महाविद्या-भाग-9
महाविद्या मातंगी, महाविद्याओं में नवें स्थान पर अवस्थित हैं। देवी निम्न वर्ग एवं जनजातिओ से सम्बंधित हैं। देवी का एक अन्य नाम उच्छिष्ट चांडालिनी भी हैं। देवी तंत्र क्रियाओं की अधिष्टात्री हैं। इंद्रजाल या जादुई शक्ति से देवी परिपूर्ण हैं। वाक् सिद्धि, संगीत और अन्य ललित कलाओं में निपुण, सिद्ध विद्या हैं। महाविद्या मातंगी, केवल मात्र वचन द्वारा त्रि-भुवन में समस्त प्राणिओं तथा अपने घनघोर शत्रु को भी वश करने में समर्थ हैं, जिसे सम्मोहन क्रिया या वशीकरण कहा जाता हैं; देवी सम्मोहन विद्या की स्वामिनी हैं। इनका सम्बन्ध प्रकृति, पशु, पक्षी, जंगल, वन, शिकार इत्यादि से भी है। जंगल में वास करने वाले आदिवासिओ, जनजातिओ द्वारा देवी पूजिता हैं। ऐसा माना जाता हैं कि! देवी की ही कृपा से वैवाहिक जीवन सुखमय होता हैं। देवी की उत्पत्ति शिव तथा पार्वती के परस्पर प्रेम से हुई थीं। इस रूप में देवी चांडालिनी हैं तथा शिव, चंडाल= (चंडाल जो शमशान में शव-दाह का कार्य करते हैं)।
महाविद्या मातंगी, मतंग मुनि की पुत्री रूप से भी जानी जाती हैं। देवी का घनिष्ठ सम्बन्ध उच्छिष्ट भोजन पदार्थों से हैं। देवी तभी उच्छिष्ट चांडालिनी नाम से विख्यात हैं, देवी की आराधना हेतु उपवास की भी आवश्यकता नहीं होती। देवी की आराधना हेतु उच्छिष्ट सामाग्रीओं की आवश्यकता होती हैं क्योकि देवी की उत्पत्ति शिव तथा पार्वती के उच्छिष्ट भोजन से हुई थी। देवी की आराधना सर्वप्रथम विष्णुजी द्वारा की गई, माना जाता हैं! तभी से विष्णुजी सुखी, सम्पन्न, श्रीयुक्त तथा उच्च पद पर विराजित हैं। देवी की आराधना बौद्ध धर्म में भी की जाती हैं। देवी बौद्ध धर्मं में "मातागिरी" नाम से विख्यात हैं।
महाविद्या मातंगी श्याम वर्णा या नील कमल के समान कांति युक्त हैं। तीन नेत्र तथा अर्ध चन्द्र को अपने मस्तक पर धारण करती हैं। देवी चार भुजाओं से युक्त हैं। अपने दाहिने भुजा में वीणा तथा मानव खोपड़ी धारण कर रखी हैं और बायें भुजाओं में खड़ग एवं अभय मुद्रा। देवी, लाल रंग की रेशमी साड़ी तथा अमूल्य रत्नों से युक्त नाना अलंकार धारण करती हैं। देवी के संग सर्वदा तोता पक्षी रहता हैं तथा ह्रीं बीजाक्षर का जप करता रहता हैं।
ऐसा माना जाता हैं कि देवी की ही कृपा से वैवाहिक जीवन सुखमय होता हैं, देवी गृहस्थ के समस्त कष्टों का निवारण करती हैं।
देवी मातंगी के चंडालनी रूप का सम्बन्ध मृत शरीर-शव तथा श्मशान भूमि से हैं। देवी अपने दाहिने हाथ पर महा-शंख (मनुष्य खोपड़ी) या खोपड़ी से निर्मित खप्पर, धारण करती हैं। पारलौकिक या इंद्रजाल, मायाजाल से सम्बंधित रखने वाले सभी देवी-देवता श्मशान, शव, चिता, चिता-भस्म, हड्डी इत्यादि से सम्बंधित रहते हैं। इन पारलौकिक शक्तियों का वास मुख्यतः इन्हीं स्थानों पर होता हैं।
तंत्र विद्या के अनुसार देवी तांत्रिक सरस्वती नाम से जानी जाती हैं एवं श्रीविद्या महा त्रिपुरसुंदरी के रथ की सारथी तथा मुख्य सलाहकार हैं।
प्रादुर्भाव
