धरती और बीज एक विश्वविद्या.

धरती और बीज एक विश्वविद्या.


धरती और बीज का अध्ययन एक विश्वविद्या का अध्ययन है, क्योंकि धरती और बीज का सम्पूर्ण प्रकृति और जीवन से वैसा ही संबंध है, जैसा जलाशय की एक लहर का दूसरी लहर से। कालचक्र की गति के साथ दिन होता हैं, हवा चलती हैं, नदियाँ बहती हैं, बादल बरसते हैं ॠतुएँ बदलती हैं और इन्हीं के साथ धरती में बीज उगता है। बीज से फल और फल से बीज बनना ही बीज की गति नहीं है, बीज की गति प्राणों में है, जीवन में है। पशु,पक्षी,कृषि,सरीसृप और मनुष्य सभी के जीवन में बीजकी अनिवार्य गति है। मानव जीवन की भौतिक प्रणाली (आवास, भोजन तथा जीवन-उपस्कर) में ही नहीं, उसकी संवेदना और विश्वासों में उसके सौंदर्यबोध तथा रीतिरिवाजों-अनुष्ठानों में और उसकी चिन्तन-प्रक्रिया में भी धरती और सहामित हैं। बीज से वृक्ष होने की प्रक्रिया से जुड़े हुऐ वे हजारों शब्द, जो जीवन के विविध संदर्भो को व्यक्त करते हैं, हमारे सांस्कृतिक-इतिहास की पूरी कहानी सुना सकते हैं क्योंकि मनुष्य का जन्म वृक्षों के ही आश्रय में हुआ था।

धरती पर उगते हुए बीज को तभी से देख रहा है, जब से उसने धरती पी जन्म लिया था। धरती का बीज उगना इन अर्थों में साधरण धटना है कि उसे सभी ने देखा है और बार-बार देखा है परन्तु उसकी असाधारणता भी यही है कि उसे सभी ने देखा है, लोक ने भी देखा है, शास्र ने भी देखा है, पंडित ने भी देखा है मूढ़ ने भी देखा है, धनी ने भी देखा है और निर्धन ने भी देखा है। किसी ने पास से देखा है तो किसी ने दूर से देखा है, किसी ने प्रत्यक्ष रुप से देखा है तो किसी ने प्ररोक्षरुप रुप से देखा है और इस निरन्तर देखने के कारण ज्ञान की निरन्तर वृद्धि हुई है। मनुष्य ने जब धरती और बीज के संबंध मे सोचा तब सारा ब्रह्मांड उसकी दृष्टि में था और जब उसने वि की उत्पति और विकास के संबंध मे सोचा तब धरती और बीज के बिबं उसकी आंखों में थे। जब उसने प्रकृति के संबंध में सोचा, तब जीवन के बिंब उसके पास थे और इसी प्रकार जब जीवन के संबंध में सोचा तब प्रकृति के बिंब उसके पास थे। इस प्रकार निरन्तर प्रक्रिया में मनुष्य के चिन्तन और ज्ञान का विकास हुआ।

बीज और वृक्ष संबंधी बिंब सम्पूर्ण भारतीय साहित्य, दर्शन और कला में व्यापक रुप से विधमान है। योगवासिष्ठ मे देह वृक्ष, संसार वृक्ष और ध्यान-समाधि वृक्ष का वर्णन है, रामचरितमानस में भी संसार वृक्ष का वर्णन है। अथर्ववेद में जीवात्मा और परमात्मा के स्वरुप की विवेचना पीपल की डाल पर बैठे दो पक्षियों के रुप में की गयी है और गीता मे प्रकृति और पुरुष की व्याख्या क्षेत्र और क्षेत्रज्ञ के रुप में हुई है। उपनिषदों ने वि की उत्पत्ति हिरण्यगर्भ से बतायी है, यथा सृष्टि के प्रारंभ में सर्वत्र अंधकार था, उस समय एक विशाल अंड प्रकट हुआ था जो संपूर्ण प्रजाओं का अविनाशी बीज था। पुराणों में सृष्टि के रचयिता ब्रह्मा स्वयं कमल से उत्पन्न होते हैं।

बीज सृष्टि का रहस्य है। उसमें एक से अनेक होने का संकल्प है तथा उसकी प्रक्रिया में प्रजनन का निरन्तरता है। यह वही संकलप है, जिसके संबंध मे उपनिषद कहते हैं, वे अपने अंग से ही अपने वंश का विस्तार कर लेते हैं। यहाँ एक महत्वपूर्ण तथ्य उल्लेखनीय है कि प्रकृति की गतियाँ परस्पर पूरक हैं। पक्षी पीपल, वट आदि का फल खाता है और बिना पचा हुआ बीज बीट के रुप ने जम जाता है। बिसखपरा के पत्ते और खत्तुआकी फली गाय भैंस खाती हैं तथा उनके गोबर के साथ वे बीज एक जगह से चल कर दूसरी जगह पहुचँ जाते हैं और बिखर जाते है। सेमल और आक के रुई वाले बीज हवा में उड़कर कोसों दूर पहुचँ कर अपना वंश-विस्तार करते हैं।

बीज की विविधता का संबंध मिट्टी की विविधता से और मिट्टी की विविधता का संबंध पानी की विविधता से है और इस बात से भी है कि वहाँ पानी और धरती का संबंध कैसा है पानी धरती को प्रभावित करता है और धरती पानी को प्रभावित करती है तथा दोनों मिल कर बीज को प्रभावित करते हैं तथा धरती-पानी के संबंध को मेघ प्रभावित करता है, मेघ को वायु प्रभावित करती है, वायु को ॠतु प्रभावित करती है और ॠतु को सूरज प्रभावित करता है। सूरज कालचक्र से नियन्त्रित है। धरती मेघ जल से ही तृप्त होती है इसलिए लोक मनीषा ने मेघ-जल को ॠतुदान के रुप मे देखा है और माना है कि मेध और धरती के बीच पति-पत्नी का संबंध है। बिना ॠतु के न बीज अंकुरित हो सकता है और न ही वृक्ष फल दे सकता है। सूर्य के ताप से जमीन में बीज बढ़ता है तथा फल और फसल पकती है। इस प्रकार एक प्राकृतिक घटना का दूसरी प्राकृतिक घटना के साथ गहरा तारतम्य है कि लोकमानस ने उसकी पृष्ठभूमि में अज्ञात सत्ता का आभास पाया है।

जिस प्रकार दिन रात से अलग सही हैं, जाड़ा गर्मी से अलग नहीं है, आज कल से अलग नहीं है, उसी प्रकार मनुष्य का जीवन धरती और बीज से अलग नहीं है और पशु पक्षियों का जीवन मानव जीवन से अलग नहीं है बीज और फल मनुष्य का भोजन है, वही अन्न है। अन्न ही प्राण है और उसी से रस, मांस और वीर्य बनता है,जिससे मनुष्य अपने वंश का विस्तार करता है। मानव सभ्यता का संपूर्ण ठाठ भोजन पर ही आधारित है, अन्न और उसके उत्पादन पर आधारित है। सामाजिक-आर्थिक संबंधो का आधार वही भोजन है। भोजन प्रकृति से मिलता है,इसलिये प्रकृति से मनुष्य के संबंध का आधार भी भोजन है। जब भोजन का स्वरुप बदलता है तब प्रकृति से मनुष्य का संबंध भी बदल जाता है और उसी के साथ मनुष्य के जीवन के प्रति दृष्टिकोण तथा आस्था-विश्वास भी बदल जाते हैं। यहाँ यह तथ्य उल्लेखनीय है कि मनुष्य और प्रकृति के संबंधो का माध्यम प्रौधोगिक है और यदि प्रौधोगिकी में भी परिवर्तन होगा तो संपूर्ण परिवेश उससे प्रभावित होगा क्योंकि एक परिवर्तन दूसरे परिवर्तन को जन्म देता है, जैसे जलाशय में एक लहर दूसरी लहर को जन्म देती है। इस प्रकार परिवर्तन की प्रक्रिया भी नित्य और निरन्तर है। धरती और बीज के अध्ययन से परिवर्तन की इस प्रक्रिया को भी लक्षित किया जा सकता है।

मनुष्य के मन पर भी उसके परिवेश का जो चित्र अंकित होता है, वह उसकी समग्र अभिव्यक्ति संपदा (शब्द, उपमा, प्रतीक, कहावत, मुहावरों आदि) में बिबिंत होता है और भाषा की संरचना में इन बिंबों की अनिवार्य भूमिका होती है। उदाहरण के लिये वृक्ष से पत्ता गिरा। पत् धातु का अर्थ है गिरना, अत: गिरने के कारण पत्र संज्ञा बनी। पत्र शब्द से पत्ता, पत्ती, पन्ही, पात, पतिया शब्द निष्पन्न हुए। पुराने जमाने में पत्रों पर सन्देश भी लिखे जाते थे, इसलिये पत्र शब्द का एक नया अर्थ विकसित हुआ चिट्ठी। सभ्यता के विकास की गति में पत्र शब्द और आगे बढ़ा तो प्रपत्र, परिपत्र, पत्रिका, पत्रा, समाचारपत्र, प्रमाणपत्र, नियुक्तिपत्र, शपथपत्र और अधिकारपत्र जैसे शब्द नये संदर्भों के साथ प्रस्तुत होते चले गए और इसी के साथ ताम्रपत्र, स्वर्णपत्र, रजतपत्र तथा लोहे की पत्ती आदि बने। चूँकि पुराने जमाने में पत्तों के बर्तन भी बनाये जाते थे, इसलिये पत्र से ही पात्र शब्द बना। पत्तल शब्द भी उसी कुनबे का है। बाद में पात्र शब्द स्वर्णपात्र, रजतपात्र के रुप मे. विकसित हुआ। पात्र में आधारत्व गुण होता है, इसलिये और आगे चल कर कुपात्र, सुपात्र तथा पात्रता जैसे बने। ढाक के तीन पात, पत्ता खटकना, पत्ता सींचना, पल्लवग्राही ज्ञान, पत्तातक न हिलना, पीले पत्ते की तरह निर्जीव होना, पीपल के पत्ते की तरह कांपना और इमली की पत्ती पर मौज करना इत्यादि मुहावरों में पत्तों के कुलगोत्रो की कहानी है। ऐसी ही कहानी तिल शब्द के परिवार की है। जहाँ बांस का वृक्ष लग जाता है, वहां ऐक से अनेक वृक्ष अपने आप पैदा होते चले जाते है बांस को काटा जाता है पर काटने से वह और अधिक उलहता है। इस वृद्धि को देख कर ही लोक मानस ने अपनी संतति-परंपरा के लिये वंश शब्द ग्रहण किया। उसके बाद इस अभिप्राय से जुङ्े वंशवृक्ष, वंशानुगत, वंशज, आनुवंशिकता जैसे शब्दों का विकास हुआ। फलना, फुलना, खिलना, हरी होना, कुम्हलाना, गदराना मँगराना, पकना, उगना, महकना, सूखना और छितरना आदि वानस्पतिक प्रक्रिया हैं और इन सभी क्रियाओं का प्रयोग मानवी-संदर्भों में भी प्रचलित है। बीज, अंकुर, ऐखुआ, जङ्, मूल, शाखा, दाना, सींक, काँटा, तिनका, फाँस, ठूँठ, स्कंध, पर्व, कांड, खेत जैसे हजारों वानस्पतिक शब्द लोकजीवन में अनन्य संदर्भों में कहे-सुने जाते हैं।

जिस प्रकार भाषा के विकास में बिंबों की महत्त्वपूर्ण भूमिका है, उसी प्रकार चिन्तन-प्रणाली का विकास भी बिंबों के माध्यमसे होता है। पर्वत की ऊँचाई पर वृक्षों को सींचने वाला कौन है, पर लोकविश्वास में यह राम का प्रताप ही है कि वे वृक्ष हरे-भरे दिखाई देते हैं। जब सारे वृक्ष-वनस्पति गर्मी के कारण झुलस जाते है,उस भयंकर लू और ताप में आक-जवास फलते और फूलते हैं। एक ही कूँड में दो सरकंडे उपजे। किसान ने उनमें से एक सरकंडे को अपने छप्पर में लगाया और दूसरे सरकंडे को छीलकर कलम बना दी, एक कूँड में दो सरकंडे अपने-अपने भाग। एक छील कें कलम बनायी एक छाई छप्पर छान।

बीज और वृक्ष के संबंध को देखकर ही लोकमानस ने सूक्ष्म से स्थूल की गति को पहचाना तथा कारण और कार्य के संबंध की जाना। धरती और बीज के बिंब ने उसे सृष्टि की उत्पत्ति और विकास की पहेली का उत्तर दिया। मनुष्य की उत्पत्ति भी बीज से ही होती है, बाप शब्द बपन् (बोना) धातु से निष्पन्न है।

बीज और फल के संबंध को देखकर ही लोकमानस ने जहाँ जीवन की निरन्तरता देखी, वहीं उसके आधार पर उसने कर्मफल के सिद्धान्त की रचना की, बोया पेड़ बबूल का आम कहाँ ते खाय। लोकजीवन ने जाना है कि ऐक ही जल मिट्टी और बीज के संयोग से नीम मे कडवा और आम, ईख तथा अंगूर में मीठा बन जाता है, मिर्च में वही तीस हो जाता है। वनस्पति की प्रकृति को देख कर ही उसने आनुवंशिकता के तत्त्व को पहचाना, नीम न मीठे होंय, सींच गुड़छी ते अथवा बूढ़ी होकर भी इमली खटाई नहीं छोड़ती। लोक-परंपरा में शरीर को वृक्ष के रुप में देखा गया है, तो लता को पुरुष पर आश्रित रहने वाली स्री के रुप में। मनुष्य का जीवन फूल की तरह है, जो धूप पड़ते ही कुम्हला जाता है। जीवन में सुख के साथ दुख लगा हुआ है, जो फूलता है वह कुम्हलाता भी है। एक दिन फल लगते हैं और एक दिन पतझड़ भी होता है। यह संसार काँटो की झाड़ी है। संसार के संबंध उसी प्रकार के है, जैसे वृक्ष पर पत्ते उगते हैं, झड़ते हैं और हवा उन्हें दूर उड़ा ले जाती है। इस प्रकार लोकमानस की पूरी चिन्तन-प्रक्रिया वानस्पतिक बिंबों से ओत-प्रोत है।

पीपल,तुलसी,वट जैसे वृक्ष देव-वृक्ष हैं और लोक-जीवन में उनकी पूजा-मान्यता प्रचलित है। वृक्ष पूजा का पूरा विधि-विधान है और उसके अध्ययन से जातीय स्मृतियों को पढ़ा जा सकता है।

इस प्रकार लोकपरंपरा में धरती और बीज का अध्ययन करते हुए हम देखते हैं कि एक ओर मानव की संपूर्ण सभ्यता का उदय और विकास धरती और बीज की प्रक्रिया संपूर्ण प्रकृति से जुड़ा है, वहीं दूसरी ओर धरती-बीज की प्रक्रिया संपूर्ण प्रकृति की गति से जुड़ी हुई है, मानव-बुद्धि ने प्रौद्योगिकी का विकास करके अनंत प्रकृति के बीच उसी प्रकार के एक कृत्रिम परिवेश का निर्माण किया है, जिस प्रकार मकड़ी अपने जाला बुनती है या बया घोंसला बनाती है। अन्तत: यह कृत्रिम परिवेश भी प्रकृति का ही रचना है, क्योंकि मनुष्य की वे प्रकृत्तियां (भूख, रक्षा, रति, जिज्ञासा, सिसृश्रा आदि) जो इसकी रचना करती है, मूल रुप से प्राकृतिक हैं। स्वंय मनुष्य उसी प्रकार प्रकृति की रचना है, जिस प्रकार वृक्ष-वनस्पति।

(राजेन्द्र रंजन चतुर्वेदी जी)-(धरती और बीज पुस्तक से)

जटायु और भीष्म.


