवक का पैर था मगर वह धीरे-धीरे कुछ गुर्राने लगा।

खरगोश ने विरोध में कहा कि चूंकि युवक का पैर तुम्हारे मुंह में है तो तुम क्या कह रहे हो मुझे कुछ सुनाई नहीं दे रहा है। मगरमच्छ हंसा और उसने उसी अंदाज में कहा, 'मैं मूर्ख नहीं हूं! अगर मैं तुमसे जोर से बात करने लगता हूं तो मेरी पकड ढीली हो जाएगी और यह युवक भाग निकलेगा।"

खरगोश ने कहा, 'तुम वास्तव में बहुत मूर्ख हो। क्या तुम भूल जाते हो कि तुम्हारी पूंछ बड़ी ताकतवर है और तुम उसके एक वार से युवक को गिरा सकते हो!"

मगरमच्छ यह सुनकर खुद पर मुग्ध हो गया और उसने युवक को छोड़ खरगोश के साथ तर्क करना जरूरी समझा। इस अवसर को भुनाते हुए युवक भाग निकला। और जब मगरमच्छ ने अपनी पूंछ के जरिए वार करना चाहा तो पाया कि उसकी पूंछ अभी भी जाल में फंसी हुई है।

मगरमच्छ ने घूरकर खरगोश को देखा। खरगोश मुस्कुराया और उसने कहा कि 'अब तुम अच्छे से समझ सकोगे कि दुनिया ऐसी ही है। मतलबी और काम निकालने वाली!"

थोड़ी ही देर में वह युवक अपने गांव लौटने लगा तभी एक कुत्ते ने तभी खरगोश को देखा और उसका पीछा करने लगा। युवक कुत्ते पर चिल्लाया, 'इस खरगोश ने मेरी जान बचाई है, इस पर हमला मत करो।" मगर इससे पहले कि युवक बीचबचाव कर पाता, कुत्ते ने खरगोश का शिकार कर लिया और उसे मार गिराया।

अन्याय तो जीवन का हिस्सा है और जीवन इसी तरह चलता है। हम खुद को समझा सकते हैं कि इस जीवन में सारी चीजें सलीके से हों ऐसा कभी नहीं होगा। हमें यह समझना होगा कि जिंदगी के रहस्यों को कभी भी पूरी तरह नहीं समझा जा सकता है!

धर्म का पालन करने से ही समाज का कल्याण है.


धर्म का पालन करने से ही
समाज का कल्याण है.

यतोऽभ्युदनिःश्रेयससिद्धिः स धर्मः।
अर्थात्-’धर्म वह है जिससे इस लोक में अभ्युदय हो और अन्त में मोक्ष की प्राप्ति हो।’
इस न्याय के अनुसार जिसने धर्म का पालन किया, वही अपने जीवन को सार्थक बना सका। मनुष्य, पक्षी, पशु आदि सभी अपने-अपने स्वाभाविक धर्म का निर्वाह करते हैं। धर्म ही इहलोक और परलोक का निर्माता हैं। वही एक ऐसा सुगम मार्ग है, जो जीवन नैया को पार लगाने में सहायक होता है।

धर्म उस सर्वव्यापक परमात्मा का श्रेष्ठ विधान है। वही सम्पूर्ण जगत का धारण करने वाला है। उसी के सहारे पृथिवी और आकाश टिके हुए हैं। समुद्र अपनी मर्यादा का उल्लंघन नहीं करता यह उसका धर्म है। जल-वृष्टि करना मेघ का धर्म है। दग्ध करना अग्नि का धर्म है। इसी प्रकार सब अपने-अपने धर्म पर अटल हैं।

एक बार एक राजा ने अपराधी के तर्क का उत्तर देते हुए कहा-’सर्प का धर्म काटना है, वह मनुष्य को काट खाये तो उसका कुछ अपराध नहीं है, अपराधी उस मनुष्य का है जिसने सर्प के बिल में हाथ डाल कर अपने स्वभाव के विरुद्ध कार्य किया।’

ईश्वर जैसे अनादि और सनातन है, वैसे ही धर्म भी सनातन है। जिसने धर्म के विरुद्ध कार्य किया, यही नष्ट हो गया। रावण, कंस, दुर्योधन आदि अनेक महाबलवानों का उदाहरण दिया जा सकता है जो धर्म के विपरीत चल कर नष्ट हो गए। उनके कुलों में कोई रोने वाला भी, उस समय तो शेष नहीं बचा।

विभिन्न मतमतान्तरों को धर्म कह दिया गया है। विभिन्न सम्प्रदायों को भी धर्म कहा गया। परन्तु, न तो मतमतान्तर धर्म हैं और न सम्प्रदाय ही। वे तो धर्म की ओर ले जाने वाले मार्ग हैं। उनमें से किसी भी मार्ग को अपना लीजिए, वह आपको एक लक्ष्य की ओर ले जायेंगे। उन मार्गों से जो शुभ कर्म हैं, उन्हीं का समूह धर्म है। उनमें जो विभिन्न आडम्बर आदि हैं, वे यथार्थ न होने से त्याज्य हैं। अतः धर्म श्रेष्ठ कर्मों का ही रूपांतर है।

मनुष्य यह मानले कि आत्मा सबका एक ही है तो उसकी समझ में यह बात आ जायगी कि दूसरे को दुःख हुआ तो अपने को ही हुआ। यदि आपने किसी को सुख पहुँचाया तो प्रकारान्तर से अपने को ही पहुँचाया। अर्थात् दूसरे का दुःख-क्लेश अपना ही मानना चाहिए।

सभी प्राणी अपने-अपने कर्म का फल भोगते हैं। यदि कोई समझे कि आज ही किसी का हाथ काट कर उसका परिणाम देखे कि आज ही मेरा हाथ कटता है या नहीं तो तुरन्त सी कोई बात नहीं होती परन्तु उसके दुष्कर्म का फल कालान्तर में मिलता अवश्य है। बहुत-सों को तो तत्काल भी मिल जाता है। यह आवश्यक नहीं कि फल उसी प्रकार हाथ कटने से मिले, बल्कि वह किसी भी प्रकार से सही, भुगतना अवश्य पड़ता है।

एक बार की बात है-एक बच्चे को किसी कुत्ते ने काट खाया, लोगों की समझ में कुत्ता पागल नहीं था, अतः बच्चे का साधारण उपचार हुआ और वह ठीक भी हो गया। परन्तु पाँच-सात वर्ष बाद अकस्मात उसके शरीर में भीषण दर्द हुआ। डाक्टरों ने बहुत सोच विचार के पश्चात निर्णय किया कि इसे कभी कुत्ते ने काटा है, उसी का विष इस समय उभर आया है।

अब सोचिए कि कब का विष, कब उभरा। इसी प्रकार हमारा कब का बुरा कर्म न जाने कब उभर आवे। इसलिए दूसरों के अनिष्ट-चिंतन से बचना चाहिए। उसका परिणाम अपने लिए ही अहितकर होता है।

हम सब एक परमात्मा द्वारा उत्पन्न पुत्र हैं इसलिए परस्पर भाई-भाई हैं। तो एक भाई अपने दूसरे भाई को दुःख क्यों देना चाहेगा?

ईश्वर सब का रक्षक है। एक व्यक्ति दूसरे को दुःख देना चाहे तो वह दुःखी और निर्बल की सहायता करेगा। भगवान अत्याचारी का साथ कभी नहीं देते। वे उसी पलड़े पर बैठते हैं जो हलका हो। परन्तु धर्म उसके साथ होना चाहिए। अधर्मी मनुष्य के वे साथी नहीं हैं। जिसे उनकी आवश्यकता नहीं उसके पास वे कभी नहीं जाते। सन्तों ने निर्बल के बल राम कहकर इस बात की पुष्टि की है।

सभी तत्वज्ञानी जानते हैं कि परमात्मा ही उत्पत्ति, पालन और विनाश करते हैं। वही इस जीव को अपनी माया में भ्रमाते और वही उससे निकाल लेते हैं। आप कहेंगे कि जब परमात्मा को ही हमारी चिन्ता है, तो हम क्यों अपनी चिन्ता करें? आपका यह तर्क ठीक तो है। परन्तु आपने कभी यह भी सोचा है कि आपके गमनागमन के लिए सुन्दर मार्ग तो बना है, परन्तु उस पर चलना आपको ही पड़ेगा। अपने पाँवों को कष्ट दिए बिना आपका कही भी जाना-आना संभव नहीं है।

इससे यह सिद्ध हुआ कि कर्म किए बिना सब निरर्थक है। कर्म ही धर्म है। उसी का पालन करने से सुख शाँति मिलेगी। हम जो कुछ करें उसमें अपना ही लाभ न देखें। आपके कर्म से दूसरों की हानि न हो। लाभ हो तो बहुत ही अच्छा है। लाभ न हो तो हानि भी तो नहीं होनी चाहिए।

इसे दूसरे प्रकार से भी समझिए-आप किसी की हानि करेंगे तो जिसकी हानि हुई है, उसके मन में द्वेषाग्नि उत्पन्न हो जायगी और जब कभी अवसर मिलेगा, वह आपको भी हानि पहुँचाने का यत्न करेगा। आप चाहें कि आप जिससे द्वेष करते हैं वह आपसे प्रेम करे तो यह कभी संभव नहीं है। प्रेम के बदले में प्रेम पाया जा सकता है, द्वेष के बदले प्रेम कैसे मिलेगा?

ऐसे महापुरुष भी हैं, जो द्वेष के बदले में प्रेम प्रदान करते हैं परन्तु, उनकी गणना साधारण मनुष्यों में नहीं की जा सकती। वे तो पहुँचे हुए पुरुष होंगे जिन्होंने राग द्वेष को त्याग दिया है। वे प्राणी मात्र के प्रति प्रेम और दया का भाव रखते हैं। उन्हें अपने से द्वेष रखने वाले के प्रति शत्रुता नहीं होती और स्नेह करने वाले से प्रेम नहीं होता। उनका धर्म विश्व का कल्याण करने वाला है।

एक बात और है-आप किसी शत्रु से प्रेम करते हैं तो वह शत्रु आपसे द्वेष कब तक करता रहेगा? उसे एक दिन अवश्य झुकना पड़ेगा आपके सामने। वह विवश हो जायगा अपना शत्रु-भाव त्यागने के लिए। इसमें दोनों का हित भी है तो क्यों हम ऐसे मार्ग पर चलें जो हमारे लिए अहितकर है? हम क्यों न उसका और अपना दोनों का कल्याण सोचें? यदि हम ऐसा आचरण करने लगें तो कोई झंझट ही सामने न आवे फिर कोई विवाद जीवन के क्षेत्र में बाधक न बने।

मनुष्य के समान ही पशु, पक्षी आदि को पीड़ित करना भी अधर्म है। जब हमें कोई शक्तिशाली व्यक्ति पीड़ित करे तो हमें स्वयं तो कष्ट होता ही है, साथ ही हमारा मन उस पीड़क को कोसता भी है, उसी प्रकार आज जिस निर्बल को सतायेंगे तो वह भी आपको शाप देगा। आपके द्वारा किये गए अन्याय की प्रतिक्रिया स्वरूप उसका प्रतिफल भी आपको ही भोगना पड़ेगा।

आज अत्याचारी अपने अन्याय पर भले ही मुस्करा ले, परन्तु जब अन्त समय आयेगा और अट्टहास करती हुई मृत्यु अपना भयंकर पंजा तेजी से जकड़ने का यत्न करेगी उस समय अपने कुकृत्यों पर पश्चात्ताप करने के सिवाय और कुछ भी न बन पड़ेगा।

परमात्मा द्वारा रची गई सृष्टि में सभी जड़ चेतन प्राणी अपने-अपने सामर्थ्यानुसार एक दूसरे का उपकार करते हैं। वे एक दूसरे का विनाश नहीं, उत्कर्ष चाहते हैं। जब पशु-पक्षियों तक उपकार की भावना भरी है तो हम मनुष्य होकर भी दूसरों का उपकार क्यों न करें?

हमें परोपकारी बनना चाहिए। दूसरों को कष्ट में पड़ा देखकर उनके साथ सहानुभूति का व्यवहार करें तो इससे परमात्मा भी प्रसन्न होते हैं। पड़ोसियों से सद्व्यवहार करना ही हमारे धर्म में सम्मिलित है। इसलिए हमें ऐसी चेष्टा करनी चाहिए जिससे हमारे द्वारा किसी को कोई कष्ट न होने पावे।

हमारे ऋषियों ने मानव धर्म की जो व्याख्या की है, उसका सार यही है कि मनुष्य यदि ईश्वर को मानता है और उसका धर्म में विश्वास है तो उसे सदाचारी सत्यनिष्ठ और सत्यवक्ता होना चाहिए। दया, प्रेम, क्षमा आदि गुण जिस मनुष्य में है, वह सभी का प्रीति-भाजन बन सकता है। अतः अपना कल्याण चाहते हो तो धर्म-मार्ग का अवलम्बन करो। इसी में सब प्राणियों का परम हित है।

(अखंड ज्योति-3/1964)


सफलता के पांच मंत्र.