शक्ति-संगम तंत्र के अनुसार, एक बार विष्णुजी और लक्ष्मीजी सहित शिव- पार्वती से मिलने हेतु कैलाश शिखर पर गये। विष्णुजी अपने साथ कुछ खाने की सामग्री ले गए थे। उन्होंने वह खाद्य पदार्थ शिवजी को भेट किया। भगवान शिव और पार्वती ने, प्राप्त वस्तुओं को खाया। भोजन करते हुए खाने का कुछ अंश धरती पर गिर गया। उस गिरे हुए भोजन से एक श्याम वर्ण वाली दासी ने जन्म लिया, जो मातंगी नाम से विख्यात हुई। देवी का प्रादुर्भाव उच्छिष्ट भोजन से हुआ, परिणामस्वरूप देवी का सम्बन्ध उच्छिष्ट भोजन सामग्रियों से हैं तथा उच्छिष्ट वस्तुओं से देवी की आराधना होती हैं। देवी उच्छिष्ट मातंगी नाम से इसीलिए जानी भी जाती हैं।
प्राणतोषिनी तंत्र के अनुसार, एक बार पार्वती देवी ने, शिव से अपने पिता हिमालय राज के यहाँ जाने की अनुमति मांगी। भगवान शिव नहीं चाहते थे कि वे अकेले रहें। भगवान शिव से बार-बार प्रार्थना करने पर, उन्होंने पार्वती को पिता हिमालय राज के यहाँ जाने की अनुमति दे दी। साथ ही उन्होंने एक शर्त भी रखी कि वे शीघ्र ही माता-पिता से मिलकर वापस आ जाएगी। अपनी पुत्री पार्वती को कैलाश से लेने हेतु, उनकी माता मेनका ने एक बगुला वाहन स्वरूप भेजा था। पार्वती की शीघ्र वापसी न होने पर एक दिन शिवजी ने अपना भेष एक आभूषण के व्यापारी के रूप में बदला तथा हिमालय राज के घर पहुच गए। इस भेष में देवी पार्वती की भी परीक्षा लेना चाहते थे। वे पार्वती के सनमुख गए और अपनी इच्छा अनुसार आभूषणों का चुनाव करने के लिया कहा। पार्वती ने जब कुछ आभूषणों का चुनाव कर लिया और उनसे मूल्य जानना चाहा, तब व्यापारी रूपी भगवान शिव ने देवी से आभूषणों के मूल्य के बदले, उनसे सम्भोग की इच्छा प्रकट की। देवी पार्वती अत्यंत क्रोधित हुई किन्तु तत्क्षण ही अपनी अलौकिक शक्तिओं से उन्होंने पहचान भी लिया। देवी तैयार हो गई। व्यापारी रूपी शिवजी कुछ दिनों पश्चात कैलाश लौट आये। कुछ अंतराल में देवी पार्वती भी भेष बदल कर कैलाश पर्वत पर आई। भगवान शिव अपने नित्य संध्योपासना की तैयारी कर रहे थे। देवी पार्वती लाल वस्त्र धारण किये हुए, बड़ी-बड़ी आँखें, श्याम वर्ण तथा दुबले शरीर से युक्त अपने पति के सन्मुख प्रकट हुई। भगवान शिव ने देवी से उनका परिचय पूछा, देवी ने उत्तर दिया कि वह एक चांडाल की कन्या हैं तथा तपस्या करने आई हैं। भगवान शिव ने देवी को पहचान लिया तथा कहाँ “वे तपस्वी को तपस्या का फल प्रदान करने वाले हैं।“ यह कहते हुए उन्होंने देवी का हाथ पकड़ लिया और प्रेम में मग्न हो गए। देवी ने भगवान शिव से वर देने का निवेदन किया। भगवान शिव ने उनके इसी रूप को चांडालिनी वर्ण से अवस्थित होने का वरदान दिया साथ ही कई अलौकिक शक्तियां प्रदान की।
संक्षेप में देवी मातंगी से सम्बंधित मुख्य तथ्य।
मुख्य नाम : मातंगी।
अन्य नाम : सुमुखी, लघुश्यामा या श्यामला, उच्छिष्ट-चांडालिनी, उच्छिष्ट-मातंगी, राज-मातंगी, कर्ण-मातंगी, चंड-मातंगी, वश्य-मातंगी, मातंगेश्वरी, ज्येष्ठ-मातंगी, सारिकांबा, रत्नांबा मातंगी, वर्ताली मातंगी।
भैरव : मतंग।
भगवान के २४ अवतारों से सम्बद्ध : बुद्ध अवतार।
तिथि : वैशाख शुक्ल तृतीया।
कुल : श्रीकुल।
दिशा : वायव्य कोण।
स्वभाव : सौम्य स्वभाव।
कार्य : सम्मोहन एवं वशीकरण, तंत्र विद्या पारंगत, संगीत तथा ललित कला निपुण।
शारीरिक वर्ण : काला या गहरा नीला।
क्रमश:
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें