चर्चित श्राप और उनकी कहानी.


चर्चित श्राप और उनकी कहानी.


पौराणिक ग्रंथो में अनेको अनेक श्रापों का वर्णन मिलता है। हर श्राप के पीछे कोई न कोई घटना मिलती है। 


1. युधिष्ठिर का स्त्री जाति को श्राप.

महाभारत के शांति पर्व के अनुसार युद्ध समाप्त होने के बाद जब कुंती ने युधिष्ठिर को बताया कि कर्ण तुम्हारा बड़ा भाई था तो पांडवों को बहुत दुख हुआ। तब युधिष्ठिर ने विधि-विधान पूर्वक कर्ण का भी अंतिम संस्कार किया। माता कुंती ने जब पांडवों को कर्ण के जन्म का रहस्य बताया तो शोक में आकर युधिष्ठिर ने संपूर्ण स्त्री जाति को श्राप दिया कि – आज से कोई भी स्त्री गुप्त बात छिपा कर नहीं रख सकेगी। 


2. ऋषि किंदम का राजा पांडु को श्राप.

महाभारत के अनुसार एक बार राजा पांडु शिकार खेलने वन में गए। उन्होंने वहां हिरण के जोड़े को मैथुन करते देखा और उन पर बाण चला दिया। वास्तव में वो हिरण व हिरणी ऋषि किंदम व उनकी पत्नी थी। तब ऋषि किंदम ने राजा पांडु को श्राप दिया कि जब भी आप किसी स्त्री से मिलन करेंगे। उसी समय आपकी मृत्यु हो जाएगी। इसी श्राप के चलते जब राजा पांडु अपनी पत्नी माद्री के साथ मिलन कर रहे थे, उसी समय उनकी मृत्यु हो गई।

तब ऋषि माण्डव्य ने यमराज से कहा कि 12 वर्ष की उम्र में किसी को भी धर्म-अधर्म का ज्ञान नहीं होता। तुमने छोटे अपराध का बड़ा दण्ड दिया है। इसलिए मैं तुम्हें श्राप देता हूं कि तुम्हें शुद्र योनि में एक दासी पुत्र के रूप में जन्म लेना पड़ेगा। ऋषि माण्डव्य के इसी श्राप के कारण यमराज ने महात्मा विदुर के रूप में जन्म लिया। 


3. नंदी का रावण को श्राप.

वाल्मीकि रामायण के अनुसार एक बार रावण भगवान शंकर से मिलने कैलाश गया। वहां उसने नंदीजी को देखकर उनके स्वरूप की हंसी उड़ाई और उन्हें बंदर के समान मुख वाला कहा। तब नंदीजी ने रावण को श्राप दिया कि बंदरों के कारण ही तेरा सर्वनाश होगा।


4. कद्रू का अपने पुत्रों को श्राप.

महाभारत के अनुसार ऋषि कश्यप की कद्रू व विनता नाम की दो पत्नियां थीं। कद्रू सर्पों की माता थी व विनता गरुड़ की। एक बार कद्रू व विनता ने एक सफेद रंग का घोड़ा देखा और शर्त लगाई। विनता ने कहा कि ये घोड़ा पूरी तरह सफेद है और कद्रू ने कहा कि घोड़ा तो सफेद हैं, लेकिन इसकी पूंछ काली है।

कद्रू ने अपनी बात को सही साबित करने के लिए अपने सर्प पुत्रों से कहा कि तुम सभी सूक्ष्म रूप में जाकर घोड़े की पूंछ से चिपक जाओ, जिससे उसकी पूंछ काली दिखाई दे और मैं शर्त जीत जाऊं। कुछ सर्पों ने कद्रू की बात नहीं मानी। तब कद्रू ने अपने उन पुत्रों को श्राप दिया कि तुम सभी जनमजेय के सर्प यज्ञ में भस्म हो जाओगे। 


5. उर्वशी का अर्जुन को श्राप.

महाभारत के युद्ध से पहले जब अर्जुन दिव्यास्त्र प्राप्त करने स्वर्ग गए, तो वहां उर्वशी नाम की अप्सरा उन पर मोहित हो गई। यह देख अर्जुन ने उन्हें अपनी माता के समान बताया। यह सुनकर क्रोधित उर्वशी ने अर्जुन को श्राप दिया कि तुम नपुंसक की भांति बात कर रहे हो। इसलिए तुम नपुंसक हो जाओगे, तुम्हें स्त्रियों में नर्तक बनकर रहना पड़ेगा। यह बात जब अर्जुन ने देवराज इंद्र को बताई तो उन्होंने कहा कि अज्ञातवास के दौरान यह श्राप तुम्हारी मदद करेगा और तुम्हें कोई पहचान नहीं पाएगा। 


6. तुलसी का भगवान विष्णु को श्राप.

शिवपुराण के अनुसार शंखचूड़ नाम का एक राक्षस था। उसकी पत्नी का नाम तुलसी था। तुलसी पतिव्रता थी, जिसके कारण देवता भी शंखचूड़ का वध करने में असमर्थ थे। देवताओं के उद्धार के लिए भगवान विष्णु ने शंखचूड़ का रूप लेकर तुलसी का शील भंग कर दिया। तब भगवान शंकर ने शंखचूड़ का वध कर दिया। यह बात जब तुलसी को पता चली तो उसने भगवान विष्णु को पत्थर हो जाने का श्राप दिया। इसी श्राप के कारण भगवान विष्णु की पूजा शालीग्राम शिला के रूप में की जाती है। 


7. श्रृंगी ऋषि का परीक्षित को श्राप.

पाण्डवों के स्वर्गारोहण के बाद अभिमन्यु के पुत्र परीक्षित ने शासन किया। उसके राज्य में सभी सुखी और संपन्न थे। एक बार राजा परीक्षित शिकार खेलते-खेलते बहुत दूर निकल गए। तब उन्हें वहां शमीक नाम के ऋषि दिखाई दिए, जो मौन अवस्था में थे। राजा परीक्षित ने उनसे बात करनी चाहिए, लेकिन ध्यान में होने के कारण ऋषि ने कोई जबाव नहीं दिया।


ये देखकर परीक्षित बहुत क्रोधित हुए और उन्होंने एक मरा हुआ सांप उठाकर ऋषि के गले में डाल दिया। यह बात जब शमीक ऋषि के पुत्र श्रृंगी को पता चली तो उन्होंने श्राप दिया कि आज से सात दिन बात तक्षक नाग राजा परीक्षित को डंस लेगा, जिससे उनकी मृत्यु हो जाएगी। 


8. राजा अनरण्य का रावण को श्राप.

वाल्मीकि रामायण के अनुसार रघुवंश में एक परम प्रतापी राजा हुए थे, जिनका नाम अनरण्य था। जब रावण विश्वविजय करने निकला तो राजा अनरण्य से उसका भयंकर युद्ध हुई। उस युद्ध में राजा अनरण्य की मृत्यु हो गई। मरने से पहले उन्होंने रावण को श्राप दिया कि मेरे ही वंश में उत्पन्न एक युवक तेरी मृत्यु का कारण बनेगा। इन्हीं के वंश में आगे जाकर भगवान श्रीराम ने जन्म लिया और रावण का वध किया। 


9. परशुराम का कर्ण को श्राप.

महाभारत के अनुसार परशुराम भगवान विष्णु के ही अंशावतार थे। सूर्यपुत्र कर्ण उन्हीं का शिष्य था। कर्ण ने परशुराम को अपना परिचय एक ब्राह्मण के रूप में दिया था। एक बार जब परशुराम कर्ण की गोद में सिर रखकर सो रहे थे, उसी समय कर्ण को एक भयंकर कीड़े ने काट लिया। गुरु की नींद में विघ्न न आए, ये सोचकर कर्ण दर्द सहते रहे, लेकिन उन्होंने परशुराम को नींद से नहीं उठाया।

नींद से उठने पर जब परशुराम ने ये देखा तो वे समझ गए कि कर्ण ब्राह्मण नहीं बल्कि क्षत्रिय है। तब क्रोधित होकर परशुराम ने कर्ण को श्राप दिया कि मेरी सिखाई हुई शस्त्र विद्या की जब तुम्हें सबसे अधिक आवश्यकता होगी, उस समय तुम वह विद्या भूल जाओगे।


10. तपस्विनी का रावण को श्राप.

वाल्मीकि रामायण के अनुसार एक बार रावण अपने पुष्पक विमान से कहीं जा रहा था। तभी उसे एक सुंदर स्त्री दिखाई दी, जो भगवान विष्णु को पति रूप में पाने के लिए तपस्या कर रही थी। रावण ने उसके बाल पकड़े और अपने साथ चलने को कहा। उस तपस्विनी ने उसी क्षण अपनी देह त्याग दी और रावण को श्राप दिया कि एक स्त्री के कारण ही तेरी मृत्यु होगी। 


11. गांधारी का श्रीकृष्ण को श्राप.

महाभारत के युद्ध के बाद जब भगवान श्रीकृष्ण गांधारी को सांत्वना देने पहुंचे तो अपने पुत्रों का विनाश देखकर गांधारी ने श्रीकृष्ण को श्राप दिया कि जिस प्रकार पांडव और कौरव आपसी फूट के कारण नष्ट हुए हैं, उसी प्रकार तुम भी अपने बंधु-बांधवों का वध करोगे। आज से छत्तीसवें वर्ष तुम अपने बंधु-बांधवों व पुत्रों का नाश हो जाने पर एक साधारण कारण से अनाथ की तरह मारे जाओगे। गांधारी के श्राप के कारण ही भगवान श्रीकृष्ण के परिवार का अंत हुआ। 


12. महर्षि वशिष्ठ का वसुओं को श्राप.

महाभारत के अनुसार भीष्म पितामह पूर्व जन्म में अष्ट वसुओं में से एक थे। एक बार इन अष्ट वसुओं ने ऋषि वशिष्ठ की गाय का बलपूर्वक अपहरण कर लिया। जब ऋषि को इस बात का पता चला तो उन्होंने अष्ट वसुओं को श्राप दिया कि तुम आठों वसुओं को मृत्यु लोक में मानव रूप में जन्म लेना होगा और आठवें वसु को राज, स्त्री आदि सुखों की प्राप्ति नहीं होगी। यही आठवें वसु भीष्म पितामह थे। 


13. शूर्पणखा का रावण को श्राप.

वाल्मीकि रामायण के अनुसार रावण की बहन शूर्पणखा के पति का नाम विद्युतजिव्ह था। वो कालकेय नाम के राजा का सेनापति था। रावण जब विश्वयुद्ध पर निकला तो कालकेय से उसका युद्ध हुआ। उस युद्ध में रावण ने विद्युतजिव्ह का वध कर दिया। तब शूर्पणखा ने मन ही मन रावण को श्राप दिया कि मेरे ही कारण तेरा सर्वनाश होगा। 


14. ऋषियों का साम्ब को श्राप.

महाभारत के मौसल पर्व के अनुसार एक बार महर्षि विश्वामित्र, कण्व आदि ऋषि द्वारका गए। तब उन ऋषियों का परिहास करने के उद्देश्य से सारण आदि वीर कृष्ण पुत्र साम्ब को स्त्री वेष में उनके पास ले गए और पूछा कि इस स्त्री के गर्भ से क्या उत्पन्न होगा। क्रोधित होकर ऋषियों ने श्राप दिया कि श्रीकृष्ण का ये पुत्र वृष्णि और अंधकवंशी पुरुषों का नाश करने के लिए लोहे का एक भयंकर मूसल उत्पन्न करेगा, जिसके द्वारा समस्त यादव कुल का नाश हो जाएगा। 


15. दक्ष का चंद्रमा को श्राप.

शिवपुराण के अनुसार प्रजापति दक्ष ने अपनी 27 पुत्रियों का विवाह चंद्रमा से करवाया था। उन सभी पत्नियों में रोहिणी नाम की पत्नी चंद्रमा को सबसे अधिक प्रिय थी। यह बात अन्य पत्नियों को अच्छी नहीं लगती थी। ये बात उन्होंने अपने पिता दक्ष को बताई तो वे बहुत क्रोधित हुए और चंद्रमा को सभी के प्रति समान भाव रखने को कहा, लेकिन चंद्रमा नहीं माने। तब क्रोधित होकर दक्ष ने चंद्रमा को क्षय रोग होने का श्राप दिया। 


16. माया का रावण को श्राप.

रावण ने अपनी पत्नी की बड़ी बहन माया के साथ भी छल किया था। माया के पति वैजयंतपुर के शंभर राजा थे। एक दिन रावण शंभर के यहां गया। वहां रावण ने माया को अपनी बातों में फंसा लिया। इस बात का पता लगते ही शंभर ने रावण को बंदी बना लिया। उसी समय शंभर पर राजा दशरथ ने आक्रमण कर दिया।


इस युद्ध में शंभर की मृत्यु हो गई। जब माया सती होने लगी तो रावण ने उसे अपने साथ चलने को कहा। तब माया ने कहा कि तुमने वासना युक्त होकर मेरा सतित्व भंग करने का प्रयास किया। इसलिए मेरे पति की मृत्यु हो गई, अत: तुम्हारी मृत्यु भी इसी कारण होगी। 


17. शुक्राचार्य का राजा ययाति को श्राप.

महाभारत के एक प्रसंग के अनुसार राजा ययाति का विवाह शुक्राचार्य की पुत्री देवयानी के साथ हुआ था। देवयानी की शर्मिष्ठा नाम की एक दासी थी। एक बार जब ययाति और देवयानी बगीचे में घूम रहे थे, तब उसे पता चला कि शर्मिष्ठा के पुत्रों के पिता भी राजा ययाति ही हैं, तो वह क्रोधित होकर अपने पिता शुक्राचार्य के पास चली गई और उन्हें पूरी बात बता दी। तब दैत्य गुरु शुक्राचार्य ने ययाति को बूढ़े होने का श्राप दे दिया था। 


18. ब्राह्मण दंपत्ति का राजा दशरथ को श्राप.

वाल्मीकि रामायण के अनुसार एक बार जब राजा दशरथ शिकार करने वन में गए तो गलती से उन्होंने एक ब्राह्मण पुत्र का वध कर दिया। उस ब्राह्मण पुत्र के माता-पिता अंधे थे। जब उन्हें अपने पुत्र की मृत्यु का समाचार मिला तो उन्होंने राजा दशरथ को श्राप दिया कि जिस प्रकार हम पुत्र वियोग में अपने प्राणों का त्याग कर रहे हैं, उसी प्रकार तुम्हारी मृत्यु भी पुत्र वियोग के कारण ही होगी। 


19. नंदी का ब्राह्मण कुल को श्राप.