सफलता के पांच मंत्र.
(सद्‌गुरु जग्गी वासुदेव)

अगर आपको अक्सर ऐसा लगता है कि सफलता आपके हाथ नहीं आ रही, तो शायद अब आपको अपनी कोशिशों में कुछ बदलाव लाने की जरूरत है। यहां सद्‌गुरु पांच ऐसे सुझाव दे रहे हैं, जिन्हें अपनाकर आप जीवन के हर क्षेत्र में सफलता हासिल कर सकते हैं।

1. किस्मत की बात भूल जाएं, करें इरादा पक्का. 


जीवन में कुछ बातें या घटनाएं संयोगवश हो सकती हैं। लेकिन आप अगर इस इंतजार में रहेंगे कि सब कुछ अपने आप अकस्मात ही आपको हासिल होगा, तो शायद आप सारी जिंदगी इंतजार ही करते रह जाएंगे, क्योंकि संयोग हमेशा तो नहीं हो सकता। यहां तक कि भौतिक विज्ञान की क्वांटम थ्योरी भी यही कहती कि अगर आप असंख्य बार तक कोशिश करते रहेंगे, तो एक दिन टहलते हुए दीवार के बीच से भी निकल सकते हैं। आपके बार बार करने से कणों में स्पंदन होता रहेगा, जिसकी वजह से शायद दीवार के बीच से निकल पाना भी संभव हो जाए। लेकिन जब तक आप इस अवस्था को हासिल करेंगे, आपकी खोपड़ी फट चुकी होगी। तो जब तक आप किसी संयोग का इंतजार करते रहेंगे, आप व्यग्र रहेंगे। लेकिन जब आप पक्के इरादे के साथ अपनी क्षमताओं का भरपूर इस्तेमाल करते हुए अपनी मंजिल की तरफ बढ़ेंगे, तब यह बात मायने नहीं रखती कि क्या हुआ और क्या नहीं हुआ। आपके साथ जो भी होगा कम से कम वह आपके वश में होगा। एक सुकून का जीवन होगा।

2. अपनी विफलताओं से निराश न हों.

लक्ष्य के प्रति समर्पित इंसान के लिए विफलता जैसी कोई चीज नहीं होती। अगर एक दिन में आप सौ बार गिरते हैं तो इसका मतलब हुआ कि आपको सौ सबक मिल गए। अगर आप अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित हो जाएं, तो आपका दिमाग भी उसी तरह सुनियोजित हो जाएगा। जब आपका दिमाग सुनियोजित रहेगा तो आपकी भावनाएं भी उसी के अनुसार रहेंगी, क्योंकि जैसी आपकी सोच होगी, वैसी ही आपकी भावनाएं होंगी। एक बार जब आपकी सोच और आपकी भावनाएं सुनियोजित हो जाएंगी, आपकी ऊर्जा की दिशा भी वही होगी और फिर आपका शरीर भी एक लय में आ जाएगा। जब ये चारों एक ही दिशा में बढ़े तो लक्ष्य हासिल करने की आपकी क्षमता गजब की होगी। फिर कई मायनों में आप अपने भाग्य के रचयिता होंगे।

3. स्पष्ट सोच के साथ काम करें.

किसी भी व्यक्ति में आत्मविश्वास से अधिक जरूरी है उसके अंदर स्पष्टता का होना। यदि आप किसी भीड़ को पार कर कहीं पहुंचना चाहते हैं, आपकी दृष्टि सही जगह पर है और आप देख पा रहे हैं कि भीड़ कहां खड़ी है, तो आप बहुत आसानी से बिना किसी से टकराए अपना रास्ता बनाते हुए अपनी मंजिल तक पहुंच जाएंगे। लेकिन आपकी नजर अगर सही जगह पर नहीं है और महज विश्वास है, तो आप हर किसी से टकराते रहेंगे। लोगों को लगता है कि महज उनका आत्मविश्वास ही उनके अंदर की स्पष्टता की कमी को पूरा कर देगा। लेकिन ऐसा कतई नहीं है। मान लीजिए कि आप अपने जीवन के सभी बड़े फैसले इसी तरह सिक्का उछालकर करते हैं कि चित आए तो इधर, पट आए तो उधर और यदि ऐसा करने से 50 फीसदी बार भी आपको अपने सवालों के जवाब मिल जाते हों, तो फिर दुनिया में आपके लिए सिर्फ दो ही तरह के रोजगार बच जाते हैं- मौसम विभाग में भविष्यवाणी करने का या फिर ज्योतिष का। इसके अलावा और कोई व्यवसाय आपके लिए नहीं होगा।

4. हर उस व्यक्ति और चीजों को अपनाएं, जो आपको नापसंद हैं.

अपने जीवन की अलग-अलग परिस्थितियों को संभालने के लिए हमें अलग-अलग किरदार निभाने पड़ते हैं। अगर आप ऐसा बखूबी कर सकें तो आप बिना किसी दिक्कत के अपनी हर जिम्मेदारी आसानी से निभा सकेंगे। लेकिन अधिकतर लोगों का व्यक्तित्व पत्थर की तरह होता है, जो हमेशा उन पर हावी रहता है।

अगर आप ऐसी स्थिति से बचना चाहते हैं, तो आपको कुछ और कोशिशें करने की जरूरत है। जीवन बेहद आसान हो सकता है। किसी ऐसे व्यक्ति को अपना साथी बना लें, जिसे आप अब तक नापसंद करते रहे हों। उस व्यक्ति के साथ समय बिताएं, बड़े प्यार के साथ और खुश होकर। उन सभी कामों को करने की आदत डालें जो आपको अब तक नापसंद थे। उन लोगों के साथ रहना सीखें जो आपको पसंद नहीं हैं और साथ ही साथ जीवन को प्रेम, आनंद और सूझबूझ के साथ जिएं।

5. हिसाब किताब करना छोड़ दें.

महान बनने की कोशिश न करें। ‘मुझे क्या मिलेगा या मेरा क्या होगा’, इसकी चिंता छोड़कर अगर अपने जीवन के लक्ष्य पर ध्यान देंगे और उसका दायरा बढ़ाएंगे, तो आप खुद एक असाधारण व्यक्ति बन जाएंगे। अगर आप गौर करें तो पाएंगे कि हमारे सामने जितने भी महान व्यक्ति हैं, उनमें से किसी ने कभी महान बनने की कोशिश नहीं की होगी, बल्कि उनका नजरिया ‘मुझे क्या मिलेगा या मेरा क्या होगा’ से कहीं आगे रहा था।

बस, आप भी अपने दिमाग से ‘मेरा क्या होगा’ की चिंता निकाल दें और अपनी क्षमता के हिसाब से बेहतरीन काम करने पर अपना ध्यान केंद्रित करें। आप खुद ही असाधारण व्यक्ति हो जाएंगे, क्योंकि तब आपका मकसद अपने आसपास की दुनिया को बेहतर बनाना होगा। ऐसे में करने के लिए इतना कुछ होगा कि इस सोच के साथ आपकी क्षमताओं का विकास खुद ब खुद होगा और आपके व्यक्तित्व में निखार आएगा।

एक शब्द जो जीवन की दिशा और दशा बदल देता है.


एक शब्द जो जीवन की
दिशा और दशा बदल देता है.
(सुधांशु जी महाराज)

जगत में जिस नाम के पूर्वभाग में सत्शब्द का समावेश हो, वह सत्नाम परमात्मा तक पहुंचने की सीढ़ी का कार्य करता है। इस अनोखे सत्-उपसर्ग में सर्वश्रेष्ठ उदाहरण है गुरु। गुरु नाम के अग्रभाग में जब सत् का समन्वय होता है, तभी सद्गुरु कहलाता है।

संसार में सद्गुरु ही मनुष्यों को परमात्मा के चरणों तक पहुंचाने का माध्यम सिद्घ होता है। अल्पज्ञता के कारण मनुष्य गलतियों का पुतला कहलाता है और सद्गुरु मनुष्य की त्रुटियों का अंत करके उसके अन्दर की सोयी शक्तियों को जागृत करता है, सुयोग्यता बढ़ाता है और पार जाने का मार्ग सुझाता है।

सत्-उपसर्ग की ही अगर बात करें तो विचार शब्द के आगे सद् लगने से सद्विचार, आचरण के आगे सद लगने से सदाचारण, व्यवहार के आगे सद् लगने से सद्व्यवहार, आहार के आगे सद लगने से सद् आहार और मनुष्य के मन में अगर सद्गुरु की कृपा से यह सत् समा जाए तो मनुष्य सज्जन कहलाता है, सौम्य बन जाता है। फिर मानव के जीवन की दिशा सुदिशा हो जाती है। सुदिशा पर चलने से जीवन की दशा बदल जाती है।

सद्गुरु के आशीष से जो मनुष्य अपने जीवन की दिशा बदल ले उसकी दशा स्वयं ही सुधर जाएगी। दिशा और दशा का आपस में ऐसा अटूट संबंध है जैसे पुष्प का सुगन्ध से, दीपक का बाती से और जीवन का बोध से जो अटूट संबंध है, वही स्थिति दिशा और दशा की है।

हमारी दिशा यदि शुद्घ, सात्विक, पावन, हितकारी तथा सर्वमंगल की है तो दशा भी उत्तम, सार्थक, सफल एवं लक्ष्यप्राप्ति में सहायक सिद्घ होकर अमर पद निश्चित ही प्राप्त करा सकेगी।



एक मध्यमवर्गीय कुत्ता. (व्यंग)


एक मध्यमवर्गीय कुत्ता.  (व्यंग) 
(हरिशंकर परसाई)

मेरे मित्र की कार बँगले में घुसी तो उतरते हुए मैंने पूछा, 'इनके यहाँ कुत्ता तो नहीं है?' मित्र ने कहा, 'तुम कुत्ते से बहुत डरते हो!' मैंने कहा, 'आदमी की शक्ल में कुत्ते से नहीं डरता। उनसे निपट लेता हूँ। पर सच्चे कुत्ते से बहुत डरता हूँ।'

कुत्तेवाले घर मुझे अच्छे नहीं लगते। वहाँ जाओ तो मेजबान के पहले कुत्ता भौंककर स्वागत करता है। अपने स्नेही से 'नमस्ते' हुई ही नहीं कि कुत्ते ने गाली दे दी - 'क्यों यहाँ आया बे? तेरे बाप का घर है? भाग यहाँ से!'

फिर कुत्ते का काटने का डर नहीं लगता - चार बार काट ले। डर लगता है उन चौदह बड़े इंजेक्शनों का जो डॉक्टर पेट में घुसेड़ता है। यूँ कुछ आदमी कुत्ते से अधिक जहरीले होते हैं। एक परिचित को कुत्ते ने काट लिया था। मैंने कहा, 'इन्हें कुछ नहीं होगा। हालचाल उस कुत्ते का पूछो और इंजेक्शन उसे लगाओ।'

एक नए परिचित ने मुझे घर पर चाय के लिए बुलाया। मैं उनके बँगले पर पहुँचा तो फाटक पर तख्ती टँगी दीखी - 'कुत्ते से सावधान!' मैं फौरन लौट गया।

कुछ दिनों बाद वे मिले तो शिकायत की, 'आप उस दिन चाय पीने नहीं आए।' मैंने कहा, 'माफ करें। मैं बँगले तक गया था। वहाँ तख्ती लटकी थी - 'कुत्ते से सावधान। 'मेरा ख्याल था, उस बँगले में आदमी रहते हैं। पर नेमप्लेट कुत्ते की टँगी हुई दीखी।' यूँ कोई-कोई आदमी कुत्ते से बदतर होता है। मार्क ट्वेन ने लिखा है - 'यदि आप भूखे मरते कुत्ते को रोटी खिला दें, तो वह आपको नहीं काटेगा।' कुत्ते में और आदमी में यही मूल अंतर है।

बँगले में हमारे स्नेही थे। हमें वहाँ तीन दिन ठहरना था। मेरे मित्र ने घंटी बजाई तो जाली के अंदर से वही 'भौं-भौं' की आवाज आई। मैं दो कदम पीछे हट गया। हमारे मेजबान आए। कुत्ते को डाँटा - 'टाइगर, टाइगर!' उनका मतलब था - 'शेर, ये लोग कोई चोर-डाकू नहीं हैं। तू इतना वफादार मत बन।'

कुत्ता ज़ंजीर से बँधा था। उसने देख भी लिया था कि हमें उसके मालिक खुद भीतर ले जा रहे हैं पर वह भौंके जा रहा था। मैं उससे काफी दूर से लगभग दौड़ता हुआ भीतर गया। मैं समझा, यह उच्चवर्गीय कुत्ता है। लगता ऐसा ही है। मैं उच्चवर्गीय का बड़ा अदब करता हूँ। चाहे वह कुत्ता ही क्यों न हो। उस बँगले में मेरी अजब स्थिति थी। मैं हीनभावना से ग्रस्त था - इसी अहाते में एक उच्चवर्गीय कुत्ता और इसी में मैं! वह मुझे हिकारत की नजर से देखता।

शाम को हम लोग लॉन में बैठे थे। नौकर कुत्ते को अहाते में घुमा रहा था। मैंने देखा, फाटक पर आकर दो 'सड़किया' आवारा कुत्ते खड़े हो गए। वे सर्वहारा कुत्ते थे। वे इस कुत्ते को बड़े गौर से देखते। फिर यहाँ-वहाँ घूमकर लौट आते और इस कुत्ते को देखते रहते। पर यह बँगलेवाला उन पर भौंकता था। वे सहम जाते और यहाँ-वहाँ हो जाते। पर फिर आकर इस कु्ते को देखने लगते। मेजबान ने कहा, 'यह हमेशा का सिलसिला है। जब भी यह अपना कुत्ता बाहर आता है, वे दोनों कुत्ते इसे देखते रहते हैं।'

मैंने कहा, 'पर इसे उन पर भौंकना नहीं चाहिए। यह पट्टे और जंजीरवाला है। सुविधाभोगी है। वे कुत्ते भुखमरे और आवारा हैं। इसकी और उनकी बराबरी नहीं है। फिर यह क्यों चुनौती देता है!'

रात को हम बाहर ही सोए। जंजीर से बँधा कुत्ता भी पास ही अपने तखत पर सो रहा था। अब हुआ यह कि आसपास जब भी वे कुत्ते भौंकते, यह कुत्ता भी भौंकता। आखिर यह उनके साथ क्यों भौंकता है? यह तो उन पर भौंकता है। जब वे मोहल्ले में भौंकते हैं तो यह भी उनकी आवाज में आवाज मिलाने लगता है, जैसे उन्हें आश्वासन देता हो कि मैं यहाँ हूँ, तुम्हारे साथ हूँ।

मुझे इसके वर्ग पर शक होने लगा है। यह उच्चवर्गीय कुत्ता नहीं है। मेरे पड़ोस में ही एक साहब के पास थे दो कुत्ते। उनका रोब ही निराला! मैंने उन्हें कभी भौंकते नहीं सुना। आसपास के कुत्ते भौंकते रहते, पर वे ध्यान नहीं देते थे। लोग निकलते, पर वे झपटते भी नहीं थे। कभी मैंने उनकी एक धीमी गुर्राहट ही सुनी होगी। वे बैठे रहते या घूमते रहते। फाटक खुला होता, तो भी वे बाहर नहीं निकलते थे. बड़े रोबीले, अहंकारी और आत्मतुष्ट।

यह कुत्ता उन सर्वहारा कुत्तों पर भौंकता भी है और उनकी आवाज में आवाज भी मिलाता है। कहता है - 'मैं तुममें शामिल हूँ। 'उच्चवर्गीय झूठा रोब भी और संकट के आभास पर सर्वहारा के साथ भी - यह चरित्र है इस कुत्ते का। यह मध्यवर्गीय चरित्र है। यह मध्यवर्गीय कुत्ता है। उच्चवर्गीय होने का ढोंग भी करता है और सर्वहारा के साथ मिलकर भौंकता भी है। तीसरे दिन रात को हम लौटे तो देखा, कुत्ता त्रस्त पड़ा है। हमारी आहट पर वह भौंका नहीं,

थोड़ा-सा मरी आवाज में गुर्राया। आसपास वे आवारा कुत्ते भौंक रहे थे, पर यह उनके साथ भौंका नहीं। थोड़ा गुर्राया और फिर निढाल पड़ गया। मैंने मेजबान से कहा, 'आज तुम्हारा कुत्ता बहुत शांत है।'

मेजबान ने बताया, 'आज यह बुरी हालत में है. हुआ यह कि नौकर की गफलत के कारण यह फाटक से बाहर निकल गया। वे दोनों कुत्ते तो घात में थे ही। दोनों ने इसे घेर लिया। इसे रगेदा। दोनों इस पर चढ़ बैठे। इसे काटा। हालत खराब हो गई। नौकर इसे बचाकर लाया। तभी से यह सुस्त पड़ा है और घाव सहला रहा है। डॉक्टर श्रीवास्तव से कल इसे इंजेक्शन दिलाउँगा।'

मैंने कुत्ते की तरफ देखा। दीन भाव से पड़ा था। मैंने अंदाज लगाया। हुआ यों होगा -

यह अकड़ से फाटक के बाहर निकला होगा। उन कुत्तों पर भौंका होगा। उन कुत्तों ने कहा होगा - 'अबे, अपना वर्ग नहीं पहचानता। ढोंग रचता है। ये पट्टा और जंजीर लगाए है। मुफ्त का खाता है। लॉन पर टहलता है। हमें ठसक दिखाता है। पर रात को जब किसी आसन्न संकट पर हम भौंकते हैं, तो तू भी हमारे साथ हो जाता है। संकट में हमारे साथ है, मगर यों हम पर भौंकेगा। हममें से है तो निकल बाहर। छोड़ यह पट्टा और जंजीर। छोड़ यह आराम। घूरे पर पड़ा अन्न खा या चुराकर रोटी खा। धूल में लोट।' यह फिर भौंका होगा। इस पर वे कुत्ते झपटे होंगे। यह कहकर - 'अच्छा ढोंगी। दगाबाज, अभी तेरे झूठे दर्प का अहंकार नष्ट किए देते हैं।'

इसे रगेदा, पटका, काटा और धूल खिला।

कुत्ता चुपचाप पड़ा अपने सही वर्ग के बारे में चिंतन कर रहा है।




इज्जत बच गई.

इज्जत बच गई.

एक गांव में एक पंडितजी रहते थे। उनकी और उनके प्रवचनों ख्याति दूर-दूर तक थी। एक दिन नजदीकी गांव स्थित मंदिर के पुजारी का आकस्मिक निधन होने से, उन्हें उस गांव में पूजन के लिए जाना पड़ा।

पंडितजी बस में बैठे थे। उन्होंने कंडक्टर को किराया दिया। बाकी पैसे लौटाते समय कंडक्टर ने 10 रुपए अधिक लौटा दिया। पंडितजी ने नोट मुट्ठी में रख लिया।

उनके मन में पहला ख्याल यह था कि कंडक्टर दोबारा आएगा और अपना 10 रुपए का नोट ले जाएगा, लेकिन वह नहीं आया। इस पर पंडितजी ने सोचा, बस मालिक तो लाखों रुपए कमाता है। 10 रुपए मैं रख ही लूंगा तो क्या फर्क पड़ जाएगा।

यह सोचते-सोचते उन्होंने तय कर लिया कि वह नोट मंदिर में चढ़ाकर, खुद रख लेंगे। इस बीच, वह स्थान आ गया, जहां पंडितजी को उतरना था।

पंडितजी उतरे, लेकिन उनका मन नहीं माना और उन्होंने पलटकर कंडक्टर को नोट पकडाते हुए कहा, भाई, तुमने किराया लौटाते समय मुझे दस रुपए ज्यादा दे दिए थे।

इस पर कंडक्टर ने जो कहा, वह सुनकर पंडितजी के होश उड़ गए। कंडक्टर बोला - क्या आप ही मंदिर के नए पुजारी हैं? पंडितजी के हामी भरने पर कंडक्टर आगे बोला- मेरे मन में कई दिनों से आपके प्रवचन सुनने की इच्छा थी, आपको बस में देखा तो ख्याल आया कि चलो देखते हैं कि मैं अगर ज्यादा पैसे दूं तो आप क्या करते हो।  अब मुझे विश्वास हो गया कि आपका जैसा प्रवचन होता हैं, वैसा ही आपका आचरण भी है। इतना कहकर कंडक्टर ने पंडितजी के चरण छुए और आशीर्वाद लिया।

इतना कर कंडक्टर ने बस आगे बढ़ा दी।

पंडितजी ने मंदिर की ओर जाते-जाते भगवान को याद दिया और प्रार्थना स्वरूप कहा.. हे प्रभु आपको प्रणाम है, जो मुझे बचा लिया। मैंने तो दस रुपये के लालच में आपकी शिक्षाओं की बोली लगा दी थी। पर आपने सही समय पर मुझे सम्हलने का अवसर दे दिया।



मंदिर का एक खंभा, जहां हवा में झूलता है,

मंदिर का एक खंभा,
जहां हवा में झूलता है,

दुनिया में अनेक रोचक स्थान हैं। ऐसी ही रोचक स्थानों में से एक है, आंध्रप्रदेश के अनंतपुर में स्थित 'लेपाक्षी मंदिर'। अनंतपुर एक छोटा गांव है। यह गांव विजयनगर शैली से निर्मित कलात्मक मंदिरों के लिए दुनिया भर में प्रसिद्ध है।

लेपाक्षी मंदिर को 'हैंगिंग पिलर टेम्पल' के नाम से भी जाना जाता है। यह मंदिर कुल 70 खम्भों पर खड़ा है, जिसमे से एक खम्भा जमीन को छूता नहीं है, बल्कि हवा में ही लटका हुआ है। इस एक झूलते हुए खम्भे के कारण इसे 'हैंगिंग टेम्पल' कहा जाता है।

यह खंभा भी पहले जमीन से जुड़ा हुआ था। लेकिन एक ब्रिटिश इंजीनियर ने मंदिर में यह खंभे कैसे टिके हुए हैं, यह जानने के लिए एक खंभा को हिलाया, तभी से यह खंभा झूलता रहता है। यहां आने वाले श्रद्धालुओं की मान्यता है कि इसके नीचे से कपड़ा निकलने से सुख-समृद्धि में बृद्धि होती है।

विशाल परिसर में बना यह मंदिर भगवान शिव, भगवान विष्णु और भगवान वीरभद्र को समर्पित हैं। यहां तीन मंदिर हैं। हिंदू पौराणिक मान्यता के अनुसार त्रेतायुग में जब रावण, सीताजी का हरण कर ले जा रहा था, तब जटायु ने रावण से यहीं युद्ध किया था। युद्ध के दौरान वह घायल होकर यहीं गिरे थे।

इस मंदिर का निर्माण 1583 में दो भाइयों विरुपन्ना और वीरन्ना ने कराया था, जो कि विजयनगर राजा के यहां काम करते थे। हालांकि पौराणिक मत कुछ और ही है, उसके अनुसार लेपाक्षी मंदिर परिसर में स्थित विभद्र मंदिर का निर्माण ऋषि अगस्त्य ने करवाया था।

लेपाक्षी मंदिर से कुछ दूरी पर एक ही पत्थर से बनी विशाल नंदी प्रतिमा है। यह प्रतिमा 27 फीट लंबी 15 फीट ऊंची है। यहां विभद्र मंदिर परिसर में एक ही पत्थर से बनी विशाल नागलिंग प्रतिमा भी स्थापित है। काले ग्रेनाइट से बनी प्रतिमा में एक शिवलिंग के ऊपर सात फन वाला नाग, फन फैलाए 
बैठा है।



हमारा अन्तःकरण पवित्र बने.


हमारा अन्तःकरण पवित्र बने.


संसार में समय-समय पर जो भी समाज सुधारक और महापुरुष हुये हैं उन सब ने मानव-समाज में सुख-शान्ति तथा सुव्यवस्था बनाये रखने के लिये इस बात पर अधिक बल दिया है कि लोगों के अन्तःकरण निर्मल एवं पवित्र बनें। महात्मा युद्ध, महावीर, नानक, कबीर, रामतीर्थ, विवेकानन्द सुकरात, ईसामसीह प्रभृति महापुरुषों ने इसी उद्देश्य की पूर्ति के लिये व्यापक जन-क्रान्तियाँ कीं। सामाजिक-उत्थान का आधार भी यही है कि अधिकाधिक लोग पवित्र-अन्तःकरण वाले हों।

मनुष्य के विचार क्षेत्र में एक शक्ति काम करती है जो सदैव उसके अच्छे-बुरे कर्मों की विवेचना किया करती है। जीवात्मा के भले-बुरे कर्मों की साक्षी देने वाली प्रवृत्ति का नाम ही अन्तःकरण है। दूसरे शब्दों में इसे विवेक बुद्धि कह सकते हैं। परमात्मा की मंगलमय वाणी, उनका सान्निध्य सुख प्राप्त करने का यही पुनीत स्थल है। अपने आप में ही इतनी महान सत्ता विद्यमान होते हुए भी लोग दुःखी एवं व्याधिग्रस्त क्यों हैं, यह विचारणीय बात है।

मनुष्य की अन्तःकरण में आसुरी और दैवी दोनों शक्तियाँ कार्य करती हैं। दुष्प्रवृत्तियाँ आसुरी प्रकृति के लोगों में होती हैं और सद्प्रवृत्तियाँ दिव्य स्वभाव के लोगों में पाई जाती है। विचारवान दूरदर्शी एवं आदर्शवादी लोगों का जब किसी राष्ट्र में बाहुल्य होता है तो वहाँ सुख-समृद्धि की परिस्थितियाँ आते देर नहीं लगती, किन्तु यदि दुष्ट दुराचारी अन्तःकरण के नर पिशाचों की ही अधिकता बनी रही तो मानव-समाज नारकीय यंत्रणाओं में ही फँसा रहेगा। सदाचारी व्यक्ति सुखद परिस्थितियों का निर्माण करते हैं पर अपवित्र अन्तःकरण के व्यक्ति औरों को पीड़ा ही दे सकते हैं।

युग परिवर्तन के लिये ऐसे व्यक्तियों की आवश्यकता है जो अपने चरित्र और व्यक्तित्त्व द्वारा जन-साधारण का मार्ग दर्शन करते हुये उन्हें सन्मार्ग पर चलने की प्रेरणा दे सकें। उपदेश देकर अथवा गीता रामायण वेद शास्त्र आदि कोई विशिष्ठ धार्मिक पुस्तक के द्वारा भी किसी को थोड़ी देर तक तो उत्साह दिलाया जा सकता है किन्तु दुष्प्रवृत्तियों के जागृत होते ही वह उत्साह ठण्डा पड़ जाता है। लोग फिर पहले जैसा जीवन क्रम अपना लेते हैं।

कहने का असर उतना व्यापक एवं प्रभावशील नहीं होता जितना कर दिखाने का। चोर, बदमाश, उठाईगीरों को किसी स्कूल कालेज में चोरी, बदमाशी का प्रशिक्षण नहीं किया जाता। दुराचार अच्छी बात है यह किसी पुस्तक में लिखा नहीं मिलेगा। फिर भी हजारों की संख्या में लोग इन कुत्सित कर्मों को करते हैं। इसका कारण बुरे लोगों के बुरे चरित्र को देखकर प्राप्त हुई बुरी निष्ठा है जिससे प्रभावित होकर दूसरे लोग भी बुरी आदतों के शिकार हो जाते हैं।

यही बात सदाचार के क्षेत्र में भी लागू होती है। लोग सदाचार और सद्प्रवृत्तियों का भी वैसे ही निष्ठापूर्वक अनुकरण करते हैं जैसे दुष्ट दुराचारी दुष्प्रवृत्तियों का। पिछले दिनों जब भारत में चीनी आक्रमण हुआ तो राष्ट्र रक्षार्थ अपना सब कुछ न्यौछावर कर देने की बाढ़-सी आ गई थी। बच्चे, अपंग अपाहिज तथा भिखारी भी इस काम में पीछे नहीं रहे। उत्कृष्ट ईमानदारी के समाचार, अपने को खतरे में डालकर औरों को बचाने के दृष्टान्त आये दिन समाचार पत्रों में छपा करते हैं। इनसे भी लोगों को वैसी ही प्रेरणा मिलती है जैसे बुराइयों से बुरे कर्मों को प्रोत्साहन मिलता है।

सुख सभी को अभीष्ट है पर यह कम ही लोग जानते हैं कि सच्चा सुख कहाँ है। यह सुख अन्यत्र नहीं हमारी भावनाओं में ही सन्निहित है। पर हम उसे ढूँढ़े भी तो। सुख प्राप्ति के लिये अन्तःकरण की पवित्रता आवश्यक है। उसकी प्राप्ति एवं अभिवृद्धि के लिये अपने भीतर के अवगुण देखना ढूँढ़ना और उनमें आवश्यक हेर-फेर करना होता है। जब कोई व्यक्ति गम्भीरतापूर्वक आत्म निरीक्षण करता है तो उसे अपने दोष दुर्गुण सहज ही दिखाई देने लगते हैं। विचार-शील मनुष्य ऐसे प्रयत्न करता है कि वह बुराइयों से बचा रहे क्योंकि वे ही उसके लक्ष्य सिद्धि के मार्ग में अवरोध उत्पन्न करती हैं।

असत्य के स्थान पर सत्य को, द्वेष भाव के स्थान पर आत्मीयता को, आलस्य व प्रमोद के स्थान पर कर्मशीलता व सरलता को, भोग के स्थान पर त्याग भावना की प्रतिष्ठापना कर देने पर मनुष्य कुविचारों और कुकर्मों से बच सकता है। अन्तःकरण की निर्मलता में विक्षेप पैदा करने वाली आसुरी प्रवृत्तियाँ ही मनुष्य को कुकर्मों की ओर प्रेरित करती रहती हैं। यदि इनसे बचने का प्रयत्न किया जाय तो मनुष्य सहज ही में अपना जीवन लक्ष्य प्राप्त कर सकता है।

सुख प्राप्ति के उपाय बताते हुये स्वामी विवेकानन्द ने लिखा है “दयाशील अन्तःकरण प्रत्यक्ष स्वर्ग है।” दया मनुष्य का वह सद्गुण है जो अन्तःकरण की स्वाभाविक निर्मलता बनाये रखता है। दयावान व्यक्ति सब में अपना ही आत्मा निहारता, स्वार्थ के तुच्छ आवरण को तोड़कर समष्टि में फूट पड़ता है। तुच्छ न रहकर महानता की ओर अग्रसर होना है। सुख का अनन्त स्त्रोत इसी में है कि मनुष्य अपने आपको विश्वात्मा में घुला दे। संकीर्ण मनोवृत्तियाँ पतन और दुःख का कारण होती हैं। दयावान अन्तःकरण में इन्हीं दिव्य भावनाओं के बाहुल्य से मनुष्य को स्वर्ग जैसी रसानुभूति होती है।

परमात्मा के स्वरूप का यथार्थ ज्ञान पाने के लिये ऋषियों ने अन्तःकरण की शुद्धि पर विशेष बल दिया है। इसी उद्देश्य की पूर्ति के लिये उन्होंने निष्काम कर्मयोग की महत्ता प्रतिपादित की है। ताकि मनुष्य विषयासक्ति से बचा रहकर अपने चरम लक्ष्य की प्राप्ति के लिये सतत प्रयत्नशील बना रहे। अनुपयुक्त कामनाओं के बाहुल्य से आन्तरिक मलिनता का उदय होता है। ऐसे तमसाच्छन्न अन्तःकरण को इतना समय कहाँ मिलता है कि वह महाविराट के साथ सान्निध्य और उससे प्राप्त होने वाले असीम दुख की कल्पना कर सके। सन्तकवि तुलसीदास की वाणी में अवतरित हुये भगवान राम ने स्वयं कहा है :-

निर्मल जन जो सो मोहि पावा।
मोहि कपट छल छिद्र न भावा।


मुझे वही प्राप्त कर सकता है जिसका अन्तःकरण निर्मल हो। छल और कपट परमात्मा को प्रिय नहीं फिर इनके रहते उनकी प्राप्ति कैसे सम्भव हो सकती है।

मैले शीशे में सूर्य की किरणों का प्रतिबिम्ब नहीं पड़ता। उसी प्रकार जिनका अन्तःकरण मलिन और अपवित्र है उनके हृदय में ईश्वरीय प्रकाश का प्रतिबिम्ब नहीं पड़ सकता। इसलिये उनकी प्राप्ति के लिये अपने अन्तःकरण को पवित्र बनाइये। आपको औरों के हित साधन में भी प्रवृत्त होना है सो विशाल अन्तःकरण धारण कीजिये। जीवन लक्ष्य की प्राप्ति के लिये उसे स्वच्छ और निर्मल बनाइये। तभी मानव-जीवन की सार्थकता है।

अन्तःकरण की निर्मलता मनुष्य को बाह्य गतिविधियों सहिष्णु भाव, मुखाकृति में सौम्यता और व्यवहार में उदारमना होने से परिलक्षित होती है। जिनका अन्तःकरण पवित्र और विशाल होता है उन्हें कभी मित्रों का अभाव न रहेगा। आप दूसरों से यदि सम्मान और सहयोग पाना चाहते हैं तो इसका एक ही उपाय है, अपना अन्तःकरण छल रहित बनाइये। उज्ज्वल व्यक्तित्व की यही परख है कि व्यक्ति का अन्तरात्मा कितना पवित्र है।

धरती में देवत्व का विकास और दनुजता का विनाश हो इसके लिये पवित्र अंतःकरण के व्यक्तियों की अधिकता होना आवश्यक है। देवत्व के विकास का प्रथम सोपान मानव का निर्मल अन्तःकरण ही माना गया है। इसके बिना अणु से विभु, लघु से महान बनने की अभिलाषा अधूरी ही बनी रहेगी। अपवित्र अन्तःकरण बना रहा तो दिव्य दृष्टि का उदय होना असम्भव है। आन्तरिक निर्मलता एवं पवित्रता में वह शक्ति है। जो अन्य साधनों के अभाव में भी जीवन लक्ष्य की प्राप्ति करा सके।

अन्तःकरण को अशुद्ध वासनाओं से बनाइये। उसकी पवित्रता पर किसी भय या प्रलोभन का कुठाराघात न होने दीजिये। पापी अन्तःकरण की यन्त्रणा ही वह नरक है जो जीवित व्यक्ति को प्रतिक्षण पश्चाताप की आग में जलाती रहती है। ऐसा व्यक्ति न तो स्वयं चैन पाता है न दूसरों को ही शाँतिपूर्वक रहने देता है। अशाँति का कारण प्रताड़ना पूर्ण पापी अन्तःकरण ही हुआ करता है। यदि उसे कुत्सित प्रवचनों से बचाया जा सके तो सर्वत्र ही मंगलदायक परिस्थितियाँ दिखाई देने लग पड़ेगी।

मानस तीर्थों का वर्णन करते हुए महर्षि अगस्त्य ने पवित्र अन्तःकरण को सब तीर्थों का राजा कहा है :-

सत्य तीर्थ क्षमा तीर्थ तीर्थ मिन्द्रिय निग्रहः।
सर्व भूत दया तीर्थ तीर्थ मार्जव मेव च॥
दान तीर्थ दमस्तीर्थ सन्तोषस्तीर्य मुच्यते।
ब्रह्मचर्य परं तीर्थ तीर्थ न प्रियवादिता॥
ज्ञानं तीर्थ, घृतिस्तीर्थ तपस्तीर्थ मुदाहृतम्। 

तीर्थानामपि तत्तीर्थ विशुद्धिर्मनसः परा।

“सत्य तीर्थ है, क्षमा तीर्थ है, इन्द्रियों पर नियंत्रण करना भी तीर्थ है। सब प्राणियों पर दयाभाव, जीवन की सरलता ये भी तीर्थ हैं। दान तीर्थ है, मन का संयम तीर्थ है। संतोष और ब्रह्मचर्य का पालन ये उत्तम तीर्थ हैं। प्रिय वचन बोलना भी तीर्थ है। ज्ञान तीर्थ है, धैर्य तीर्थ है, तप को भी तीर्थ ही माना गया है किन्तु अन्तःकरण की शुद्धि तो इन सब का तीर्थराज है।”

इसमें संदेह नहीं कि धर्म अर्थ, काम और मोक्ष प्राप्ति का प्रमुख आधार आन्तरिक निर्मलता है जिससे व्यक्ति में अच्छे कर्मों की निष्ठा जागृत होती है। सत्कर्मों से दूसरे लोगों में भी सद्भावनायें जागृत होती है। यदि आप दूसरों से सद्कामनाओं की, निश्छल-आत्मीयता की अपेक्षा रखते हैं तो आपको भी दूसरों के प्रति अपना अन्तःकरण निर्मल और पवित्र बनाना पड़ेगा।

दूसरे लोग कदाचित आपके साथ ईर्ष्या द्वेष रखते हों, किसी कारण आपके साथ उनका मनोमालिन्य चल रहा हो तो भी आप अपनी आन्तरिक निर्मलता बनाये रखिये। उनके प्रति शिष्ट एवं सदाचार का ही प्रदर्शन कीजिये। इससे आप अपनी सरलता बनाये रख सकेंगे। इसी आन्तरिक सदाचार की रक्षा की पुष्टि करते हुये तपस्वी वाल्मीकि ने लिखा है :-

न परः पापमादत्ते परेषाँ पाप कर्मणाम।
समयों रक्षितव्यस्तु सन्ताश्वारित्र-भूषणाः॥


“श्रेष्ठ पुरुष पापचारियों के पाप नहीं ग्रहण करते। उन्हें अपराधी मान कर उनसे बदला भी नहीं लेते। इस उत्तम सदाचार की रक्षा करना धर्म है क्योंकि सदाचार ही सत्पुरुषों का भूषण है।”

आप यदि ईर्ष्या द्वेष की, आलस्य और प्रमाद, वासना और अहंकार की तुच्छ आँधी में भटक रहे है तो एक क्षण रुक कर शान्तिपूर्वक विचार कीजिए। अपने विवेक को जागृत कीजिये। विश्वास कीजिये। यदि दूसरों को पीड़ित करके आप कुछ सफलता पा भी लें तो इससे आपका भला होना सम्भव नहीं। इसके बदले तो आपको पश्चात्ताप की आन्तरिक यन्त्रणायें ही मिलेंगी। इनसे तो लोक-परलोक सभी कुछ बिगड़ने वाला है।

उचित यही है कि अन्तःकरण की दैवी शक्ति को जागृत कीजिये और देवत्व के विकास में निष्ठापूर्वक लग जाइये। हजारों करोड़ों जन्मों के पश्चात मिले मनुष्य शरीर को पाप परिताप की भट्टी में झोंके देना बुद्धिमानी नहीं। इससे तो आप जीवन लक्ष्य से दूर ही होते चले जायेंगे। आज आपको जो सुअवसर मिला है उसका सदुपयोग कीजिये। अमूल्य मानव जीवन की सार्थकता इसी में है कि हम अपने जीवन लक्ष्य की प्राप्ति में प्रयत्नशील हों। इसके लिये सर्वप्रथम हमें अपने अन्तःकरण को ही निर्मल और पवित्र बनाना पड़ेगा।

(अखंड ज्योति-3/1964)


एक अशुद्ध बेवकूफ. (व्यंग)


एक अशुद्ध बेवकूफ.  (व्यंग) 
(हरिशंकर परसाई)

बिना जाने बेवकूफ बनाना एक अलग और आसान चीज है। कोई भी इसे निभा देता है।

मगर यह जानते हुए कि मैं बेवकूफ बनाया जा रहा हूं और जो मुझे कहा जा रहा है, वह सब झूठ है- बेवकूफ बनते जाने का एक अपना मजा है। यह तपस्या है। मैं इस तपस्या का मजा लेने का आदी हो गया हूं। पर यह महंगा मजा है- मानसिक रूप से भी और इस तरह से भी। इसलिए जिनकी हैसियत नहीं है उन्हें यह मजा नहीं लेना चाहिए। इसमें मजा ही मजा नहीं है- करुणा है, मनुष्य की मजबूरियों पर सहानुभूति है, आदमी की पीड़ा की दारुण व्यथा है। यह सस्ता मजा नहीं है। जो हैसियत नहीं रखते उनके लिए दो रास्ते हैं- चिढ़ जायें या शुद्ध बेवकूफ बन जायें। शुद्ध बेवकूफ एक दैवी वरदान है, मनुष्य जाति को। दुनिया का आधा सुख खत्म हो जाए, अगर शुद्ध बेवकूफ न हों। मैं शुद्ध नहीं, 'अशुद्ध' बेवकूफ हूं। और शुद्ध बेवकूफ बनने को हमेशा उत्सुक रहता हूं।
अभी जो साहब आये थे, निहायत अच्छे आदमी हैं। अच्छी सरकारी नौकरी में हैं। साहित्यिक भी हैं। कविता भी लिखते हैं। वे एक परिचित के साथ मेरे पास कवि के रूप में आये। बातें काव्य की ही घंटा भर होती रहीं- तुलसीदास, सूरदास, गालिब, अनीस वगैरह। पर मैं 'अशुद्ध' बेवकूफ हूं, इसलिए काव्य-चर्चा का मजा लेते हुए भी जान रहा था कि भेंट के बाद काव्य के सिवाय कोई और बात निकलेगी। वे मेरी तारीफ भी करते रहे और मैं बरदाश्त करता रहा। पर मैं जानता था कि वे साहित्य के कारण मेरे पास नहीं आये।

मैंने उनसे कविता सुनाने को कहा। आमतौर पर कवि कविता सुनाने को उत्सुक रहता है, पर वे कविता सुनाने में संकोच कर रहे थे। कविता उन्होंने सुनायी, पर बड़े बेमन से। वे साहित्य के कारण आये ही नहीं थे- वरना कविता की फरमाइश पर तो मुर्दा भी बोलने लगता है।

मैंने कहा- कुछ सुनाइए।

वे बोले- मैं आपसे कुछ लेने आया हूं।

मैंने समझा ये शायद ज्ञान लेने आये हैं।

मैंने सोचा- यह आदमी ईश्वर से भी बड़ा है। ईश्वर को भी प्रोत्साहित किया जाए तो वह अपनी तुकबंदी सुनाने के लिए सारे विश्व को इकट्ठा कर लेगा।

पर ये सज्जन कविता सुनाने में संकोच कर रहे थे और कह रहे थे- हम तो आपसे कुछ लेने आये हैं।

मैं समझता रहा कि ये समाज और साहित्य के बारे में कुछ ज्ञान लेने आये हैं।

कविताएं उन्होंने बड़े बेमन से सुना दीं। मैंने तारीफ की, पर वे प्रसन्न नहीं हुए। यह अचरज की सी बात थी। घटिया से घटिया साहित्यिक सर्जक भी प्रशंसा से पागल हो जाता है। पर वे जरा भी प्रशंसा से विचलित नहीं हुए।

उठने लगे तो बोले- डिपार्टमेंट में मेरा प्रमोशन होना है। किसी कारण अटक गया है। जरा आप सेक्रेटरी से कह दीजिए, तो मेरा काम हो जाएगा।

मैंने कहा- सेक्रेटरी क्यों? मैं मन्त्री से कह दूंगा। पर आप कविता अच्छी लिखते हैं।

एक घण्टे जानकर भी मैं साहित्य के नाम पर बेवकूफ बना- मैं 'अशुद्ध' बेवकूफ हूं।

एक प्रोफेसर साहब क्लास वन के। वे इधर आये। विभाग के डीन मेरे घनिष्ठ मित्र हैं, यह वे नहीं जानते थे। यों वे मुझसे पच्चीसों बार मिल चुके थे। पर जब वे डीन के साथ मिले तो उन्होंने मुझे पहचाना ही नहीं। डीन ने मेरा परिचय उनसे करवाया। मैंने भी ऐसा बर्ताव किया, जैसे यह मेरा उनसे पहला परिचय है।

डीन मेरे यार हैं। कहने लगे- यार चलो केण्टीन में, अच्छी चाय पी जाय। अच्छा नमकीन भी मिल जाए तो मजा आ जाय।

अब क्लास वन के प्रोफेसर साहब थोड़ा चौंके।

हम लोगों ने चाय और नाश्ता किया। अब वे समझ गये कि मैं 'अशुद्ध' बेवकूफ हूं।

कहने लगे- सालों से मेरी लालसा थी कि आपके दर्शन करूं। आज यह लालसा पूर्ण हुई।(हालांकि वे कई बार मिल चुके थे। पर डीन सामने थे।)

अंग्रेजी में एक बड़ा अच्छा मुहावरा है- 'टेक इट विद ए पिंच ऑफ साल्ट'- याने थोड़े नमक के साथ लीजिए। मैंने अपनी तारीफ थोड़े नमक के साथ ले ली।

शाम को प्रोफेसर साहब मेरे घर आये। कहने लगे- डीन साहब तो आपके बड़े घनिष्ठ हैं। उनसे कहिए न कि मुझे पेपर दे दें, कुछ कांपियां भी- और 'माडरेशन' के लिए बुला लें तो और अच्छा है।

मैंने कहा- मैं ये सब काम डीन से आपके करवा दूंगा। पर आपने मुझे पहचानने में थोड़ी देर कर दी थी।

बेचारे क्या जवाब देते? अशुद्ध बेवकूफ मैं- मजा लेता रहा कि वे क्लास वन के अफसर नहीं, चपरासी की तरह मेरे पास से विदा हुए। बड़ा आदमी भी कितना बेचारा होता है।

एक दिन मई की भरी दोपहर में एक साहब आ गये। भयंकर गर्मी और धूप। मैंने सोचा कि कोई भयंकर बात हो गई है, तभी ये इस वक्त आये हैं। वे पसीना पोंछकर वियतनाम की बात करने लगे। वियतनाम में अमरीकी बर्बरता की बात कर रहे थे। मैं जानता था कि मैं निक्सन नहीं हूं। पर वे जानते थे कि मैं बेवकूफ हूं। मैं भी जानता था कि इनकी चिंता वियतनाम नहीं है।

घण्टे-भर राजनीतिक बातें हुईं।

वे उठे तो कहने लगे- मुझे जरा दस रुपये दे दीजिए।

मैंने दे दिए और वियतनाम की समस्या आखिर कुल दस रुपये में निपट गई।

एक दिन एक नीति वाले भी आ गये। बड़े तैश में थे।

कहने लगे- हद हो गयी! चेकोस्लोवाकिया में रूस का इतना हस्तक्षेप! आपको फौरन वक्तव्य देना चाहिए।

मैंने कहा- मैं न रूस का प्रवक्ता हूं न चेकोस्लोवाकिया का। मेरे बोलने से क्या होगा।

वे कहने लगे- मगर आप भारतीय हैं, लेखक हैं, बुद्धिजीवी हैं। आपको कुछ कहना ही चाहिए।

मैंने कहा- बुद्धिजीवी वक्तव्य दे रहे हैं। यही काफी है। कल वे ठीक उल्टा वक्तव्य भी दे सकते हैं, क्योंकि वे बुद्धिजीवी हैं।

वे बोले- याने बुद्धिजीवी बेईमान भी होता है?

मैंने कहा- आदमी ही तो ईमानदार और बेईमान होता है। बुद्धिजीवी भी आदमी ही है। वह सुअर या गधे की तरह ईमानदार नहीं हो सकता। पर यह बतलाईये कि इस समय क्या आप चेकोस्लोवाकिया के कारण परेशान हैं? आपकी पार्टी तो काफी नारे लगा रही है। एक छोटा सा नारा आप भी लगा दें और परेशानी से बरी हो जाएं।

वे बोले- बात यह है कि मैं एक खास काम से आपके पास आया था। लड़के ने रूस की लुमुम्बा यूनिवर्सिटी के लिए दरख्वास्त दी है। आप दिल्ली में किसी को लिख दें तो उसका सिलेक्शन हो जाएगा।

मैंने कहा- कुल इतनी-सी बात है। आप चेकोस्लोवाकिया के कारण परेशान हैं। रूस से नाराज हैं। पर लड़के को स्कालरशिप पर रूस भेजना भी चाहते हैं।

वे गुमसुम हो गए। मुझ अशुद्ध बेवकूफ की दया जाग गयी।

मैंने कहा- आप जाइए। निश्चिंत रहिए- लड़के के लिए जो मैं कर सकता हूं करूंगा।

वे चले गए। बाद में मैं मजा लेता रहा। जानते हुए बेवकूफ बनने-वाले 'अशुद्ध' बेवकूफ के अलग मजे हैं।

मुझे याद आया गुरु कबीर ने कहा था- 'माया महा ठगनि हम जानी'।

तब रास्ते का पत्थर भी मंजिल की सीढ़ी बन जाता है.


तब रास्ते का पत्थर भी
मंजिल की सीढ़ी बन जाता है.
(सुधांशु जी महाराज)

जैसे दिन को सजाता है सूर्य और रात को सजाता है चांद, वैसे ही मानव जीवन को सौन्दर्य से युक्त करने का काम सद्गुरु करते हैं। किंतु यह अनुपम उपलब्धि केवल सद्गुरु बनाने से प्राप्त नहीं होती है, बल्कि सद्गुरु के चरणों का दास बन जाने के बाद ही मानव जीवन शोभायमान होता है।

संसार में चाहे कोई कितना ही बड़ा ज्ञानी हो अथवा ध्यानी, सिद्घ, संत हो या कोई महान विज्ञानी, चिकित्सक हो या शिक्षक, कोई उद्योगी हो या व्यवसायी जब तक उसे सद्गुरु प्राप्त नहीं होते तब तक उसका जीवन गरिमा से युक्त नहीं होता।

प्रातःकाल पूर्व दिशा में लालिमा लिए उदित होने वाला सूर्य समस्त ब्रह्माण्ड की आंख बनकर प्रकट होता है। सबको प्रकाशित करता है लेकिन यह बाहर की आंख है, बाहर का प्रकाश है, जिससे इंसान के बाहर की ओर खुले हुए चर्म चक्षुओं को लाभ प्राप्त होता है। जिससे संसार का सौन्दर्य दिखता है और मनुष्य इस असार की ओर आकर्षित हो जाता है।

संसार सागर में अंधेरे और उजाले दोनों हैं। यह जरूरी नहीं कि जो आप अपने इन बाहर खुले हुए नेत्रों से देख रहे हैं, जो दृश्य साफ-साफ दिखाई दे रहा है वह सत्य का ही उजाला हो। उस चमकते हुए उजाले की परत के पीछे छिपा हुआ घना अंधकार भी हो सकता है। इस मानव देह में एक तीसरा ज्ञान चक्षु भी होता है, जिसके द्वारा अंधेरों और उजालों का अन्तर समझ आता है। जिसके द्वारा संसार नहीं संसार को बनाने वाला, लाखों-करोड़ों प्रकाशित सूर्य भी जिसकी बराबरी नहीं कर सकते, ऐसा जो ज्योति स्वरूप है, जो कण-कण में बसा हुआ है, सर्वव्यापक है, वह महान करतार दिखाई देता है।

लेकिन वह अन्तर्चक्षु तभी खुलता है जब गुरुकृपा होती है, वैसे तो गुरु सबके ऊपर ही अनवरत अपनी कृपा बरसाते हैं, लेकिन जो गुरु कृपा पाने के योग्य होता है, गुरु महिमा के महत्व को भलीभांति समझता है, उसका ही यह दिव्य नेत्र उद्भाषित होता है। क्योंकि इस दिव्य चक्षु के खुलने से शिष्य के जीवन में प्रभात का उदय होता है। सद्गुरु शिष्य को बाहर से नहीं अन्दर से जोड़ते हैं।

क्योंकि अन्दर ही वह उजाला मौजूद है, जिसमें जीवन की चमक है, जीवन की गरिमा है, जिसके लिए हमें यह अनमोल शरीर प्राप्त हुआ है। अन्दर के प्रकाश से ही बाहर की वास्तविकता समझ आती है। दुनिया के रिश्ते-नातों की सच्चाई का पता तभी चलता है, जब सद्गुरु के ज्ञान का अमृत मिल जाए। नीर और क्षीर का भेद तभी पता चलता है जब गुरुकृपा से अंदर का प्राणी जाग जाए।

गुरुशरण प्राप्त किए बिना इंसान बहुत सारी चोटों का शिकार हो जाता है। जाने-अनजाने में गुनाहगार बन जाता है। दर-दर की ठोकरें खाता है, वैसे ठोकरें जीवन में सबक सिखाने के लिए लगती हैं, लेकिन गुरु कृपा के बिना इंसान बार-बार ठोकर खाता है, बार-बार गुनाह करता है, बार-बार धोखे का शिकार होता है। पर जब गुरुकृपा से ज्ञान चक्षु खुल जाता है, तब शिष्य राह में ठोकर बनकर पड़े हुए पत्थर को भी अपनी मंजिल की सीढ़ी बना लेता है।




राजाराम मोहन राय.


राजाराम मोहन राय.

ब्रिटिश राज के जमाने में हिंदुस्तान के महान समाज सुधारक राजा राममोहन राय ने सती प्रथा के अंत और विधवा विवाह के समर्थन में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। आज से करीब 175 साल पहले रुढ़ियों में जकड़े देश में इस तरह की बातें करना दुस्साहस भरा कदम था। उस वक्त ज्यादातर लोग समाज में चली आ रही रुढ़ियों के पक्षधर थे। राजा राम मोहन राय ने ब्रह्म समाज की स्थापना की, जिसका मुख्य उद्देश था, सामाजिक कुरीतियों का बहिष्कार करना और मानव मात्र की सेवा करना।

एक बार उनके दो मित्रों ने यह विचार किया कि यदि राजा राममोहन राय ब्रह्मज्ञानी है, तो उनके ऊपर किसी भी मोहमाया के बंधन का असर नहीं होगा। इसकी परीक्षा लेने के लिए उन्होंने एक योजना बनाई। एक व्यक्ति को डाकिया बनाकर राजा राममोहन राय तक एक पत्र भिजवाया। पत्र में लिखवाया गया कि आपके बड़े पुत्र का सड़क दुर्घटना में निधन हो गया है।

योजना के अनुसार वे दोनों मित्र भी उसी समय राजा राममोहन राय के साथ थे, जब उनको वह पत्र डाकिये ने सौंपा। राजा राममोहन राय ने जब वह पत्र पढ़ा तो स्वाभाविक रूप से उनके चेहरे पर कुछ परिवर्तन आ गया। पुत्र शोक की वेदना उनके चेहरे पर उभर आई। कुछ क्षणों तक वह कुछ नहीं बोले और निश्चल बैठे रहे्। फिर वह जिस काम को कर रहे थे, उसको पुन: करने लगे। कुछ ही क्षणों में उन्होंने अपने आप को संभाल लिया और इतने बड़े सदमे को सहन करने की शक्ति जुटा ली।

दोनों मित्रों ने अपने इस कृत्य पर माफी मांगी। राजा राममोहन राय को जरा भी गुस्सा नहीं आया और वह पहले की तरह अपने काम में लगे रहे।

आत्महत्या पर हनुमानजी का विचार.


आत्महत्या पर
हनुमानजी का विचार.

हमारे धर्म में सिर्फ देवताओं की पूजा के बारे में ही नहीं, बल्कि आध्यात्म के बारे में भी काफी कुछ लिखा गया है। जीवन की प्रेरणा और उसके महत्व के बारे में कई प्रसंगों के जरिये बताया गया है। कहा गया है कि आत्महत्या करने से नहीं, जीवित रहने से सफलता मिलती है।

ऐसा ही एक प्रसंग बाल्मीकि रामायण में भी है, जब हनुमानजी ने भी आत्महत्या करने के बारे में सोचा था। मगर, फिर उन्होंने तय किया कि प्राण त्यागने से समस्या का हल नहीं होगा। समस्या को पार करने के लिए युक्ति निकालनी होगी। प्रयास करने होंगे। अवसर तलाशने होंगे।

विनाशे बहवो दोषा जीवन् प्राप्रोति भद्रकम।
तस्मात प्राणान् धरिष्यामि ध्रुवो जीवति संगम:।।

हनुमानजी ने आत्महत्या की बात तब सोची थी, जब वे लंका में सीता माता की खोज कर रहे थे। बहुत प्रयास के बाद भी जब उनको माता का पता नही मिल रहा था। तब उन्होनें विचार किया, कि अगर मैं माता का पता लगाएं बिना वापस गया तो, सुग्रीव-अंगद सहित सभी वानर मेरा वध कर देंगे।

श्रीराम को सीताजी का पता नहीं चला, तो वे उनके वियोग में प्राण त्याग देंगे। उनको देखकर लक्ष्मण और फिर भरत, शत्रुघ्र भी प्राण त्याग देंगे। अयोध्या सूनी हो जायेगी। इतने लोगों के प्राण देने से अच्छा है, मैं लौटकर ही नहीं जांऊ और यही प्राण त्याग कर दूं।

हनुमानजी ने सोचा मैं वापस नहीं जांऊगा, तो सभी वहां पर मेरे वापस आने का इंतजार करेंगे। फिर जब मैं वापस नहीं पहुंचूंगा, तो वे अपने अपने धाम चले जाएंगे। मगर, फिर उनके मन में यह विचार आया कि इस जीवन का नाश कर देने मै बहुत से दोष हैं।

जो पुरुष जीवित रहता है, वह कभी ना कभी अवश्य सफल होता है। अत: मैं प्राण त्याग नही करुंगा। जीवित रहने पर सुख की प्राप्ति अवश्य होती है। यही इस श्लोक का अर्थ है। जीवन संघर्ष है। उसमें सफल होने के लिए संघर्ष करना ही पड़ता है। संसार का कोई भी मनुष्य हो, एक न एक बार असफलता से सबका सामना जरूर हुआ होगा।

मगर, यह भी सत्य है कि किसी भी असफलता ने स्थायी रूप से सफलता का रास्ता नहीं रोका है। असफलता ही सफलता की कुंजी होती है। घोर निराशा में प्राण त्याग करने वाले को प्रकृति भी स्वीकार नहीं करती है। शास्त्रों के अनुसार उसके लिए किया गया श्राद्ध कर्म भी उसको प्राप्त नहीं होता है।

अत: कैसी भी असफलता हो, आत्महत्या करना, उसका हल नहीं है। यदि हनुमानजी ने भी यही किया होता, तो आज वह जगत में पूजनीय नहीं होते, किंतु उन्होंने आत्महत्या का विचार त्याग दिया।

इसके बाद उन्होंने फिर से पूरी ऊर्जा के साथ सीता माता की खोज का प्रयास किया और आखिर में सफल भी हुए। सोचिए यदि हनुमानजी उस घड़ी में हार मानते हुए आत्महत्या कर लेते और बाद में किसी और की मदद से भगवान राम को माता सीता का पता चल जाता, तब क्या होता।

तब भी राम- रावण युद्ध होता। मगर, जिस तरह से हनुमानजी की मौजूदगी के कारण लक्ष्मण के प्राण संजीवनी बूटी लाकर बचाए गए थे, वह नहीं हो पाता। श्रीराम के कई कार्य सहज ही पूरे नहीं हो पाते और न ही हनुमानजी को देवत्वरूप प्राप्त होता, जैसा वर्तमान में हैं।



भामाशाह का अपूर्व त्याग.


भामाशाह का अपूर्व त्याग.

मेवाड़ की रक्षा के लिये महाराणा प्रताप अन्तिम प्रयत्न करते हुये निराश हो गये थे। अकबर की विशाल सेना और अपरिमित साधनों का मुकाबला करते-करते छोटे से मेवाड़ प्रवेश के साधन समाप्त हो चुके थे। प्रत्येक लड़ाई में राजपूतों ने चिरस्मरणीय शौर्य और वीरता का परिचय दिया, महाराणा प्रताप ने दो-चार हजार सैनिकों को लेकर बड़ी-बड़ी बादशाही सेनाओं का मुंह मोड़ दिया, पर मुगल सल्तनत के साथ बहुत अधिक थे। एक सेना नष्ट हो जाती तो दूसरी भेज दी जाती। एक स्थान का रसद-पानी खत्म हो जाता हो दूसरे स्थान से अन्नादि सामग्रियां भेज दी जातीं। पर महाराणा प्रताप अकेले अपने ही बल पर जूझ रहे थे।

अन्त में ऐसा समय आ गया जब उनके पास न तो रुपया पैसा बचा, न सिपाही और हथियार रहें। बादशाही सेना को निरन्तर आगे बढ़ते देखकर और पहाड़ों के भीतर रहकर अपने तथा अपने साथियों के लिये सूखी रोटी मिल सकना भी असम्भव समझकर उन्होंने मेवाड़ को त्याग कर सिन्ध की तरफ जाने का विचार किया।

जिस समय महाराणा प्रताप देश त्याग का निश्चय करके और अपने बचे खुचे साथियों को लेकर अरावली पर्वत को पार करके सिन्ध में जाने को कदम बढ़ाने लगे कि किसी ने उनको पीछे से पुकारा-”ओ मेवाड़ पति। राजपूती वीरता की शान दिखाने वाले। हिन्दू धर्म के रक्षक। जरा ठहर जाओ।” राणा ने चौंककर पीछे मुड़कर देखा तो उनके राज्य के पुराने जमाने के मंत्री भामाशाह उनकी तरफ दौड़े चले आ रहे थे। भामाशाह किसी प्रकार राणा के देश त्याग का समाचार सुनकर तुरन्त ही उठकर दौड़े चले आये थे।

वे समीप पहुँचते ही आँखों में आँसू भरे हुये भर्राये स्वर से बोले-’स्वामी। आज कहाँ जा रहे हैं और क्यों इतने व्यथित तथा उदास जान पड़ते हैं?” महाराणा का निराशापूर्ण उत्तर सुनकर भामाशाह कहने लगा-”नहीं, एक बार आप फिर अपने घोड़े की बाग मेवाड़ को तरफ मोड़िये और नये सिरे से तैयारी करके मातृ-भूमि के उद्धार का प्रयत्न कीजिये। इसमें जो खर्च होगा वह मुझसे लीजिये। आपके पूर्वजों की दी हुई पर्याप्त सम्पत्ति मेरे पास है, वह सब मैं आपके चरणों में भेंट करता हूँ। वह मातृ-भूमि के उद्धार में लग सके इससे बढ़कर उसका सदुपयोग क्या हो सकता है? इसलिये आप मेरी प्रार्थना स्वीकार करके उस सम्पत्ति द्वारा लड़ाई की फिर तैयारी करें। यदि सफल हो जायें तो ठीक ही है, अन्यथा फिर जहाँ स्वामी, वहीं पर यह सेवक भी चलेगा।” भामाशाह के अपूर्व त्याग और देश-भक्ति को देखकर महाराणा प्रताप का हृदय भर आया और उसके अनुरोध को मानकर वापस लौट आये। कहा जाता है कि भामाशाह के भण्डार में इतना धन था कि जिससे पच्चीस हजार सेना का बारह वर्ष तक खर्च चल सकता था।

(अखंड ज्योति-3/1964)


उखड़े खंभे. (व्यंग)


उखड़े खंभे. (व्यंग)
(हरिशंकर परसाई)

कुछ साथियों के हवाले से पता चला कि कुछ साइटें बैन हो गयी हैं। पता नहीं यह कितना सच है लेकिन लोगों ने सरकार को कोसना शुरू कर दिया। अरे भाई,सरकार तो जो देश हित में ठीक लगेगा वही करेगी न! पता नहीं मेरी इस बात से आप कितना सहमत हैं, लेकिन यह है सही बात कि सरकार हमेशा देश हित के लिये सोचती है। मैं शायद ठीक से अपनी बात न समझा सकूँ लेकिन मेरे पसंदीदा लेखक, व्यंग्यकार हरिशंकर परसाई ने इसे अपने एक लेख उखड़े खम्भे में बखूबी बताया है।

[यहां जानकारी के लिये बता दिया जाये कि भारत के प्रथम प्रधान मंत्री स्व.जवाहरलाल नेहरू ने एक बार घोषणा की थी कि मुनाफाखोरों को बिजली के खम्भों पर लटका दिया जायेगा।]

एक दिन राजा ने खीझकर घोषणा कर दी कि मुनाफाखोरों को बिजली के खम्भे से लटका दिया जायेगा।

सुबह होते ही लोग बिजली के खम्भों के पास जमा हो गये। उन्होंने खम्भों की पूजा की,आरती उतारी और उन्हें तिलक किया।

शाम तक वे इंतजार करते रहे कि अब मुनाफाखोर टांगे जायेंगे- और अब। पर कोई नहीं टाँगा गया।

लोग जुलूस बनाकर राजा के पास गये और कहा, "महाराज, आपने तो कहा था कि मुनाफाखोर बिजली के खम्भे से लटकायेजायेंगे, पर खम्भे तो वैसे ही खड़े हैं और मुनाफाखोर स्वस्थ और सानन्द हैं।"

राजा ने कहा, "कहा है, तो उन्हें खम्भों पर टाँगा ही जायेगा। थोड़ा समय लगेगा। टाँगने के लिये फन्दे चाहिये। मैंने फन्दे बनाने का आर्डर दे दिया है। उनके मिलते ही,सब मुनाफाखोरों को बिजली के खम्भों से टाँग दूँगा।

भीड़ में से एक आदमी बोल उठा,"पर फन्दे बनाने का ठेका भी तो एक मुनाफाखोर ने ही लिया है।"

राजा ने कहा,"तो क्या हुआ? उसे उसके ही फन्दे से टाँगा जायेगा।"

तभी दूसरा बोल उठा, "पर वह तो कह रहा था कि फाँसी पर लटकाने का ठेका भी मैं ही ले लूँगा।"

राजा ने जवाब दिया, "नहीं,ऐसा नहीं होगा। फाँसी देना निजी क्षेत्र का उद्योग अभी नहीं हुआ है।"

लोगों ने पूछा, " तो कितने दिन बाद वे लटकाये जायेंगे।"

राजा ने कहा ,"आज से ठीक सोलहवें दिन वे तुम्हें बिजली के खम्भों से लटके दीखेंगे।"

लोग दिन गिनने लगे।

सोलहवें दिन सुबह उठकर लोगों ने देखा कि बिजली के सारे खम्भे उखड़े पड़े हैं। वे हैरान हो गये कि रात न आँधी आयी न भूकम्प आया,फिर वे खम्भे कैसे उखड़ गये!

उन्हें खम्भे के पास एक मजदूर खड़ा मिला। उसने बतलाया कि मजदूरों से रात को ये खम्भे उखड़वाये गये हैं। लोग उसे पकड़कर राजा के पास ले गये।

उन्होंने शिकायत की, "महाराज, आप मुनाफाखोरों को बिजली के खम्भों से लटकाने वाले थे, पर रात में सब खम्भे उखाड़ दिये गये। हम इस मजदूर को पकड़ लाये हैं। यह कहता है कि रात को सब खम्भे उखड़वाये गये हैं।"

राजा ने मजदूर से पूछा, "क्यों रे,किसके हुक्म से तुम लोगों ने खम्भे उखाड़े?"

उसने कहा ,"सरकार ,ओवरसियर साहब ने हुक्म दिया था।"

तब ओवरसियर बुलाया गया।

उससे राजा ने कहा, " क्यों जी, तुम्हें मालूम है, मैंने आज मुनाफाखोरों को बिजली के खम्भे से लटकाने की घोषणा की थी?"

उसने कहा, "जी सरकार!"

"फिर तुमने रातों-रात खम्भे क्यों उखड़वा दिये?"

"सरकार, इंजीनियर साहब ने कल शाम हुक्म दिया था कि रात में सारे खम्भे उखाड़ दिये जायेंगे।"

अब इंजीनियर बुलाया गया। उसने कहा उसे बिजली इंजीनियर ने आदेश दिया था कि रात में सारे खम्भे उखाड़ देना चाहिये।

बिजली इंजीनियर से कैफियत तलब की गयी, तो उसने हाथ जोड़कर कहा, "सेक्रेटरी साहब का हुक्म मिला था।"

विभागीय सेक्रेटरी से राजा ने पूछा, खम्भे उखाड़ने का हुक्म तुमने दिया था।"

सेक्रेटरी ने स्वीकार किया, "जी सरकार!"

राजा ने कहा, " यह जानते हुये भी कि आज मैं इन खम्भों का उपयोग मुनाफाखोरों को लटकाने के लिये करने वाला हूँ, तुमने ऐसा दुस्साहस क्यों किया।"

सेक्रेटरी ने कहा, "साहब ,पूरे शहर की सुरक्षा का सवाल था। अगर रात को खम्भे न हटा लिये जाते, तो आज पूरा शहर नष्ट हो जाता!"

राजा ने पूछा, "यह तुमने कैसे जाना? किसने बताया तुम्हें?

सेक्रेटरी ने कहा, "मुझे विशेषज्ञ ने सलाह दी थी कि यदि शहर को बचाना चाहते हो तो सुबह होने से पहले खम्भों को उखड़वा दो।"

राजा ने पूछा, "कौन है यह विशेषज्ञ? भरोसे का आदमी है?"

सेक्रेटरी ने कहा, "बिल्कुल भरोसे का आदमी है, सरकार। घर का आदमी है। मेरा साला होता है। मैं उसे हुजूर के सामने पेश करता हूँ।"

विशेषज्ञ ने निवेदन किया, " सरकार, मैं विशेषज्ञ हूँ और भूमि तथा वातावरण की हलचल का विशेष अध्ययन करता हूँ। मैंने परीक्षण के द्वारा पता लगाया है कि जमीन के नीचे एक भयंकर प्रवाह घूम रहा है। मुझे यह भी मालूम हुआ कि आज वह बिजली हमारे शहर के नीचे से निकलेगी। आपको मालूम नहीं हो रहा है, पर मैं जानता हूँ कि इस वक्त हमारे नीचे भयंकर बिजली प्रवाहित हो रही है। यदि हमारे बिजली के खम्भे जमीन में गड़े रहते तो वह बिजली खम्भों के द्वारा ऊपर आती और उसकी टक्कर अपने पावरहाउस की बिजली से होती। तब भयंकर विस्फोट होता। शहर पर हजारों बिजलियाँ एक साथ गिरतीं। तब न एक प्राणी जीवित बचता, न एक इमारत खड़ी रहती। मैंने तुरन्त सेक्रेटरी साहब को यह बात बतायी और उन्होंने ठीक समय पर उचित कदम उठाकर शहर को बचा लिया।

लोग बड़ी देर तक सकते में खड़े रहे। वे मुनाफाखोरों को बिल्कुल भूल गये। वे सब उस संकट से अविभूत थे, जिसकी कल्पना उन्हें दी गयी थी। जान बच जाने की अनुभूति से दबे हुये थे। चुपचाप लौट गये।

उसी सप्ताह बैंक में इन नामों से ये रकमें जमा हुईं:-

सेक्रेटरी की पत्नी के नाम- २ लाख रुपये
श्रीमती बिजली इंजीनियर- १ लाख
श्रीमती इंजीनियर -१ लाख
श्रीमती विशेषज्ञ - २५ हजार
श्रीमती ओवरसियर-५ हजार

उसी सप्ताह 'मुनाफाखोर संघ' के हिसाब में नीचे लिखी रकमें 'धर्मादा' खाते में डाली गयीं-

कोढ़ियों की सहायता के लिये दान- २ लाख रुपये
विधवाश्रम को- १ लाख
क्षय रोग अस्पताल को- १ लाख
पागलखाने को-२५ हजार
अनाथालय को- ५ हजार

शास्त्र और गुरू का सम्मान, भगवान का सम्मान है.


शास्त्र और गुरू का सम्मान,
भगवान का सम्मान है.
(सुधांशु जी महाराज)

दुनिया में एक सद्गुरु हजारों- लाखों सुपात्र शिष्यों को ज्ञानामृत और आशीष देकर अपने जैसे तमस् का तिरोहण करने वाले सूर्य बना सकते हैं, लेकिन अनेक शिष्य मिलकर एक सद्गुरु का स्वरूप तैयार नहीं कर सकते। लाखों-करोड़ों वर्षों की तपस्या के बाद किसी व्यक्ति के भीतर गुरुतत्व प्रकट होता है।

गुरु एक ऐसा प्रथम दीप है जिससे असंख्य दीप प्रज्ज्वलित हो सकते हैं। धरती पर विवेकानन्द बन जाना तो इतना कठिन नहीं है, जितना रामकृष्ण परमहंस बनकर विवेकानन्द को जन्म देना मुश्किल कार्य है। गुरु ज्ञानीजनों की सभा में स्थान मिल जाए तो मनुष्य को अपना सौभाग्य समझना चाहिए।

गुरु के प्रति श्रद्घा-आस्था सदा-सर्वदा बनी रहनी चाहिए। गुरु वचनों का श्रवण, चिन्तन-मनन और उन पर अमल करने से मनुष्य को अभीष्ट और प्रीति की प्राप्ति होती है। उसका इहलोक और परलोक संवर जाता है। गुरु चरणों में शिष्य का स्वर्ग है।

गुरु चरणों का ध्यान, उनका पूजन, वंदन, सेवा और सत्कार करते समय मन में जितनी श्रद्घा-आस्था और प्रेम भाव होगा उतनी ही शीघ्रता से कल्याण के कपाट खुलते जाएंगे। गुरु अपने शिष्य को एक ऐसी सुदृष्टि प्रदान करते हैं जिससे उसकी सृष्टि बदल जाती है, ऐसी सुदिशा प्रदान करते हैं, जिससे उसके जीवन की दशा बदल जाती है।

गुरू सद्प्रेरणा देकर शिष्य को सुमार्ग का ऐसा राही बनाते हैं, जिससे उसे मंजिल मिल ही जाती है। गुरु तो ज्ञानामृत बनकर बरसते हैं, उस अमृत को अपनी अंजुली में समेटना शिष्य का काम है। गुरु जो राह दिखाए उस पर अनवरत बेखौफ चलना शिष्य का कार्य है।

राह में अवरोध जरूर आते हैं, संशय की स्थिति भी आती है, असमंजस में इंसान न चाहते हुए भी कई बार फंस जाता है। लेकिन जो शिष्य अपनी श्रद्घा-आस्था और विश्वास को कम नहीं होने देते वे ही परम धम तक पहुंचने में सपफल होते हैं। शास्त्रों में गुरु के प्रति शिष्यों को किस प्रकार सम्मान का भाव रखना चाहिए यह बताया गया है।

पुराणों में वर्णन है कि गुरु की आज्ञा ईश्वर आज्ञा के समान होती है। क्योंकि गुरु कभी किसी व्यक्ति विशेष अथवा कारण विशेष के लिए कोई आज्ञा नहीं देते। वे समाज के उत्थान के लिए, मानवता की भलाई के लिए, धर्म के प्रचार के लिए, दीन दुःखियों की पीड़ा हरने के लिए, सभ्य संस्कृति एवं सुसंस्कारों की अभिवृति के लिए, विचारों की शुद्घि के लिए, प्राणी मात्र की भलाई के लिए, अन्याय-अत्याचार, भ्रष्टाचार के समापन के लिए, दुर्गुण-दुर्व्यसनों से मानवमात्र को बचाने के लिए, अच्छाई को बढ़ाने के लिए और बुराई को भगाने के लिए ही सद्आज्ञा प्रदान करते हैं।

ईश्वरीय आज्ञा भी ऐसी ही तो है। भक्ति और आराधना से तात्पर्य केवल इतना ही नहीं है कि हम केवल हाथ में माला ही पकड़े रहें। भगवान की प्रार्थना, उपासना, स्तुति का मतलब भी इतना ही नहीं है कि हम केवल अपने लिए और अपनों की सलामती के लिए ही कामना करते रहें, भगवान के नाम की माला हाथ में थामे हुए अगर केवल अपने विषय में, मालामाल होने की प्रार्थना करते रहें तो यह अनुचित हो जाएगा और इंसान आध्यात्मिक सम्पत्ति से कंगाल हो जाएंगे।

वेदों में स्पष्ट कहा गया है कि भगवान की भक्ति का सीध सा अर्थ है उसकी आज्ञाओं का सहर्ष पालन करना और वही ईश्वरीय आज्ञाएं इंसान को सदगुरु प्रदान करते हैं। इसलिए गुरु आज्ञा का कभी उलंघन न करें, सत्पुरुषों की न स्वयं निन्दा करें और न किसी के द्वारा किए जाने पर श्रवण करें, भगवान के अनेक नाम हैं और स्वरूप हैं।

उनमें कभी भेद न करें। जैसे शिव और विष्णु, राम और कृष्ण आदि उनमें कोई भेदभाव की दृष्टि न रखें, वैदिक विचारों की भी निन्दा अनुचित है, शास्त्रों का सम्मान करें और गुरु ज्ञानीजनों के प्रति अगाध श्रद्घा बनाए रखें। इससे जीवन जगमगा उठता है।

जनसंघ के संस्थापक- श्री श्यामा प्रसाद मुखर्जी.


जनसंघ के संस्थापक-
श्री श्यामा प्रसाद मुखर्जी.

जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जन्म 6 जुलाई 1901 को कोलकाता में हुआ था। उनके पिता आशुतोष मुखर्जी एक प्रतिष्ठित वकील थे और बाद में कलकत्ता विश्वविद्यालय के कुलपति भी बने।

डॉ. मुखर्जी ने 1921 में कलकत्ता विश्वविद्यालय से अंग्रेजी में ग्रैजुएशन किया। इसके बाद उन्होंने बैचलर्स ऑफ लॉ भी किया। 1926 में, वह वकालत की पढ़ाई करने ब्रिटेन चले गए और 1927 में वे बैरिस्टर बनकर भारत वापस आए। 33 साल की उम्र में, वह कलकत्ता विश्वविद्यालय के कुलपति बने। इस यूनिवर्सिटी के वह सबसे कम उम्र के कुलपति थे।

उन्होंने 1929 में राजनीति में कदम रखा और बंगाल विधान परिषद के सदस्य बनें। बाद में वह इंडिपेंडेंट कैंडिडेट के तौर पर चुनाव लड़े और जीते। वह 1941-1942 में बंगाल के वित्त मंत्री भी रहे।

श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने हिंदू महासभा जॉइन किया और 1944 में उसके अध्यक्ष बन गए। वह हिंदुओं के पक्ष में मुखर होकर अपनी आवाज उठाने लगे। वह, जिन्ना के ऑल इंडिया मुस्लिम लीग के विरोधी थे। अपनी विशिष्ट रणनीति से उन्होंने बंगाल के विभाजन हेतु मुस्लिम लीग के प्रयासों को पूरी तरह से नाकाम कर दिया।

पहले डॉ मुखर्जी बंटवारे के विरोध में थे। उनका मानना था कि हम सब एक ही संस्कृति के हैं, लेकिन साम्प्रदायिक हिंसा को देखते हुए, उन्हें लगने लगा कि हिंदुओं का मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में रहना ठीक नहीं है।

डॉ. मुखर्जी ने बंगाल और पंजाब के विभाजन की मांग उठाकर प्रस्तावित पाकिस्तान का विभाजन कराया और आधा बंगाल और आधा पंजाब भारत के लिए बचा लिया। गांधीजी और सरदार पटेल के अनुरोध पर वे भारत के प्रथम मंत्रिमंडल में शामिल हुए। उन्हें “उद्योग” जैसे महत्वपूर्ण विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई। उनके राष्ट्रवादी चिंतन के चलते अन्य नेताओं से मतभेद बराबर बने रहे। श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने 1951 में भारतीय जनसंघ की स्थापना की। 1952 के चुनाव में बीजेएस को संसद में तीन सीटें प्राप्त हुईं थी।

अपने और पुलिस के अधिकार - संक्षिप्त जानकारी.


अपने और पुलिस
के अधिकार - संक्षिप्त जानकारी.

FIR का फुल फॉर्म First Information Report है। इसे हिंदी में प्राथमिकी कहा जाता है। किसी अपराध के लिए पुलिस के पास कार्रवाई करने के लिए दर्ज कराई गई सूचना को प्रथम सूचना रिपोर्ट या प्राथमिकी कहा जाता है। 

FIR सिर्फ संज्ञेय अपराधों में दर्ज की जाती है। संज्ञेय अपराध में पुलिस के पास आरोपी को वॉरंट के बगैर गिरफ्तार करने की शक्ति होती है। संज्ञेय अपराध में हत्या, रेप, चोरी, हमला आदि शामिल है। 

असंज्ञेय अपराध वे होते हैं, जिसमें पुलिस के पास किसी को वॉरंट के बगैर गिरफ्तार करने का अधिकार नहीं होता है। ऐसे मामलों को पहले जुडिशल मजिस्ट्रेट के पास भेजना होता है। ऐसे ही मामलों में NCR (नॉन कॉग्निजेबल रिपोर्ट) दर्ज की जाती है। 

कोई सामान चोरी होने पर FIR दर्ज की जाती है, जबकि गुम होने की स्थिति में NCR. 

एफआईआर एक दस्तावेज होता है, जिसके आधार पर दोषी को सजा दिलाने के लिए पुलिस कार्यवाही शुरू करती है। किसी सामान के चोरी होने की स्थिति में बीमा क्लेम करने के लिए एफआईआर जरूरी होती है। इसके अलावा आपकी चीज के दुरुपयोग का खतरा रहता है, जिससे आप किसी ऐसे अपराध में फंस सकते हैं, जो आपने किया ही नहीं। ऐसी स्थिति में आपको किसी तरह के नुकसान से एफआईआर बचाती है। 

घटना के तुरंत बाद एफआईआर दर्ज करानी चाहिए। दर्ज कराने में देर होने पर उसका स्पष्ट कारण बताना होगा। एफआईआर में देरी से शक पैदा होता है कि कहीं किसी को फंसाने की सोची-समझी साजिश तो नहीं है। 

घटनास्थल से नजदीकी थाने में प्राथमिकी दर्ज होनी चाहिए लेकिन इमर्जेंसी की स्थिति में किसी भी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई सकती है जिसे बाद में संबंधित थाने में ट्रांसफर कर दिया जाता है। 

एफआईआर दर्ज कराने के लिए खुद जाने की जरूरत नहीं है। घटना का चश्मदीद या कोई रिश्तेदार भी प्राथमिकी दर्ज करा सकता है। इमर्जेंसी की स्थिति में पुलिस फोन कॉल या ई-मेल के आधार पर भी प्राथमिकी दर्ज कर सकती है। एफआईआर में घटना की तारीख और समय एवं आरोपी का भी उल्लेख करना होता है। एफआईआर दर्ज होने के बाद शिकायतकर्ता को इसकी मुफ्त में एक कॉपी पाने का अधिकार होता है। एफआईआर में लिखा क्राइम नंबर भविष्य में रेफरेंस के तौर पर इस्तेमाल किया जाता है। FIR की कॉपी पर थाने की मुहर व पुलिस अधिकारी के हस्ताक्षर होने चाहिए। 

एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस को मामले की जांच करनी होती है, सभी गवाहों के बयान दर्ज करने होते हैं और एक फाइनल रिपोर्ट दाखिल करनी होती है। अगर पुलिस इस नतीजे पर पहुंचती है कि शिकायत का कोई आधार नहीं है या फिर मामले के अभियोजन के लिए साक्ष्य उपलब्ध नहीं है तो केस को बंद कर दिया जाता है। लेकिन ऐसा करने पर इसकी सूचना शिकायतकर्ता को देनी होती है। अगर पर्याप्त साक्ष्य है, तो कोर्ट में फाइनल चार्जशीट दाखिल की जाती है और ट्रायल शुरू होता है। 

वैसे तो आमतौर पर प्राथमिकी घटनास्थल से करीबी थाने में ही दर्ज करानी चाहिए लेकिन परिस्थितिवश पीड़ित किसी बाहरी थाने में भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। ऐसी स्थिति में बाद में शिकायत को संबंधित थाने में ट्रांसफर कर दिया जाता है। इस तरह की प्राथमिकी को ZERO FIR कहा जाता है।

मंगल पांडे.


मंगल पांडे.

1857 के सिपाही विद्रोह की चिंगारी भड़काने वाले और देश के स्वाधीनता संग्राम की नींव रखने वाले महान क्रांतिकारी मंगल पांडे का जन्म 19 जुलाई, 1827 को बलिया जिले के नगवा गांव में हुआ था। उनके पिता का नाम दिवाकर पांडे और मां का नाम अभय रानी था। मात्र 18 साल की उम्र में सन् 1849 में वह ब्रिटिश सेना की बंगाल इन्फैंट्री की छठी टुकड़ी में शामिल हुए थे।

1853 में सिपाहियों को नई बंदूक दी गई थी, जिसे भरने के लिए कारतूस को दांत से काटकर खोलना पड़ता था। कारतूस के बाहरी कवर में चर्बी लगी होती थी। सिपाहियों को पता चला कि यह चर्बी सुअर और गाय के मांस से बनी है। यह चीज हिंदू और मुस्लिम, दोनों धर्म के सिपाहियों की धार्मिक भावनाओं के खिलाफ थी। इससे वे लोग भड़क गए। वही चर्बी मंगल पांडे के लिए भी बगावत का कारण बनी।

उस समय क्रांतिकारी एवं भारतीय नागरिक, अंग्रेजों को फिरंगी के नाम से पुकारते थे। देश की आजादी के लिए पहले आवाज उठाने वाले मंगल पांडे ने अंग्रेजों के खिलाफ नारा दिया 'मारो फिरंगी को'

29 मार्च, 1857 को सिपाहियों को उसी कारतूस का इस्तेमाल करने के लिए कहा गया, तो मंगल पांडे ने ऐसा करने से इनकार कर दिया। अंग्रेज अधिकारी इस पर भड़क गया और मंगल पांडे को गिरफ्तार करने के लिए सेना को आदेश दिया। सेना ने अंग्रेजी अधिकारी का आदेश नहीं माना। इसके बाद पलटन का सार्जेंट हडसन, फिर लेफ्टिनेंट बाग ने खुद आगे बढ़कर मंगल पांडे को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन मंगल पांडे ने दोनों को गोली मार दी। यह देखकर घटनास्थल पर मौजूद अन्य अंग्रेज सिपाहियों ने मंगल पांडे को घायल कर पकड़ लिया।

मंगल पांडे पर फौजी अदालत में मामला चलाया गया, जिसमें उसको विद्रोह का दोषी करार दिया और 6 अप्रैल, 1857 को मौत की सजा सुनाई गई। मंगल पांडे की लोकप्रियता और सम्मान की ऐसी स्थिति थी कि बैरकपुर के जल्लादों ने मंगल पांडे को फांसी देने से इन्कार कर दिया। तब कलकत्ता से चार जल्लादों को बुलाया गया और 8 अप्रैल, 1857 को, देश के स्वतंत्रता संग्राम के पहले नायक, मंगल पांडे को फांसी दे दी गई।

अंग्रेजों के बीच मंगल पांडे का भय कितना था?, इस बात से पता चलता हैं कि उसको 18 अप्रैल, 1857 को फांसी होनी थी, लेकिन ब्रिटिश सरकार को यह भय था कि इससे बगावत और फैल जाएगी, इसलिए 10 दिन पहले ही उनको फांसी दे दी गई।

यह कहा जा सकता है कि 1857 की क्रांति की नींव मंगल पांडे के बगावत के समय ही पड़ गई थी। मंगल पांडे ने बगावत की जो चिंगारी भड़काई थी, वह जल्दी बुझी नहीं। करीब एक महीने बाद ही 10 मई, 1857 को मेरठ की छावनी में बगावत हो गई जो देखते-देखते देश के बड़े हिस्से में फैल गई। इससे डरकर ब्रिटिश सरकार ने भारतीय जनता पर कई कानून थोप दिए ताकि फिर दोबारा कोई मंगल पांडे पैदा न हो सके।