जटायु और भीष्म.
(प्रवचन का अंश)

रावण ने जटायु के दोनों पंख काट डाले, तब काल आया और जैसे ही काल आया अर्थात मौत आई तो गीधराज जटायु ने कहा -- खवरदार! ऐ मौत! आगे मत बढ़ना। मैं मौत को स्वीकार तो करूँगा; लेकिन तू मुझे तब तक नहीं छू सकती, जब तक मैं, सीता जी की सुधि प्रभु श्री राम को नहीं सुना देता। जटायुजी मौत को ललकार रहे हैं और मौत छू नहीं पा रही है। दूर खड़ी हो कर, देख रही हैं। गीधराज जटायु ने कहा -- मैं मौत से डरता नहीं हूँ। तुझे मैं स्वीकार करूँगा; लेकिन मुझे तब तक स्पर्श नहीं करना, जब तक मेरे प्रभु श्री राम न आ जायँ और मैं उन्हें सीताहरण की गाथा न सुना दूँ।

महाभारत के भीष्म पितामह जो महान तपस्वी थे, नैष्ठिक ब्रह्मचारी थे, 6 महीने तक बाणों की शय्या पर लेट करके मौत के लिए प्रतीक्षारत रहें। आँखों से आँसू गिरते थे। भगवान कृष्ण जब जाते थे, तो मन ही मन हँसते थे; क्योंकि सामाजिक मर्यादा के कारण वहिरंग दृष्टि से उचित नहीं था; लेकिन जब जाते थे तो भीष्म के कर्म को देखकर मन ही मन मुसकराते थे और भीष्म पितामह भगवान कृष्ण को देखकर व्याकुल हो जाते थे और कहते “कन्हैया, मैं कौन से पाप का परिणाम देख रहा हूँ कि आज बाणों की शय्या पर लेटा हूँ। भगवान कृष्ण मन ही मन हँसते थे, वहिरंग दृष्टि से समझा देते थे, भीष्म पितामह को; लेकिन याद रखना वह दृश्य महाभारत का है, जब भगवान श्रीकृष्ण खड़े हुए हैं, भीष्मपितामह बाणों की शय्या पर लेटे हैं, आँखों में आँसू हैं, भीष्म के, रो रहे हैं। भगवान मन ही मन मुसकरा रहे हैं।

रामायण का यह दृश्य है कि गीधराज जटायु भगवान की गोद रूपी शय्या पर लेटे हैं, भगवान रो रहे हैं और जटायु हँस रहा हैं। वहाँ महाभारत में भीष्म पितामह रो रहे हैं और भगवान कृष्ण हँस रहे हैं, जबकि रामायण में जटायुजी हँस रहे हैं और भगवान राम रो रहे हैं। दृश्य में भिन्नता प्रतीत हो रही है कि नहीं? महाभारत का दृश्य हृदय विदारक हैं, वही रामायण का दृश्य आल्हादकारी।

अंत समय में जटायु को भगवान श्री राम की गोद की शय्या मिली; लेकिन भीषण पितामह को मरते समय बाण की शय्या मिली। जटायु अपने कर्म के बल पर अंत समय में भगवान की गोद रूपी शय्या में प्राण त्याग रहा है, रामजी की शरण में, राम जी की गोद में और बाणों पर लेटे लेटे भीष्म पितामह रो रहे हैं, मृत्यु की प्रतीक्षा में। ऐसा अंतर क्यों?

ऐसा अंतर इसलिए है कि भरे दरबार में भीष्म पितामह ने द्रौपदी की इज्जत को लुटते हुए देखा था, विरोध नहीं कर पाये थे। दुःशासन को ललकार देते, दुर्योधन को ललकार देते; लेकिन द्रौपदी रोती रही, बिलखती रही, चीखती रही, चिल्लाती रही; लेकिन भीष्म पितामह सिर झुकाये बैठे रहे। नारी की रक्षा नहीं कर पाये, नारी का अपमान सहते रहे। उसका परिणाम यह निकला कि इच्छा मृत्यु का वरदान पाने पर भी बाणों की शय्या मिली और कष्ट-साध्य यंत्रणा भोगते हुए, मृत्यु की प्रतीक्षा करते। वहीं गीधराज जटायु ने नारी का सम्मान किया, अपने प्राणों की आहुति दे दी, इसीलिए मरते समय भगवान श्री रामजी की गोद में शय्या मिली।

यही अंतर है, इसीलिए भीष्म 6 महीने तक रोते रहे, तड़पते रहे; क्योंकि कर्म ऐसा किया था कि नारी का अपमान देखते रहे और जटायु ने ऐसा सत्कर्म किया कि नारी का अपमान नहीं सह पाये, नारी के सम्मान के लिए अपने प्राणों की आहुति दे दी इसलिए बाबा तुलसीदासजी ने रामायण में लिखा हैं..

“जल भरि नयन कहत रघुराई।
तात करम ते निज गति पाई।।“

आज भगवान ने जटायु को अपना धाम दे दिया। तो जटायु को भगवान का धाम मिला, देव-रूप मिला और वे देव बन गये। इस प्रकार जटायु चतुर्भुज रूप धारण करके भगवान के धाम को प्राप्त हुए। कर्म फल की महानता का यह अनुपम उदाहरण हैं।

अपराधी को समान सजा देने की जरूरत नहीं.


अपराधी को समान सजा
देने की जरूरत नहीं.

चार जुआरी जुआ खेलते हुए पकड़े गये। उन्हें राजा के दरबार में पेश किया गया। राजा ने चारों को ध्यान से देखा और उन्हें चार तरह की सजा दी।

एक को छह महीने के लिए जेल भेजा। दूसरे को देश निकाला दिया। तीसरे का मुँह काला कराके शहर में घुमाया। चौथे को नजर भर देखा और कहा आप भी। इसके बाद उसे छोड़ दिया।

राजा से मंत्री ने पूछा एक ही अपराध के चार अपराधियों को चार प्रकार की सजायें क्यों? भेद भाव किस लिए?

राजा ने इसका उत्तर देने से पूर्व यह कहा, जाकर यह देखा जाय कि वे चारों क्या कर रहे हैं?

जिसे जेल की सजा हुई थी। वह वहाँ जाकर भी दूसरे उपकरणों के सहारे जेल में जुआ खेलता पाया गया। जिसे देश निकाला दिया था वह शर्म से मुँह न उठा सका और रात में ही बिना मित्रों से मिले अन्यत्र चला गया। उसका पता भी न लगा। जिसका काला मुँह कराया गया, वह जन संपर्क से दूर रहकर किसी बाग में रखवाली से आजीविका कमाने लगा। जिसे कोई सजा नहीं दी गई थी। उसे भारी आत्म ग्लानि हुई और उसने नदी में कूद कर आत्म हत्या कर ली।

राजा ने दरबारियों को दिखाकर यह कहा हर अपराधी को समान सजा देने की जरूरत नहीं है, उसका व्यक्तित्व भी परखा जाना चाहिए।

(अखंड ज्योति- 1/ 1991)

योगः कर्मसु कौशलम्.


योगः कर्मसु कौशलम्.

मानव जीवन की संरचना इस प्रकार हुई है कि उसे निरन्तर कार्यरत रहना पड़ता है। रात्रि को शरीर की उथली परत ही विश्राम करती है। भीतर के सभी तन्त्र अनवरत रूप से काम में जुटे रहते हैं। श्वास-प्रश्वास, रक्ताभिसरण, आकुंचन-प्रकुंचन, निमेष-उन्मेष आदि क्रम क्षण भर के लिए भी चैन नहीं लेता। मस्तिष्क की ऊपरी परत ही निद्रा का लाभ ले पाती है। अचेतन और सुपरचेतन दोनों ही परतें बिना विराम का नाम लिए जन्म से लेकर मरण पर्यन्त अपना काम करती रहती हैं। धड़कन एक क्षण के लिए रुक जाय तो जीवन लीला की समाप्ति ही समझनी चाहिए।

आहार, पाचन क्षमता का उत्पादन यह एक पूरा चक्र है। इसकी एक कड़ी कभी टूट जाय तो समझना चाहिए कि गाड़ी दल-दल में फँस गयी अथवा खाई में गिरकर उलट गयी। आहार से रक्त बनता है इसमें पेट आंतें आदि का परिश्रम तो मुख्य है ही, पर इसके अतिरिक्त अन्यान्य सभी अवयवों को श्रम करना पड़ता है। न किया जाय तो पाचन लड़खड़ा जायेगा और क्रिया शक्ति कुण्ठित होगी। जो हिस्सा निकम्मा पड़ा रहेगा वह जंग खाये पुर्जे की तरह क्षीण होता चला जायेगा। इसलिए जीवन व्यवस्था में कर्म को नितान्त आवश्यक माना गया है। खाली दिमाग तो शैतान की दुकान होता है। ठाली शरीर भी निस्तेज, दुर्बल और रुग्ण रहने लगता है।

मनुष्य समेत सभी जीव जन्तुओं को कार्यरत रहना अनिवार्य हो जाय, इसलिए प्रकृति ने उन्हें आहार जुटाने और वंश चलाने के दो कार्य ऐसे सौंपे हैं जिनके बहाने शरीर और मन को कुछ न कुछ ताना-बाना बुनना पड़ता है। भाग-दौड़ में निरत रहना पड़ता है। यह शरीर की निर्वाह श्रृंखला के साथ जुड़ी हुई कर्म व्यवस्था हुई। अन्य प्राणियों का काम इस दौड़ धूप से भी चलता रहता है पर मनुष्य इस स्तर से बहुत आगे है। उसकी अन्यान्य आवश्यकतायें तथा जिम्मेदारी भी है। और वे सभी ऐसी हैं जो बढ़ा-चढ़ा कार्य कौशल चाहती हैं। इसके लिए उसे अपने प्रकार के प्रशिक्षण प्राप्त करने पड़ते हैं और अतिरिक्त कार्यक्रम बनाने पड़ते हैं। शरीर का काम क्षुधा निवारण भर से नहीं चल पाता। वर्तमान संसार की उलझी हुई परिस्थितियों में सही तरीके से पार जाने के लिए विद्या, प्रतिभा, कुशलता, दूरदर्शिता आदि का संग्रह करना पड़ता है।

मनुष्य सामाजिक प्राणी है। उसका पूरा जीवन परिवार तथा समाज के साथ गुँथा हुआ है। इसमें पग-पग पर नीतिमत्ता, उदारता एवं जिम्मेदारी का प्रयोग करना पड़ता है। अनीति का प्रचलन भी कम नहीं है उसके दाँव पेंचों से अपने को बचाने एवं आक्रमणों से पीछा छुड़ाने के लिए अनेक प्रकार के दाँव पेंच समझने होते हैं। पेट प्रजनन तक सीमित न रहना हो, उन्नतिशील जीवन जीना हो, सन्तोष, उत्साह और उल्लास अर्जित करना हो तो वे कार्यक्रम भी अपनाने पड़ते हैं जिन्हें उत्कृष्ट एवं आदर्शमय कहते हैं।

मनुष्य यों सर्वत्र स्वतन्त्र मालूम पड़ता है। वह भले बुरे जैसे भी चाहे काम कर सकता है। इतने पर भी वह कृत्यों के परिणाम भुगतने के लिए प्रकृति व्यवस्था के अनुरूप बाधित है। अनेकानेक जिम्मेदारियों से बँधा हुआ है। कर्तव्यों के परिपालन से बाधित है। पशु-पक्षी प्रकृति प्रेरणा का अनुसरण करने मात्र से अपनी जीवनचर्या एक क्रमबद्ध ढाँचे के अनुसार पूरी कर लेते हैं। पर मनुष्य का काम इतने भर से नहीं चलता। उसे आत्मा की पुकार सुननी पड़ती है। सामाजिक अनुबन्धों का निर्वाह और वर्जनाओं का प्रतिपादन करना होता है। प्रशंसा और प्रतिष्ठा का ध्यान रखना होता है। निन्दा, भर्त्सना, उपहास से बचना होता है। मात्र शरीर ही नहीं परिवार का भरण-पोषण चरित्र स्तर एवं भविष्य बनाना होता है। यह सब कार्य अनायास ही नहीं हो जाते इनके लिए समुचित जागरूकता बरतनी पड़ती है और कठोर श्रम करना होता है। यह सारा परिकर मिलकर कर्त्तव्य बनता है। कर्त्तव्य पालन से ही उत्तरदायित्वों का निर्वाह होता है और जीवन सन्तोष व्यक्त कर सकने योग्य बनता है इसकी उपेक्षा करने वाले दुत्कारे जाते और जहाँ-तहाँ धिक्कार सहते हैं।

कर्त्तव्य को शास्त्रकारों की भाषा में धर्म कहा गया है। जो दायित्वों का ठीक तरह निर्वाह करता है वह धर्मात्मा है और जो उनकी अवज्ञा करता है वह अधर्मी है। धर्मात्मा पुण्य फल प्राप्त करके प्रत्यक्ष से सुखी रहते हैं और परोक्ष में स्वर्ग सन्तोष का लाभ लेते हैं। अधर्मियों के लिए प्रत्यक्षतः दुःख दुष्परिणाम सामने रहते हैं और परोक्ष में आत्म-प्रताड़ना का- विरोध विग्रह का नरक भुगतना पड़ता है।

आर्षजनों का अभिमत है कि कर्म ही ईश्वर पूजा है। यहाँ कर्म का अर्थ मात्र श्रम नहीं वरन् सत्कर्मों का अवलम्बन है। हर विवेकशील व्यक्ति के लिए उचित है कि वह आजीविका कमाते समय ईमानदारी का ध्यान रखे उसका व्यतिरेक न होने दे। खर्च करते समय समझदारी का उपयोग करे। ऐसा न हो कि अपव्यय अपनाया जाय और उसकी पूर्ति के लिए कुकृत्यों का आश्रय लिया जाय।

निजी जीवन शरीर और परिवार तक सीमित है। इसमें आजीविका उपार्जन और उसके उपयोग में औचित्य का समावेश तो प्रमुख है ही। साथ ही यह तथ्य भी जुड़ता है कि शरीर और सम्बद्ध परिकर में से कोई कुमार्गगामी न बनने पाये। इसके अतिरिक्त धर्म की दूसरी मंजिल आती है जिसे पुण्य या परमार्थ कहते हैं। यह सामाजिक प्रचलनों में औचित्य का अधिकाधिक समावेश करने- सत्प्रवृत्तियों को सींचने और कुप्रथाओं का उन्मूलन करने वाले कदमों को उठाने का प्रयास है। यह उतना ही आवश्यक है जितना शरीर और परिवार का निर्वाह। मनुष्य की प्रगति और अवनति बहुत करके समाज की सुव्यवस्था पर निर्भर है। वातावरण में गन्दगी भरती जा रही हो तो एक व्यक्ति की सज्जनता भी उस माहौल में जीवित न रह सकेगी। श्रेष्ठ वातावरण में सामान्य व्यक्ति की सज्जनता भी उस माहौल में जीवित न रह सकेगी। श्रेष्ठ वातावरण में सामान्य व्यक्ति भी सुधरने और उठने लगते हैं। मनुष्य समाज का ऋणी है। अधिकाँश सुविधायें उसे दूसरों के सहयोग से ही मिली हैं। यहाँ तक कि बोलना पढ़ना जैसी आरम्भिक योग्यतायें भी दूसरों के अनुग्रह से ही मिली हैं। ऐसी दशा में उसे अपने को समाज का ऋणी मानना चाहिए और उसे श्रेष्ठ समुचित बनाने का प्रयत्न करना अपना परम पवित्र कर्त्तव्य मानना चाहिए। यही पुण्य परमार्थ है। यही विराट ब्रह्म की यथार्थवादी सेवा पूजा है। इस प्रयोजन के लिए भी हमारी क्षमता का एक बड़ा अंश नियोजित रहना चाहिए।

नित्य कर्म में ईश्वर उपासना के लिए एक निर्धारित समय रहना चाहिए। आत्मा की श्रेष्ठताओं का समुच्चय परमात्मा है। हम उसके निकटतम पहुँचते जांय- घनिष्ठ तक बनते जांय, यही भजन भाव एक प्रकार का आध्यात्मिक व्यायाम माना जाना चाहिए। अन्तःकरण की पवित्रता अक्षुण्ण बनाये रहने के लिए यह आवश्यक है। जैसे मलीनता के शोधन हेतु शरीर को नहलाने, कपड़ों को धोना, कमरे को बुहारना, बर्तनों का माँजना आवश्यक है। इसी प्रकार ईश्वर की पवित्रता और प्रखरता का प्रभाव आत्मा पर अधिकाधिक आच्छादित करने के लिए हमारे नित्य कर्म में उपासना सम्मिलित रहनी चाहिए।

उपरोक्त सभी कर्त्तव्य कर्म एक से एक अधिक आवश्यक हैं। इनमें से एक की भी उपेक्षा नहीं होनी चाहिए और न ऐसा सोचना चाहिए कि किसी एक का पालन करने से काम चल जायेगा। मनुष्य जीवन का एक क्षण भी बेकार या बर्बाद नहीं होना चाहिए। खाली दिमाग शैतान की दुकान होती है और खाली समय मनुष्य के ऊपर पतन और पराभव थोपता है। इसलिए कर्त्तव्य कर्म में हमें निरन्तर संलग्न रहना चाहिए। व्यस्तता ही जीवन में श्रेय का समावेश करती है। जो भी काम हाथ के नीचे है उसे पूरी दिलचस्पी के साथ किया जाना चाहिए। उसे सही तरीके से पूरा करना, अपनी प्रतिष्ठा का प्रश्न मानना चाहिए। बेगार भुगतने की तरह आधे अधूरे मन या श्रम से किया हुआ काम हर दृष्टि से काना-कुबड़ा और फूहड़ होता है। उसका बाजारू मूल्य तो कम होता ही है साथ ही जिसने किया है उसे अनगढ़ माना जाता है। बया पक्षी कैसा सुन्दर घोंसला बनाता है। यह उसके मनोयोग का फल है उसमें रहकर सुखी तो वह पक्षी ही रहता है पर राह चलते दर्शक उसकी प्रशंसा करते जाते हैं। बेगार भुगतने के लिए कबूतर छितरे हुए तिनकों का फूहड़ घोंसला बनाता है। जरा-सी हवा चलते ही वह अण्डे बच्चों समेत जमीन पर आ गिरता है। बेचारे को दुबारा मेहनत करनी पड़ती है। साथ ही हँसी होने और गालियाँ पड़ने की बेइज्जती मुफ्त में ही होती रहती है। मनुष्य को अपने हर काम में कबूतर जैसे फूहड़पन न दिखाकर, बया जैसी मुस्तैदी दिलचस्पी का परिचय देना चाहिए। जिम्मेदारी के काम करने वालों पर वे अपने विषय में प्रवीण पारगत कहलाने लगते हैं।

गीताकार ने काम को कर्मयोग कहा है और इसे मनोयोग पूर्वक करने से योग सिद्धि की बात कही है। उस कथन में एक बड़ी मार्मिक बात यह है कि लाभ-हानि की चिन्ता न करके कर्म को परिपूर्ण श्रद्धा के साथ करना चाहिए। काम को आगा-पीछा सोचकर तो कना चाहिए पर करते समय खिलाड़ी की मनोवृत्ति रहनी चाहिए। खिलाड़ी बीसियों बार हारते जीतते रहते हैं पर मन भारी नहीं होने देते। दोनों ही स्थितियों में मुस्कराते रहते हैं। काम की सफलता अपने हाथ में नहीं। कई बार परिस्थितियां ऐसी बन पड़ती हैं कि समझदारी से काम करने पर भी असफलता सामने आ खड़ी होती है। यदि कर्ता की तबियत छोटी है तो वह हिम्मत हार बैठेगा और भविष्य में उससे कुछ करते-धरते न बन पड़ेगा। इसी तरह किसी प्रकार बन्दर के हाथ अदरक लग गया और स्वल्प प्रयास में बड़ी सफलता मिल गयी तो अहंकार का ठिकाना न रहेगा। और उस असन्तुलित मनःस्थिति के आगे ठोकर खायेगा। इसलिए गीताकार ने कर्मयोगी के लिए परामर्श दिया है कि वह सच्चाई के साथ किये गये कर्म को ही प्रसन्नता का परिपूर्ण माध्यम समझें। ऐसी मनःस्थिति होने पर सफलता के अहंकार और असफलता के पश्चात्ताप से बचाव हो जाता है। ऐसी सन्तुलित मनःस्थिति एक प्रकार की योग विभूति है। जब कर्म करने में ही अपनी पूर्ण प्रसन्नता मान ली गयी तो सफलता की राह नहीं जोतनी पड़ती और सच्चाई के साथ किया हुआ प्रत्येक कार्य अपने आप में सफलता देने वाली प्रसन्नता जैसा अनुभव होता है। ऐसी निरन्तर हालत में प्रसन्न रहने की विद्या जिसे हाथ लग गयी समझना चाहिए कि वह मन का विजेता हो गया और उन हाथों से जो भी काम होगा वह शानदार होगा इसका निश्चय हो गया।

यदि हमारे सभी कार्य लोक मंगल की दृष्टि से- कर्तव्य भावना की पूर्ति का लक्ष्य रखकर किये गये हैं तो उच्च भावना के अनुरूप पुण्य फलदायक ही होंगे। इन भावनाओं के रहते उनमें दुष्टता का समावेश नहीं हो सकता। कोई व्यावहारिक ज्ञान की कमी से त्रुटि रह भी जायगी तो उस कृत्य को दूषित नहीं कहा जायेगा। स्वार्थ बुद्धि से किया गया परमार्थ भी व्यवसाय बन जाता है। यह तथ्य जिसकी समझ में आ गया, उसका कर्त्तव्य परायण जीवन एक प्रकार से योगियों जैसा हो जाता है।

योग के कितने की प्रयोग उपचार हैं। उनमें से एक अति सरल और अति व्यावहारिक कर्मयोग है। उसमें स्वार्थ और परमार्थ दोनों सधते हैं। संसार की सेवा और आत्म-कल्याण दोनों का समान रूप से समावेश हो जाता है। निठल्ले बैठे रहना तो ऐसे भी किसी के लिए सम्भव नहीं प्रकृति किसी को ठाली बैठने नहीं देती और शरीर और मन की संरचना ही ऐसी ही है जिसमें कुछ न कुछ किये बिना काम ही न चले, चैन ही न पड़े। ऐसी दशा में समय काटने वाले निरुद्देश्य काम ज्यों-त्यों करके की अपेक्षा यही अच्छा है कि अपने हर काम में उच्च उद्देश्य का समावेश किया जाय तो उसे पूरी तन्मयता तथा तत्परता के साथ सम्पन्न किया जाय। कोई यह न समझे कि अधिक काम करने में व्यस्त रहने से शरीर या मन को क्षति उठानी पड़ेगी। कर्मयोगी की सन्तुष्टि एवं प्रसन्नता उसे हर क्षेत्र में प्रगतिशील एवं सम्पन्न बनाती है। इसलिए कर्म को धर्म समझकर उसे परिपूर्ण श्रद्धा के साथ करना ही श्रेयस्कर है।

(अखंड ज्योति- 6/ 1985)

रामकृष्ण परमहंस.


रामकृष्ण परमहंस.

रामकृष्ण परमहंस अपने शिष्यों के साथ टहलते हुए एक नदी के तट पर पहुँचे। वहाँ मछुआरे जाल फेंककर मछलियाँ पकड़ रहे थे। एक मछुआरे के पास स्वामी जी खड़े हो गये और शिष्यों से कहा- “तुम लोग ध्यान पूर्वक इस जाल में फँसी मछलियों की गतिविधि देखो।”

शिष्यों ने देखा कि कुछ मछलियाँ तो ऐसी हैं जो जाल में निश्चल पड़ी हैं उन्होंने निकलने की कोई कोशिश नहीं की, कुछ मछलियाँ निकलने की कोशिश तो करती रहीं पर निकल नहीं पाईं और कुछ जाल से मुक्त होकर पुनः जल में क्रीड़ा करने लगीं।

परमहंस ने शिष्यों से कहा-

“जिस प्रकार मछलियाँ तीन प्रकार की होती हैं उसी प्रकार मनुष्य भी तीन प्रकार के होते हैं। एक श्रेणी उनकी है जिनकी आत्मा ने बन्धन स्वीकार कर लिया है और इस भव-जाल से निकलने की बातें सोचती ही नहीं,

दूसरी श्रेणी ऐसे व्यक्तियों की है जो वीरों की तरह प्रयत्न तो करते हैं पर मुक्ति से वंचित ही रहते हैं और

तीसरी श्रेणी उन मनुष्यों की है जो चरम प्रयत्न द्वारा आखिर मुक्ति प्राप्त कर ही लेते हैं।”

परमहंस की बात समाप्त हुई जान एक शिष्य बोला- “गुरुदेव! एक चौथी श्रेणी भी है जिसका सम्बन्ध में आपने कुछ बताया ही नहीं।”

‘हाँ चौथी प्रकार की मछलियों की तरह ऐसी महान आत्माएं भी होती हैं जो जाल के निकट ही नहीं आतीं फिर उनके फँसने का प्रश्न ही नहीं उठता।’
(अखंड ज्योति- 6/ 1985)

समर्थ गुरु रामदास.


समर्थ गुरु रामदास.

समर्थ गुरु रामदास का जन्म हैदराबाद प्रान्त के जाम्ब गाँव में रामनवमी के दिन सन् 1608 में हुआ। उनका कार्यकाल सन् 1682 तक रहा। उनके पिता का नाम सूर्याजी पन्त था। उनने लगातार 36 वर्ष सूर्य उपासना गायत्री मन्त्र के साथ की थी। पुत्र को भी उन्होंने यही साधना बताई। समर्थ नित्य दो हजार सूर्य नमस्कार और गायत्री का मानसिक जप करते थे। हनुमानजी के प्रति उनकी सहज श्रद्धा थी। वे हनुमान की तरह ही राम-काज करना चाहते थे। वही किया भी।

संस्कारवान माता-पिता ही अपनी गोदी में उच्च आत्माओं को खिलाने का सौभाग्य प्राप्त कर पाते हैं। स्वयंभू-मनु, शतरूपा-रानी, कृष्ण-रुक्मिणी, अर्जुन-सुभद्रा जैसे अनेकों उदाहरण ऐसे हैं जिसमें पिता-माता के तपस्वी जीवन ने उन्हें सुसन्तति प्राप्त कराई। शकुन्तला, सीता, मदालसा के उदाहरण भी ऐसे ही हैं।

समर्थ बाल बैरागी थे। उन्होंने परिवार के सम्मुख आरम्भ में ही जीवनोद्देश्य प्रकट कर दिया और विवाह नहीं किया। आत्म-बल को अधिक प्रखर बनाने के लिए उन्होंने गोदावरी नन्दिनी नदियों के संगम पर टीकली स्थान पर बारह वर्ष तक तपश्चर्या की।

इसके उपरान्त वे धर्म प्रचार की पदयात्रा पर निकल पड़े। इस अवधि में उन्होंने हिमालय के कई स्थानों पर निवास किया और देवात्माओं से संपर्क साधा।

समर्थ को देश से पराधीनता का कलंक मिटाने और स्वतन्त्रता आन्दोलन को गतिशील बनाने का काम ऋषि सत्ता द्वारा सौंपा गया। वे आजीवन उसी प्रयोजन हेतु विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम अपनाते हुए संलग्न रहे।

उनने शिवाजी को महाराष्ट्र में- प्रताप को राजस्थान में और छत्रसाल को बुन्देलखण्ड में महाप्रभु प्राणनाथ के माध्यम से इस प्रयोजन के लिए कटिबद्ध किया। उनका प्रत्यक्ष और परोक्ष मार्गदर्शन किया। इन तीनों की पात्रता परखने के लिए कई कसौटियाँ लगाई और वे सब पर खरे उतरे। उन तीनों के द्वारा स्वतन्त्रता संग्राम को अग्रगामी बनाने तथा व्यापक वातावरण बनाने के लिए जो कुछ किया, उसका घटनाक्रम इतिहास के पृष्ठों पर भली-भाँति पढ़ा जा सकता है।

समर्थ का अधिकाँश समय परिभ्रमण और जन संपर्क में बीता। उनने जन-जन में स्वाधीनता की आकाँक्षा जगाई और नव चेतना का अलख जगाया। तीनों प्रमुख शिष्यों को अभीष्ट जन सहयोग उपलब्ध कराने के लिए उनने दूरगामी योजनाएँ बनाई और उन्हें पूरा करने में जुट गये। उनने 700 प्रमुख स्थानों पर सस्ती लागत के महावीर मन्दिर बनवाये। उनके सबके साथ व्यायामशालाएँ जुड़ी हुई थीं और सत्संग की नियमित व्यवस्था जोड़ी गई। इसका प्रतिफल यह हुआ कि इन देवालयों के संपर्क में व्यायामशाला या सत्संग के माध्यम से प्रभावित होने वाले व्यक्ति स्वतन्त्रता आन्दोलन की आवश्यकता पूरी करने में लगे रहे। शस्त्र, सैनिक और अर्थ-व्यवस्था इन देवालय केन्द्रों द्वारा एकत्रित करके प्रमुख मोर्चे पर भेजी जाती थी।

समर्थ की माता अन्धी हो गई थी। यह समाचार उनने सुना तो घर गये और माताजी के कष्ट का उपचार पूरा होने तक घर ही रहे। परिवार के प्रति सद्भावना रखने से वे विमुख नहीं हुए।

प्रचार एवं संगठन के निमित्त वे हर वर्ष ‘चाफल’ गाँव में रामनवमी के दिन एक बड़ा समारोह करते थे। संपर्क का उत्साह ठण्डा न पड़ जाय, इसके लिए उन सबको एक जगह एकत्रित करके सामूहिकता का वातावरण बनाना भी उन्हें आवश्यक लगा। आरम्भिक दिनों में उसका सारा खर्च उनके प्रधान शिष्य छत्रपति शिवाजी उठाते थे। पीछे समर्थ ने इसे अनुपयुक्त समझा और घर-घर से अन्न एकत्रित करने की एक नई शैली अपनाई।

इस बहाने संपर्क भी सधता था और सम्मिलित होने के लिए आग्रहपूर्वक निमन्त्रण भी किया जाता। इस उपाय को अपनाते ही उपस्थिति हर वर्ष बढ़ने लगी और वह समारोह एक बड़े धार्मिक मेले के रूप में विकसित होने लगे। एक वर्ष का प्रचार कार्य जितना उद्देश्य पूरा करता था, उतना ही इस एक समारोह से पूरा होने लगा।

समर्थ ने इन सब कार्यों के बीच अपना साहित्य सृजन कार्य भी जारी रखा। उनकी रचनाओं में “दास-बोध” को सर्वोत्तम समझा जाता है। महाराष्ट्र में उसे उतना ही सम्मान प्राप्त है, जितना कि उत्तरप्रदेश में रामायण को। दासबोध के अतिरिक्त भी उनने आत्माराम-मनचिश्लोक- पंचभान, मान पंचक, पंजीकरण बोध, करुषाष्टक आदि पुस्तकों का सृजन किया।

समर्थ के समकालीन सन्त तुकाराम भी थे। उनकी भी उस समय बड़ी ख्याति और मान्यता थी। उनने अभंग रचे। पण्डितों द्वारा ऐसी रचना का निषेध करने पर उनने वे रचनाएँ नदी में फेंक दी पर ये प्रभु कृपा से कुछ ही समय में तैरती हुई तुकाराम के निवास तक जा पहुँची एवं उन्हें सबकी मान्यता मिली। वे गृहस्थ थे। पत्नी द्वारा गन्ने से पीटने और उनके हँसते रहने की कथा प्रख्यात है। सन्त तुकाराम ने भी धर्म प्रचार से स्वतन्त्रता की पृष्ठभूमि बनाने का ही काम किया। उनका समर्थ के कामों में पूरा योगदान था।

समर्थ गुरु रामदास के अनेकों सिद्धि चमत्कार प्रसिद्ध हैं। एक बार उन्होंने शिवा से सिंहनी का दूध मँगाया था वह सिंहनी उन्हीं की मानसिक सृष्टि थी। कइयों को उनने मृतक से जीवित किया था।

शिवाजी ने अपने राज्य सिंहासन पर भरत की तरह समर्थ की चरण पादुकाएँ स्थापित की थीं और राज्य का स्वामित्व उन्हीं का माना था। राणा प्रताप जी मेवाड़ के राज्य को एकलिंग का मानते थे। मुनीम रहकर काम करने की यह पद्धति त्याग और कर्त्तव्य पालन की दृष्टि से एक उच्चकोटि की प्रक्रिया है।

सन् 1682 में उनका स्वर्गवासी हुआ। राम नाम का जयघोष करते हुए उनने प्राण त्यागे। मरण समय निकट आया जानकर वे एकान्त सेवन करने लगे थे और प्रातःकाल थोड़ा दूध ही सेवन करते थे।

उनका सारा जीवन देश की स्वतन्त्रता का ताना-बाना बुनने में ही गया। इस प्रयास के समय दिल्ली की बादशाहत जो महाराष्ट्र एवं दक्षिण भारत पर भी कब्जा करना चाहती थी पश्त हिम्मत होती और सीमित दायरे में सिकुड़ती चली गई।

सूक्ष्म शरीर से समर्थ के कार्य- जिस प्रकार कबीर ने अपने जीवन काल में तथा मरणोत्तर काल में निर्धारित लक्ष्य को पूरा करने के लिए प्रयास जारी रखे, उसी प्रकार समर्थ ने भी सूक्ष्म शरीर के प्रयत्न कार्य सीमित ही कर सके, जिन्हें इतिहासकारों ने उनकी जीवन गाथा में लिपिबद्ध किया है। पर वे कार्य अगणित हैं जिन्हें वे जीवन काल में सूक्ष्म शरीर के द्वारा दूरदर्शी लोगों को भी अंतःप्रेरणा देकर करते रहे और मरने के उपरांत नया जन्म मिलने तक की मध्यावधि में और भी अच्छी तरह-और भी व्यापक क्षेत्र में सम्पन्न करते रहे।

उनकी सूक्ष्म प्रेरणा से बाजीराव पेशवा, तात्या टोपे, लक्ष्मीबाई रानी आदि कितने ही महाराष्ट्रियन स्वतन्त्रता संग्राम के लिए प्राणों की बाजी लगाकर लड़ते रहे।

सन्त समुदाय में उन्होंने दक्षिण भारत में सन्त त्यागराज खड़े किये। जिन्होंने उस क्षेत्र में धर्म प्रचार के साथ-साथ समर्थ का काम भी किया। इसके अतिरिक्त भी और भी कितने ही उनके अनुयायी प्रत्यक्ष एवं परोक्ष रूप से उनकी जलाई ज्वाला के ईंधन बनते रहे। उनके न रहने के उपरान्त स्वतंत्रता की लड़ाई अगणित ज्ञात और अविज्ञात आत्माओं द्वारा लड़ी जाती रही। और चेतना धीमी नहीं पड़ी वरन् दिन-दिन प्रदीप्त होती गई। उनका प्रयास काँग्रेस आन्दोलन में विकसित होता गया और लोकमान्य तिलक जैसी प्रतिभाएँ उन्हीं की जोती बोई भूमि में विशाल वृक्ष बनकर पल्लवित हुईं।

(अखंड ज्योति- 6/ 1985)

मंत्र शक्ति का उद्गम स्त्रोत.


मंत्र शक्ति का उद्गम स्त्रोत.

यज्ञ प्रक्रिया में ज्ञान एवं विज्ञान के सभी स्त्रोत विद्यमान हैं। ज्ञानपक्ष के द्वारा यज्ञीय दर्शन एवं प्रेरणाओं को हृदयंगम करने एवं उदात्त-जीवन जीने की प्रेरणा मिलती है। जबकि विज्ञानपक्ष द्वारा शक्ति सामर्थ्य अर्जित की जाती है। वातावरण संशोधन, रोगनिवारक, स्वास्थ्य संरक्षण एवं संवर्धन, पर्यावरण संतुलन इसी के अंतर्गत आते हैं। यज्ञों के उस वैज्ञानिक, उपयोगी प्रारूप को देने में मूलभूत शक्ति कौन-सी काम करती है, यह कम ही जानते हैं।

सर्वविदित है कि बिना शब्द शक्ति की ऊर्जा के यज्ञ का प्रयोजन अधूरा ही रहता है। मात्र वनौषधि यजन से यदि यह लक्ष्य पूरा होता तो इसे किसी याँत्रिक संयंत्र द्वारा पूरा कर लिया जाता। यज्ञ में सन्निहित शक्ति एवं परिणति का आधार है मंत्र एवं यज्ञ दोनों मिलकर यजन प्रक्रिया को सफल बनाते हैं। मंत्रों के सही गायन एवं सुपात्र याज्ञिक के अभाव में वह कृत्य मात्र कौतूहल भर बन कर रह जाता है।

मंत्रों में चार प्रकार की शक्तियां पाई गई हैं- (1) प्रामाण्य शक्ति (2) फलप्रदायक शक्ति (3) बहुलीकरण शक्ति (4) अध्यात्म शक्ति। इन चारों ही शक्तियों के समन्वय एवं योगदान से यज्ञायोजन का समग्र लाभ मिलता तथा चमत्कारी प्रभाव पड़ते देखा गया है।

महर्षि जैमिनी रचित पूर्ण मीमाँसा के अनुसार मंत्रों में जो अर्थ, शिक्षा, संबोधन एवं प्रेरणा सन्निहित है जिसके द्वारा मनुष्य को अपने कर्तव्यों का ज्ञान मिलता है तथा सद् मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिलती है वह उसकी प्रामाण्य शक्ति है। परोक्ष में यही वह देव शक्ति है जो यजन कर्ता को सूक्ष्म रूप से सदाचरण एवं परमार्थ पथ पर चलने की प्रेरणा देती है। विज्ञान द्वारा सिद्ध है कि विचारों का कभी अन्त नहीं होता। आह्वान जिन भी विचारों का किया जाता है, वे ही चिन्तन के आधार बनते और उसके अनुरूप ही गतिविधियाँ चलती हैं। सत् चिन्तन एवं अनैतिक चिन्तन का यही आधार है। यज्ञीय वातावरण में मंत्र के माध्यम से श्रेष्ठ विचारों का स्फोट किया जाता है जो यज्ञ ऊर्जा के सान्निध्य में पहुँचकर और भी सूक्ष्म हो जाते हैं तथा अंतरिक्ष में फैल जाते हैं। अपने अनुरूप ही विचारों को अंतरिक्ष से संकलित करके पुनः यजन कर्ता के निकट पहुँचते हैं। अपने उद्गम स्त्रोत में पहुँचकर वे और भी अधिक सशक्त एवं समर्थ बन चुके होते हैं। यज्ञीय ऊर्जा में मंत्र शक्ति से निकले शक्तिशाली विचार यजन कर्ता के चारों ओर छाये रहते हैं। फलतः वह तो लाभान्वित होता ही है निकटवर्ती अन्य व्यक्ति भी प्रभावित होते हैं। यह अनुभूति सत्य है कि जहाँ कहीं भी यज्ञायोजन होते हैं, वहाँ का वातावरण दिव्य बना रहता है। देव तत्वों की वहाँ बहुलता होती है। जिसके कारण एक नास्तिक भी यदि वहाँ पहुँचे तो वह भी अपने अन्तःकरण में एक विचित्र आह्लाद एवं आनन्द का अनुभव करता है। वह अपनी संकीर्णता भूल जाता है। सहयोग, सेवा एवं उदारता की उमंगें उसके अन्तः में भी उभरने लगती हैं। यह मंत्र में सन्निहित प्रामाण्य शक्ति का ही प्रभाव है जिसके कारण इस प्रकार की वैचारिक दिव्य प्रेरणाऐं हर किसी के हृदय में उठने लगती हैं। यज्ञीय ऊर्जा में यह शक्ति और भी अधिक बढ़ जाती तथा चमत्कारी परिणाम प्रस्तुत करती है। वातावरण संशोधन, अनुकूलन, रोग निवारण, स्वास्थ्य संवर्धन का यह वह पक्ष है जो परोक्ष में मनुष्य आचार नियमों के पालन करने, संयम में आबद्ध होने की शक्ति देता है मंत्र शक्ति का यह सूक्ष्म और वैचारिक पक्ष है पर अन्य स्थूल पक्षों की तुलना में अधिक सशक्त और वैज्ञानिक है।

मंत्र की दूसरी शक्ति है फल प्रदान करने वाली। जिसके द्वारा हवन में प्रयुक्त होने वाली वस्तुओं को संस्कारित किया जाता है तथा प्राणवान बनाया जाता है। कुशा, हवि, चरु आज्य, कुण्ड, समिधा, यज्ञ पात्र आदि मंत्र की सूक्ष्म प्राण शक्ति से अभिमंत्रित होते हैं। वे किस प्रयोजन के लिए प्रयुक्त हो रहे हैं, इस आधार पर ही मंत्रों द्वारा उन्हें अभिमंत्रित किया जाता है। उनमें अभीष्ट लक्ष्य की पूर्ति के योग्य ही संस्कार दिए जाते हैं। लक्ष्य परिशोधन का भी है। वस्तुओं एवं पदार्थों पर भी अपने उद्गम स्त्रोत के संस्कार पड़े रहते हैं। उन्हें परिशोधित एवं पवित्र करने की आवश्यकता पड़ती है। विभिन्न प्रकार के मंत्रों का प्रयोग इसलिए किया जाता है कि स्थान आदि से जुड़ी अपवित्रता को दूर करना। अभीष्ट प्रयोजन के लिए मंत्रोच्चार द्वारा पवित्र एवं संस्कारित करके योग्य बनाना, तभी यज्ञ के निर्धारित प्रयोजन की आपूर्ति सम्भव हो पाती है।

मंत्र की तीसरी शक्ति बहुलीकरण शक्ति है। यह सूक्ष्मीकरण के सिद्धान्त पर आधारित है। देव पूजन में थोड़ी मात्रा में चन्दन, अक्षत, पुष्प, नैवेद्य आदि चढ़ाया जाता है। देवताओं का आकार एवं विस्तार अधिक है। ऐसी स्थिति में उनकी तुष्टि एवं तृप्ति इन थोड़ी वस्तुओं से किस प्रकार होती है, यह सन्देह अधिकाँश के मन में उठता है। स्पष्ट है कि देवता व्यक्ति नहीं शक्ति होते हैं। उनके स्वाप भी स्थूल न होकर सूक्ष्म होते हैं। उन्हें सूक्ष्म आहार ही अभीष्ट होता है। देवशक्तियाँ सूक्ष्म ब्रह्मांड में फैली हैं। उन्हें पोषण देने आकर्षित करने के लिए वस्तुओं की सूक्ष्म विशेषताओं के साथ मंत्रों की विशिष्ट प्रक्रिया द्वारा स्फोट कराया जाता है। फलतः थोड़ी मात्रा में चढ़ायी हुई वस्तु भी सूक्ष्म होकर अधिक सामर्थ्यवान बन जाती है। देवत्व परिपोषित एवं परिपुष्ट होकर अपने अनुदानों की वर्षा करता है। यही बात हवन में प्रयुक्त होने वाली वनौषधियों के सम्बन्ध में लागू होती हैं। होमियोपैथी के ज्ञाता जानते हैं कि वस्तुएं सूक्ष्मीकृत होकर अधिक शक्तिशाली बन जाती हैं। अधिक पोटेन्सी वाली होमियोपैथिक औषधियाँ अधिक सूक्ष्मीकरण के सिद्धान्त द्वारा ही विनिर्मित होती हैं। प्रयोग कर्ता के ऊपर इनका शीघ्र तथा चमत्कारी प्रभाव पड़ता है। यज्ञ अग्नि में वनौषधियों सूक्ष्मीकृत होकर शीघ्र तथा अधिक प्रभावकारी सिद्ध होती हैं। इनकी प्रतिक्रिया भी व्यापक स्तर पर होती है। मंत्र की बहुलीकरण शक्ति द्वारा यज्ञ में प्रयुक्त होने वाली वस्तुओं पर स्फोट किया जाता है। यह प्रक्रिया वैसी ही है जिस प्रकार पारमाण्विक ऊर्जा प्राप्त करने के लिए परमाणु को तोड़ने की। इस प्रक्रिया द्वारा होमीकृत वस्तुओं की सामर्थ्य तो बढ़ती ही है, प्रभाव भी व्यापक क्षेत्र में पड़ता है। जीव, जन्तु, वृक्ष, वनस्पति सभी लाभान्वित होते हैं। वातावरण संशोधन एवं अनुकूलन का प्रयोजन पूरा होता है।

मंत्र की चौथी अयातयाम अथवा अध्यात्म शक्ति वह है जो किसी विशेष व्यक्ति द्वारा विशेष स्थान पर विशेष उपकरणों से पैदा होती है। विश्वामित्र ऋषि ने गायत्री तत्व की साधना को पूरी तन्मयता एवं विधि-विधान के साथ लम्बे समय तक किया फलस्वरूप गायत्री के मंत्र दृष्टा बने। विशिष्ट साधना निश्चित समय निश्चित स्थान एवं एक निर्धारित विधि द्वारा किए जाने पर चमत्कारी परिणाम प्रस्तुत करती है। साधना में प्रयोग किए जाने वाले पात्र एवं स्थान भी तप की ऊर्जा से असाधारण रूप से प्रभावित होते हैं। ऐसे ही स्थान तीर्थ, सिद्धपीठ, शक्ति पीठ बनते हैं। साधना में प्रयुक्त होने वाले पूजा पात्र माला आदि भी मंत्र शक्ति से अभिपूरित होते हैं तथा अभीष्ट प्रयोजन की पूर्ति में सहायक सिद्ध होते हैं।

प्राचीन काल में इस आध्यात्मिक अयातयाम शक्ति का असाधारण महत्व था और इस बात का पूरा-पूरा ध्यान रखा जाता था कि विशिष्ट साधना में प्रयुक्त होने वाले पात्रों का उपयोग अन्य किसी कार्य के लिए न किया जाय। इससे उनकी पवित्रता एवं शक्ति बनी रहती है। यह विधान भी है कि उपासना, साधना अथवा यज्ञ में काम आने वाले विभिन्न पात्रों का प्रयोग मात्र उसी प्रयोजन तक सीमित रखा जाय। कल्प सूत्रों की मर्यादा है कि निर्धारित कर्मकाण्ड समाप्त हो जाने पर उसका बचा हुआ द्रव्य, यातयाम, निर्वीय हो जाता है। कारण यह है कि उन पदार्थों को जिस उद्देश्य से अभिमंत्रित किया गया था वे उस उद्देश्य से भिन्न प्रयोजन के उपयुक्त नहीं है। यही कारण है कि विभिन्न कर्मकाण्डों के उपरान्त बचे द्रव्य आदि को नदी आदि में प्रवाहित कर देने का विधान है।

वस्तुएं ही नहीं व्यक्ति भी मंत्र की अयातयामता शक्ति से अभिपूरित होते हैं। ताँत्रिक, अघोरी, अपनी क्रियाओं में दक्ष होते हैं पर वे अन्य कोई कर्मकाण्ड नहीं करा सकते इसी प्रकार यज्ञ आदि कराने वाले आचार्य भी पात्रता को उसके अनुरूप विकसित कर लेते हैं। तभी यज्ञायोजन का अभीष्ट लाभ पूरा हो पाता है। विभिन्न कर्मकाण्ड अथवा यज्ञायोजन के लिए अभीष्ट पात्रता का अभाव हो तो भी उसकी उतना लाभ नहीं मिल पाता यही कारण है कि शास्त्र निर्देश देते हैं कि सुपात्र, योग्य आचार्यों से ही यज्ञायोजन आदि का कृत्य कराना चाहिए। सर्वविदित है कि गुरु वशिष्ठ ब्रह्मज्ञानी थे। योग्यता भी कम नहीं थी। पर राजा दशरथ को पुत्रेष्टि यज्ञ कराना हुआ तो शृंगी ऋषि को बुलाना पड़ा। ऋषि वशिष्ठ पुत्रेष्टि यज्ञ को करा सकने में अक्षम थे। शृंगी ऋषि द्वारा पुत्रेष्टि यज्ञ कराये जाने पर ही अभीष्ट लक्ष्य की पूर्ति हुई।

मंत्रों में सन्निहित चारों शक्ति या मंत्र को समग्र एवं अभीष्ट प्रयोजनों की पूर्ति के लिए समर्थ बनाती हैं। यज्ञायोजन की सफलता मंत्र शक्ति के ऊपर ही निर्भर करती है। किस शक्ति का किस प्रकार लाभ उठाया जाय, इसके लिए यज्ञ के विभिन्न मर्यादाओं का पालन करना होता है। विविध कर्मकाण्ड दिखते भर सामान्य हैं। उनमें प्रत्येक अपने में विशेषताओं को समेटे हुए है। प्रत्येक के वैज्ञानिक आधार एवं एक निश्चित लक्ष्य है। मर्यादाओं का भली-भाँति पालन किया जा सके मंत्र में सन्निहित चारों शक्तियों का बोध हो सके तो शब्दशक्ति के माध्यम से यज्ञ प्रक्रिया का ठीक प्रकार से लाभ उठाया जा सकता है। आवश्यकता यज्ञ प्रक्रिया में प्रयुक्त होने वाले एक-एक मंत्र की सूक्ष्म वैज्ञानिक विशेषताओं को समझने भली-भाँति हृदयंगम करने की है इस कार्य पर वैज्ञानिक शोध तो अनिवार्य है ही, श्रद्धा पूर्वक मंत्रों का सुनियोजन कर यदि यजन संभव हो सके तो वे सभी लाभ उठाए जा सकते हैं, जिनका शास्त्रों में वर्णन है।

(अखंड ज्योति- 6/ 1985)

चरित्रनिष्ठा की परख.


चरित्रनिष्ठा की परख.


पुरन्ध्र एक सद्-गृहस्थ था। परिवार के सभी सदस्य नीति धर्म और कर्त्तव्य का पालन करते। घर में न कोई कमी थी न शोक-सन्ताप। सज्जनों के बीच उसकी अच्छी प्रतिष्ठा थी।

पाप से यह न देखा गया। वह उस परिवार के इर्द-गिर्द चक्कर काटता रहा किसी के मन में दुर्भावना पनपाये ओर किसी के आचरण में दुष्प्रवृत्ति बढ़ाये। पर सफलता न मिली। बहुत दिन उसे ऐसे ही बीत गये।

प्रयत्नों की निष्फलता पर पाप देव खिन्न बैठे थे। दुःख का करण उनकी पत्नी दरिद्रता ने पूछा, तो व्यथा कह सुनाई। पत्नी ने पति की प्रसन्नता के लिए एक कुचक्र रचा और उनके कान में कह दिया। पाप की बाछें खिल गईं, वे दूसरे दिन स्वयं ब्राह्मण और पत्नी को युवा कन्या का वेष बनाकर पुरन्ध्र गृह की ओर चल पड़े।

ब्राह्मण ने पुरन्ध्र से कहा- मुझे तुरन्त लम्बी यात्रा पर जाना है। मार्ग भयंकर है। रातों रात चलना पड़ेगा। आप कन्या को अपने पास रख लें। लौटने पर इसे ले जाऊँगा।

पुरन्ध्र ने अतिथि धर्म निभाया और सहज स्वभाव उस अनुरोध को स्वीकार कर लिया। कन्या परिवार के सदस्यों की तरह रहने लगी।

कन्या ने पुरन्ध्र से संपर्क बढ़ाना आरम्भ किया। वार्तालाप से लेकर समीप बैठने और कामों में हाथ बटाने का सिलसिला चल पड़ा ब्राह्मण लौटा नहीं।

काना-फूसी चली, सन्देह पनपे, आक्षेप लगे। परिवार का स्नेह सौजन्य घटा और अश्रद्धा बढ़ गई। फलतः कुटुम्ब में फूट पड़ी, सहयोग सद्भाव की कमी से व्यवस्था लड़खड़ाने लगी, पास-पड़ौस में प्रशंसा के स्थान पर निन्दा होने लगी।

पुरन्ध्र ने स्वप्न देखा कि सौभाग्य लक्ष्मी रूठकर जा रही है। अनुनय विनय उनने सुनी ही नहीं।

कुछ समय बाद दूसरा स्वप्न आया- यश लक्ष्मी के विदा होने का। रोका तो, पर रुकी ही नहीं। तीसरी बार के स्वप्न में कुल लक्ष्मी ने भी बिस्तर बाँधा और वह भी विदा हो गई। जाने वाला रुकता भी कहाँ है?

परिवार हर दृष्टि से जर्जर होता जा रहा था। पुरन्ध्र चिन्तित रहने लगे पर करते भी क्या? ब्राह्मण की धरोहर को कहाँ फेंक दें। उनके मन में कोई पाप नहीं था। बालक हँसता हुआ पास आये तो उसे झड़का कैसे जाय? लोकापवाद एक ओर- कर्तव्य दूसरी ओर। उनने सभी घाटे सहकर भी कर्तव्य धर्म के निर्वाह को उचित समझा और ब्राह्मण के न लौटने तक कन्या को घर में आश्रय देने दिये रहने का ही निश्चय रखा।

एक रात को स्वप्न में धर्म को देखा और वे भी चलने की तैयारी में थे। अब पुरन्ध्र से न रहा गया, वे कड़क कर बोले। सौभाग्य लक्ष्मी, यश लक्ष्मी, कुल लक्ष्मी को मैंने इसलिए नहीं रोका कि धर्म मेरे साथ है तो अकेले रहने पर भी मैं बहुत हूँ। वे भ्रम-वश गईं पर आप तो घट-घट के ज्ञाता हो, मैं कर्तव्य पर दृढ़ हूँ तो आप मुझे किस कारण छोड़ते हैं।

धर्म के पैर रुक गये। उनने जाने का विचार छोड़ दिया- “ठीक है, तुमने मुझे नहीं छोड़ा तो मैं ही तुम्हें क्यों छोड़ूँगा।” वे ठहर गये तो कुल लक्ष्मी, भाग्य लक्ष्मी और यश लक्ष्मी भी लौट आईं।

पाप परास्त हो गया। वह ब्राह्मण रूप में आया और कन्या बनी हुई पत्नी को साथ लेकर खिन्न मन से परास्त हो वापस लौट गया। स्थिति फिर पूर्ववत् हो गईं। अंततः नीतिमत्ता की- ब्राह्मण की निष्ठा की विजय हुई।


(अखंड ज्योति- 6/ 1985)

योग में सिर्फ 84 मूल आसन ही क्यों होते है?


योग में सिर्फ 84
मूल आसन ही क्यों होते है?
(सद्गुरु जग्गी वासुदेव)

योग विज्ञान के अनुसार शरीर में 112 चक्र और 112 ध्यान के तरीके होते हैं, लेकिन मूल आसन सिर्फ 84 होते हैं। जानते हैं कि कैसे ये ब्रह्माण्ड की रचना से जुड़ा है।

एक वैज्ञानिक हैं जिन्होंने एक किताब लिखी है जिसका शीर्षक है – अंतहीन ब्रह्मांड। विज्ञान की दुनिया में यह किताब बहुत मशहूर हुई। मुझे एक बार उनके विज्ञान के शो में शामिल होने का मौका मिला। उन्होंने अपने उस खास सत्र को नाम दिया था – ‘बियोंड बिग बैंग।’ अभी तक वैज्ञानिकों का मानना था कि अरबों साल पहले एक बड़ा धमाका हुआ, जिसके प्रभाव से ही ये सारे ग्रह बने, यह ब्रह्मांड बना। लेकिन अब वे कह रहे हैं कि ऐसा सिर्फ एक ही धमाका नहीं हुआ है, बल्कि बहुत सारे धमाके हुए होंगे।

मैं इस विज्ञान के विस्तार में नहीं जाऊंगा, लेकिन मेरे लिए यह दिलचस्प बात है कि ये सिद्धांत उसी तरह की बातें करने लगे हैं, जैसी बातें योगिक कथाओं में कही जाती हैं। यह कुछ ऐसा है, जो हम हमेशा से अपने भीतर जानते हैं। वैज्ञानिक धीरे-धीरे न केवल योग विद्या के बारे में बातें कर रहे हैं, बल्कि उन रूपों और आकारों की व्याख्या भी कर रहे हैं, जिन्हें हम हमेशा से पवित्र मानकर पूजते रहे हैं।

ब्रह्माण्ड के सिरे तक क्यों नहीं पहुँच सकते?

योगिक सिस्टम में हम यह नहीं मानते कि आप इस ब्रह्मांड में बाहर जाकर वहां मौजूद हर एक चीज की खोज कर सकते हैं। यह एक ऐसा मत है जिसे अब वैज्ञानिक भी मानने लगे हैं। जब कोई वैज्ञानिक इस ब्रह्मांड को अंतहीन कहता है, तो दरअसल वह यह कह रहा है कि आप इसके बारे में कभी पूरी तरह पता नहीं लगा पाएंगे कि यह क्या है। ब्रह्मांड की हर एक चीज पर एक ही मूल सिद्धांत(नियम) लागू होता है और वह है प्रकाश की गति। यही वह अधिकतम गति है, जिस गति से आप चल सकते हैं। अगर आप प्रकाश के मुकाबले कम गति से चलते हैं तो जैसे ही आप ब्रह्मांड के एक सिरे से दूसरे सिरे पर पहुंचेंगे, तब तक यह और तेजी से फैल चुका होगा। ऐसा कोई तरीका ही नहीं है, जिससे आप इसकी पूरी दूरी तय कर सकें। इसी वजह से हम इसे अंतहीन ब्रह्मांड कह रहे हैं। यह कुछ ऐसी बात है जिसे हजारों साल पहले भी कहा जा चुका है।

ब्रह्माण्ड को जानने का तरीका क्या है?

ऐसे में इसके अस्तित्व को समझने का सबसे अच्छा तरीका यह है कि अपने भीतर की ओर मुड़ा जाए। ब्रह्माण्ड में जो कुछ भी घटित होता है, वह किसी न किसी रूप में हमारे शरीर रूपी छोटे से ब्रह्मांड में रेकॉर्ड हो जाता है। इस रेकॉर्डिंग के कारण और इस सृष्टि के प्रतिबिंब की वजह से ही हम कहते हैं कि इंसान ईश्वर का ही एक रूप है। हजारों साल पहले योगिक प्रणाली में कही गई इस तरह की बात की झलक लगभग हर धर्म में मिलती है, लेकिन उसका रूप विकृत कर दिया गया। हमारा सिर्फ इतना कहना था कि ब्रह्मांड में जो कुछ भी घटित होता है, वह छोटे पैमाने पर आपके भीतर भी घटित होता है। अगर आपने इसे समझ लिया तो बाहर होने वाली घटनाओं के बारे में भी आपको सबकुछ पता चल जाएगा। हम सृष्टि (ब्रह्माण्ड) और स्रष्टा को अलग नहीं कर सकते। जैसी रचना है, वैसा ही रचनाकार है।

शिव शक्ति की कथा के माध्यम से समझाया गया ब्रह्माण्ड को. 

अब मैं आपको बताता हूं कि योग में सृष्टि को कैसे अपने भीतर से समझाया गया है। देखिए, यह एक कथा-कहानी की संस्कृति रही है। अगर आप चाहें तो मैं इसकी पूरी एबीसी समझा सकता हूं, लेकिन पहले इस संस्कृति का आनंद लेते हैं। इस कथा-कहानी में हर शब्द की अपनी एक खास सुंदरता होती है। चूंकि हम यहां एक ऐसे पहलू पर बात कर रहे हैं जो तर्क से परे हैं, तो अच्छा होगा कि हम इसे कहानी के अंदाज में ही जानें। तो कहानी कुछ इस तरह है।

शिव सो रहे हैं। जब हम यहां ‘शिव’ कहते हैं तो हम किसी व्यक्ति या योगी के बारे में बात नहीं कर रहे, बल्कि यहां शिव का मतलब है – जो है ही नहीं। जो नहीं है, वो केवल सो सकता है। उसे हमेशा ‘अंधकार’ से संबोधित किया गया है।

शिव सो रहे हैं, और शक्ति उन्हें ढूंढती हुई आती हैं। वह उन्हें जगाना चाहती हैं, क्योंकि वह उनके साथ नृत्य करना और प्रेम करना चाहती हैं। वह अपना प्रेम जताना चाहती हैं। शुरू में तो वह नहीं उठते, लेकिन कुछ देर बाद उठ जाते हैं। जब कोई व्यक्ति गहरी नींद में होता है और आप उसे जगा देते हैं तो वह थोड़ा नाराज तो होगा ही। जब आप गहरी नींद में होते हैं और कोई आकर आपको जगा दे तो आपको इस बात से फर्क नहीं पड़ता कि वह कितना सुंदर है, आपको उस पर गुस्सा आएगा ही, इसलिए शिव भी गुस्से में गरजते हुए उठते हैं। चूंकि वह गरजते हुए उठे, इसलिए उनका पहला नाम ‘रुद्र’ पड़ गया। रुद्र का अर्थ होता है गरजने वाला।

बिग बैंग को गर्जन कहना ज्यादा ठीक होगा. 

मैंने उस वैज्ञानिक से सवाल किया कि ‘अगर लगातार धमाके हुए हैं तो क्या यह गर्जन जैसा था? वह केवल एक धमाका था या यह लगातार हो रहा था?’ उन्होंने कुछ सोचा और फिर बोले, ‘वह एक धमाका नहीं हो सकता’। फिर मैंने पूछा – ‘आप उसे धमाका क्यों कह रहे हैं, वह गर्जन भी तो हो सकता है?’

आज हम अपने अनुभव से जानते हैं कि मानव-शरीर में एक सौ चौदह चक्र होते हैं। एक सौ चौदह बिंदुओं में से चौरासी बिंदुओं की प्रकृति एक सी होती है और बाकी की अलग। पहले चौरासी बिंदुओं का संबंध अतीत से है और बाकी का भविष्य से। हम मानते हैं कि शिव चौरासी बार गरजे थे, जिसका मतलब हुआ कि चौरासी बिग बैंग हुए जिससे चौरासी ब्रह्माण्ड बनें। धीरे-धीरे जैसे-जैसे समय बीतता गया, ये ब्रह्मांड अपने आकार खोते गए और इन्होंने हल्के होकर फैलना शुरू कर दिया, जिससे ये विघटित हो गए (बिखर गए)। एक ब्रह्माण्ड का निर्माण हुआ, उसने अपनी सीमाओं तक अपना फैलाव किया, अपने को नष्ट किया और फिर से बनना शुरू कर दिया।

जिस तरह इस सृष्टि की रचना हुई, हमारा भौतिक शरीर भी उसी तरह बना है। जब आप एक पेड़ काटते हैं तो आपको उसके अंदर कई रिंग दिखाई देते हैं। ये रिंग आपको उस पेड़ के जीवन-काल में इस धरती पर घटित हुई लगभग सभी घटनाओं की जानकारी देंगे। ठीक वैसे ही अगर आप इस शरीर के भीतर देखें, आपको इसे खोलकर देखने की भी जरूरत नहीं है, तो आपको पता चल जाता है कि इस पूरे ब्रह्माण्ड की रचना कैसे हुई।

ये चौरासीवां ब्रह्माण्ड है, और कुल 112 ब्रह्माण्ड बनेंगे. 

खैर, यह चौरासीवां चक्र है और जब तक यह एक सौ बारह तक नहीं पहुंचता, यह ऐसे ही चलता रहेगा। बस एक सौ बारह चक्र ही हैं, जो घटित होने हैं, क्योंकि बाकी के दो अभौतिक हैं। यह एक सौ बारह ब्रह्मांड ही भौतिक प्रकृति के हैं, जबकि आखिरी दो शाश्वत हैं, निरंतर हैं। इसका मतलब यह हुआ कि एक सौ बारह के बाद एक सौ तेरहवीं रचना जो होगी, वह आंशिक रूप से भौतिक होगी और एक सौ चौदह आते ही वह पूरी तरह अभौतिक हो जाएगी। यह रचना ‘जो नहीं है’ से होगी, जो अभी तक किसी रूप में प्रकट नहीं हुई है। ‘जो नहीं है’ वो एक बिलकुल ही सूक्ष्म रूप में प्रकट होगा। यही बात योग कहता है। शिव चौरासी बार गरज चुके हैं और एक सौ बारह के बाद वह नहीं गरजेंगे। इसका अर्थ यह हुआ कि शून्यता ही अपने आप में ब्रह्मांड बन जाएगी। यह ब्रह्मांड भौतिक नहीं होगा।

इस शरीर के साथ और भी कई पहलू जुड़े हैं। जिस तरह से ब्रह्मांड विज्ञान का विकास हुआ है, इन सबको बस अपने भीतर की तरफ मुड़कर भी समझा जा सकता है। हमने न जाने कितना पैसा, समय और उर्जा इन चीजों की खोज में लगा दी, लेकिन अगर आप एक पल के लिए भी अपने भीतर देखें, तो हर इंसान के लिए इन पहलुओं को देख पाना संभव है।

आप चौरासीवें ब्रह्मांड में रहते हैं और आपमें अलग अलग प्रकृति के चौरासी चक्र होते हैं। इसी को आधार बनाकर योग में चौरासी मूल आसन हैं। ध्यान के एक सौ बारह तरीके हैं, लेकिन मूल आसन चौरासी हैं, क्योंकि ये चौरासी आसन आपके अतीत की यादों से संबंधित हैं। बाकियों का संबंध आपके भविष्य से है। भूतकाल की इन स्मृतियों से मुक्त होना पड़ता है। अब तक के चौरासी धमाकों तक की सूचनाएं या कार्मिक बंधन हमारे भीतर हैं। सब कुछ इस शरीर में रिकॉर्ड होता है, इसीलिए भौतिक प्रकृति एक बंधन है।

चरण स्पर्श का महत्व.


चरण स्पर्श का महत्व.

भारत में चरण स्पर्श की अतिप्राचीन परंपरा है। व्यक्ति स्वयं से आयु में या रिस्ते-नाते में बडे़ व्यक्ति के चरण स्पर्श करता है। ग्रामीण महिलाएं अपने से बड़ी महिलाओं के चरण स्पर्श कर उन पर हल्का दबाव (पदचापन) डालती हैं और जिस बुजुर्ग महिला के पद दबाये जा रहे होते हैं, वह निरंतर दुआएँ, आर्शीवाद, आषीश, सद्वचन बोलती रहती हैं, जिससे चरण स्पर्श, पदचापन और आशीर्वचन का परस्पर लेन-देन हो जाता है। व्यक्ति के शरीर में 72 नाड़ियाँ होती हैं और एक सामान्य स्वस्थ मनुष्य का हृदय भी एक मिनट में 72 श्वास-प्रच्छ्वास करता है अर्थात् एक प्रक्रिया पूर्ण हो जाती है। सेवा भी पूर्ण और आर्शीवाद भी पूर्ण।

यह एक अनुभूत प्रयोग है कि कोई व्यक्ति कितना ही मलिन स्वभाव का हो, कितना ही दुश्चरित्र हो, कितना ही अपवित्र और दूषित विचारों का हो, यदि उसके भी चरण स्पर्श किए जाते हैं, तब उसके मुख से आर्शीवाद, दुआ, सद्वचन ही निकलता है अथवा यदि वह ऐसा नहीं करता है तो अपने चरण स्पर्श के दौरान मौन रह जाता है, कुछ भी नहीं बोलता। यहाँ मनोविज्ञान कहता हैं कि व्यक्ति का मौन हो जाना, उसकी अंतर्मुखता को दर्शाता है। अंतर्मन से सामान्यतः व्यक्ति सकारात्मक ही सोचता है, नकारात्मक नहीं। श्रीभगवत्गीता के दशम स्कंध में गोपियों की विरह वेदना का वर्णन करते हुए महर्षि व्यास लिखते हैं कि हजारो उपालंभ, उलहाने, व्यथाएँ, कुंठाएं, दुःखीमन से व्याकुल गोपियों के समक्ष जब श्रीकृष्ण शांत और विनम्र भाव से मुस्कराते हुए प्रकट होते हैं तो वे उन्हें देखकर सब उपालंभ, नाराजगी भूल जाती हैं और अवाक् सी खड़ी रहकर ‘मौन’ हो जाती हैं, उनके हाव-भाव, अंग-प्रत्यंग सब स्थिर हो जाते हैं, केवल ‘मौन’व्याप्त हो जाता है। पुनः महर्षि व्यास लिखते हैं कि ‘‘गोपियों का मौन हो जाना ही उनका ‘मोक्ष’हो जाना है।’’इस दृष्टांत का यहां आशय यह है कि व्यक्ति का ‘मौन’कभी घातक, नकारात्मक और दूषित नहीं होता, अपितु सकारात्मक ऊर्जा सृजित करता है। जगत् व्यवहार में भी कहा जाता है ‘मौनं स्वीकृति लक्षण अर्थात् मौन व्यक्ति आपके प्रति अपने पक्षपात की स्वीकृति मौन द्वारा ही दे देता है।

ये बात और है कि वे खामोश खड़े रहते हैं अर्थात् मौन में व्यक्ति महान् बन जाता है, कुछ देने का इच्छुक रहता है, अपने अहंकार को भस्मीभूत कर रहा होता है। इसलिए चरण स्पर्श, चरणवंदन, चरण स्तुति, चरण पूजा, चरण स्मृति कभी भी व्यर्थ नहीं जाते, इनके सुपरिणाम अवश्य मिलते हैं। जिसे हम चरण स्पर्श करके बड़ा बनाते हैं, वह बड़ा ही रहता है, छोटे विचार मन में नहीं ला सकता, चाहे आर्शीवाद बोलकर दे या मौन होकर।

चरण स्पर्श की वैज्ञानिकता.

हमारे पूर्वजों ने जो ‘संस्कार’ हमें बताये हैं। हम उसी संस्कार की व्याख्या या विवेचना करने जा रहे है, उसमें संस्कार विशेष के मूल में गर्भित किसी वैज्ञानिक दृष्टिकोण या वैज्ञानिक तात्विक विवेचन पर प्रकाश डाला जा रहा है। विज्ञान में न्यूटन ने एक नियम का उल्लेख किया है कि इस भौतिक संसार में सभी वस्तुएँ ‘गुरूत्वाकर्षण’ के नियम से बंधी हैं और गुरूत्व भार सदैव आकर्षित करने वाले की तरफ जाता है। हमारे शरीर में भी यही नियम है। सिर को उत्तरी ध्रुव और पैरों को दक्षिणी ध्रुव माना जाता है अर्थात् गुरूत्व ऊर्जा या चुंबकीय ऊर्जा या विद्युत चुंबकीय ऊर्जा सदैव उत्तरी ध्रुव से प्रवेश कर दक्षिणी ध्रुव की ओर प्रवाहित होकर अपना चक्र पूरा करती है।

इसका आशय यह हुआ कि मनुष्य के शरीर में उत्तरी ध्रुव (सिर) से सकारात्मक ऊर्जा प्रवेश कर दक्षिणी ध्रुव (पैरों) की ओर प्रवाहित होती है और दक्षिणी ध्रुव पर यह ऊर्जा असीमित मात्रा मे स्थिर हो जाती है, यहाँ ऊर्जा का केंद्र बन जाता है, यही कारण है कि व्यक्ति हजारों मील चलने के पश्चात् भी चलने की इच्छा रखता है।

पैरों में संग्रहित इस ऊर्जा के कारण ही ऐसा हो पाता है। शरीर क्रिया विज्ञानियों ने यह सिद्ध कर लिया है कि हाथों और पैरों की अंगुलियों और अंगूठों के पोरों (अंतिम सिरा) में यह ऊर्जा सर्वाधिक रूप से विद्यमान रहती है तथा यहीं से आपूर्ति और मांग की प्रक्रिया पूर्ण होती है। पैरों से हाथों द्वारा इस ऊर्जा के ग्रहण करने की प्रक्रिया को ही हम ‘चरण स्पर्श’करना कहते हैं। यहां एक और महत्वपूर्ण प्राचीन परंपरा है कि प्राचीनकाल में जब ऋषि, मुनि, योगी या संत जन किसी राज दरबार में आते थे, तो राजा पहले शुद्ध जल से उनके चरण धोता (चरण पखारना) था, तत्पश्चात् चरण स्पर्श की परंपरा पूर्ण करता था।

चरण स्पर्श से पहले चरण धोने के पीछे संभवतः यह वैज्ञानिक कारण रहा होगा कि चरणों में एकत्रित विद्युत-चुंबकीय ऊर्जा चलकर आने से अत्यधिक तीव्रता से प्रवाहित है और गर्म है, धोने से यह सामान्य अवस्था में आ जाती है और जो व्यक्ति चलकर आता है, उसकी मानसिक और शारीरिक थकान/बेचैनी के कारण वह एकाएक शुभाशीर्वाद देने की स्थिति में नहीं होता है, जल से उसका संपर्क आने से वह भी सामान्य स्थिति में आ जाता है, अब चरण स्पर्श पूर्णतः सकारात्मक स्थिति में होगा। इन प्रयोगों को आज भी यदि किसी प्रकार से किया जाए तो व्यावहारिक परिणाम मिलते, देखा जा सकता है। आज भी इस परम्परा (चरण धोना और चरण स्पर्ष करना) का निर्वाह पूर्ण श्रद्धा के साथ किया जाता है।

यहां एक और भी वैज्ञानिक पहलू का उल्लेख करना उचित होगा कि यदि स्त्री पात्र, स्त्री का और पुरूष पात्र, पुरूष का चरण स्पर्ष या चरण पखारें तो परिणाम और भी अनुकूल मिलते हैं। लिंग भेद के इस रहस्य की विशद व्याख्या की आवश्यकता नहीं है, यह विज्ञान का ही नियम है कि (एक्स वाई वाई- वाई2 तथा वाई एक्स वाई- वाई2 परन्तु एक्स एक्स वाई- एक्स वाई) हो जाता है। ऊर्जा का द्विगुणित होना महत्वपूर्ण बात है अतः चरण स्पर्श की इस वैज्ञानिकता को परंपरा या रूढ़िवादिता, अंध-विश्वास कहकर नकार देने मात्र से हमारा भला नहीं हो सकता। चरण स्पर्श की इस प्रक्रिया का उल्लेख करना भी समीचीन होगा। चरण स्पर्श करते समय यदि बायें हाथ से बायें पैर और दायें हाथ से दायें पैर का स्पर्श किया जाए तो सजातीय ऊर्जा का प्रवेश, सजातीय अंग से तेजी से और पूर्णरूप से होता है जबकि इसके विपरीत करने से ऊर्जा प्रवाह अवरोध या रूकावट के साथ होता है। एक और पहलू यह है कि जब व्यक्ति चरण स्पर्श करता है तो जिस व्यक्ति के चरण स्पर्श किए जाते हैं, उसके हाथ सहज ही चरण स्पर्ष करने वाले व्यक्ति के सिर पर जाते हैं और उसके सहस्त्रार चक्र से स्पर्श होते हैं। सहस्त्रार चक्र में सक्रियता उत्पन्न होती है जिससे ज्ञान, बुद्धि और विवेक का विकास सहज ही होने लगता है।

अभिवादन की परंपराओं में नमस्कार से अधिक चरण स्पर्श को माना जाता है। हमने ‘चरणोदक’ या ‘चरणामृत’ का स्वाद चखा है। प्रत्येक मंदिर में चरणामृत प्रसाद के रूप में मिलता है, जिसका आशय है कि अप्रत्यक्ष रूप से आपने परम पिता परमात्मा के चरण स्पर्श कर लिए हैं, उनके चरणों से निरूसृज जल आपके शरीर में चला गया है। चरण सेवा, चरण वंदना, चरण पखारन, चरण स्मृति का इससे अच्छा उदाहरण और क्या हो सकता है कि प्रत्येक भारतीय चरणामृत पूर्ण श्रद्धा के साथ ग्रहण करता है। चरणों से निकले या धोए हुए जल को अमृत की संज्ञा दी जाती है। अमृत वह तत्व है जो ऊर्जा, उत्साह, शक्ति और दीर्घायु प्रदान करता है।

चरणामृत की चर्चा के अंतर्गत यह भी प्रासंगिक होगा। चरणामृत को ‘अकालमृत्युहरणं सर्वव्याधिविनाशमन्’ कहा गया है। इस चरणामृत में तुलसी पत्र, केषर, चंदन, कस्तूरी, गंगाजल आदि को मिलाकर ताम्रपात्र में रखा जाता है। ये सभी वस्तुएँ एवं ताम्रपात्र व्यक्ति के स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक हैं, कई अधिव्याधियों का नाश करती हैं अतः चरणामृत हमारे लिए अमृत का कार्य करता है। इन सभी कारणों से चरण स्पर्श की महिमा का मंडन हुआ है, भारत में रची-बसी परंपरा है।

श्रेष्ठ सम्पदा का उच्चस्तरीय उपयोग.


श्रेष्ठ सम्पदा का
उच्चस्तरीय उपयोग.

खोपड़ी की पेटी में विचार गूलर के फल की तरह जन्मते या मर जाते हैं, अथवा वे मानसरोवर में हंसों की तरह मोती बीनते और संसार की शोभा बढ़ाने के लिए उड़ने फिरने लगते हैं, इन दोनों बातों में दूसरी बात ही सही है। विचार मस्तिष्क की उत्पत्ति भले ही हों, पर वे उस अण्डे में सदा कैद नहीं रहते। पकने पर पक्षी बनते और उन्मुक्त आकाश की सैर करते हैं।

विचारों में समस्याओं के समाधान की योग्यता ही नहीं संचरण की क्षमता भी है। उनके साथ विद्युत क्षमता जुड़ी होती है जो रेडियो तरंगों की तरह भ्रमण करती है। विचारणीय यह है कि चिन्तन की परिधि तक ही उन्हें सीमित न रहने देकर संचार सम्प्रेषण प्रयोजन में भी उन्हें काम ला सकते हैं या नहीं? मस्तिष्क हमारा टेलीफोन है उसका निचला हिस्सा वाणी के रूप में बोलता है और कान सुनने का। ये ग्रहण करके मस्तिष्क तक विचारों को पहुँचाने का काम करते हैं। इस सर्वविदित प्रक्रिया के अतिरिक्त ऐसा भी होता है कि विचार स्वयं एक शक्ति के रूप में अभीष्ट स्थान तक पहुँचें और वाणी की तरह निर्धारित केन्द्र तक अपना कथन पहुँचायें। पहुँचाये ही नहीं, ग्रहण भी करें। रेडियो यंत्र से विचार तंत्र की तुलना की जा सकती है। यह हो सकता है कि बिना किसी माध्यम के विचारों को किसी या किन्हीं व्यक्तियों तक पहुँचायें अथवा अनेकों को अवगत कराने के लिए अनन्त आकाश में बिखेर दें। विश्व चिन्तन के बहते प्रवाह को हम अपने सशक्त विचारों से सुधार या परिवर्तन का सन्देश दें।

“साइकिक डिस्कवरी बिहाइण्ड द आयरन करटेन” की सम्पादकगण शीला ओस्ट्रेण्डर एवं लिन श्रोडर ने अपनी पुस्तक में ऐसे प्रमाणों के उदाहरण दिये हैं जिसमें सुदूरवर्ती जीवधारी के लौह आवरण में आबद्ध होने पर भी विचारों का आदान-प्रदान संभव हुआ। यहाँ लौह आवरण से तात्पर्य सोवियत रूस (यू.एस.एस. आर.) से है जहाँ प्रत्यक्ष रूप से ऐसे प्रयोगों पर प्रतिबन्ध है पर अब वहीं से परामनोविज्ञान की पुष्टि के ढेरों प्रमाण सामने आ रहे हैं।

लैनिनग्राड परामनोविज्ञान प्रयोगशाला के अध्यक्ष डॉ. वासिलएव ने विचारों के प्रेषण और ग्रहण के ऐसे प्रमाणों का एकीकरण किया है जो अनुमानित नहीं थे। अजीबोगरीब थे पर वे सभी कसौटी पर खरे उतरे।

सोवियत विज्ञानी कार्ल निकोलायेव ने मास्को से साइबेरिया के मध्य विचारों का आदान प्रदान बिना किसी माध्यम के सही तरह स्थापित कर दिखाया। उनका कहना था कि ऐसे प्रयोगों के लिए प्रेषक और ग्राहक मस्तिष्कों को पूर्व प्रशिक्षित किया जाना चाहिए।

यह और भी सरल है कि निकटवर्ती व्यक्ति के विचार, भाव, उद्देश्य और आचरण को पढ़ लिया जाय। दुराव करने वाले व्यक्ति इस प्रकार के प्रयोक्ताओं से अपने असली रूप को छिपा नहीं सकते। इस प्रयोग में वाशिंगटन विश्व विद्यालय एवं स्टेनफोर्ड रिसर्च सेण्टर की प्रयोगशालाओं ने उत्साह वर्धक सफलता पाई है।

“रिलीजन एण्ड साइंस इन लाइफ” पुस्तक के लेखक मैक डोगल का कहना है कि निकट भविष्य में विचार व्यक्तिगत सम्पदा की तरह सीमाबद्ध न रखे जा सकेंगे, वरन् उस पर विज्ञान द्वारा सशक्त धाराओं की छाप छोड़ी जा सकेगी। लोगों को मद्यपों की तरह युद्धोन्माद अपनाने अथवा शान्ति से रहने के लिए बाधित किया जा सकेगा।

“द अननोन” पुस्तक में विद्वान लेखक डॉ. फैमोरियन लिखते हैं कि विचार कल्पना की तरह नहीं है वरन् उनमें ऐसी क्षमता भी है कि वे दूसरों की मनःस्थिति और परिस्थितियों पर प्रहार कर सकें। शत्रु को मित्र और मित्र को शत्रु बना सकें। यह विचार बन्धनों और परिस्थितियों को तोड़कर विश्व के एक कोने से दूसरे कोने तक पहुँच सकते हैं। “मेण्टल रेडियो” पुस्तक की भूमिका में प्रसिद्ध वैज्ञानिक अलबर्ट आइंस्टीन ने उसी तथ्य का प्रतिपादन किया है।

फ्राँसीसी मानस शास्त्री रेनेवार कोलियर का कथन है कि विचारों का आदान-प्रदान ही नहीं, भावनाओं का संवेग भी पढ़ा और समझा जा सकता है। प्रयत्न करने पर मनुष्य का चिन्तन उसी प्रकार नंगा करके देखा जा सकता है जैसे कि कपड़ा उतार देने पर शरीर को।

वरसा (पोलैण्ड) की “इंटरनेशनल फिजीकल काँग्रेस” में ऐसे कई शोध पत्र पढ़े गये जिनमें सिद्ध किया गया कि विचारों को आमंत्रित और प्रेषित करना उसी प्रकार संभव है, जैसा कि धन का आदान-प्रदान।

ब्रिटेन की “साइको-फिजीकल सोसाइटी” के शोध अधिकारी एरिक एसीमोव, एवं पोलैण्ड के स्टीफन ओसोविक का मिला जुला प्रतिपादन है कि शरीर की स्वस्थता और रुग्णता बहुत करके मनुष्य के विचारों पर निर्भर है। अस्त व्यस्त और निषेधात्मक चिन्तन करने वाला व्यक्ति आहार-विहार सही रखने पर भी बीमारियों में फँसता चला जाता है। कनाडा के सर्जन डॉ. नॉरमन हॉपकिन्स ने अपने दीर्घकालीन अनुभवों को व्यक्त करते हुए कहा है कि औषधियों की अपेक्षा उत्साहवर्धक आशा जनक विचार देकर रोगी को अपेक्षाकृत जल्दी अच्छा किया जा सकता है।

विचार स्वच्छन्द प्रतीत होते हैं पर वे अपने द्वारा ही नहीं किसी के द्वारा भी प्रतिबन्धित किये जा सकते हैं और मनुष्य का चिन्तन एक दिशा से दूसरी दिशा में घुमाया जा सकता है।

अब तक संसार में बड़ी शक्तियाँ- धन, शस्त्र, विज्ञान को माना जाता रहा है और विचारों को व्यक्ति विशेष के काम आने वाली सामान्य चेतनात्मक क्षमता माना जाता रहा है। पर मनोविज्ञान के अभिनव निष्कर्षों ने यह प्रतिपादन किया है कि इन सबके ऊपर विचार शक्ति है। उसका स्वरूप एवं उपयोग अभी तक सही रूप में जाना नहीं गया। जितना भण्डार इसका मनुष्य के पास है, उसका अधिक से अधिक सात प्रतिशत उपयोग निर्वाह की समस्याओं को सुलझाने के लिए किया जा रहा है। ज्ञान और विज्ञान क्षेत्र में विचारों की जितनी महत्ता है उसे न तो समझा गया और न काम में लाया गया। अभी 93 प्रतिशत भाग अविज्ञात के गर्भ में है। अगले दिनों नये सिरे से इस सम्पदा की गवेषणा होने जा रही है ताकि व्यक्ति अधिक सशक्त और प्रबुद्ध बन सकें। विचारों का जीवन के हर पक्ष में जब उच्चस्तरीय उपयोग होगा तो निश्चित है कि उत्थान और समाधान के दानों ही पक्ष संतुलित होंगे। उन सभी समस्याओं का समाधान संभव होगा जो व्यक्ति और समाज को बुरी तरह हैरान किये हुए हैं।

(अखंड ज्योति 8/ 1986)


साकार और निराकार उपासना की पृष्ठभूमि.


साकार और निराकार
उपासना की पृष्ठभूमि.

भगवत् उपासना में जो कुछ करना होता है अपने लिए ही करना होता है। भगवान को न किसी वस्तु की आवश्यकता है और न उन्हें प्रसन्न करने के लिए कुछ देने का उपक्रम बन सकता है। तो भी नियत समय पर नियत उपासना का उपक्रम करते रहने की आवश्यकता होती है। ताकि मन को उसका अभ्यास बन पड़े और धीरे-धीरे वह परिपक्व होता चले, साँचे में ढलता चले।

उपासना का प्रथम चरण है- निकटवर्ती वातावरण में भगवान की उपस्थिति विशेष रूप से अनुभव करना, भगवान सर्वव्यापी हैं। रंच मात्र भी स्थान उनकी उपस्थिति से खाली नहीं। पर यह व्यापक भावना असीम वातावरण में अभ्यास में नहीं उतरती। जहाँ उपासना के लिए बैठा गया है उनमें बस उपस्थिति को विशेष रूप से अनुभव करने के लिए मन को अभ्यास डालना पड़ता है। इसका तरीका यह है कि जैसे किसी सम्मानित अतिथि के आगमन पर स्थान को स्वच्छ करते हैं। अतिथि सत्कार हेतु जो उपचार किये जाते हैं वे पूरी तरह तो नहीं हो सकते तो भी उनकी चिन्ह पूजा कर लेनी चाहिए। देवताओं के अतिथि सत्कार के लिए षोडशोपचार या पंचोपचार की परम्परा है। यह तभी हो सकती है जब इष्टदेव की कोई साकार छवि, चित्र अथवा प्रतिमा के रूप में स्थापित की जाय। यह एक मानसिक घेरा बन्दी है जिसमें भगवान की उपस्थिति विशेष रूप से मानी जाती है। यही उपस्थिति दर्शन मात्र से ठीक प्रकार नहीं बन पाती। इसलिए अतिथि सत्कार के षोडशोपचार या पंचोपचारों के माध्यम से समर्पण करना पड़ता है। धूप, दीप, नैवेद्य, अक्षत, पुष्प, अर्घ्य, पादम आचमन आदि का समर्पण इन उपचारों की परिधि में आ जाता है। स्थापित चित्र प्रतिमा का स्वागत सत्कार करने का प्रयोजन इतना ही है कि मन की मान्यता इस सीमित क्षेत्र में विशेष उपस्थिति का भाव अंगीकार कर ले।

उपासना में भक्ति का समावेश आवश्यक है। भगवान हमारे समीप हैं या हम भगवान के समीप हैं, यह कोरी कल्पना मात्र रहने से काम नहीं चलता। उसके साथ घनिष्ठ आत्मीयता का रिश्ता जोड़ना होता है, जिसके प्रति प्रेम भावना और श्रद्धा की अभिव्यक्ति की जा सके। यह रिश्ता अपने से बड़े का होना चाहिए। माता-पिता, स्वामी, सखा आदि। छोटा रिश्ता मानने से श्रद्धा की अभिव्यक्ति कठिन पड़ती है। सन्तान, सेवक, पत्नी आदि के रिश्ते स्थापित करने से काम नहीं चलता। वैसे भगवान निराकार होने से उसके साथ मानवी रिश्तेदारी ठीक तरह निभती नहीं। वह एकाँगी रहती है। तो भी उपस्थिति अनुभव करने और सदा ही घनिष्ठता भरी प्रेम की अनुभूति करने के लिए मानवी स्वभाव के अनुरूप ऐसी स्थापना किये बिना प्रेम की सघनता बनती भी नहीं और निभती भी नहीं।

इतना कर लेने पर स्थापना वाला चरण पूरा होता है। यह साकार उपासना के लिए तो आवश्यक है ही, निराकार मान्यता वाले भी इतना कर लें तो कुछ हर्जा नहीं। सीमित के साथ घनिष्ठता की स्थापना सुविधाजनक रहती है।

इसके आगे के चरण में भगवान की साकार और निराकार मान्यता के- उपासना के दो अध्याय आरम्भ होते हैं। दोनों में से जो भी रुचि कर हो, उसे चुन लेना चाहिए। ध्यान का केन्द्रीकरण करने की दृष्टि से साकार उपासना का चयन उत्तम रहता है। इष्टदेव को जिस भी रूप में जिस भी रिश्ते में चुना हो उसके साथ सघन निकटता की अनुभूति करनी चाहिए। भक्ति योग इसके बिना चरितार्थ नहीं होगा। प्रेम व्यवहार में जितनी अधिकतम निकटता होगी, उतनी ही घनिष्ठता का रसास्वादन बन पड़ेगा और उपासना में आनन्द आने लगेगा।

यह निकटता इस स्तर की होनी चाहिए कि इष्टदेव की विशेषताएं अपने में प्रवेश करने लगे। भगवान मन को अपनी विशेषताओं से भरे दे रहे हैं, यह निकटता का स्वरूप है। आग ईंधन को अपने जैसा बना लेती है। नाला नदी में घुलकर नदी जैसा हो जाता है। दीपक और पतंगा आपस में लिपटते हैं तो दोनों एक रूप हो जाते हैं। पेड़ से लिपट कर बेल उतनी ही ऊँची चढ़ जाती है, जितना पेड़ होता है। पारस छूकर लोहा, लोहा नहीं वरन् सोना हो जाता है। भगवान से लिपट कर भक्त को भगवान जैसा महान होना चाहिए। उसकी स्थिति असाधारण हो जा जानी चाहिए, देव मानव जैसी। प्रेमाभिव्यक्ति की इस परिणित की भी पूरी-पूरी अनुभूति होनी चाहिए।

भगवान को निकटतम अनुभव करना, यही उपासना है। अध्यापक सबसे पास वाले लड़के को पढ़ाने का नम्बर लगाता है। पंक्ति में पहले स्थान पर बैठे हुए को भोजन पहले परोसा जाता है। भगवान के निकटस्थ होने से दिव्य विशेषताएं मिल भी रही हैं, साथ ही चौकीदारी भी हो रही है कि कोई दोष-दुर्गुण चिपका न रह जाय। पुलिस सामने हो तो जेबकतरा अपनी उस्तादी बन्द कर देता है। इसी प्रकार जब भगवान की निकटता बन गई तो समदर्शी, सर्वव्यापी भगवान की उपस्थिति में हेय चिन्तन, हेय चरित्र, हेय व्यवहार करने की सूझ भी नहीं सूझेगी। दण्ड देने वाला सामने जो खड़ा है। सिखाने वाला सटकर जो खड़ा है। इस प्रकार की भावनाएं उठे तो समझना चाहिए कि साकार उपासना ठीक चल रही है, अन्यथा भिखारी का, जेबकट का बाना पहन कर भगवान के पास जाया गया तो उसे निकृष्टता के कारण दुत्कार सहनी पड़ेगी। माता गोद में बच्चे को तब उठाती है, जब उसे अच्छी तरह धो लेती है। मलमूत्र से सना होने पर एवं उसे प्यारा होने पर भी गोदी में नहीं उठाया जाता। साकार उपासना के जितने भी फलितार्थ हैं, वे देवमानव बनाने वाले हैं। गन्दगी चिपटाये रहने पर तरह-तरह की मनोकामनाओं का ताना-बाना बुनना, पुरुषार्थ किये बिना लोभ लूटकर खजाने भर लेना यह तो उपासना के सिद्धान्त के विपरीत ही हो जाता है।

इसके उपरान्त तीसरा चरण निराकार साधना है। साकार प्रतिमाएं सभी कल्पित होती हैं। राम रहीम के जैसे चित्र बनाये गये, जैसी प्रतिमाएं गढ़ी गई हैं वे मनुष्य की अपनी कल्पना भर हैं। तथ्य से अवगत होने पर मन उस अवास्तविक के प्रति जमता नहीं और वास्तविकता खोजना ही वास्तविक उपासना है। सर्वव्यापी निराकार के अतिरिक्त वह किसी और के प्रति हो ही नहीं सकती। निराकार का भी कोई ध्यान तो चाहिए अन्यथा मन के जमने का कोई आधार ही न रहेगा। प्रकाश ज्योति को इस चरण में प्रयुक्त किया जाता है। प्रातःकाल का उदीयमान स्वर्णिम सूर्य ध्यान के लिए उपयुक्त बैठता है। दोपहर का सूर्य अत्यन्त प्रखर होने के कारण नेत्रों की पकड़ में नहीं आता। प्रकाश की तीव्रता से आँखों को नुकसान भी पहुँचता है इसलिए गायत्री महामन्त्र का ध्यान सविता के रूप में किया जाता है। सविता प्रातःकाल के उदीयमान स्वर्णिम सूर्य को कहते हैं। इस ध्यान का अभ्यास आसानी से किया जा सकता है। उगते सूर्य के सम्मुख बैठकर क्षण भर नेत्र खोलना और फिर बन्द करके उस ध्यान को यथास्थान जमाते रहने की क्रिया से दो चार दिन में ही मन सविता का ध्यान करने का अभ्यस्त हो जाता है फिर सूर्य के सम्मुख बैठने या आँखों से देखने की आवश्यकता नहीं पड़ती।

उदीयमान सूर्य की दिव्य किरणें अपने शरीर में भीतर तक घुसती चली जाती हैं और अपनी रोशनी तथा गर्मी से अंग-प्रत्यंगों को प्रभावित करती हैं। यह ध्यान निराकार साधना के लिए निर्धारित है। सूर्य किरणें स्थूल शरीर में प्रवेश करके उसमें ओजस भर देती हैं। आरोग्य बलिष्ठता तथा दीर्घजीवन का लाभ बरसाती हैं। इन्द्रियों में जो विषय विकार हैं, उन्हें जला देती हैं। दुष्कर्म करने में, दुर्व्यसनों में लिप्त होने की जो बुरी आदतें थीं वे इस सविता के प्रकाश से जलभुन कर नष्ट हो जाती हैं।

यह स्थूल शरीर का ध्यान हुआ। अब सूक्ष्म शरीर की बारी आती है। सविता का तेजस् सूक्ष्म शरीर में प्रवेश करता है और दूरदर्शी विवेकशीलता मेधा को मस्तिष्क में भर देता हैं। मस्तिष्क ही सूक्ष्म शरीर है। मानसिक दोष-दुर्गुणों में अगणित नाम आते हैं। काम, क्रोध, लोभ, मोह, मद, मत्सर यह षट् रिपु मनःक्षेत्र में ही अपना घोंसला बनाये छिपे रहते हैं। कुकल्पनाएँ यहीं से उठती हैं। जब प्रातःकाल सविता की किरणों का प्रकाश सूक्ष्म शरीर में प्रवेश करता है तो एक और मेधा, बुद्धि का बाहुल्य बरसता है दूसरी ओर मानसिक दुर्गुणों को भी जलाकर नष्ट करता है। जिस प्रकार अन्धकार दूर होते ही निशाचर भाग खड़े होते हैं उसी प्रकार मनोविकारों का इस प्रक्रिया से अन्त होता है।

तीसरा शरीर कारण शरीर है। कारण शरीर अर्थात् अन्तःकरण, भावनाएं, मान्यताएं, विचारणाएं, इच्छाएं यह चारों अन्तःकरण में बसती हैं। व्यक्तित्व इन्हीं के आधार पर विनिर्मित होता है। इस क्षेत्र में सविता की किरणें जब प्रवेश करती हैं तो अपनी ऊष्मा तथा आभा से इन चारों क्षमताओं को उत्तेजित एवं परिष्कृत करती हैं। साथ ही इन विशेषताओं के प्रतिकूल जो दुर्भावनाएं हैं, उन्हें जलाकर समाप्त करती हैं। प्रज्ञा का उदय होना जीवन में अभिनव चेतना का उदय होना है। व्यक्ति जब कुछ नये स्तर की दिशाधारा में रुचि लेता है, उन्हें अपनाता है और इस प्रकार का नवनिर्माण करता है मानों सविता पुत्र का ही जन्म हुआ है और उसी की विशेषताओं का समावेश अपने में किया है।

तीन शरीरों में सविता की तीन ऊर्जाओं को प्रवेश का अभ्यास एक-एक करके करने में सुविधा रहती है। जब स्थूल शरीर का अभ्यास पूरा हो जाय, तब तक अगले अभ्यास के लिए रुकना चाहिए। इसके बाद सूक्ष्म शरीर का अभ्यास अपनाये रहा जाय और कारण शरीर की साधना के लिए चरण बढ़ाया जाय तो जब जब सूक्ष्म शरीर परिपक्व हो जाय। इनमें एक-एक महीना भी लगाया जा सकता है। इसके बाद फिर इनकी पुनरावृत्ति आरम्भ कर देनी है। निराकार साधना का क्रम जिनने अपनाया है उन्हें वह आजीवन चलाना है। इसी प्रकार बनता है कि उलट-पुलट कर एक महीना तीनों शरीरों में ऊर्जा प्रकाश की, सविता की स्थापना का क्रम चलाते रहा जाय।

रुचि परिवर्तन की दृष्टि से यह भी अच्छा है कि कुछ समय साकार और कुछ समय निराकार का प्रयोग करके देखा जाय। दोनों में से जो जिसे जितना रुचिकर लगे उसे उतने समय प्रयोग में लेते रहा जाय, बाद में बदल दिया जाय।

भगवान साकार भी हैं और निराकार भी। सर्वव्यापी होने के कारण वे निराकार हैं और समस्त प्राणियों में- समस्त दृश्यमान पदार्थों में अपना आकार प्रकट करने के कारण वे साकार भी हैं। शरीर में काया साकार है और उसके भीतर प्राण चेतना निराकार है। दोनों के समन्वय से ही यह ब्रह्मांड चल रहा है। इसलिए इसमें मतभेद या विवाद का कोई कारण नहीं है। उपासना करते समय भी इन दोनों का उपयोग हो सकता है। फिर भी सुविधा की दृष्टि से पहले साकार का और पीछे निराकार का अभ्यास किया जाय तो सरलता रहेगी। यह तथ्य सभी धर्म सम्प्रदायों पर समान रूप से लागू होता है।



(अखंड ज्योति 6/ 1985)

साधना में सिद्धि पाने के उपाय.


साधना में सिद्धि पाने के उपाय.
(श्री रामानुजाचार्यजी. शंकराचार्य)

1. विवेक: आत्मा अविनाशी है, जगत विनाशी है। देह हाड़ मांस का पिंजर है, आत्मा अमर है। शरीर के साथ आत्मा का कतई सम्बन्ध नहीं है और वह आत्मा ही परमात्मा है। इस प्रकार का विवेक रखें।

2. विमुखता: जिन वस्तुओं, व्यसनों को ईश्वर प्राप्ति के लिए त्याग दिया, फिर उनकी ओर न देखें, उनसे विमुख हो जायें। घर का त्याग कर दिया तो फिर उस ओर मुड़-मुड़कर न देखें। व्यसन छोड़ दिये तो फिर दुबारा न करें। जैसे कोई वमन करता है, तो फिर उसे चाटने नहीं जाता, ऐसे ही ईश्वर प्राप्ति में विघ्न डालने वाले जो कर्म हैं, उन्हें एक बार छोड़ दिया, तो फिर दुबारा न करें|

3. अभ्यास: भगवान के नाम जप का, भगवान के ध्यान का, सत्संग में जो ज्ञान सुना है; उसका, नित्य- निरंतर अभ्यास करें।

4. कल्याण: जो अपना कल्याण चाहता है, वह औरों का कल्याण करे, निष्काम भाव से औरों की सेवा करे।

5. भगवत्प्राप्तिजन्य क्रिया: जो कार्य तन से करें, उनमें भी भगवत्प्राप्ति का भाव हो, जो विचार मन से करें, उनमें भी भगवत्प्राप्ति का भाव हो और जो निश्चय बुद्धि से करें, उन्हें भी भगवत्प्राप्ति के लिए करें।

6. अनवसाद: कोई भी दु:खद घटना घट जाय तो उसे बार-बार याद करके दु:खी न हों।

7. अनुहर्षात्: किसी भी सुखद घटना में हर्ष से फुलें नहीं।

जो साधक इन सात उपायों को अपनाता है, वह सिद्धि प्राप्त कर लेता है।

महात्मा बुद्ध के व्यवहारिक उपदेश.


महात्मा बुद्ध के व्यवहारिक उपदेश.
(श्री सत्यभक्त जी सम्पादक, सतयुग)

महात्मा बुद्ध संसार के सभी धर्मोपदेशकों से अधिक व्यवहारिक प्रतीत होते हैं। इसका एक प्रमाण तो यह है कि इतने वर्ष व्यतीत हो जाने पर भी उनके उपदेश अपने मूल रूप में स्थिर हैं और करोड़ों लोग उनको सत्य मान कर तदनुसार आचरण करने का प्रयत्न करते हैं। अन्य धर्मोपदेशकों के अनुयाइयों की संख्या भी कम नहीं हैं पर उनके उपदेश बहुत शीघ्र विकृत कर दिये गये और उनमें से कितनों के ही अनुयायी तो सर्वथा उल्टा आचरण करते दिखाई पड़ते हैं। उदाहरण के लिये महात्मा ईसा गरीबों के बड़े पक्षपाती थे और उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा था कि “सुई के नोक में होकर चाहे ऊँट निकल जाय, पर कोई धनवान व्यक्ति स्वर्ग के दरवाजे से होकर भीतर प्रवेश नहीं कर सकता।” पर आज हम देखते हैं कि ईसाई राष्ट्र और व्यक्ति कैपिटेलिज्म (पूँजीवाद) के सबसे बड़े प्रचारक और पोषक हो रहे हैं। दूसरा प्रमाण यह है कि महात्मा बुद्ध ने अहिंसा और सब के प्रति मैत्री भाव का जो मुख्य उपदेश दिया, वह आज पूर्ण रूप से सत्य प्रतीत हो रहा है और संसार के सभी प्रमुख नेता यह कह रहे हैं कि अगर इस समय किसी उपाय से संसार की रक्षा हो सकती है। तो वह उपाय महात्मा बुद्ध के सिद्धान्तों पर आचरण करना ही है।

वैसे तो बुद्ध धर्म का साहित्य बहुत विशाल है और उनके मुख्य शास्त्र भी हजारों पृष्ठों के हैं, पर वे अधिकाँश में बाद के आचार्यों द्वारा रचित हैं। महात्मा बुद्ध ने स्वयं कोई पुस्तक नहीं रची। वे नित्य प्रति अपने अनुयायियों को जो उपदेश दिया करते थे, उनका संकलन ‘धम्म पद’ के नाम से किया गया है। यह संकलन भी बुद्ध के देहावसान के 236 वर्ष बाद अशोक के शासन काल में किया गया। इसलिये उसे भी बुद्ध के मुँह से निकले ज्यों के त्यों शब्द नहीं माना जा सकता। तो भी विद्वानों का विचार है कि उसमें बुद्ध के विचारों का साराँश अवश्य पाया जाता है। हम नीचे उसी से महात्मा बुद्ध के उपदेशों की झाँकी पाठकों को कराने का प्रयत्न करेंगे।

वैर से वैर कभी नहीं जाता। वैर के बदले मित्रता करने से वैर नष्ट हो जाता है। जो मनुष्य दूसरों की बुराइयों का चिन्तन करता रहता है, उसका हृदय और वैर भाव से पूरित रहता है। इसलिये यदि कोई तुम्हारे साथ बुराई करे भी तो उसे भूल जाओ, क्योंकि वैर का भाव दूसरे का नहीं अपना ही नाश करने वाला है।”

“पाप और पुण्य दोनों मनुष्य के साथ रहते हैं। पापों से कष्ट होता है और पुण्यों से सुख। पाप, पापी को इस प्रकार कष्ट देते हैं जैसे बैलगाड़ी का पहिया बैल को। ज्यों-त्यों बैल भागता है त्यों त्यों बैलगाड़ी का पहिया भी उसके पीछे-पीछे दौड़ता है। इस प्रकार जहाँ कहीं पापी जाता है, वहीं पाप भी उसको दुःख देने के लिये, उसके साथ रहता है। पुण्य की उपमा छाया से दी गई है। छाया मनुष्य के साथ तो रहती है, पर उसे कष्ट नहीं देती। इसी प्रकार पुण्य मनुष्य के साथ तो रहता है, पर उससे पुण्यात्मा व्यक्ति को कोई कष्ट नहीं होता। पापी को इस लोक और परलोक दोनों में कष्ट होता है और पुण्यात्मा दोनों लोकों में सुख पाता है।”

‘केवल उसी पुरुष को संन्यासी होना चाहिये जो सार और असार को समझता है, सत्यप्रिय है और दोषरहित है। केवल गेरुये वस्त्र पहनने से कुछ नहीं होता।

“शान्तिप्रद एक बात हजारों बातों से अच्छी। शान्तिदायक एक गीत हजारों गीतों से अच्छा। अनर्थक सैकड़ों श्लोकों से एक ऐसा धर्म पद अच्छा, जिसके सुनने से शान्ति मिलती है। सहस्रों को जीतने की अपेक्षा अपने को जीतना अच्छा। हजारों रुपये खर्च करके सैकड़ों वर्ष तक हवन करने से एक दिन आत्मजित् पुरुष का सत्कार करना अच्छा। दुष्ट मनुष्य के सौ वर्ष के जीवन से सदाचारी का एक दिन का जीवन अच्छा। सौ वर्ष के आलसी और हीन वीर्य जीवन की अपेक्षा एक दिन का दृढ़ कर्मण्यता का जीवन अच्छा। अमृत पद (निर्वाण) को न देखने वाले, सौ वर्ष के जीवन से अमृत-पद को देखने वाले, एक दिन का जीवन अच्छा। उत्तम धर्म को न देखने वाले सौ वर्ष के जीवन से एक दिन का उत्तम धर्म देखने वाला जीवन अच्छा।”

दण्ड से सब काँपते हैं। मौत से सब डरते हैं। अपनी आत्मा के तुल्य सबको समझकर न किसी को मारो न मरवाओ। सबमें तुम्हारी सी ही जान है, इसलिये किसी की हत्या मत करो। जो अपने सुख के लिए दूसरे की हत्या करता है, उसे मृत्यु के पीछे सुख नहीं मिलेगा। किसी से कटु वचन न बोलो क्योंकि वे भी तुमसे उसी प्रकार बोलेंगे और इससे झगड़ा उत्पन्न होगा।”

“जो अपने को दमन नहीं कर सकता, वह दूसरों को वश में नहीं रख सकता। मनुष्य को अन्य से सहायता नहीं मिल सकती, अपने ही किये से काम चलता है। मनुष्य को अपना कर्तव्य स्वयं पालना चाहिये। पवित्रता और मलिनता मन की है। कौन किसको शुद्ध कर सकता है?”

“मनुष्य को बिना कुछ पास हुए भी आनन्द से रहना चाहिये। राग के समान कोई आग नहीं है। द्वेष के समान कोई हराने वाला पास नहीं है। शरीर के समान कोई दुःख नहीं। शान्ति के समान कोई सुख नहीं।”

“आरोग्य परम लाभ है, सन्तोष परम धन है, विश्वासी पुरुष ही परम बन्धु है, निर्वाण ही परम सुख है।”

“धर्मात्मा वही है, जो धर्म-अधर्म का निश्चय कर सके। वह पण्डित नहीं जो बहुत बोले। क्षमाशील, वैर रहित और अभय पुरुष ही पण्डित है। बाल पकने से कोई बड़ा नहीं होता। बड़ा वही है जो सत्य, अहिंसा, संयम, दम आदि का अवलंबन करे। सिर मुड़ाने से कोई श्रमण (संन्यासी) नहीं होता, श्रमण वही है जो पाप रहित हो।”

‘आलसी, समय पर न उठने वाले तथा निर्बल संकल्प वाले को प्रज्ञा (ज्ञान) की प्राप्ति कभी नहीं होती। शुद्धि के लिये तीन मार्ग हैं—काया, वाणी और मन की रक्षा करना। ध्यान से ज्ञान होता है, बिना ध्यान के ज्ञान नहीं हो सकता। वासना के वन को काट डालो। एक भी वृक्ष शेष न रहे, तभी निर्वाण होगा।”

“झूँठ बोलने वाला नरक को जाता है। साधुओं के वस्त्र पहिन कर पाप करने वाला नरक को जाता है। राष्ट्र का धन व्यर्थ में खाने से तो आग में तपाया हुआ, लोहे का गोला खा लेना अच्छा है। परस्त्रीगामी को चार चीजें प्राप्त होती हैं- अपुण्य लाभ, कष्ट युक्त शय्या, निन्दा और नरक।”

“बुद्धिमान लोग लोहे, लकड़ी या सन के बन्धन को दृढ़ नहीं कहते। पुत्र, स्त्री, तथा धन का मोह सबसे बड़ा बन्धन है। जो बन्धन खिंच जाय, ढीला पड़ जाय, परन्तु टूटे नहीं वही दृढ़ बन्धन है। ज्ञानी को यही बन्धन तोड़ना चाहिये।”

“जटा, गोत्र या जाति से कोई ब्राह्मण नहीं होता, जिसमें सत्य और धर्म है वही ब्राह्मण है। जो शरीर, वाणी और मन से बुरा काम नहीं करता उसको मैं ब्राह्मण कहता हूँ। मैं उसको ब्राह्मण कहता हूँ, जो निर्धन और बन्धनों से मुक्त है। मैं उसको ब्राह्मण कहता हूँ, जिसने कुछ अपराध नहीं किया फिर भी गाली, हानि तथा दण्ड को शान्ति पूर्वक सह लेता है। जिसमें शाँति का बल है, जो क्रोध रहित कर्तव्य परायण, शीलवन्त, इच्छा रहित, दमन युक्त और जीवनमुक्त है, मैं उसको ब्राह्मण कहता हूँ। मैं उसको ब्राह्मण कहता हूँ जिसने डण्डे को उठाकर रख दिया है, जो स्थावर या जंगम किसी प्राणी को हानि नहीं पहुँचाता और न मारता है। मैं उसको ब्राह्मण कहता हूँ जो सुखों में लिप्त नहीं होता, जैसे पानी में कमल।”

बुद्ध का यही शासन अर्थात् उपदेश है कि “सब पापों से बचो, अच्छे विचार रखो और चित्त को शुद्ध करो। शान्ति ही परम तप है, तितिक्षा ही परम निर्वाण है। दूसरों को हानि पहुँचाने वाला साधु नहीं हो सकता, न दूसरों को मारने वाला श्रमण। किसी की निन्दा न करो, किसी को न मारो, इन्द्रियों को वश में रखो, कम खाओ, एकान्तवास करो और विचारों को शुद्ध रखो।”

ईश्वर को केवल शुद्ध-हृदय ही स्वीकार है.


ईश्वर को केवल
शुद्ध-हृदय ही स्वीकार है.

यजुर्वेद मंत्र 40/8 में ईश्वर के स्वरूप अलौकिक गुणों आदि का वर्णन किया है। मंत्र में परमेश्वर के 'शुद्धम् अपापविद्धम्' ये दो गुणों का भी वर्णन है। 'शुद्धम्' का अर्थ है अविद्या, अस्मिता, राग-द्वेष, अभिनिवेश इन दोषों से तथा रजोगुण, तमोगुण, सतोगुण आदि प्रकृति के प्रभाव से जन्म-मृत्यु आदि दोषों से परे है। 'अपापविद्धम्' का अर्थ है जो कभी भी पाप से युक्त अथवा पाप करने वाला नहीं है। वह पाप और पापी को भी नहीं प्रेम करता। इससे यह सिद्ध है कि ईश्वर को प्राप्त करना जो मनुष्य योनि का धर्म है उसे प्राप्त करने के लिए मनुष्य को भी वैदिक मार्ग पर चलकर शुद्धता रखना और पाप कर्म से सदा दूर रहना आवश्यक है। उक्त मंत्र में ईश्वर को प्रजा के लिए वेद के द्वारा भौतिक एवं आध्यात्मिक दोनों उपदेश देने वाला भी कहा है।

चारों वेदों में ईश्वर ने प्रत्येक मनुष्य को विद्वानों द्वारा वेद सुनने, उसे तत्त्व से जान लेने की आज्ञा दी है, पिछले युगों में तो जब मनुष्य द्वारा वर्तमान में बनाए हुए पूजा-पाठ आदि के मार्ग नहीं थे तब घर-घर में वेद विद्या का प्रकाश था और सभी नर-नारी संयमी, सत्यवादी और पाप कर्म से सदा दूर रहने वाले थे। वाल्मीकि रामायण में इस विषय में स्पष्ट किया है कि घर-घर में वेद विद्या आचरण में होने के कारण स्वयं राजा दशरथ वेदार्थ को जानने वाले थे। फलस्वरूप उनके राज्य में मनुष्य प्रसन्न, धर्मात्मा, बार-बार वेद सुनने वाले, अपने-अपने धन से संतुष्ट, निर्लोभ और सत्यवादी थे। ऐसा कोई नहीं था जो गरीब हो, कोई भी मनुष्य कामी, कंजूस, निर्दयी, मूर्ख और नास्तिक नहीं था, सब जितेन्द्रिय थे। ऐसा कोई भी न था जो वेद मंत्रों से यज्ञ न करता हो, इत्यादि। और इसी कारण हमारा भारतवर्ष 'सोने की चिडिय़ा एवं 'विश्वगुरू' कहलाता था। परंतु यह दुर्भाग्य है कि स्वयंभू साधु-सन्तों ने वेद विद्या को कठिन बताकर इसकी ओर से जनता का मुख मोड़ दिया। अब जो ईश्वर का नियम है कि वेद विद्या के बिना शुद्धिकरण नहीं हो सकता, पाप बढ़ते हैं। अत: तथाकथित कई संतों का जीवन कलंकित रहा है और जनता में इन्द्रियों पर संयम नियम न होने के कारण छोटी-छोटी बच्चियों से भी दुष्कर्म होने की घटनाओं ने जनता में भयावह वातावरण को अंजाम दिया है। ये सब घर-घर में पहले युगों की भांति वेद-विद्या का प्रकाश न होने के कारण हुआ है क्योंकि वर्तमान में मनुष्यों द्वारा बनाए अपनी भक्ति के मार्ग बहुत है और साधु संतों द्वारा बताए भक्ति मार्ग भी बहुत हैं और घर-घर ऐसी भक्ति भी बहुत है। परंतु वेद विद्या के अभाव में इन्द्रियों पर संयम नग्न प्राय: है और दुष्कर्म, चोरी-डकैती, गुंडागर्दी, दलित जो वास्तव में हम जैसे इंसान ही हैं उन पर अत्याचार, भ्रष्टाचार आदि अत्यधिक स्तर पर बढ़ता ही जा रहा है।

उपर लिखे यजुर्वेद मंत्र 40/8 के अनुसार ईश्वर मनुष्य को शुद्ध और पाप से परे रहने पर ही प्रेम करता है, सुख देता है अन्यथा दण्डित करता है।

अब प्रश्न यह है कि पाप से अविद्या आदि से दूर रहने का क्या उपाय है ? यजुर्वेद मंत्र 40/7 का भाव है कि जो वेद मार्ग पर चलकर ठीक-ठाक योगाभ्यास द्वारा उस सृष्टि रचयिता एक परमेश्वर का दर्शन करते हैं वह ही मोह, शोक आदि का त्याग करते हैं। ऋग्वेद मंत्र 10/31/1 का भाव है कि जो साधक परमात्मा की नित्य वेदानुसार प्रार्थना, स्तुति और उपासना करते हैं, यज्ञ-अग्निहोत्र करते है, पश्चात् ईश्वर प्राप्त योगिजनों द्वारा उपदेश सुनकर उन योगियों के साथ समान धर्मी होते हैं वह ही समस्त पापों को पार कर जाते हैं। अगले मंत्र 3 का भाव है कि इस प्रकार वेद मार्ग पर चलकर अष्टांग योग की साधना तथा उन यति-योगियों का संग और उनसे योग विद्या प्राप्त करके शुद्ध योग बुद्धि से दुष्कर्म-पाप आदि कर्म कभी नहीं होते और ऐसी बुद्धि प्राप्त हो जाने पर ध्यान लगता है और समाधिप्राप्त करके साधक योगी संसार सागर से तर जाता है। अब गहन विचार का विषय यह है कि क्या आज भारतवर्ष में कोई साधु-संत अथवा कोई साधक इस वैदिक पद्धति पर चलता है, स्वयं की इन्द्रियों को वश में रखने का उपदेश देता है? जैसे कि यजुर्वेद मंत्र 19/39 में परमेश्वर से भी प्रार्थना है और वेदों के ज्ञाता विद्वान् ज्ञानी पुरूष से भी प्रार्थना है कि मुझको वेद विद्या के दान से पवित्र करें जिससे ध्यान द्वारा हमारी बुद्धियां पवित्र हों। जैसा उपर भी कहा यदि मनुष्य वेद के ज्ञाता विद्वानों से संपर्क नहीं रखता और उनके आश्रम में रहकर वेद मार्ग पर चलते हुए योग-विद्या आदि नहीं सीखता तो इन्द्रियां पवित्र हो ही नहीं सकती मनुष्य पाप करने पर विवश होगा ही होगा। मनुष्य जब विषय विकार के वातावरण में फंस जाएगा तो वह पाप कर्म करेगा ही करेगा जैसा कि आजकल समस्त जगत् में हो रहा है। अत: पिछले युगों की भांति शुद्ध वातावरण स्थापित करने के लिए विद्वानों से वेद ज्ञान प्राप्त करना ईश्वर ने आवश्यक कहा है। क्योंकि जिसकी इन्द्रियां वश में नहीं वह पाप कर्म अवश्य करता है और उपर कहे वेद मंत्रों के अनुसार ईश्वर ऐसे पापियों का तिरस्कार करता है और दण्ड देता है परंतु शायद ऐसे ही तिरस्कार करने वाले साधु हों, संत हों, नेता हो, जनता के नुमायंदे हों, जनता के साथ रहने वाले जन हों ये ही अपने-आप को साधु-संत, सेवक आदि अनेक नामों से सुशोभित करते हुए जनता को धोखा देते हैं। हमें वैदिक मार्ग अपनाने की आवश्कता है फलस्वरूप ही पापों का नाश होगा।


(योगेन्द्र जी)