शिवपुराण के अनुसार एक बार जब सभी ऋषिगण, देवता, प्रजापति, महात्मा आदि प्रयाग में एकत्रित हुए तब वहां दक्ष प्रजापति ने भगवान शंकर का तिरस्कार किया। यह देखकर बहुत से ऋषियों ने भी दक्ष का साथ दिया। तब नंदी ने श्राप दिया कि दुष्ट ब्राह्मण स्वर्ग को ही सबसे श्रेष्ठ मानेंगे तथा क्रोध, मोह, लोभ से युक्त हो निर्लज्ज ब्राह्मण बने रहेंगे। शूद्रों का यज्ञ करवाने वाले दरिद्र होंगे। 


20. नलकुबेर का रावण को श्राप.

वाल्मीकि रामायण के अनुसार विश्व विजय करने के लिए जब रावण स्वर्ग लोक पहुंचा तो उसे वहां रंभा नाम की अप्सरा दिखाई दी। अपनी वासना पूरी करने के लिए रावण ने उसे पकड़ लिया। तब उस अप्सरा ने कहा कि आप मुझे इस तरह से स्पर्श न करें, मैं आपके बड़े भाई कुबेर के बेटे नलकुबेर के लिए आरक्षित हूं। इसलिए मैं आपकी पुत्रवधू के समान हूं। लेकिन रावण ने उसकी बात नहीं मानी और रंभा से दुराचार किया। यह बात जब नलकुबेर को पता चली तो उसने रावण को श्राप दिया कि आज के बाद रावण बिना किसी स्त्री की इच्छा के उसको स्पर्श करेगा तो उसका मस्तक सौ टुकड़ों में बंट जाएगा। 


21. श्रीकृष्ण का अश्वत्थामा को श्राप.

महाभारत युद्ध के अंत समय में जब अश्वत्थामा ने धोखे से पाण्डव पुत्रों का वध कर दिया, तब पाण्डव भगवान श्रीकृष्ण के साथ अश्वत्थामा का पीछा करते हुए महर्षि वेदव्यास के आश्रम तक पहुंच गए। तब अश्वत्थामा ने पाण्डवों पर ब्रह्मास्त्र का वार किया। ये देख अर्जुन ने भी अपना ब्रह्मास्त्र छोड़ा।

महर्षि व्यास ने दोनों अस्त्रों को टकराने से रोक लिया और अश्वत्थामा और अर्जुन से अपने-अपने ब्रह्मास्त्र वापस लेने को कहा। तब अर्जुन ने अपना ब्रह्मास्त्र वापस ले लिया, लेकिन अश्वत्थामा ने अपने अस्त्र की दिशा बदलकर अभिमन्यु की पत्नी उत्तरा के गर्भ की ओर कर दी।

यह देख भगवान श्रीकृष्ण ने परीक्षित की रक्षा कर दंड स्वरुप अश्वत्थामा के माथे पर लगी मणि निकालकर उन्हें तेजहीन कर दिया और युगों-युगों तक भटकते रहने का शाप दिया था। 


22. तुलसी का श्रीगणेश को श्राप.

ब्रह्मवैवर्त पुराण के अनुसार एक बार तुलसीदेवी गंगा तट से गुजर रही थीं, उस समय वहां श्रीगणेश तप कर रहे थे। श्रीगणेश को देखकर तुलसी का मन उनकी ओर आकर्षित हो गया। तब तुलसी ने श्रीगणेश से कहा कि आप मेरे स्वामी हो जाइए, लेकिन श्रीगणेश ने तुलसी से विवाह करने से इंकार कर दिया। क्रोधवश तुलसी ने श्रीगणेश को विवाह करने का श्राप दे दिया और श्रीगणेश ने तुलसी को वृक्ष बनने का। 


23. नारद का भगवान विष्णु को श्राप.

शिवपुराण के अनुसार एक बार देवऋषि नारद एक युवती पर मोहित हो गए। उस कन्या के स्वयंवर में वे भगवान विष्णु के रूप में पहुंचे, लेकिन भगवान की माया से उनका मुंह वानर के समान हो गया। भगवान विष्णु भी स्वयंवर में पहुंचे। उन्हें देखकर उस युवती ने भगवान का वरण कर लिया। यह देखकर नारद मुनि बहुत क्रोधित हुए और उन्होंने भगवान विष्णु को श्राप दिया कि जिस प्रकार तुमने मुझे स्त्री के लिए व्याकुल किया है। उसी प्रकार तुम भी स्त्री विरह का दु:ख भोगोगे। भगवान विष्णु ने राम अवतार में नारद मुनि के इस श्राप को पूरा किया।

कर्म करता है स्थूल शरीर और फल भोगता है-सुक्ष्मशरीर.


कर्म करता है स्थूल शरीर
और
फल भोगता है-सुक्ष्मशरीर.

सुभ अरु असुभ करम अनुहारी। ईसु देइ फलु हृदयँ बिचारी॥
करइ जो करम पाव फल सोई। निगम नीति असि कह सबु कोई॥


भावार्थ:-शुभ और अशुभ कर्मों के अनुसार ईश्वर हृदय में विचारकर फल देता है, जो कर्म करता है, वही फल पाता है। ऐसी वेद की नीति है, यह सब कोई कहते हैं॥

सूक्ष्म शरीरधारी आत्मा सूक्ष्म जगत में अपनी इच्छानुकूल सृष्टि कर लेती है। जैसे वातावरण की उसे इच्छा होती है, वैसा वातावरण बना लेती है और उसमें रहती भी है। वह सृष्टि या वातावरण बिलकुल वैसा ही होता है जैसाकि उसके जीवनकाल में रहा था। सृष्टि और वातावरण आत्मा के स्वभाव और संस्कार और चरित्र पर निर्भर करता है।

जीवनकाल में मनुष्य जैसे अपनी कल्पना के आधार पर सुख-सुविधा की व्यवस्था कर लेता है, वैसे ही मृत्यु के बाद भी वह अपने लिए सारी व्यवस्था कर लेता है। अन्तर केवल यह है कि जीवनकाल में वह मृत्युलोक में होता है और इस लोक में सबकुछ अपने विचारों और इच्छाओं को मूर्त रूप देने के लिए उसे कर्म का आश्रय लेना पड़ता है। बिना कर्म किये यहाँ कुछ भी सम्भव नहीं है, इसलिए इसको कर्मभूमि कहा गया है।

सच तो यह है कि मनुष्य भीतर जैसा है, वही उसका वास्तविक स्वरुप होता है, वैसा ही वातावरण अपने आप तैयार हो जाता है उसके लिए। हम भीतर से दुष्ट हैं, लेकिन बाहर सज्जनता का चोंगा पहने हुए हैं। तो दूसरों को तो अपने दिखावटी रूप से धोखा दे सकते हैं, लेकिन अपनी आत्मा को नहीं। निश्चित ही मृत्यु और पुनर्जन्म के बीच एक ऐसा जीवन है जो भौतिक जीवन के समान ही होता है, केवल भौतिक शरीर नहीं होता। संस्कार तो वही रहते हैं और संस्कार ही हमारे लिए सृष्टि कर लेते हैं।

सूक्ष्म शरीर के विषय में और जान लेना आवश्यक है। तीन शरीरों के अतिरिक्त दो और शरीर हैं जो अपने आप में अत्यन्त महत्वपूर्ण हैं। वे दो शरीर हैं--मनोमय शरीर और आत्म शरीर। योग विज्ञान के अनुसार वासना शरीर, सूक्ष्म शरीर, मनोमय शरीर और आत्म शरीर बीज रूप में स्थूल शरीर में विद्यमान रहते हैं जिनको कोष कहते हैं। पहला कोष है--अन्नमय कोष। इसी कोष का संस्कार रूप है--अन्न के तत्वों से निर्मित स्थूल शरीर।

जैसे स्थूल शरीर का निर्माण अणुओं के समूहों(कोशिकाओं) से होता है, उसी प्रकार सूक्ष्म शरीर की रचना होती है परमाणुओं के सूक्ष्मतम वैद्युतिक कणों से और उन्हीं वैद्युतिक कणों के प्रभाव में विद्यमान रहते हैं पिछले कई जन्मों के हमारे विचार, हमारे अच्छे-बुरे कर्मों के संस्कार, हमारा ज्ञान, हमारी विद्वता, हमारे अनुभव, हमारे अच्छे-बुरे भाव और इन सबके अतिरिक्त रहती हैं--हमारी इच्छाएं, कामनाएं, अभिलाषाएं, आकांक्षाएं, वासनाएं, हमारी आशाएं-निराशाएं और हम अपने जीवन काल में जो कुछ कर रहे हैं--उन सबका सार तत्व।

अब प्रश्न यह है कि सुक्ष्मशरीर होता कैसा है?
जैसे स्थूल शरीर चमड़ी का है और उसके भीतर नस-नाड़ियां, हड्डियां मांस मज्जा आदि भरे रहते हैं, उसी प्रकार प्राणऊर्जा के भीतर वैद्युतिक कण समाये रहते हैं। प्राणऊर्जा से निर्मित सूक्ष्म शरीर का आकार-प्रकार और रूप-रंग वर्तमान में उसके द्वारा छोड़े गए मृत स्थूल शरीर जैसा ही होता है। किञ्चित् मात्र भी अन्तर नहीं होता।

वही सुक्ष्मशरीर समयानुसार जब अगले जन्म में नया स्थूल शरीर ग्रहण करता है तो उसका आकार-प्रकार और रूप-रंग उसी नए स्थूल शरीर के अनुरूप हो जाता है। इस बीच यदि उस सूक्ष्म आत्मा का किसी कारणवश आवाहन करना हो और उसने अभी तक पुनर्जन्म नहीं लिया है तो वह अपने पूर्व जन्म के स्थूल शरीर के अनुरूप सूक्ष्म शरीर में थोड़े समय के लिए प्रकट हो जाता है। ऐसा करने में उसे कोई ज्यादा कष्ट नहीं होता है।

भूमण्डल के वातावरण में बिखरे अपने पूर्व जन्म के स्थूल कणों को थोड़े समय के लिए संयोजित कर वह प्रकट हो जाता है। पर यदि उसने कहीं जन्म भी ले लिया है तो भी अल्प समय के लिए आवाहन किये जाने पर उसे आना पड़ता है, ऐसी स्थिति में उसे थोड़ा कष्ट होता है, थोड़ी असुविधा होती है, पर वह आ सकता है--इसमें सन्देह नहीं है।

आत्मा एक स्वतंत्र सत्ता है। शरीर परतंत्र है। वह कभी स्वतंत्र नहीं हो सकता। मन भी परतंत्र है लेकिन प्रयत्न करने पर वह स्वतंत्र हो सकता है। आत्मा सदैव स्वतंत्र है, वह कभी भी किसी भी अवस्था में परतंत्र नहीं हो सकती।

लेकिन शरीर के अभाव में वह रह ही नहीं सकती। चाहे शरीर कोई भी हो। अवस्था के अनुरूप शरीर बदलती रहती है, आत्मा बराबर। वैसे आत्मा के वाहक रूप में सात शरीर हैं जिनमें प्रथम दो शरीर--स्थूल शरीर और सूक्ष्म शरीर आत्मा के लिए अत्यन्त महत्वपूर्ण हैं। इसलिए कि स्थूल शरीर कर्मशरीर है और सूक्ष्म शरीर है--भोगशरीर।

जीवन काल में कर्म तो करता है, स्थूल शरीर लेकिन उसके फल का भोग करता है--उसके भीतर दूध-पानी की तरह घुला हुआ सूक्ष्म शरीर। जब वह स्थूल शरीर से मृत अवस्था में अलग हो जाता है तो शेष कर्मफलों को वही भोगता है। स्थूल शरीर के रहते कर्मफल भोगने में स्थूल और सूक्ष्म शरीर दोनों भागीदार रहते हैं--चाहे सुख हों या दुःख हों। उनका अनुभव दोनों शरीरों को होता है, पर मृत हो जाने पर स्थूल शरीर छूट जाता है और ऐसी स्थिति में कर्मफल का भोग करता है, सुक्ष्मशरीर।

जन्म-मृत्यु के मूल में या आवागमन के मूल में कर्म और उसके फल का ही भोग समझना चाहिए। स्थूल शरीर के लिए हम माता-पिता के ऋणी रहते हैं। स्थूल शरीर की अपनी एक सीमा है, अपनी सामर्थ्य है। उतने ही दिन वह एक यंत्र की तरह चलता है और फिर एक दिन समाप्त हो जाता है।

जिसे हम जीवन कहते हैं, वह स्थूल शरीर की अपनी एक यात्रा है जो जन्म से शुरू होती है और समाप्त होती है, मृत्यु के तट पर। दूसरा शरीर सुक्ष्मशरीर पिछले जन्म से आता है और वही यात्रा भी करता है लोक-लोकान्तरों की और वही शेष कर्मों के फलों को भी भोगता है।

अच्छे-बुरे फलों को भोगता है। अच्छे फलों को भोगता है--स्वर्ग में और बुरे फलों को भोगता है, नर्क के रूप में। वह बदलता नहीं, उसकी यात्रा रूकती नहीं, उसके कर्म के फल को कोई काट नहीं सकता, न कोई पूजा, न कोई साधना, न कोई उपासना और न कोई भक्ति। कर्म और उनके फलों का भोग एक अकाट्य सत्य है।

स्वर्ग और नर्क कोई स्थान विशेष नहीं हैं। अच्छे और बुरे कर्मफल स्वयं को भोगने के लिए उसी प्रकार के वातावरण की सृष्टि कर देता है, वह सुक्ष्मशरीर। सूक्ष्म शरीर जन्म-जन्मान्तर तक ही यात्रा करता रहता है। उससे मोक्ष आत्मा को तभी मिलता जब वह अपने साधनाबल से उसका अतिक्रमण कर लेता है और मनोमय शरीर का आश्रय ले लेता है।

महत्वाकांक्षा, कई जन्मों को एक सूत्र में बाँध देती है.


महत्वाकांक्षा,
कई
जन्मों को एक सूत्र में बाँध देती है.
(सद्‌गुरु जग्गी वासुदेव)

हम सब बहुत सारी चीज़ों की इच्छा करते हैं, लेकिन हमारे भीतर कोई महत्वाकांक्षा भी है? कहीं हम अपनी इच्छा को ही तो महत्वाकांक्षा नहीं समझ बैठे हैं? सद्‌गुरु बता रहे हैं कि महत्वाकांक्षा मरने के बाद भी नहीं जाती और हमारे कई जन्मों को एकसाथ जोड़ देती है।

प्रश्न: मैं अपनी जिंदगी में बहुत सारे ट्रेंड्स और पैटर्न देख रहा हूं। मुझे लगता है जैसे मेरे भीतर बहुत सारी महत्वाकांक्षाएं हैं, लेकिन फिर बहुत आसानी से मेरा उत्साह खत्म भी हो जाता है और मैं अपनी महत्वाकांक्षाओं को छोड़ देता हूं। मैं इस साइकिल को कैसे तोड़ूं?

सद्‌गुरु : एक चीज होती है – चाह, कामना या इच्छा। आज आप किसी चीज की इच्छा रख सकते हैं और कल किसी दूसरी चीज की। आपकी इच्छा आज किसी एक चीज के लिए हो सकती है तो कल किसी दूसरी चीज के लिए। लेकिन महत्वाकांक्षा जब आती है तो उसमें वापसी की गुंजाइश नहीं होती।

महत्वाकांक्षा एक नॉन-रिटर्न वाल्व के साथ आती है। आपको पता है न कि वह क्या होता है? पानी या कोई दूसरा द्रव भी, जब किसी ऐसे वाल्व से गुजरता है, जिसमें एकतरफा रास्ता हो, तो वह कभी भी वापस नहीं आ सकता। उसके पास वापस आने का कोई रास्ता ही नहीं होता।

आप किसी भी पल कोई इच्छा पैदा कर सकते हैं। आप पांच मिनट के अंदर कोई भी कामना कर सकते हैं लेकिन महत्वाकांक्षा इस तरह एकदम से नहीं आ सकती। इस धरती पर ज्यादातर लोगों के जीवन में कोई महत्वाकांक्षा ही नहीं है। उनकी इच्छाएं हैं, चाहतें हैं, जरूरतें हैं, वे सनक भी रखते हैं लेकिन महत्वाकांक्षाएं नहीं हैं।

महत्वाकांक्षा कोई ऐसी चीज नहीं है जो आए-जाए। आपने अभी कहा कि मैं अपने जीवन के खास पड़ाव पर पहुंच चुका हूं। मैं उम्मीद कर रहा था कि आप अपनी महत्वाकांक्षा के बारे में बताने जा रहे हैं लेकिन आप अपनी इच्छाओं के बारे में ही बात कर रहे हैं, जो ऊपर-नीचे होती रहती हैं।

महत्वाकांक्षा – कई जन्मों को एक में बांधती है.

इच्छाएं गर्म हो जाती हैं। और आप जानते ही हैं कि अगर कोई भी मशीन गर्म होती है, इसका मतलब है कि वो अच्छे से काम नहीं कर रही है। मशीन में जितना ज्यादा रगड़ होगा, वह उतनी ज्यादा गर्म होगी। जब उसमें एक खास तरह का चिकनापन आ जाता है तो वह ठंडी हो जाती है और ठंडी रहकर बहुत अच्छे से काम करने लगती है। महत्वाकांक्षा इसी तरह की इच्छा को कहते हैं। इसमें इच्छा का तत्व तो होता है लेकिन यह समय के साथ गर्म या ठंडी नहीं होती। हमेशा जलती रहती है। यह कोई ऐसी चीज नहीं है, जिसे आपको रोज हवा देनी पड़े। एक बार यह आपके अंदर पैदा हो गई तो कभी कहीं नहीं जाती। आपकी जो मर्जी हो कीजिए, यहां तक कि अगर आप मर भी गए, तब भी यह आपके अंदर से नहीं जाती है। यह कई जीवन तक आपका पीछा नहीं छोडती। यह एक ऐसा टांका है, जो आपके कई जन्मों को एक में जोड़ता है। केवल एक महत्वाकांक्षा के कारण कई जीवन एक जीवन में बंध जाते हैं। वह व्यक्ति धन्य है, जिसके जीवन में कोई महत्वाकांक्षा है क्योंकि उसके लिए बहुत सारे जीवन एक जीवन में बंध जाते हैं। एक बार कई जीवन एक हो गए तो आपको उस व्यक्ति को कोई भी कहानी सुनाने की जरूरत नहीं पड़ेगी कि कैसे यह सब कुछ एक चक्र में गोल-गोल घूम रहा है। आपको उसे कुछ भी बताने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

अश्‍वत्थामा.


अश्‍वत्थामा.

अश्वत्थामा द्रोणाचार्य के पुत्र थे। द्रोणाचार्य ने शिव को अपनी तपस्या से प्रसन्न करके उन्हीं के अंश से अश्वत्थामा नामक पुत्र को प्राप्त किया। इनकी माता का नाम कृपा था, जो शरद्वान की लड़की थी। जन्म ग्रहण करते ही, इनके कण्ठ से हिनहिनाने की सी ध्वनि हुई जिससे इनका नाम अश्वत्थामा पड़ा। महाभारत युद्ध में ये कौरव-पक्ष के एक सेनापति थे।

एक बार रात में ये पाण्डवों के शिविर में गये और सोते में अपने पिता के हनन करने वाले धृष्टद्युम्न और शिखंडी तथा पाण्डवों के पाँचों लड़कों को मार डाला। पुत्र वियोग के कारण द्रौपदी करुण विलाप करने लगी। इस पर क्षुब्ध हो अश्वत्थामा को अर्जुन ने चुनौती दी। अश्वत्थामा ने अर्जुन पर ऐशिकास्त्र से आक्रमण किया।

अर्जुन ने प्रत्याक्रमण के लिए ब्रह्माशिरास्त्र उठाया, तब ये भागे 'अश्वत्थामा भय कर भग्यो'। व्यास, नारद, युधिष्ठिर आदि ने अर्जुन को अस्त्र-प्रयोग करने से रोका। द्रौपदी ने इनकी मणि उतार लेने का सुझाव दिया। अत: अर्जुन ने इनकी मुकुट मणि लेकर प्राणदान दे दिया। अर्जुन ने यह मणि द्रौपदी को दे दी जिसे द्रौपदी ने युधिष्ठिर के अधिकार में दे दिया।

महाभारत के युद्ध में उन्होंने सक्रिय भाग लिया था। उन्होंने भीम-पुत्र घटोत्कच को परास्त किया तथा घटोत्कच पुत्र अंजनपर्वा का वध किया। उसके अतिरिक्त द्रुपदकुमार, शत्रुंजय, बलानीक, जयानीक, जयाश्व तथा राजा श्रुताहु को भी मार डाला था।

उन्होंने कुंतीभोज के दस पुत्रों का वध किया। महाभारत युद्ध में धोखे से किये गये द्रोणाचार्य के वध के विषय में जानकर अश्वत्थामा का ख़ून खौल उठा। पूर्वकाल में द्रोण ने नारायण को प्रसन्न करके नारायणास्त्र की प्राप्ति की थी। फिर अपने बेटे अश्वत्थामा को नारायणास्त्र प्रदान करके उन्होंने किसी पर सहसा उसका आघात करने को मना किया। अश्वत्थामा ने धृष्टद्युम्न को उसी अस्त्र से मारने का निश्चय किया।

धृष्टद्युम्न पर जब उन्होंने नारायणास्त्र का प्रयोग किया तब कृष्ण ने अपनी ओर के सब सैनिकों को रथ से उतार-कर हथियार डालने के लिए कहा क्योंकि यही एकमात्र उसके निराकरण का उपाय था। भीम ने कृष्ण की बात नहीं मानी तो सबको छोड़कर नारायणास्त्र उसी के मस्तक पर प्रहार करने लगा। कृष्ण ने उसे बलात रथ से उतारकर नारायणास्त्र के प्रभाव को शांत किया।

अश्वत्थामा ने आग्नेयास्त्र का प्रयोग किया किंतु श्रीकृष्ण तथा अर्जुन पर उसका प्रभाव नहीं हुआ, शेष समस्त सेना व्याकुल और घायल हो गयी। अश्वत्थामा बड़े असमंजस में पड़ गये, तभी व्यास ने प्रकट होकर उन्हें बताया कि श्रीकृष्ण साक्षात विष्णु हैं, जिन्होंने आराधना से शिव को प्रसन्न कर रखा है। उन्हीं के तप से महामुनि नर (अर्जुन) प्रकट हुए। अत: अर्जुन और कृष्ण साक्षात नरनारायण हैं।

अश्वत्थामा ने मन ही मन शिव, नर और नारायण को नमस्कार किया और सेना सहित शिविर की ओर प्रस्थान किया। कर्ण के सेनापतित्व में युद्ध करते हुए अश्वत्थामा ने प्रतिज्ञा की थी कि जब तक धृष्टद्युम्न को नहीं मार डालेंगे, अपना कवच नहीं उतारेंगे।

ब्रह्मास्त्र का प्रयोग : - अठारह दिन तक युद्ध चलता रहा। अश्वत्थामा को जब दुर्योधन के अधर्म-पूर्वक किये गये वध के विषय में पता चला तो वे क्रोध से अंधे हो गये। उन्होंने शिविर में सोते हुए समस्त पांचालों को मार डाला। द्रौपदी को समाचार मिला तो उसने आमरण अनशन कर लिया और कहा कि वह अनशन तभी तोड़ेगी, जब कि अश्वत्थामा के मस्तक पर सदैव बनी रहने वाली मणि उसे प्राप्त होगी। कौरव-पांडवों के युद्ध में अश्वत्थामा ने अर्जुन पर ब्रह्मास्त्र का प्रयोग किया था। शिव-प्रदत्त पाशुपत अस्त्र से अर्जुन ने ब्रह्मास्त्र का निवारण किया।

पांडवों को जड़-मूल से नष्ट करने के लिए अश्वत्थामा ने गर्भवती उत्तरा पर भी वार किया था। अश्वत्थामा ने ब्रह्मास्त्र छोड़ा, प्रत्युत्तर में अर्जुन ने भी छोड़ा। अश्वत्थामा ने पांडवों के नाश के लिए छोड़ा था और अर्जुन ने उसके ब्रह्मास्त्र को नष्ट करने के लिए।

नारद तथा व्यास के कहने से अर्जुन ने अपने ब्रह्मास्त्र का उपसंहार कर दिया किंतु अश्वत्थामा ने वापस लेने की सामर्थ्य की न्यूनता बताते हुए पांडव परिवार के गर्भों को नष्ट करने के लिए छोड़ा। कृष्ण ने कहा- 'उत्तरा को परीक्षित नामक बालक के जन्म का वर प्राप्त है। उसका पुत्र होगा ही। यदि तेरे शस्त्र-प्रयोग के कारण मृत हुआ तो भी मैं उसे जीवनदान करूंगा। वह भूमि का सम्राट होगा और तू? नीच अश्वत्थामा! तू इतने वधों का पाप ढोता हुआ हज़ारों वर्ष तक निर्जन स्थानों में भटकेगा।

तेरे शरीर से सदैव रक्त की दुर्गंध नि:सृत होती रहेगी। तू अनेक रोगों से पीड़ित रहेगा।' व्यास ने श्रीकृष्ण के वचनों का अनुमोदन किया। अश्वत्थामा ने कहा कि वह मनुष्यों में केवल व्यास मुनि के साथ रहना चाहता है। जन्म से ही अश्वत्थामा के मस्तक में एक अमूल्य मणि विद्यमान थी जो कि उसे दैत्य, दानव, अस्त्र शस्त्र, व्याधि, देवता, नाग आदि से निर्भय रखती थी। वही मणि द्रौपदी ने मांगी थी। व्यास तथा नारद के कहने से उसने वह मणि द्रौपदी के लिए दे दी।

अश्वत्थामा ने द्रौपदी के सोते हुए पुत्रों को मार डाला। अत: अर्जुन ने क्रुद्ध होकर रोती हुई द्रौपदी से कहा कि वह अश्वत्थामा का सर काटकर उसे अर्पित करेगा। तदनंतर अर्जुन कृष्ण को सारथी बनाकर अश्वत्थामा से युद्ध करने गये। गुरुपुत्र होने पर भी उसे केवल ब्रह्मास्त्र छोड़ना आता था, वापस लेना नहीं आता था, तथापि अश्वत्थामा ने ब्रह्मास्त्र का प्रयोग किया।

अर्जुन ने उसे ब्रह्मास्त्र से ही काटा, फिर सृष्टि को बचाने के लिए दोनों को लौटा लिया तथा अश्वत्थामा को रस्सी में बांधकर द्रौपदी के पास ले गया।

द्रौपदी ने दयार्द्र होकर उसे छोड़ने को कहा किंतु कृष्ण की प्रेरणा से अर्जुन ने उसके सिर से मणि निकालकर द्रौपदी को दी, इस प्रकार उसकी शपथ किसी सीमा तक निभ गयी और उसे छोड़ दिया। कृष्ण ने कहा- 'पतित ब्राह्मण भी मारने योग्य नहीं होता, पर आततायी छोड़ा नहीं जाना चाहिए।' इस प्रकार इस उक्ति का पालन हुआ।

क्यों मृत्यु नहीं है, जीवन का अंत.


क्यों मृत्यु नहीं है, जीवन का अंत.
(स्वामी शिवानंद)

मृत्यु का अर्थ है, भौतिक शरीर से आत्मा का जुदा होना है। मृत्यु नये और बेहतर जीवन का एक प्रारंभिक बिन्दु बन जाता है। यह जीवन के उच्च रूप का द्वार खोलता है। यह संपूर्ण जीवन का केवल एक प्रवेशद्वार है। जन्म और मृत्यु माया के मायाजाल हैं। जन्म लेते ही मरने की शुरुआत हो जाती है और मरते ही जीवन की शुरुआत हो जाती है। जन्म और मृत्यु इस संसार के मंच पर प्रवेश करने और बाहर जाने का द्वार मात्र है। वास्तव में ना तो कोई आता है और ना ही कोई जाता है। केवल ब्रह्म और अनंत का ही अस्तित्व होता है। जैसे आप घर से दूसरे घर में जाते हैं, वैसे ही आत्मा अनुभव प्राप्त करने के लिए एक शरीर से दूसरे शरीर में प्रवेश करती है। जैसे मनुष्य़ पुराने कपड़े छोड़कर नए कपड़े पहनता है, बिलकुल वैसे ही आत्मा पुराने शरीर को छोड़कर नया शरीर धारण करती है। मृत्यु जीवन का अंत नहीं है। जीवन एक कभी न खत्म होने वाली प्रक्रिया है। यह निरंतर चलती ही रहती है। मृत्यु एक जरूरी घटना है जिसका अनुभव हर आत्मा को भविष्य में विकास करने के लिए करना है। एक विवेकी और बुद्धिमान व्यक्ति कभी भी मौत से नहीं डरता है।

हर आत्मा एक चक्र है। इस चक्र की परिधि कहीं भी खत्म नहीं होती लेकिन इसका केन्द्र हमारा शरीर है। तो फिर, मौत से क्यों डरना चाहिए? परमात्मा या सर्वोच्च आत्मा मृत्युरहित, कालातीत, निराधार और असीम है। यह शरीर, मन और पूरे संसार के लिए एक केन्द्र है। मृत्यु केवल भौतिक शरीर को प्राप्त होती है, जो पांच तत्वों से बना है। मृत्यु शाश्वत आत्मा को कैसे मार सकती है जो समय, स्थान और कर्म से परे है? अगर आप जन्म और मृत्यु के चक्र से मुक्ति पाना चाहते हैं तो आपको शरीर-विहीन होना होगा। शरीर हमारे कर्मों का परिणाम है। आपको कोई भी कार्य फल की उम्मीद किए बिना ही करना चाहिए। अगर आप खुद को राग-द्वेष या पसंद और नापसंद से मुक्त कर लेते हैं, तो आप खुद को कर्म से भी मुक्त कर लेंगे। आप केवल अहंकार को ही खत्म कर खुद को ‘राग’ और ‘द्वेष’ से मुक्त कर सकते हैं। जब अविनाशी ज्ञान के द्वारा अज्ञानता का अंत हो सकता है, तो आप अहंकार का भी विनाश कर सकते हैं। इसलिये इस शरीर के जड़ का कारण यह अज्ञानता है। जिसने भी उस अमर आत्मा का एहसास कर लिया जो सभी ध्वनि, दृश्य, स्वाद और स्पर्श से परे है, जो निराकार और निर्गुण है, जो प्रक़ृति से परे है, जो तीन शरीर और पांच तत्वों से परे है, जो अनंत और अपरिवर्तनीय है, उसने खुद को मौत के मुंह से आजाद कर लिया।

जीव या व्यक्तिगत आत्मा अपने कार्यों को प्रदर्शित करने के लिए और अनुभव प्राप्त करने के लिए अनेक शरीर धारण करती है। वो शरीर में प्रवेश करती है और फिर जब वह शरीर जीने लायक नहीं रहता, तो उसे त्याग देती है। वह फिर से एक नए शरीर का निर्माण करती और पुन: वही प्रक्रिया दोहराती है। यह प्रक्रिया स्थानांतर-गमन कहलाती है। किसे नये शरीर में आत्मा का प्रवेश करना ‘जन्म’ कहलाता है। शरीर से आत्मा का अलग हो जाना ‘मृत्यु’ कहलाता है। अगर शरीर में आत्मा न हो तो वह शरीर मृत शरीर है और इसे प्राकृतिक मृत्यु कहते हैं। एक कोशकीय जीवों के लिए प्राकृतिक मृत्यु अज्ञात है। जब पृथ्वी पर ऐसे जीवों को जीवन मिलता है, तो उनकी मृत्यु अज्ञात होती है। यह घटना केवल बहु कोशकीय जीवों के साथ ही होती है। प्रयोग शालाओं के शोधों से पता चला है कि किसी के जीवन की समाप्ति के बाद भी उसके अंग काम कर सकते हैं। मृत्यु के बाद भी कई महीनों तक सफेद रक्त कण शरीर में जीवित रहते हैं। मृत्यु जीवन का अंत नहीं है। यह महज एक महत्वपूर्ण व्यक्तित्व की समाप्ति है। जीवन संसार पर विजय पाने के लिए चलती रहती है। यह तब तक चलती रहती है जब तक यह अनंत में विलीन नहीं हो जाती।

शिव का रहस्य.


शिव का रहस्य.
(देवदत्त पठनायक)

बरगद के पेड़ के नीचे दक्षिण दिशा की ओर मुख कर बैठे हुए भगवान शिव को दक्षिणमूर्ति कहा जाता है। यह रूप गुरुओं के गुरु के रूप में शिव को दर्शाता है।

दक्षिण भारत के कई मंदिरों में बरगद के पेड़ के नीचे दक्षिण दिशा की ओर मुख किये हुए भगवान शिव की मूर्तियों का पाया जाना आम बात है। शिव का यह रूप दक्षिणमूर्ति कहलाता है। यह रूप शिव को गुरुओं के गुरु के रूप में दर्शाता है। दक्षिणमूर्ति कैलाश पर्वत के उपर और ध्रुव तारा के नीचे बैठते हैं। यह उत्तर दिशा में है और अब तक इस स्थान को इस गोल पृथ्वी का केंद्र माना जाता है। वह बरगद के पेड़ की छाया में बैठते हैं। बरगद का पेड़ भारत के साधु परंपराओं के साथ जुड़ा हुआ है और ये तपस्वी भौतिकवादी संसार के गृहस्थ लोगों को ज्ञान प्रदान करते हैं।

दक्षिण केंद्र.

दक्षिण में दक्षिण-काली प्रसिद्ध है, जो देवी का सबसे भयंकर रूप मानी जाती है। यहां दक्षिण दिशा मृत्यु और परिवर्तन को दर्शाती है। यहां वैतर्नी बहती है। यह नदी जीवित लोगों की भूमि को मृतकों की भूमि से अलग करती है। हिंदू गांवों में दक्षिण दिशा में शमशान भूमि का होना आम बात है। यहां मृतकों के शरीर को भी दक्षिण दिशा की ओर रखा जाता है।

शिव के कई रूप हैं, लेकिन इस रूप में शिव के गले के चारो ओर एक सर्प लिपटा हुआ है और जटाओं के उपर चांद है। उनकी दाहिनी तरफ पुरुष की और बाईं ओर स्त्री की बाली है। यह स्वरूप तीन स्तरों को बतलाता है। पहला पौरुष और स्त्रीत्व रूप, दूसरा मन और भौतिकता और तीसरा नाम और रूपों के संसार के साथ अज्ञात और निराकार दुनिया। दक्षिणमूर्ति का बायां हाथ वरद मुद्रा को दर्शाता है, जो दान की मुद्रा है। उनके दाहिने हाथ की मुद्रा में उनकी तर्जनी अंगुली अंगुठे को छूती दिखाई गई है जो ज्ञान या पांडित्य को दर्शाता है। यह मुद्रा उन्हें एक गुरु के रूप में भी दिखलाता है, जो ज्ञान देते हैं। उनके दो और हाथ दिखाए गये हैं। उनके संकेत अलग-अलग हैं लेकिन वो सभी पांडित्य को दर्शाते हैं। यह एक ईंधन-विहीन ताप की आग है या ध्यान का अभ्यास है, जो ज्ञान को दर्शाता है और उन सभी गांठों को जला देता है, जो मन को विस्तृत होने से रोकते हैं। उनकी जटा मे लिपटा सांप, ज्ञान की जगमगाहट को दर्शाता है और संसार में लिप्त होने के बजाय, यह इसकी उत्पत्ति के गवाहों में से एक है। उनके पास मनकों की एक माला है, जिसका उपयोग जाप करने और यादाश्त के लिए किया जाता है। उनके पास कई वाद्य-यंत्र और किताबें हैं। उनके दाहिने पैर के नीचे अपस्मार नाम का एक राक्षस है, जिसे विकृत यादों का राक्षस माना गया है और जो हमारे मन को अनंतता की ओर विस्तृत होने से रोकता है। शिव अपना बायां पैर अपनी दाहिनी जांघ पर रखते हैं। पारंपरिक रूप से शरीर का बायां हिस्सा प्रकृति को दर्शाता है और दायां हिस्सा मन को। नटराज की मूर्ति के अनुसार शिव अपने दाएं पैर को जमीन पर रखे हुए हैं और उनका दायां पैर या तो हवा में है या दाईं जांघ पर। इस छवि के विपरीत कृष्ण हमेशा अपने बाएं पैर पर आराम करते हैं या दायें पैर को बायें पैर के उपर रखते हैं। कृष्ण भौतिकता का आनंद लेते हैं पर वह इसमें ज्ञान को भी समाहित करते हैं। जब कृष्ण के दोनों पैर जमीन पर होते हैं, तो इसका अर्थ है कि वो भौतिकता और मन दोनों को महत्ता देते हैं। शिव भौतिकता के उपर मन को महत्ता देते हैं, इसलिये उनका केवल एक पैर जमीन पर होता है और इस कारण उन्हें एक-पद यानि कि एक पैर वाला भगवान कहा जाता है। इस प्रकार सांकेतिक रूप से यह रूप ज्ञान के कई प्रकारों को बतलाता है जैसे कि, भौतिकवाद की उथल-पुथल जो दुख का कारण बनती है और उस विचलित मन को स्थिर करने का ज्ञान।

शिव के चरणों में कई संत बैठते हैं। शिव कभी-कभी उन लोगों को वेद और तंत्र का रहस्य बतलाते हैं। यह प्रवचन अगम या पौराणिक मंदिर परंपरा कहलाती है और यह निगम या वैदिक अनुष्ठान परंपरा का पूरक है। यह प्रवचन दक्षिण-मूर्ति उपनिषद भी कहलाता है। शिव का यह रूप उत्तर भारत से ज्यादा दक्षिण भारत की परंपराओं में अधिक लोकप्रिय है। कहानी के अनुसार सभी साधू शिव के प्रवचन को सुनने के लिए उत्तर की ओर गये और इस कारण पृथ्वी उनके बोझ से एक ओर झुक गई। धरती को संतुलित करने के लिए शिव ने अपने शिष्य अगस्त्य को दक्षिण की ओर यात्रा करने को कहा। यही कारण है कि अगस्त्य दक्षिण के महान साधुओं में गिने जाते हैं। जिन साधुओं ने प्रवचन सुना, उन्होंने शिव से व्याघ्रपद का दान मांगा ताकि वो आसानी से उनकी पूजा के लिए जंगल से फूल इकठ्ठा कर सकें। पतंजलि, सर्प, नंदी-बैल और भृंगी को भी एक तीसरे पैर की आवश्यकता थी ताकि वो एक तिपाई की तरह खड़े हो सकें। हयग्रीव एक ऐसे पशु हैं, जिनका सिर घोड़े का है और वो कृष्ण का एक रूप माने जाते हैं। कभी-कभी वो सूका का भी रूप माने जाते हैं जिसका सिर तोते का है और जो व्यास के पुत्र हैं।

काल और काली.

आदि शंकर ने दक्षिण-मूर्ति स्त्रोतम की रचना की, जिसमें उन्होंने महसूस किया कि किस प्रकार खामोश दिखने वाला यह युवा शिक्षक अपने ज्ञान से बूढ़े साधुओं को प्रकाशित करता है। शिव ज्ञान का साक्षात रूप हैं। साधुओं के द्वारा नहीं बल्कि स्वयं देवी के द्वारा उनसे प्रश्न पूछे गये। बाद में उन्होंने शिव से शादी कर ली और उन्होंने, उन्हें प्रवचन के लिए और अपने ज्ञान को चिंतन के माध्यम से साधुओं के बीच साझा करने के लिए प्रोत्साहित किया। तंत्र में इसी प्रकार यह संवाद दिखाया गया है। अगर वो काल यानि समय हैं-तो वो काली हैं, जो समय को अपने अधीन रखती हैं। यह वो ही हैं, जो शव या शिव में शव बनाती हैं। यह देवी ही हैं, जो दक्षिण से हैं, जो भौतिकता और परिवर्तन को मूर्त रूप देती हैं और जवाबों को प्रेरित करती हैं। जवाब केवल बोलकर ही नहीं दिए जाते हैं बल्कि इन्हें नृत्य या गीतों के द्वारा भी दर्शाया जाता है। इसलिये भारतीय शास्त्रीय नृत्य इतना समृद्ध है।

दान-क्या करे, क्या न करें?


दान-क्या करे, क्या न करें?
(ज्योतिष शास्त्र के अनुसार)

सनातन धर्म में दान को महत्वपूर्ण माना गया है। यह मात्र रिवाज़ के लिए नहीं किया जाता, वरन् दान करने के पीछे विभिन्न धार्मिक उद्देश्य बताए गए हैं। हिन्दू धार्मिक ग्रंथों के अनुसार दान से इंद्रिय भोगों के प्रति आसक्ति छूटती है। मन की ग्रंथियां खुलती है, जिससे मृत्युकाल में लाभ मिलता है।

दान का महत्व.
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार मृत्यु आए, इससे पूर्व सारी गांठें खोलना जरूरी है, ‍जो जीवन की आपाधापी के चलते बंध गई है। दूसरे शब्दों में हम यह कह सकते हैं कि जीवन भर किए गए दुष्कर्मों से मुक्त होने के लिए दान ही सबसे सरल और उत्तम माध्यम माना गया है। वेद और पुराणों में दान के महत्व का वर्णन किया गया है।

क्यों करते हैं हम दान.
यही कारण है कि सनातन हिन्दू धर्म में आज भी विभिन्न वस्तुओं को दान करने के संस्कार का पालन किया जाता है। आजकल प्राय: दान कर्म ज्योतिषीय उपायों के परिपेक्ष्य में किए जाते हैं।

ज्योतिष शास्त्र में दान का महत्व.
व्यक्ति विशेष की जन्म पत्रिका का आंकलन करने के बाद, जीवन में सुख, समृद्धि एवं अन्य इच्छाओं की पूर्ति हेतु दान कर्म करने की सलाह दी जाती है। दान किसी वस्तु का, भोजन का, और यहां तक कि महंगे आभूषणों का भी किया जाता है।

वस्तु का दान.
ज्योतिष शास्त्र में प्रत्येक वस्तु का दान करने के पीछे एक उद्देश्य, उससे मिलने वाला परिणाम एवं उसमें छिपा विज्ञान है। हर वस्तु अपने दान के उपरांत उससे संबंधित परिणाम देती है। ऐसा कहा जाता है कि दान की गई वस्तुओं में कुछ ऐसी शक्ति होती है कि जिसके माध्यम से ही हमें मन मुताबिक फल की प्राप्ति होती है।

दान कर्म.
जन्म कुण्डली के विभिन्न ग्रहों को शांत करने के लिए भिन्न-भिन्न प्रकार के दान कर्म किए जाते हैं, परन्तु परिस्तिथि विशेष पर किया गया दान निष्फल और हानिकारक भी जाता हैं.

ग्रहों की मजबूत के लिए.
जन्म कुण्डली में कुछ ग्रहों को मजबूत एवं दुष्ट ग्रहों को शांत करने के लिए तो हम दान-पुण्य करते ही हैं, लेकिन ग्रहों की कैसी स्थिति में हमें कैसा दान नहीं करना चाहिए, यह भी जानने योग्य बात है।

ऐसा दान ना करें.

क्योंकि ग्रहों की स्थिति के विपरीत यदि दान कर्म किया जाए, तो वह और भी बुरा असर देता है। ऐसे में हमारे द्वारा किया गया दान हमें अच्छा फल देने की बजाय, बुरा फल देना आरंभ कर देता है। और हमें इस बात की जानकारी भी नहीं होती।

जानिए कब न करें दान.
ज्योतिष विधा के अनुसार जन्मकुंडली में जो ग्रह उच्च राशि या अपनी स्वयं की राशि में स्थित हों, उनसे सम्बन्धित वस्तुओं का दान व्यक्ति को कभी भूलकर भी नहीं करना चाहिए। क्योंकि ऐसा दान हमें हमेशा हानि ही देता है।

सूर्य ग्रह.
सूर्य मेष राशि में होने पर उच्च तथा सिंह राशि में होने पर अपनी स्वराशि का होता है। यदि किसी जातक की कुण्डली में सूर्य इन्हीं दो राशियों में से किसी एक में हो तो उसे लाल या गुलाबी रंग के पदार्थों का दान नहीं करना चाहिए। इसके अलावा गुड़, आटा, गेहूं, तांबा आदि दान नहीं करना चाहिए। सूर्य की ऐसी स्थिति में ऐसे जातक को नमक कम करके, मीठे का सेवन अधिक करना चाहिए।

चंद्र ग्रह.
चन्द्र वृष राशि में उच्च तथा कर्क राशि में अपनी राशि का होता है। यदि किसी जातक की जन्मकुंडली में चंद्र ग्रह ऐसी स्थिति में हो तो, उसे खाद्य पदार्थों में दूध, चावल एवं आभूषणों में चांदी एवं मोती का दान नहीं करना चाहिए। ऐसे जातक के लिए माता या अपने से बड़ी किसी भी स्त्री से दुर्व्यवहार करना हानिकारक हो सकता है। किसी स्त्री का अपमान करने पर ऐसे जातक मानसिक तनाव का शिकार हो जाते हैं।

मानसिक तनाव हो सकता है.
जिस जातक के लिए चंद्र ग्रह स्वराशि हो उसे किसी नल, टयूबवेल, कुआं, तालाब अथवा प्याऊ निर्माण में कभी आर्थिक रूप से सहयोग नहीं करना चाहिए। यह उस जातक के लिए आर्थिक रूप से हानिकारक सिद्ध हो सकता है।


मंगल ग्रह.
मंगल मेष या वृश्चिक राशि में हो तो स्वराशि का तथा मकर राशि में होने पर उच्चता को प्राप्त होता है। यदि आपकी कुण्डली में मंगल ग्रह ऐसी स्थिति में है तो, मसूर की दाल, मिष्ठान अथवा अन्य किसी मीठे खाद्य पदार्थ का दान ना करें।

मीठे खाद्य पदार्थ का दान निषेध.
आपके घर यदि मेहमान आए हों तो उन्हें कभी सौंफ खाने को न दें अन्यथा वह व्यक्ति कभी किसी अवसर पर आपके खिलाफ ही कटु वचनों का प्रयोग करेगा। यदि मंगल ग्रह के प्रकोप से बचना चाहते हैं तो किसी भी प्रकार का बासी भोजन न तो स्वयं खाएं और न ही किसी अन्य को खाने के लिए दें।

बुध ग्रह.
बुध मिथुन राशि में तो स्वराशि तथा कन्या राशि में हो तो उच्च राशि का कहलाता है। यदि किसी जातक की जन्मपत्रिका में बुध उपरोक्त वर्णित किसी स्थिति में है तो, उसे हरे रंग के पदार्थ और वस्तुओं का दान कभी नहीं करना चाहिए।

हरे रंग के वस्त्र. हरे रंग के वस्त्र, वस्तु और यहां तक कि हरे रंग के खाद्य पदार्थों का दान में ऐसे जातक के लिए निषेध है। इसके अलावा इस जातक को न तो घर में मछलियां पालनी चाहिए और न ही स्वयं कभी मछलियों को कभी दाना डालना चाहिए।

बृहस्पति ग्रह.
बृहस्पति जब धनु या मीन राशि में हो तो स्वगृही तथा कर्क राशि में होने पर उच्चता को प्राप्त होता है। जिस जातक की कुण्डली में बृहस्पति ग्रह ऐसी स्थिति में हो तो, उसे पीले रंग के पदार्थ नहीं करना चाहिए। सोना, पीतल, केसर, धार्मिक साहित्य या वस्तुओं आदि का दान नहीं करना चाहिए। इन वस्तुओं का दान करने से समाज में सम्मान कम होता है।

शुक्र ग्रह.
शुक्र ग्रह वृष या तुला राशि में हो स्वराशि का एवं मीन राशि में हो तो उच्च भाव का होता है। जिस जातक की कुण्डली में शुक्र ग्रह की ऐसी स्थिति हो, तो उसे श्वेत रंग के सुगन्धित पदार्थों का दान नहीं करना चाहिए अन्यथा व्यक्ति के भौतिक सुखों में कमी आने लगती है। इसके अलावा नई खरीदी गई वस्तुओं का एवं दही, मिश्री, मक्खन, शुद्ध घी, इलायची आदि का दान भी नहीं करना चाहिए।

शनि ग्रह.
शनि यदि मकर या कुम्भ राशि में हो तो स्वगृही तथा तुला राशि में हो तो उच्च राशि का कहलाता है। यदि आपकी कुण्डली में शनि की स्थिति है तो आपको काले रंग के पदार्थों का दान कभी भूलकर भी नहीं करना चाहिए। इसके अलावा लोहा, लकड़ी और फर्नीचर, तेल या तैलीय सामग्री, बिल्डिंग मैटीरियल आदि का दान नहीं करना चाहिए।

काला रंग.
ऐसे जातक को अपने घर में काले रंग का कोई पशु जैसे कि भैंस अथवा काले रंग की गाय, काला कुत्ता आदि नहीं पालना चाहिए। ऐसा करने से जातक की निजी एवं सामाजिक दोनों रूप से हानि हो सकती है।

राहु ग्रह.
राहु यदि कन्या राशि में हो तो स्वराशि का तथा वृष एवं मिथुन राशि में हो तो उच्च का होता है। जिस जातक की कुण्डली इसमें से किसी भी एक स्थिति का योग बने, तो ऐसे जातक को नीले, भूरे रंग के पदार्थों का दान नहीं करना चाहिए। इसके अलावा अन्न का अनादर करने से परहेज करना चाहिए। जब भी ये खाना खाने बैठें, तो उतना ही लें जितनी भूख हो, थाली में जूठन छोड़ना इन्हें भारी पड़ सकता है।

केतु ग्रह.
केतु यदि मीन राशि में हो तो स्वगृही तथा वृश्चिक या फिर धनु राशि में हो तो उच्चता को प्राप्त होता है। यदि आपकी कुण्डली में केतु उपरोक्त स्थिति में है तो आपको घर में कभी पक्षी नहीं पालना चाहिए, अन्यथा धन व्यर्थ के कामों में बर्बाद होता रहेगा। इसके अलावा भूरे, चित्र-विचित्र रंग के वस्त्र, कम्बल, तिल या तिल से निर्मित पदार्थ आदि का दान नहीं करना चाहिए।

सत्संग की महिमा.


सत्संग की महिमा.

एक बार देवर्षि नारद भगवान विष्णु जी के पास गए और प्रणाम करते हुए बोले, “भगवन् मुझे सत्संग की महिमा सुनाइये।” भगवान मुस्कराते हुए बोले, नारद! तुम यहां से आगे जाओ, वहां इमली के पेड़ पर एक रंगीन प्राणी मिलेगा। वह सत्संग की महिमा जानता है, वही तुम्हें समझाएगा भी।

नारद जी खुशी-खुशी इमली के पेड़ के पास गए और गिरगिट से बातें करने लगे। उन्होंने गिरगिट से सत्संग की महिमा के बारे में पूछा। सवाल सुनते ही वह गिरगिट पेड़ से नीचे गिर गया और छटपटाते हुए प्राण छोड़ दिए। नारदजी आश्चर्यचकित होकर लौट आए और भगवान को सारा वृत्तांत सुनाया।

भगवान ने मुस्कराते हुए कहा, इस बार तुम नगर के उस धनवान के घर जाओ और वहां जो तोता पिंजरे में दिखेगा, उसी से सत्संग की महिमा पूछ लेना। नारदजी क्षण भर में वहां पहुंच गए और तोते से सत्संग का महत्व पूछा। थोड़ी देर बाद ही तोते की आंखें बंद हो गईं और उसके भी प्राणपखेरू उड़ गए। इस बार तो नारद जी भी घबरा गए और दौड़े-दौड़े भगवान के पास फिर पहुंचे।

नारद जी ने कहा- भगवन यह क्या लीला है। क्या सत्संग का नाम सुनकर मरना ही सत्संग की महिमा है?” भगवान हंसते हुए बोले, यह बात भी तुमको जल्द ही समझ आ जाएगी। इस बार तुम नगर के राजा के महल में जाओ और उसके नवजात पुत्र से अपना प्रश्न पूछो।”

नारदजी तो थरथर कांपने लगे और बोले, अभी तक तो पक्षी ही अपने प्राण छोड़ रहे थे। इस बार अगर वह नवजात राजपुत्र मर गया तो राजा मुझे जिंदा नहीं छोड़ेगा।” भगवान ने नारदजी को अभयदान दिया। नारदजी दिल मुट्ठी में रखकर राजमहल में आए। वहां उनका बड़ा सत्कार किया गया। अब तक राजा को कोई संतान नहीं थी। अतः पुत्र के जन्म पर बड़े आनन्दोल्लास से उत्सव मनाया जा रहा था।

नारदजी ने डरते-डरते राजा से पुत्र के बारे में पूछा। नारदजी को राजपुत्र के पास ले जाया गया। पसीने से तर होते हुए, मन-ही-मन श्रीहरि का नाम लेते हुए नारदजी ने राजपुत्र से सत्संग की महिमा के बारे में प्रश्न किया तो वह नवजात शिशु हंस पड़ा और बोलाः “महाराज! चंदन को अपनी सुगंध और अमृत को अपने माधुर्य का पता नहीं होता। ऐसे ही आप अपनी महिमा नहीं जानते, इसलिए मुझसे पूछ रहे हैं।

वास्तव में आप ही के क्षणमात्र संग से मैं गिरगिट की योनि से मुक्त हो गया और आप ही के दर्शनमात्र से तोते की क्षुद्र योनि से मुक्त होकर इस मनुष्य जन्म को पा सका। आपके सान्निध्यमात्र से मेरी कितनी सारी योनियां कट गईं और मैं सीधे मानव-तन में ही नहीं पहुंचा अपीतू राजपुत्र भी बना। यह सत्संग का ही अदभुत प्रभाव है। बालक बोला- हे ऋषिवर, अब मुझे आशीर्वाद दें कि मैं मनुष्य जन्म के परम लक्ष्य को पा लूं।

नारदजी ने खुशी-खुशी आशीर्वाद दिया और भगवान श्री हरि के पास जाकर सब कुछ बता दिया। भगवान ने कहा, सचमुच, सत्संग की बड़ी महिमा है। संत का सही गौरव या तो संत जानते हैं या उनके सच्चे प्रेमी भक्त!

संतों का सान्निध्य तो महाकल्याणकारी होता ही है किंतु अगर हमारी ओर से पूर्ण तत्परता, पूर्ण शरणागति हो एवं मोक्ष पाने की तीव्र ललक हो तो उसका प्रभाव और भी बढ़ जाता है तथा शीघ्र फल देता है। सदाचरण के साथ निर्मल बुद्धि भी हो तो सत्संग का प्रभाव शुद्ध भक्ति को जगा देता है और फिर भक्त भगवान में ही लीन हो जाता है, पूर्णता को पा लेता है।

श्री रामकृष्ण परमहंस.


श्री रामकृष्ण परमहंस.

महामानवों का ऐसा प्रत्यक्ष घटनाक्रम स्वरूप होता है, जिसे आँखों से देखा और लेखनी से लिखा जा सके। उनकी प्रधान शक्ति प्रखर सूक्ष्म शरीर के रूप में होती है। उसी से वे ऐसे अदृश्य कार्य करते रहते हैं जो उनके दृश्य कार्यों की तुलना में असंख्यों गुने महत्वपूर्ण होते हैं।

एक ही आत्मा कबीर और समर्थ के शरीरों में गुजरती हुई, बंगाल में रामकृष्ण परमहंस के रूप में प्रकट हुई। उनका कार्यकाल सन् 1836 से 1887 ईसवी तक है। वे कलकत्ता के पास हुगली जिले में कामारपुकुर गाँव में जन्मे। छोटी आयु में ही उनके पिताजी का स्वर्गवास हो गया। साधना उपासना के प्रति बचपन से ही बड़ी लगन थी। पर गाँव में आजीविका के स्त्रोत उपयुक्त नहीं थे। उनके बड़े भाई कलकत्ता रहते थे। उनने छोटे भाई को भी वहीं बुला लिया और कुछ बड़े होने पर दक्षिणेश्वर मन्दिर की पूजा-अर्चा का कार्य उन्हीं के जिम्मे आ गया।

रामकृष्ण का जन्म सर्वसाधारण को भक्ति भावना का वास्तविक स्वरूप समझाने के लिए हुआ। उनने ऐसा जीवन जिया जिसे देखकर अनुमान लगाया जा सके कि साधना में सिद्धि प्राप्त करने के लिए क्या करना पड़ता है और कैसा बनना पड़ता है।

उन दिनों भक्ति के नाम पर उपकरण धारण और पूजा पाठ की येन-केन-प्रकारेण चिन्ह पूजा ही चल रही थी। भक्त जन कहलाने वाले अपनी जीवनचर्या में आदर्शवाद का समावेश करने से कतराते थे। उसमें संयमी और तपस्वी की उदार उच्चस्तरीय जीवन जो जीना पड़ता है। यह न बन पड़ने पर थोथी पूजा-पत्री कुछ ठोस प्रतिफल उपस्थित नहीं कर पाती। फलतः या तो लोग निराश होकर नास्तिक बन जाते हैं या फिर झूठ-मूठ भगवान के दर्शन की सिद्धियाँ मिलने की विडम्बना रचकर भावुक लोगों से धन और सम्मान का अपहरण करते हैं। यही कारण था कि उन दिनों भी विचारशील वर्ग में भक्ति को भ्रम जंजाल या पाखण्ड माना जाने लगा था।

परमहंस ने भक्ति का वास्तविक स्वरूप जन-साधारण के सम्मुख रखा और बुद्धिवादियों की मान्यता का प्रवाह ही बदल दिया। इसी तथ्य को उन्हें व्यापक भी बनाना था और आस्तिकता की उपासना की यथार्थता का परिचय देकर फिर से भक्ति भावना की यथार्थता तथा परिणित सिद्ध करना था। यही उन्होंने जीवन भर किया भी।

वे रानी रासमणि के दक्षिणेश्वर मन्दिर में पूजा-अर्चा करते थे। साथ ही उस कार्य में गहन श्रद्धा विश्वास के साथ तल्लीन भी रहते थे। उन्होंने इसी आधार पर भक्त और भगवान के एक होने की उक्ति सही सिद्ध करके दिखा दी।

साधारणतया प्रतिमाओं में कोई चमत्कार नहीं होते पर जब तक रामकृष्ण पुजारी रहे तब तक उनकी प्रतिमा चमत्कारी ही सिद्ध होती रही। मीरा के गिरधर गोपाल भी इसी प्रकार जीवन्त बने थे। एकलव्य के मृतिका विनिर्मित द्रोणाचार्य भी शरीरधारी द्रोणाचार्य से अधिक सशक्त थे।

एक दिन मन्दिर की स्वामिनी रासमणि से किसी ने चुगली की कि पुजारी माता को लगाया जाने वाला भोग स्वयं वहीं बैठकर खा जाता है। रानी ने वस्तुस्थिति जानने के लिए मन्दिर के झरोखे से आँख लगाकर बैठ गई। उनने देखा कि परमहंस माता की प्रतिमा से कह रहे हैं कि माता- भोजन करो। जब उनने न किया तो परमहंस कहने लगे- अच्छा मैं समझा- पहले बेटा खा लेगा तब माता खायेगी। उनने थाली का आधा भोजन स्वयं कर लिया और कहा- आधा तुम खाओ। रानी ने देखा कि प्रतिमा के पत्थर के हाथ उठने लगे। पत्थर का मुँह खुलने लगा और उनने शेष भोजन खा लिया। थाली साफ हो गई। उसे लेकर परमहंस बाहर निकले, तो रानी उनके चरणों में गिर पड़ी और कहा- देव! आप ही काली हैं। अक्षम मनुष्य शरीर से प्रत्यक्ष देवता हैं।

रामकृष्ण परमहंस विवाहित थे। उनकी पत्नी शारदामणि उनके पास मन्दिर में आ गई थी। परमहंस जी ने उन्हें कहा कि आजीवन ब्रह्मचर्य रखकर हम लोग पति-पत्नि की तरह सहोदर भाई की तरह जीवन व्यतीत करें तो कैसा। पत्नी तुरन्त सहमत हो गई। दोनों ने आजीवन सन्त का जीवन परस्पर प्रेम और घनिष्ठता भरा जीवन जिया और एक आदर्श रखा स्त्री रमणी कामिनी ही नहीं साक्षात् देवी एवं वरदात्री भी होती है।

परमहंस उपासना के उपरान्त प्रवचन शंका समाधान, वार्त्तालाप के रूप में करते थे। उनसे दूर-दूर से भक्तजन आते। शारदामणि उन सबको अपने हाथ से भोजन बनाकर खिलाती। कभी-कभी इतनी भीड़ हो जाती कि उनका आधा दिन उसी में लग जाता और हाथ दुखने लगते पर कभी उनने उससे अनख न माना। उनका वात्सल्य इतना उभर आया था कि 19 वर्ष की आयु में ही लोग उन्हें माता कहने लगे थे।

वे परिव्राजक की तरह प्रचार में नहीं जा सकते थे। क्योंकि मन्दिर की व्यवस्था उनके कन्धे पर थी। पर अनेक जिज्ञासु और तत्त्वज्ञानी उनके अमृत वचन सुनने स्वयं ही परमहंस जी के पास पहुँचते थे। उनके सामने सरल हृदयग्राही और दृष्टान्त सहित शैली में असंख्यों को भक्ति का वास्तविक स्वरूप बताया और कहा उसके साथ आदर्श जीवन और लोक मंगल का पुरुषार्थ जुड़ा होना अनिवार्य रूप से आवश्यक है। मात्र नाम रटने से ही भगवान नहीं मिलते।

रामकृष्ण परमहंस सिद्ध पुरुष के रूप में भी प्रख्यात हो गये। उनके पास आये दिन दीन-दुःखी आते और उनका आशीर्वाद पाकर संकट से मुक्त हो जाते। इस दृष्टि से उनके पास आने वालों की संख्या भी कम न थी।

वे सदा इस टोह में रहते थे कि कोई संस्कारवान् आत्माएँ उनके संपर्क में आये तो उन्हें सच्चा भक्त बनाकर उसका तथा संसार का कल्याण करायें। उनकी दृष्टि एक नरेन्द्र नामक लड़के पर पड़ी। वे उसकी ओर विशेष ध्यान देने लगे। लड़का भी उनके प्रति आकर्षित हुआ और आने-जाने लगा। घनिष्ठता बढ़ी और गुरु ने शिष्य का हाथ पकड़ा।

नरेन्द्र के पिता का स्वर्गवास हो गया। वे नौकरी की तलाश में थे। आशीर्वाद माँगने परमहंस जी के पास आये। उनने उसे काली की प्रतिमा के पास अपनी कामना कहने के लिए भेजा। नरेन्द्र के विवेक चक्षु खुले उनने काली का विराट स्वरूप देखा। रोमाञ्च हो उठा। कहा- मैं-भक्ति, शक्ति और शान्ति माँगने आया। कामना पूर्ण कराने नहीं। काली मुस्कराई और तथास्तु कहा।

नरेन्द्र ने अपनी जीवन दिशा बदल दी और स्वामी विवेकानन्द हो गये। वे विदेशों में प्रचार करने गये। अमेरिका के धर्म सम्मेलन में भारत का प्रतिनिधित्व करने भी। उन्हें भाषण का अभ्यास न था। पर जो उन्होंने कहा उससे अमेरिका के धार्मिक और विज्ञानी चकित रह गये। वे सदा कहते रहते थे कि मेरे मुख से परमहंस बोलते हैं। मैं तो उनके हाथ का खिलौना-अबोध बालक भर हूँ।

परमहंस ने स्थूल शरीर से कम और सूक्ष्म शरीर से अधिक काम किया। उनने बंगाल की अनेक प्रतिभाओं को चमकाया और उनसे बड़े महत्व के काम कराये। ईश्वरचन्द्र विद्यासागर के माध्यम से विधवा विवाह के प्रचलन तथा सती-प्रथा बन्द कराने का, विधवाओं को नव जीवन देने वाला कार्य कराया।

केशवचन्द्र सेन का ब्रह्म समाज भी उन्हीं के परोक्ष सहयोग से फला फूला उसके अंतर्गत आत्म-कल्याण और समाज सुधार की अनेक प्रक्रियाएँ सम्पन्न होती रहीं।

गुजरात वीरपुर के जलाराम वापा के उनका सूक्ष्म सम्बन्ध था। उन्हें भी उन्होंने उच्चकोटि का सन्त बनाया। पति पत्नी मिलकर वे भी वही कार्य करते जो परमहंस जी ने किया। वा की परीक्षा लेने भगवान स्वयं उनके घर आये थे और अक्षय अन्न भण्डार की झोली उन्हें उपहार में दे गये थे। जिस माध्यम से जलाराम के सामने से भी अधिक बढ़ा-चढ़ा अन्न क्षेत्र वीरपुर आश्रम में चलता रहता था।

परमहंस जी अपने अन्तरंग सहचरों को बताया करते थे कि इस समय सच्ची भक्ति भावना को फलती-फूलती देखने के लिए गुजरात की भूमि देश भर में सबसे अधिक उर्वर दृष्टिगोचर होती है। अब हमें उस क्षेत्र को नन्दन वन बनाने और देव मानव उगाने के लिए सर्वतोभावेन जुटना चाहिए। परमहंस अपने जीवन काल में तथा उपरान्त उस क्षेत्र पर अपना ध्यान एकाग्र किये रहे और उच्च आत्माओं को उस क्षेत्र में अवतरित करने का परिपूर्ण प्रयत्न करते रहे।

इस प्रकार उनके अपने जीवन काल में और मरणोपरान्त अनेकानेक ऐसे सन्त उत्पन्न किये जिनने भक्ति का वास्तविक स्वरूप अपनाया और प्रचार कार्य द्वारा आध्यात्म का वास्तविक स्वरूप लाखों को समझाया। बंगाल में तो उनसे उच्च आत्माओं का उन दिनों भण्डार भर दिया था। उसके अतिरिक्त उनका ध्यान गुजरात पर विशेष रूप से रहा और उस क्षेत्र में भी यथार्थवादी सन्तों की कमी न रहने दी।

परमहंस जी की मृत्यु गले के केन्सर से हुई। लोगों ने पूछा आपके आशीर्वाद से असंख्यों का कल्याण हुआ। फिर आपको यह रोग कैसे हुआ। उनने उत्तर दिया- मेरे पास पुण्य कम था और लोगों की सहायता में ज्यादा खर्च करता रहा। उसी कमी की पूर्ति में मुझे यह कष्ट भुगतना पड़ रहा है। इस सम्भावना को मैं पहले से भी जानता था। पर जन-कल्याण के लिए यह कष्ट उठाते हुए मुझे तनिक भी दुःख नहीं, वरन् प्रसन्नता है।

परमहंस जी का स्वर्गवास 1887 में 16 अगस्त को हुआ। मरते समय उन्होंने अपनी धर्मपत्नी जिन्हें वे माताजी कहते थे, यह कार्य सौंपा कि वे भक्तजनों की जिज्ञासा पूर्ति मेरी ही भाँति करती रहें और अपनी साधना के प्रतिफल दीन दुःखियों में वितरित करती रहें, उन्होंने आजीवन अपने पति का आदेश पालन किया। उन्हें वे औरों की तरह बाबा कहती थीं। सभी भक्तजन उन्हें साक्षात् देवी की प्रतिमा मानते थे। उनका व्यक्तित्व भी ऐसा ही था।

राजा भोज और माघ.


राजा भोज और माघ.

राजाभोज की रानी और पंडित माघ की पत्नी दोनों खड़ी-खड़ी बातें कर रही थीं। राजा भोज ने उनके नजदीक जाकर उनकी बातें सुनने के लिए अपने कान लगा दिए। यह देख माघ की पत्नी सहसा बोली- 'आओ मूर्ख! राजा भोज तत्काल वहां से हठ गए। हालांकि उसके मन में रोष तो नहीं था, तथापि स्वयं के अज्ञान पर उसे तरस अवश्य आ रहा था। वह जानना चाहते थे कि मैंने क्या मूर्खता की।
राजसभा का समय हुआ। दंडी, भारवि आदि बड़े-बड़े पंडित आए राजा ने हर-एक के लिए कहा-'आओ मूर्ख! पंडित राजा की बात सुनकर हैरान हो गए, पर पूछने का साहस किसी ने नहीं किया। अंत में पंडित माघ आए। राजा ने वही बात दोहराते हुए कहा-'आओ मूर्ख! यह सुनते ही माघ बोले-

खादन्न गच्छामि हसन्न जल्पे (जल्पामि)
गतं न शोचामि कृतं न मन्ये।
द्वाभ्यां तृतीयो न भवामि राजन्!
किं कारणं भोज! भवामि मूर्ख:।।

हे राजन्! मैं खाता हुआ नहीं चलता, हँसता हुआ नहीं बोलता, बीती बात की चिंता नहीं करता, कृतघ्न नहीं बनता और जहाँ दो व्यक्ति बात करते हों, उनके बीच में नहीं जाता। फिर मुझे मूर्ख कहने का क्या कारण है?


राजा को मूर्खता का रहस्य समझ में आ गया। अब वह तत्काल बोल उठा- 'आओ विद्वान्!


इस घटना से हम समझ सकते हैं कि केवल शिक्षण या अध्ययन से विद्वत्ता नहीं आती। विद्वत्ता आती है- नैतिक मूल्यों को आत्मगत करने से। वे पुराने मूल्य, जो अच्छे हैं, खोने नहीं चाहिए। नए और पुराने मूल्यों में सामंजस्य होने से ही शिक्षा के साथ नैतिकता पनप सकेगी।

परमात्मा की व्यापकता.


परमात्मा की व्यापकता.
(उद्दालक-श्वेतकेतु संवाद-छान्दोग्योपनिषद्‍)

वैदिक चिंतकों के अनुसार यह सृष्टि परब्रह्म या परमात्मा से उत्पन्न हुई है और अंत में उसी में इसका विलय हो जाना है। उत्पत्ति और विलय का यह चक्र चलता रहता है। यद्यपि वैदिक चिंतकों के मतों में भी परस्पर न्यूनाधिक भेद देखने को मिलता है फिर भी परब्रह्म की व्यापकता को सभी स्वीकारते हैं और मानते हैं वही परब्रह्म स्वयं को इस संसार के रूप में प्रकट करता है।

छान्दोग्य उपनिषद्‍ (अध्याय ६, खंड १३) में परमात्मा या परब्रह्म की व्यापकता को लेकर ऋषि उद्दालक (अरुणपुत्र आरुणि) एवं उनके पुत्र श्वेतकेतु के बीच एक संवाद का उल्लेख मिलता है। उसी की चर्चा मैं यहां पर कर रहा हूं। उपनिषद्‍ में श्वेतकेतु की आयु का जिक्र तो नहीं है, किंतु ऐसा लगता है कि वह परमात्मा के व्यापकता का अर्थ समझना चाहता है और इस प्रकार आध्यात्मिक ज्ञान अर्जित करना चाह्ता है।

उक्त उपनिषद्‍ में उल्लेख है:

“लवणमेतदुदकेऽवधायाथ मा प्रातरुपसीदथा इति सह तथा चकार तंहोवाच यद्दोषा लवणमुदकेऽवाधा अङ्ग तदाहरेति तद्धावमृश्य न विवेद॥१॥”
(लवणम् तत् उदके अवधाय अथ मा प्रातः उपसीदथा इति । सह (सः?) तथा चकार । तम् ह उवाच यत् दोषा लवणम् उदके अवाधा अङ्ग तत् आहर इति । तत् ह अवमृश्य न विवेद ।)

(ऋषि उद्दालक पुत्र से कहते हैं) उस लवण को जल में डालकर प्रातःकाल मेरे समीप आना। उसने वैसा ही किया। उसने (उद्दालक) ने उससे कहा अच्छा रात्रि में जो लवण जल में डाला था उसे ले आओ। देखने/ढूढ़ने पर वह जान नहीं पाया।

ऋषि उद्दालक ने श्वेतकेतु को नमक की डली को पानी में डालकर रात भर छोड़ देने को कहा। प्रातःकाल उससे कहा गया कि वह नमक की डली पानी से निकालकर ले आए। रात भर में नमक पानी में घुल चुका था, अतः वह अपने पूर्व रूप डली के तौर पर नहीं मिल सका। नमक की डली वापस कैसे मिले यह उसे समझ में नहीं आया। तब उद्दालक उसे समझाते हैं कि वह तो पानी के साथ एकाकार हो चुका है। वह पानी में है तो किंतु वह दिख नहीं सकता। वस्तुस्थिति स्पष्ट करने के लिए वे श्वेतकेतु से कहते हैं:



“यथा विलीनमेवाङ्गास्यान्तादाचामेति कथमिति लवणमिति मध्यादाचामेति कथमिति लवणमित्यन्तादाचामेति लवणमित्यभिप्रास्यैतदथ मोपसीदथा इति तद्ध तथा चकार तच्छश्वत्संवर्तते तंहोवाचात्र वाव किल सत्सोम्य न  निभालयसेऽत्रैव किलेति॥२॥
(यथा विलीनम् एव अङ्ग अस्य अन्तात् आचाम इति । कथम् इति । लवणम् इति । मध्यात् आचाम् इति । कथम् इति । लवणम् इति । अन्तात् आचाम इति । लवणम् इति । अभिप्रास्य एतत् अथ मा उपसीदथा इति । तत् ह तथा चकार । तत् शश्वत् संवर्तते तम् ह उवाच अत्र वाव किल सत् सोम्य न निभालयसे अत्र एव किल इति ।)


हे वत्स, विलीन (लवण) वाले जल से कुछ मात्रा लेकर आचमन करो। कैसा लगा? नमकीन। उस जल के मध्य भाग से लो। कैसा लगा? नमकीन। उसके अंत (तले) से लेकर आचमन करो। कैसा लगा? नमकीन। उसे छोड़कर/ फैंककर मेरे पास आओ। उसने वैसा ही किया। (ऋषि ने) उसको बताया वह (लवण) सदा ही उसमें विद्यमान है। हे सोम्य, उसी भांति वह “सत्” भी निश्चय ही यहीं विद्यमान है। तुम उसे देख नहीं पाते, किंतु वह अवश्य ही यहीं है। (सत् अर्थात् अंतिम सत्य, सृष्टि का सार तत्व, परमात्मा)

उद्दालक पानी में नमक के घोल को उदाहरण के तौर अपने जिज्ञासु पुत्र के सामने रखते हैं। पानी में उस नमक की विद्यमानता दिखती नहीं परंतु पानी चखने पर उसके होने का ज्ञान श्वेतकेतु को मिल जाता है। यहां पर एक सफल इंद्रिय के तौर पर मनुष्य की जिह्वा सहायक सिद्ध होती है। परब्रह्म की व्यापकता भी कुछ इसी प्रकार समझी जा सकती है। परंतु उसके मामले में कोई भी ज्ञानेन्द्रिय सहायक नहीं होती है। वैदिक दार्शनिकों के अनुसार ज्ञानमार्ग उसकी व्यापकता का अनुभव कराती है। भक्तिमार्ग के अनुयायियों के अनुसार भगवद्भक्ति परब्रह्म को पाने का साधन है। परमात्मा तक पहुंचने के मार्गों के बारे में मतमतांतर देखने को मिलते हैं।



(योगेन्द्र जोशी)


लक्ष्मी चरण पदुका



लक्ष्मी चरण पदुका 

घर में सुख-शांति और समृद्धि हेतु कई प्रकार की परंपराएं प्रचलित हैं। इन्हीं में से एक परंपरा है शुभ चिन्ह बनाना अथवा शुभ चिन्हों को घर में स्थापित करना। शास्त्रों के अनुसार कई तरह के शुभ चिन्ह बताए गए हैं जो घर-परिवार से परेशानियों को दूर रखते हैं। लक्ष्मी जी के स्वरूप में अनेक गुणों का आभास होता है। वे मूलत: धन और ऐश्वर्य की देवी हैं। लक्ष्मी का स्वरूप वैभव का रहस्य है। यह वैभव कभी स्थायी नहीं रहता, बनता बिगड़ता रहता है। वस्तुत: यही इसका स्वभाव भी है। मूलत: इस चंचल स्वभाव के कारण ही लक्ष्मी को चंचला कहते हैं।

कार्तिक अमावस्या की अंधेरी रात तथा शरद पूर्णिमा के दिन में झिलमिल दीपों के बीच महालक्ष्मी का क्षीर सागर से धरा पर आगमन होता है। वे घर-घर में घूमकर अपने रहने योग्य स्थान का चयन करती हैं। जहां उनके अनुरूप वातावरण होता है, वहां रूक जाती हैं। लक्ष्मी जी हमारे घर में रूकें इसलिए हम प्रतिवर्ष उनकी विशेष पूजा-उपासना करके उन्हें प्रसन्न करते हैं ताकि हमारा घर वर्ष भर समृद्धि से परिपूर्ण रहे। दीपावली की रात्रि को धन-संपदा की प्राप्ति हेतु लक्ष्मी के पूजन का विधान है। ऐसा माना जाता है कि दीपावली की रात लक्ष्मी जी घर में आती हैं। इसीलिए लोग दहलीज से लेकर घर के अंदर जाते हुए लक्ष्मी जी के पांव बनाते हैं। इसी मान्यता के चलते हम लक्ष्मी जी को स्थाई करने हेतु घर में लक्ष्मी जी के चरणों का प्रतीक लक्ष्मी चरण पादुका स्थापित करते हैं।

लक्ष्मीजी के चरणों का रहस्य. 


शास्त्रों के अनुसार महालक्ष्मी के चरणों में सोलह शुभ चिन्ह होते हैं। यह चिन्ह अष्ट लक्ष्मी के दोनों पावों से उपस्थित 16 (षोडश) चिन्ह है, जो के 16 कलाओं का प्रतीक हैं। शास्त्रों में मां लक्ष्मी को षोडशी भी कहकर पुकारा जाता है। ये सोलह कलाएं हैं 1.अन्नमया, 2.प्राणमया, 3.मनोमया, 4.विज्ञानमया, 5.आनंदमया, 6.अतिशयिनी, 7.विपरिनाभिमी, 8.संक्रमिनी, 9.प्रभवि, 10.कुंथिनी, 11.विकासिनी, 12.मर्यदिनी, 13.सन्हालादिनी, 14.आह्लादिनी, 15.परिपूर्ण, 16.स्वरुपवस्थित।

शास्त्रों में चंद्रमा की सोलह कलाओं का भी वर्णन आता है। चंद्रमा की सोलह कलाएं हैं अमृत, मनदा, पुष्प, पुष्टि, तुष्टि, ध्रुति, शाशनी, चंद्रिका, कांति, ज्योत्सना, श्री, प्रीति, अंगदा, पूर्ण और पूर्णामृत का उल्लेख है।

वास्तवकिता में ये सोलह कलाएं सोलह तिथियां हैं, जिसके क्रम में अमावस्या एकम से लेकर चतुर्दशी तथा पूर्णिमा। लक्ष्मी चरण पादुका के लक्ष्मी के षोडशी रूप के 16 चिन्ह इस प्रकार हैं 1.प्राण, 2.श्री, 3.भू, 4.कीर्ति, 5.इला, 5.लीला, 6.कांति, 7.विद्या, 8.विमला, 8.उत्कर्शिनी, 9.ज्ञान, 10.क्रिया, 11.योग, 12.प्रहवि, 13.सत्य, 14.इसना 15.अनुग्रह, 16.नाम। अष्ट लक्ष्मी के दोनों चरणों में इस सोलह कलाओं के प्रतीक चिन्ह स्थापित होते है।

सोलह कलाओं वाली श्री लक्ष्मी षोडशी का रहस्य.

जो श्री विद्या सोलह कलाएं प्रदान करे वही षोडशी है। लक्ष्मी का यह स्वरुप ऐश्वर्य, धन, पद जो भी चाहिए सभी कुछ प्रदान करता है। इनके श्री चक्र को श्रीयंत्र कहा जाता है। इनका एक नाम श्री महा त्रिपुरा सुंदरी यां ललिता भी है। त्रिपुरा समस्त भुवन मे सर्वाधिक सुन्दर है। महालक्ष्मी का यह स्वरुप जीव को शिव बना देता है। यह श्री कुल की विद्या है। इनकी पूजा से साधक को पूर्ण समर्थ प्राप्त होता है। लक्ष्मी चरण पादुका इन्हीं ललिता श्री देवी के चरणों का प्रतीक है जिसमें सोलह चिन्ह बने होते हैं।

लक्ष्मी चरण पादुका जहां भी स्थापित कि जाती है, वहां से समस्याओं का नाश होता है। इसकी स्थापना से धनाभाव खत्म होकर स्थाई धन संपत्ति का मार्ग प्रशस्त होता है। इसे मकान, दुकान, आफिस या कहीं भी दरवाजे पर चिपकाना भी शुभ होता है। अष्ठ धातु से निर्मित यह चरण पादुका सुख-समृद्धि हेतु निश्चित ही उपयोगी सामग्री है।

श्रवण कुमार की अन्तर्वेदना.


श्रवण कुमार की अन्तर्वेदना.


श्रवण कुमार के माता पिता जब बहुत वृद्ध हो गये, उनकी आँखों की ज्योति भी चली गई तो वे बहुत दुखी रहने लगे। उनकी इच्छा थी कि सभी तीर्थों की यात्रा करें, पर परिस्थितियों से मजबूर थे। वृद्धावस्था और अन्धता ने उनके शरीर को अशक्त कर रखा था, तीर्थयात्रा की अभिलाषा कैसे पूरी करते? मन ही मन वे अन्ध दम्पत्ति रोया करते, कभी-कभी उनकी वेदना आँखों और उसासों में होकर फूट भी पड़ती ।

माता पिता के चरणों के समीप पितृभक्त बालक सोया हुआ था। रात को अचानक उसकी आँख खुली तो उसने चुपचाप पड़े पड़े देखा सुना कि माता पिता की आँखें बरस रही हैं, वेदना सम्मिश्रित उनमें चल रही है। बालक कुछ देर इस दृश्य को देखता रहा, पर अधिक देर न देख सका, उठ बैठा। माता के चरणों को धीरे धीरे दबाने लगा और खिसक कर उसकी गोदी से सट गया। माता पिता को पता लग गया कि बच्चा जग गया है हमारी वेदना का परिचय पाकर बालक खिन्न न हो जाय यह सोचकर उन्होंने, अपने आपको संभाल लिया। आँखों से नीचे बहने के लिए आने वाले आँसू उन्होंने रोके और कठ में घूँट के साथ नीचे उतार लिए, साँसें जो वेदना के आताप से गरम हो रही थीं, किसी प्रकार ठंडी की और ऐसा उपक्रम बनाया कि बालक को कुछ पता न चले। बालक उन्हें प्राण प्रिय था, उसके कोमल हृदय पर किसी प्रकार की चोट पहुँचे यह उन्हें अभीष्ट न था।

बालक को जगे हुए बहुत देर हो गई थी वह सब कुछ देख सुन रहा था। पूछने पर भी जब माता पिता कारण न बताने लगे, हँसने हँसाने का उपक्रम करते हुए बात को टालने का उपक्रम करने लगे, ते बालक की अंतर्वेदना उमड़ पड़ी। वह सोचने लगा—मेरी अपात्रता ही इसका कारण हो सकती है कि माता पिता जो मुझे प्राण प्रिय स्नेह करते हैं, अपनी पीड़ा को मुझ से डडडडना उचित न समझें—छिपावें। आत्म ग्लानि में—अपनी अयोग्यता और अपात्रता की अनुभूति से बालक के नस नस में सहस्र बिच्छुओं के कारण पीड़ा होने लगी, यह पछतावा उसके रोम रोम में क्रंदन करने लगा कि— कदाचित् में माता पिता के कष्टों को निवारण करने में समर्थ न सही—उनकी व्यथा को समझने का भी अधिकारी अभी तक न बन सका। मातृ पितृ भक्ति का प्रथम सोपान भी में पार न कर सका, जल विहीन मछली की तरह वह छटपटाता हुआ धरती पर लोटने लगा।

माता पिता अन्धे अशक्त अवश्य थे पर वस्तुस्थिति को समझने की क्षमता उनमें जरा भी कम नहीं हुई थी। बालक के स्वभाव से परिचित थे, वह जाग चुका था, जगकर उनकी स्थिति को समझ चुका है, इसीलिए पूरी बात बताये बिना अब छुटकारा नहीं। न बताने में बालक को दुहरा दुख होगा इसीलिए उन्होंने धरती पर लोट-पोट करते और पैर पीटते हुए बालक को छाती से लगा लिया। धीरे धीरे उन्होंने अपने मन की व्यथा कहना शुरू करदी। आँखों की अन्धता, शरीर की अशक्तता, तीर्थयात्रा करने की अभिलाषा की विसंगतियों को उन्होंने बताया और कहा बेटा यह देव-दुर्विपाक ही है। तुम भी तो अभी बालक ही हो—खेलने खाने का ही यह तुम्हारा समय है तुम्हारा विकास उतना नहीं हो पाया है कि इन कठिन बातों में कुछ योग दे सको, इसी से हम लोग तुम्हें यह सब नहीं कहते थे। कोई अन्यथा बात न समझो। चलो—चुपचाप से जाओ अभी रात बहुत बाकी है।

फूँस की टूटी सी कुटिया के एक कौने में वे वृद्ध-पुरुष अपने शरीर को चिथड़ों से ढक कर सोने का उपक्रम करते हुए लुढ़क गये, बगल में बालक को सुला लिया तीनों ही सोने का बहाना बनाये पड़े थे ताकि एक दूसरे को उनके जगने की बात का पता न चले। पर भीतर ही भीतर तीनों के आँधी तूफान उड़ रहे थे। माता पिता सोचते, हमारा बच्चा यदि कुछ समर्थ हुआ होता—खेलने खाने की स्थिति को पार कर चुका होता तो हमारे कुछ काम आता बालक सोच रहा था मैं मानसिक दृष्टि से इतना छोटा न हुआ होता तो माता पिता को सन्तुष्ट करके अपने जीवन को धन्य बनाता शारीरिक अपूर्णता मेरी उतनी नहीं है, जिससे उनकी अभिलाषा पूरी न हो सके क्योंकि आर्य जाति के नन्हें नन्हें बालक अभिमन्यु, लवकुश, दुष्यन्त पुत्र भरत, ध्रुव, प्रहलाद आर्य के समान भारी भारी पराक्रम करते रहे हैं। अयोग्यता-अपात्रता मेरी मानसिक ही है जिसके अनुसार खेलने खाने में ही मेरा मन डोलता रहता है। बालक अपने को घृणापूर्वक धिक्कारता और तिलमिला कर ऐसा सोचता कि इस मन को अपना सिर तोड़कर अलग निकाल फेंकूँ और वैसा मन वहाँ बिठाऊँ जो खेलने खाने की तुच्छता से बहुत ऊँचा हो, कर्तव्य पालन का अधिकारी हो ।

सोच विचार में रात बीत गई किसी की भी आँख न लगी। प्रातःकाल हुआ। उठते ही रात की अधूरी बात पर फिर चर्चा होने लगी। माता पिता चाहते थे बालक रात की बात को भूल जाय। बालक चाहता था मातृ-पितृ भक्ति का उज्ज्वल उदाहरण पैदा करने के लिए उसके शरीर को- सर्वस्व को खप जाना चाहिए। नाना तर्क वितर्क की, नीच ऊँच समझने समझाने की, आग्रह आवेश की झड़ी लग गई। यह विवाद चला, बढ़ा, विकसित हुआ और कई दिन के निरन्तर मन्मथ के बाद एक निष्कर्ष निकला। बालक पूर्णतया कटिबद्ध हो गया कि वह खेलने खाने की स्थिति से ऊँचा उठकर माता पिता के दिये हुए शरीर का उन्हीं के निमित्त उपयोग करेगा। पिता की अन्धी आंखों में स्वर्णिम आभा नाचने लगी। आर्य जाति के बालक के ऐसे ही होते थे—हमारा बालक संसार के सामने एक अनुकरणीय आदर्श का उदाहरण बनेगा। अपने बच्चे की इतनी बड़ी महानता देखने का अवसर किन्हीं बड़भागी माता पिता को ही मिलता है। तीर्थयात्रा की इच्छा पूर्ति एक तुच्छ बात थी— इस बात की तुलना में कि श्रवण कुमार संसार का एक आदर्श हीरो बनने जा रहा है। तीर्थ यात्रा की तैयारी होने लगी।

झोंपड़ी का द्वार बन्द कर दिया गया। दोनों वयोवृद्ध अंधों को लाठी पकड़े-उनके गठरी पोटली सिर पर रखे श्रवणकुमार आगे आगे चलने लगा। यात्रा का श्रीगणेश आरम्भ हुआ। भिक्षा द्वारा भोजन प्राप्त करना बोझा लेकर चलना लाठी पकड़कर रास्ता बताते चलना उन्हें शौच स्नान शयन आदि कराना आदि सम्पूर्ण व्यवस्थाओं का बोझ श्रवणकुमार ने अपने कन्धे पर खुशी-खुशी ले लिया। उसे लगता मानों माता पिता का पूरा-पूरा उत्तरदायित्व उसी के कन्धे पर लदा है। माता पिता भी सब प्रकार की ऐसी सुविधा अनुभव करते मानो श्रवणकुमार के कन्धों पर ही बैठकर चल रहे हों। यात्रा बढ़ चली। एक-एक कदम करके सम्पूर्ण नदी, सरोवर, तीर्थधाम, पुरी पार होने लगी, तपोभूमियों का कोना-कोना उन्होंने पार कर लिया। कोई तीर्थ उनसे बचा नहीं। इस प्रकार तीर्थ यात्रा कराते-कराते श्रवणकुमार भी दशरथ के तीर विग्रह में मर खप गया—माता पिता तो तीर्थ रूप ही थे। वे तो सद्गति की साक्षात् प्रतिमा थे श्रवणकुमार का बलिदान परोक्ष रूप में रामराज्य का—प्रकारान्तर से असुरों के संहार और विश्वशान्ति का कारण बना। इस प्रकार उस नन्हे मुन्ने श्रवणकुमार बालक की छोटी सी कहानी का हजारों लाखों वर्ष पूर्ण पटाक्षेप हो गया। अब तो वह अतीत के एक स्मृति मात्र दी गई जिसकी झाँकी इतिहास के पृष्ठों पर और जनमन के एक विस्मृत गर्त में पड़ी हुई जब तक देख सकते हैं।

वह पुराना समय था—जब साधारण माता को ऐसे बालकों का सौभाग्य मिलाता था। आज तो स्थिति ही दूसरी है “खाने खेलने की स्थिति से कोई जरा भी ऊँचा उठना नहीं चाहता। माता पिता से अधिक लाभ- उचित अनुचित लाभ उठाने के अतिरिक्त उनके प्रति और भी कुछ कर्त्तव्य है यह कोई नहीं सोचता।

यज्ञ पिता और गायत्री माता भारतीय संस्कृति परिवार के जनक जननी हैं। वे आज बूढ़े हो गये हैं। समय के प्रभाव ने उनको उपेक्षा के गर्त में पटक दिया है। उनके नेत्रों की ज्योति क्षीण हो गई है। पर तीर्थ यात्रा करना चाहते हैं तेतीस कोटि देवों के डडडडड प्रत्येक भारतीय का निवास स्थान प्राचीन काल में एक तीर्थ होता था। इन तीर्थों में यज्ञ भगवान और गायत्री माता की प्रतिष्ठा होती थी। आज के तीर्थ श्मशानों में बदल गये हैं। आसुरी तत्वों के भूत पिशाच उन पर अट्टहास करते हुए नाचते रहते हैं। इन श्मशानों को पुनः देवालयों में तीर्थों में बदलने के लिए- यज्ञ भगवान और गायत्री माता की व्यापक तीर्थ यात्रा होनी चाहिये। पर अब ऐसे श्रवण कुमार कहाँ है? जो इन वृद्ध मात-पिताओं को कन्धे पर बिठा कर दूर दूर की धूलि छानने को तैयार हों। विनोबा के भूदान की तरह- यज्ञ प्रकार की पैदल यात्राओं की आवश्यकता आज सर्वोदय है। घर घर त्याग और ज्ञान- यज्ञ और गायत्री का सन्देश पहुँचाया जाए तो भारतीय संस्कृति का मरुस्थल पुनः हरा भरा हो सकता है।

यज्ञ प्रकार की पैदल यात्रा से गाँव गाँव में यज्ञ सम्मेलन करके गायत्री उपासना और यज्ञ अनुष्ठान के आध्यात्मिक नित्य कर्मों के अतिरिक्त- मानव जीवन के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत लोक शिक्षण हो सकता है और जन साधारण की मनोभूमि को ज्ञान और त्याग के साथ सुसंबद्ध बनाया जा सकता है। लम्बी चौड़ी योजनाऐं बनाना व्यर्थ है। सब कार्यों के लिए कर्म निष्ठ, पुरुषार्थी परिश्रमी सच्चे और धुन के पक्के कार्यकर्ताओं की आवश्यकता होती है ऐसे कार्यकर्ता हों तो उनका प्रत्येक कदम एक कार्यक्रम बन सकता है, अनुभव के आधार पर उन कार्यक्रमों में हेर फेर होता रह सकता है। मूल आवश्यकता अपने को तुच्छ स्वार्थों से ऊंचा उठाकर इस सांस्कृतिक आवश्यकता के लिए अधिक से अधिक मात्रा में अपना समय, मन, वचन, धन, साधन, योग्यता, चातुर्य, आदि लगा देने के लिए उत्सुक त्याग भावना की है।

श्रवण कुमार की युग कथा आज पुनरावृत्ति कर रही है। यज्ञ पिता और गायत्री माता का महत्व और सर्वथा क्षीणकाय हो चला है- मरणासन्न उपेक्षा की वृद्धता से जकड़े हुए शक्तिहीन हो रहे हैं। उनके नेत्र अन्धकारमय भविष्य देखकर ज्योति हीन हो रहे है। वे भारतीय के घरों को देवालय का तीर्थ रूप देखने के लिए व्यापक तीर्थ-यात्रा करना चाहते हैं पर कोई साधन नहीं दीखता। उनका बालक-भारतीय समाज-जन मानस-खेलने खाने में-स्वार्थ और भोग में-लिप्त हैं। इससे अधिक और कुछ नहीं करना चाहता, अन्धे, बूढ़े, अशक्त , क्षीणकाय माता पिता से वह नाना प्रकार के खेल खिलौने, पैसे, लड्डू, बताशे तो माँगता रहता है पर उसके मन में क्या कला है इसे कोई नहीं सुनना चाहता। अपने कन्धे पर उनका बोझ उठाने के लिए कोई तैयार नहीं होता।

श्रवण कुमार की आत्मा स्वर्ग में फुट-फूट कर रोती है- अब उसकी पुनीत परम्परा लुप्त होने जा रही है। यज्ञ पिता और गायत्री माता की पालकी कन्धे पर रखकर उनका बोझ उठाने के लिए कौन तैयार होता है? छप्पन लाख भिखमंगों की—साधु, पंडितों की सेवा अपनी पूजा प्रतिष्ठा कल्पित मुक्ति लूटने को सपने संजोये बैठी है। साधारण मनुष्य केवल माँगना जानते हैं देना नहीं सीखना चाहते। फिर श्रवण कुमार कौन बने?

कौन बने? कौन बने? कौन बने? यह प्रश्न अन्तरिक्ष में आज सर्वत्र गूँज रहा है। पर उत्तर किधर से भी नहीं आता। सर्वत्र सुनसान मरघट जैसा सन्नाटा साँय साँय कर रहा है। कौन बने? कौन बने? का अरण्य रोदन श्रवण कुमार और उसके माता-पिता स्वर्ग बैठे-बैठे सुनते हैं- और बिलख बिलख कर रोते हैं। गायत्री माता और यज्ञ पिता भी इसी अन्तर्वेदना में पड़े एक कौने में सिसक रहे हैं- पर श्रवण कुमार की छाया तो किधर के भी आती दिखाई नहीं पड़ती।



(अखंड ज्योति-1/1956)

"श्री हनुमत्चातुर्य"


"श्री हनुमत्चातुर्य"
(प्रवचन का एक अंश)

जानकी माता ने कहा कि हनुमान एक बात बताओ बेटा- तुम्हारी पूंछ नहीं जली आग से और पूरी लंका जल गई?

श्री हनुमानजी ने कहा कि माता! लंका तो सोने की है और सोना कहीं आग में जलता है, क्या?

फिर कैसे जल गया? मां ने पुनः पूछा... ?

हनुमान जी बोले-- माता! लंका में साधारण आग नहीं लगी थी..पावक थी •••• !

(पावक जरत देखी हनुमंता ..)

पावक ••••• ?

हाँ मां ••••• !

ये पहेलियाँ क्यों बुझा रहे हो, पावक माने तो आग ही है।

हनुमान जी बोले-- न माता! यह पावक साधारण नहीं थी।

फिर ..

जो अपराध भगत कर करई।
राम रोष पावक सो जरई।।

यह राम जी के रोष रूपी पावक थी, जिसमे सोने की लंका जली।

तब जानकी माता बोलीं-- बेटा! आग तो अपना पराया नहीं देखती, फिर यह तो बताओ•••यह तुम्हारी पूंछ कैसे बच गई? लंका जली थी, तो पूंछ भी जल जानी चाहिए थी।

हनुमान जी ने कहा कि माता! उस आग में जलाने की शक्ति ही नहीं, बचाने की शक्ति भी बैठी थी।

मां बोली -- बचाने की शक्ति कौन है?

हनुमानजी ने तो जानकी माता के चरणों में सिर रख दिया ओर कह कि माँ! हमें पता है, प्रभु ने आपसे कह दिया था। तुम पावक महुं करहु निवासा- - उस पावक में तो आप बैठी थीं। तो जिस पावक में आप विराजमान हों, उस पावक से मेरी पूंछ कैसे जलेगी? माता की कृपा शक्ति ने मुझे बचाया, माँ! तुम बचाने वाली हो, आप ही भगवान की कृपा हो ..

तब माँ के मुह से निकल पड़ा ..

अजर अमर गुणनिधि सुत होउ ।
करहु बहुत रघुनायक छोहु ।।

“क्षणभंगुर - जीवन की कलिका”


 “क्षणभंगुर - जीवन की कलिका”
(कविता)

यह रचना सन १९६० के आसपास की है| इसके लेखक हैं, श्री नाथूराम शास्त्री ‘नम्र’. बरेली। उन्होने एक खंडकाव्य लिखा था। यह कविता उसी का एक भाग है।


क्षणभंगुर - जीवन की कलिका,
कल प्रात को जाने खिली न खिली।
मलयाचल की शुचि शीतल मन्द
सुगन्ध समीर मिली न मिली।

कलि काल कुठार लिए फिरता,
तन नम्र से चोट झिली न झिली।
कहले हरिनाम अरी रसना,
फिर अन्त समय में हिली न हिली।

मुख सूख गया रोते रोते,
फिर अमृत ही बरसाया तो क्या।
जब भव सागर में डूब चुके,
तब नाविक को लाया तो क्या।

युगलोचन बन्द हमारे हुए,
तब निष्ठुर तू मुस्काया तो क्या।
जब जीवन ही न रहा जग मे,
तब आकर दरश दिखाया तो क्या।

बली  जाऊँ सदा इन नैनन की,
बलिहारी छटा पे में होता रहूँ।
मुझे भूले न नाम तुम्हारा प्रभु,
चाहे जागृत या स्वप्न में सोता रहूँ।

हरे कृष्ण ही कृष्ण पुकारू सदा,
मुख आँसुओ से नित धोता रहूँ।
बृजराज तुम्हारे बियोग में मैं,
बस यूँ ही निरन्तर रोता रहूँ।

शाम भयी पर श्याम न आये,
श्याम बिना क्यों शाम सुहाये।
व्याकुल मन हर शाम से पूछे,
शाम बता क्यों श्याम न आये।

शाम ने श्याम का राज बताया,
शाम ने क्योंकर श्याम को पाया।
शाम ने श्याम के रंग में रंग कर,
अपने आप को श्याम बनाया।

वह पायेगा क्या रस का चस्का,
नहीं कृष्ण से प्रीत लगायेगा जो।
हरे कृष्ण उसे समझेगा वही,
रसिको के समाज में जायेगा जो।

ब्रज धूरी लपेट कलेवर में,
गुण नित्य किशोर के गायेगा जो।
हँसता हुआ श्याम मिलेगा उसे,
निज प्राणों की बाजी लगायेगा जो।

मन में बसी बस चाह यही,
प्रिय नाम तुम्हारा उचारा करूँ।
बिठला के तुम्हें मन मन्दिर में,
मनमोहिनी रूप निहारा करू।

भर के दृग पात्र में प्रेम का जल,
पद पंकज नाथ पखारा करू।
बन प्रेम पुजारी तुम्हारा प्रभो,
नित आरती भव्य उतारा करू।

जिनके मन में नन्दलाल बसे,
तिन और नाम लियो न लियो।
जिसने बृंदावन धाम कियो,
तिन औनहु धाम कियो न कियो।